चुटका परमाणु परियोजना संबंधी बैठक आयोजित
मंडला, 22 फरवरी 2026
कलेक्ट्रेट के गोलमेज कक्ष में चुटका परमाणु परियोजना संबंधी बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने बैठक में कहा कि मुख्य सचिव मध्यप्रदेश एवं भारत सरकार के परमाणु ऊर्जा विभाग के अधिकारियों द्वारा उक्त परियोजना की प्रगति की समीक्षा की जानी है। इसके लिए अभी तक की पूरी प्रक्रिया एवं संबंधित सम्पूर्ण पीपीटी तैयार करानी है।
बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा ने परिवारों के पुनर्वास, विस्थापन, अवार्ड, पूरक अवार्ड, धारा 19 तथा 23, दोहरे विस्थापन, टिकरिया से चुटका तक सड़क निर्माण सहित सभी विषयों पर बिंदुवार समीक्षा करते हुए तैयारियों के लिए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, डीएफओ पूर्व श्री एम एस मौर्य, डीएफओ उत्पादन सुश्री पूजा नागलें, एएसपी श्री शिव कुमार वर्मा, डिप्टी कलेक्टर क्षमा सराफ सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

21 दिन की विशेष देखरेख से कुपोषण पर जीत
नन्ही कुसुम के चेहरे पर लौटी मुस्कान
मंडला, 22 फरवरी 2026
जिला चिकित्सालय मंडला स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र में 21 दिनों की विशेष देखरेख और सतत निगरानी से एक गंभीर रूप से कुपोषित बालिका को नया जीवन मिला। अब नन्ही कुसुम पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुकी है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.जे. मोहंती ने बताया कि ग्राम चपटल टोला गौराछापर, तहसील नैनपुर निवासी 1 माह 23 दिन की बालिका कुसुम मरकाम को 29 जनवरी 2026 को गंभीर अवस्था में जिला चिकित्सालय मंडला में भर्ती कराया गया था। बच्ची को सांस लेने में परेशानी और स्तनपान करने में कठिनाई हो रही थी। प्रारंभिक जांच के बाद उसे पीआईसीयू में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया और लगातार निगरानी में रखा गया। 12 दिन बाद स्थिति में सुधार होने पर बच्ची को पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में स्थानांतरित किया गया। उस समय उसका वजन मात्र 1.700 किलोग्राम और लंबाई 45 सेमी थी। कम वजन के कारण वह गंभीर कुपोषण श्रेणी में थी। विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में एनआरसी गाइडलाइन के अनुसार उपचार, उचित पोषण, स्तनपान सहयोग और कंगारू मदर केयर के माध्यम से देखभाल की गई।
21 दिनों की निरंतर चिकित्सा, संतुलित आहार और मां को दी गई परामर्श सेवाओं का सकारात्मक परिणाम सामने आया। डिस्चार्ज के समय बच्ची का वजन बढ़कर 2.285 किलोग्राम हो गया और वह सफलतापूर्वक स्तनपान करने लगी। सभी आवश्यक टीकाकरण भी पूर्ण कराए गए। सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे के मार्गदर्शन में चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ की टीम ने समर्पण भाव से उपचार किया। स्टाफ द्वारा मां को स्तनपान, संक्रमण से बचाव एवं नियमित टीकाकरण के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई, जिससे बच्ची के समुचित विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ।
कुसुम की मां ने भावुक होकर बताया कि पोषण पुनर्वास केंद्र में मिली देखरेख और उपचार से उनकी बच्ची को नया जीवन मिला है। उन्होंने शासन-प्रशासन और अस्पताल की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। यह कहानी दर्शाती है कि समय पर उपचार, विशेषज्ञ देखरेख और मातृ सहयोग से गंभीर कुपोषण जैसी चुनौती को भी हराया जा सकता है।

रिटेल मेगा क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम में ग्राहकों को दी गई योजनाओं की जानकारी
मंडला, 22 फरवरी 2026
सेंट्रल बैक ऑफ इंडिया मंडला द्वारा शनिवार को रिटेल मेगा क्रेडिट आउटरीच अभियान का आयोजन किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य बैंक के रिटेल ऋण उत्पादों को बढ़ावा देना एवं ग्राहकों को सुलभ तथा किफायती वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्राहकों को बैंक की विभिन्न रिटेल ऋण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इनमें 7.10 प्रतिशत से प्रारंभिक आकर्षक ब्याज दर, शून्य प्रोसेसिंग शुल्क एवं 30 वर्ष तक की अवधि वाला होम लोन 7.60 प्रतिशत से प्रारंभिक ब्याज दर, 2 करोड़ रुपये तक की ऋण सीमा एवं लचीली ईएमआई सुविधा वाला वाहन लोन, त्वरित स्वीकृति, शून्य प्रोसेसिंग शुल्क एवं 40 लाख रुपये तक की सीमा वाला गोल्ड लोन प्रमुख रहे। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को ब्याज सब्सिडी सहित अन्य लाभों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में एलडीएम श्री सुजय कुमार, उप संचालक (उद्यानिकी विभाग) श्री मरावी, प्रतिष्ठित व्यवसायी श्री कपिल अग्रवाल एवं श्री राहुल पांडे की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके अतिरिक्त श्री निखिल वोहरा (शाखा प्रबंधक, मंडला), श्री पवन जोशी (शाखा प्रबंधक, बम्हनी), श्री समग्र पाठक (प्रबंधक, मंडला) सहित बैंक स्टाफ उपस्थित थे।
इस अवसर पर एलडीएम श्री सुजय कुमार ने बताया कि अभियान के अंतर्गत मंडला जिले में 5 करोड़ रुपये से अधिक के ऋण स्वीकृत एवं वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि बैंक का उद्देश्य ग्राहकों को पारदर्शी, त्वरित एवं किफायती ऋण सुविधा उपलब्ध कराते हुए उनके सपनों को साकार करने में सहयोग प्रदान करना है। अधिक जानकारी के लिए ग्राहक अपने निकटतम सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा से संपर्क कर सकते हैं।

