Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला, 21 फरवरी 2026

स्मृति सुमन शिविर में 7 व्यक्तियों को अनुकंपा नियुक्ति पत्र वितरित

जिस निष्ठा से परिजनों ने जिम्मेदारी से सेवा की, उसी विश्वास से आप आगे बढ़ें – मंत्री श्रीमती उइके

 

मंडला, 21 फरवरी 2026

जिला योजना भवन में आयोजित स्मृति सुमन शिविर के दौरान अनुकंपा नियुक्ति प्राप्त करने वाले परिवारों को बड़ी राहत मिली। कार्यक्रम में पीएचई मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके ने 7 हितग्राहियों को अनुकंपा नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री शाश्वत सिंह मीना तथा एसडीएम श्रीमती सोनल सिडाम सहित अन्य अधिकारी एवं संबंधित परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

मंत्री श्रीमती उइके ने अपने संबोधन में कहा कि जिन परिवारों ने अपने परिजनों को खोया है, उनके दुःख को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। ऐसे परिवारों पर दुःख का पहाड़ टूटता है। उन्होंने कहा कि पूरी पारदर्शिता के साथ पात्र परिवारों के दस्तावेजों का परीक्षण कर अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया पूर्ण की गई है। उन्होंने कहा कि यह वर्ष का पहला स्मृति सुमन शिविर है। पिछले वर्ष ऐसे तीन शिविर आयोजित किए गए थे। अब तक सौ से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं।

मंत्री श्रीमती उइके ने नियुक्ति प्राप्त करने वाले हितग्राहियों से कहा कि जिस विश्वास और निष्ठा के साथ उनके परिजनों ने सेवा की, वे भी उसी समर्पण के साथ कार्य करें। यह नियुक्ति केवल एक पद तक सीमित न रहे, बल्कि अपनी क्षमता के अनुसार आगे बढ़कर उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें। उन्होंने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसलिए सभी व्यवस्थाएँ एक ही छत के नीचे सुनिश्चित की गईं। कार्यक्रम के अंत में नियुक्ति प्राप्त करने वाले परिवारों ने शासन और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

 

 

 

 

 

 

 

रंगों में सजी रजा की याद

3 दिवसीय रजा उत्सव से कला प्रेमियों में उत्साह

 

मंडला, 21 फरवरी 2026

शुक्रवार को 3 दिवसीय रजा उत्सव का शुभारंभ सैयद हैदर रजा मार्ग स्थित रजा कला वीथिका (जिला एवं सत्र न्यायालय के सामने) में हुआ। 20 से 22 फरवरी 2026 तक रजा फाउंडेशन द्वारा आयोजित रजा उत्सव 2026 में विशेष रूप से जलरंग कार्यशाला आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक बड़ी संख्या में कला प्रेमी चित्रकारी कर देश के प्रख्यात चित्रकार सैयद हैदर रजा को उनकी जन्म जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।

पीएचई मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके पहुँचीं, बढ़ाया कलाकारों का हौसला

उत्सव के दूसरे प्रमुख क्षण में प्रदेश की पीएचई मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके रजा कला वीथिका पहुँचीं। उन्होंने कलाकारों से संवाद किया, उनकी कलाकृतियों को सराहा तथा गमले पर रंग उकेर कर अपनी सहभागिता दर्ज की। मंत्री श्रीमती उइके ने कहा कि रजा उत्सव जैसे आयोजन न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं, बल्कि मंडला की सांस्कृतिक पहचान को भी सशक्त बनाते हैं। उनके आगमन से कलाकारों और उपस्थित कला प्रेमियों में विशेष उत्साह देखा गया।

उत्सव में वॉटर कलर माध्यम से कलाकार यश भोपटे, अनुज आर्य, आरिफ खान, अभिनाश यादव, दीपक जूरी, दिया डोंगल, दियाशु देवांगन, प्रेम प्रजापति, राशिका चैहान, श्रीयंश विश्वकर्मा एवं विजय गहवार अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं। कलाकार मंडला की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक झलकियों को कैनवास पर जीवंत रूप दे रहे हैं।

चित्रकला कार्यशाला में आशीष कछवाहा, गरिमा ताम्रकार और अशोक सोनवानी प्रतिभागियों को चित्रकारी की बारीकियों से अवगत करा रहे हैं। वहीं “माटी पर रंग” कार्यशाला के अंतर्गत धनेश्वर प्रजापति पारंपरिक माटी के चाक पर मिट्टी के दीये, गमले, सुराही, गुल्लक और बॉटल आदि बनाना सिखा रहे हैं। प्रतिभागी स्वयं मिट्टी की वस्तुएँ तैयार कर उन पर रंग सज्जा कर उन्हें यादगार के रूप में साथ ले जा रहे हैं।

रजा उत्सव के संयोजक श्री योगेन्द्र त्रिपाठी ने जिले के समस्त कला प्रेमियों से आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। इस अवसर पर कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, वरिष्ठ कलाकार श्री अखिलेश, श्री जावेद अली भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के तहत आवेदन आमंत्रित

मंडला, 21 फरवरी 2026

            उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना वर्ष 2025-26 अंतर्गत खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना के लिए इच्छुक हितग्राहियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जारी जानकारी के अनुसार योजना के तहत कोदो-कुटकी राइस, राइस मिल, आटा चक्की, गुड़, मसाला यूनिट, अचार, पापड़, चिप्स, ऑयल मिल, नमकीन उद्योग, टमाटर केचप, सॉस तथा अन्य प्राथमिक खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना के लिए प्रोत्साहन दिया जाएगा। व्यक्तिगत श्रेणी में जिले को 81 इकाइयों का भौतिक लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिनमें से 63 इकाइयाँ स्वीकृत हो चुकी हैं तथा वर्तमान में 18 इकाइयों का लक्ष्य शेष है। योजना के प्रावधान अनुसार प्रति इकाई परियोजना लागत पर 35 प्रतिशत तक अधिकतम 10 लाख रुपए तक का बैंक ऋण आधारित अनुदान देय है।

            जिले के इच्छुक उद्यमी, युवा बेरोजगार एवं खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र से जुड़े व्यक्ति योजना का लाभ ले सकते हैं। दिशा-निर्देशानुसार पीएमएफएमई पोर्टल (www.pmfme.mofpi.gov.in) पर ऑनलाइन पंजीयन कर आवेदन किया जा सकता है। साथ ही डीपीआर तैयार कराने के लिए जिला रिसोर्स पर्सन, निकटतम विकासखंड स्तरीय वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी, क्षेत्रीय ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी अथवा कार्यालय सहायक संचालक उद्यान से संपर्क किया जा सकता है।

 

 

 

 

 

संकल्प से समाधान अभियान: न्यून प्रगति पर सहकारिता विभाग को एससीएन जारी

मंडला, 21 फरवरी 2026

            कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के द्वारा संकल्प से समाधान अभियान की विभागवार प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें पाया गया कि सहकारिता विभाग मण्डला के अंतर्गत संचालित सेवाओं के क्रियान्वयन में प्रगति अत्यंत न्यून है। इसके अंतर्गत किसान क्रेडिट कार्ड (सहकारी बैंकों) के माध्यम से कुल 206 आवेदन, स्वीकृत 145 आवेदन, कुल 146 निराकृत एवं लंबित 60 आवेदन, किसान क्रेडिट कार्ड योजना के तहत किसान साख पत्र जारी करना के कुल 16 आवेदन, स्वीकृत 9 आवेदन, कुल 9 निराकृत एवं लंबित 7 आवेदन तथा किसान क्रेडिट कार्ड योजना के तहत किसान साख पत्र का नवीनीकरण के कुल 9 आवेदन, स्वीकृत 3 आवेदन, कुल 3 निराकृत एवं 6 लम्बित आवेदन हैं। संकल्प से समाधान अभियान को प्रारंभ हुए 20 दिन से अधिक की अवधि के बाद भी निर्धारित सेवाओं का मैदानी स्तर पर क्रियान्वयन की प्रगति अत्यंत न्यून है।

            कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने सहकारिता विभाग मंडला के सहायक आयुक्त श्री अरूण कुमार मसराम को इस संबंध में कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया है। आपके विभागीय दायित्वों एवं शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में रुचि नहीं लिया जा रहा है, जो कि अत्यन्त खेदजनक है। आपका उक्त कृत्य कर्तव्य के प्रति लापरवाही एवं उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना एवं अनुशासनहीनता को प्रदर्शित करता है। आपका उपरोक्त कृत्य मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3(1) उप नियम (एक) (दो) (तीन) के विपरीत होने से दण्डनीय कृत्य है। अतः उक्त संबंध में आप अपना लिखित उत्तर पत्र प्राप्ति के दो दिवस के अन्दर प्रस्तुत करें। निर्धारित समयवाधि में तथा संतोषजनक उत्तर प्राप्त नहीं होने की दशा में आपके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी। जिसके लिये आप स्वयं जिम्मेदार होंगे।

 

 

 

 

 

अंतिम मतदाता सूची जारी, 22,770 नए मतदाता जुड़े

स्टेंडिंग कमेटी की बैठक सह प्रेसवार्ता में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने दी जानकारी

 

मंडला, 21 फरवरी 2026

जिला योजना भवन में एसआईआर 2026 को लेकर स्टेंडिंग कमेटी की बैठक सह प्रेसवार्ता आयोजित की गई। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सोमेश मिश्रा ने बताया कि आयोग के कार्यक्रमानुसार जिले के सभी 1051 मतदान केंद्रों पर एसआईआर-2026 की अंतिम मतदाता नामावली प्रकाशित कर दी गई है। 23 दिसंबर 2025 को प्रारूप प्रकाशन के समय जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल मतदाता संख्या 7,74,849 थी। अंतिम प्रकाशन में यह बढ़कर 7,97,619 हो गई है। इस प्रकार कुल 22,770 नए मतदाता सूची में जुड़े हैं।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने बताया कि अंतिम सूची के अनुसार पुरुष मतदाताओं की संख्या 3,95,040 और महिला मतदाताओं की संख्या 4,02,574 है, जबकि थर्ड जेंडर के 5 मतदाता दर्ज किए गए हैं। तीनों विधानसभा क्षेत्रों का समग्र जेंडर रेशियो 1019 रहा, बिछिया में 1024, निवास में 1015 और मंडला में 1019, वर्ष 2025 की अनुमानित जनसंख्या 12,69,929 के आधार पर जिले का ईपी रेशियो 62.81 दर्ज हुआ है।

उन्होंने कहा कि दावा-आपत्ति अवधि (23 दिसंबर 2025 से 14 जनवरी 2026) में नाम जोड़ने के लिए कुल 25,176 फॉर्म-6 प्राप्त हुए, जिनमें से 24,781 स्वीकृत और 445 निरस्त किए गए। नाम विलोपन के लिए 3,642 फॉर्म-7 मिले, जिनमें 3,298 स्वीकृत और 344 निरस्त हुए। त्रुटि सुधार, शिफ्टिंग के लिए 16,748 फॉर्म-8 प्राप्त हुए, जिनमें से 16,548 स्वीकृत और 200 निरस्त किए गए। एनआरआई मतदाताओं से नाम जोड़ने के लिए कोई फॉर्म-6 प्राप्त नहीं हुआ।

बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची की एक प्रति तथा डीवीडी प्रदान की गयी। इस दौरान अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, तहसीलदार मण्डला श्री हिमांशु भलावी, तहसीलदार बम्हनी वृत श्री हीरा लाल तिवारी, निर्वाचन अधीक्षक श्री अरूण कुशवाहा एवं श्री सीके तिवारी, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं जिले के मीडियाकर्मी मौजूद रहे।

 

Related posts

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का निरीक्षण किया

Reva India News

जनजागरूकता के लिए 100 दिवसीय अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम संपन्न

Reva India News

ISC Class 12 history exam 2020 analysis: What students said after the paper

Admin

Leave a Comment