ग्राम पंचायत रामनगर में बाल विवाह रोकथाम हेतु कार्यशाला आयोजित
मंडला, 22 फरवरी 2026
बाल विवाह के विरुद्ध जन जागरूकता हेतु चलाए जा रहे 100 दिवसीय अभियान के तृतीय चरण के अंतर्गत शनिवार को ग्राम पंचायत रामनगर में बाल विवाह रोकथाम विषयक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को बाल विवाह के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण में सहभागिता सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की प्रभारी प्रशासक श्रीमती मधुलिका उपाध्याय ने उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने पॉक्सो एक्ट एवं बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी तथा सभी को बाल विवाह न करने एवं न होने देने की शपथ दिलाई। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से कम आयु की लड़की एवं 21 वर्ष से कम आयु के लड़के का विवाह बाल विवाह की श्रेणी में आता है, जिसे शासन द्वारा प्रतिबंधित किया गया है। बाल विवाह कराने, करवाने या उसमें शामिल होने वालों के लिए 1 लाख रुपये तक जुर्माना एवं 2 वर्ष तक के कारावास अथवा दोनों का प्रावधान है।
कार्यक्रम में जिला स्तर पर संचालित कंट्रोल रूम की जानकारी दी गई तथा आई.ई.सी. सामग्री का वितरण किया गया। साथ ही महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं डायल 112 पुलिस हेल्पलाइन के उपयोग के संबंध में भी जानकारी दी गई। इस अवसर पर वन स्टॉप सेंटर प्रभारी प्रशासक मधुलिका उपाध्याय, पर्यवेक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं, बहुउद्देशीय कार्यकर्ता आरती वरकड़े सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

जागरूक गांव, सुरक्षित मंडला: पुलिस की चौपाल पहल जारी
मंडला, 22 फरवरी 2026
मंडला पुलिस द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा जागरूकता का अभियान निरंतर जारी है। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के मार्गदर्शन में शनिवार को जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में माइक्रो बीट पुलिस चौपाल का आयोजन किया गया।
चौपाल कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण नागरिकों एवं विद्यार्थियों को हेलमेट की अनिवार्यता, यातायात नियमों के पालन, नशा मुक्ति, साइबर अपराध से बचाव तथा महिला एवं बाल सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने सरल भाषा में समझाते हुए आमजन से कानूनों का पालन करने और सुरक्षित समाज निर्माण में सहयोग की अपील की।
अभियान के अंतर्गत थाना टिकरिया के ग्राम चीरी में, थाना बीजाडांडी के ग्राम धाना, थाना निवास के ग्राम खमरिया, थाना बिछिया के ग्राम पिपरिमाल में, थाना मोहगांव के ग्राम बाझडेही में, थाना घुघरी के ग्राम सिमरिया, लाफन, थाना मवई के ग्राम मानिकपुर में, थाना मोतीनाला के ग्राम बदवार मेें तथा चौकी पिंडरई के ग्राम बीजेगांव में, चौकी मनेरी के ग्राम पौनिया एवं चौकी पांडीवारा क्षेत्रों में चौपाल लगाकर ग्रामीणों एवं स्कूली बच्चों को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विशेष हेलमेट चेकिंग अभियान भी चलाया गया। बिना हेलमेट वाहन चालकों को रोककर समझाइश दी गई तथा उन्हें भविष्य में नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।

सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते का दौरा कार्यक्रम
मंडला, 22 फरवरी 2026
एससी, एसटी कल्याण संबंधी समिति, लोकसभा सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते के जिले में निर्धारित दौरा कार्यक्रम के अनुसार 23 फरवरी 2026 को प्रातः 11 बजे जेवरा से मण्डला के लिए रवाना होंगे तथा दोपहर 12 बजे मण्डला पहुंचेंगे एवं स्थानीय कार्यक्रम और सायं 5 बजे सांसद का समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे रात्रि 8 बजे मण्डला से रवाना होंगे तथा 8ः45 बजे कान्हा एमपीटी पहंुचकर रात्रि विश्राम करेंगे।
सांसद श्री कुलस्ते 24 फरवरी को प्रातः 11 बजे कान्हा एमपीटी मण्डला से जिला बालाघाट के लिए प्रस्थान करेंगे। दोपहर 1 बजे बालाघाट पहुंचकर प्रेस कांफ्रेस में शामिल होंगे। इसके बाद श्री कुलस्ते दोपहर 2 बजे बालाघाट से सिलादेही जिला सिवनी के लिए प्रस्थान करेंगे।

समयबद्ध जनगणना कार्य के लिए अधिकारियों का प्रशिक्षण 23 एवं फरवरी को
मंडला,22 फरवरी 2026
कलेक्टर एवं मुख्य जनगणना अधिकारी श्री सोमेश मिश्रा द्वारा जारी आदेशानुसार प्रशिक्षण 23 फरवरी को जिला योजना भवन सभाकक्ष में तथा 24 फरवरी को जिला पंचायत सभागार मंडला में आयोजित किया जाएगा। दोनों दिवसों में प्रशिक्षण प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक चलेगा।
जनगणना निदेशालय भोपाल से सहायक निदेशक श्री सुधीर कुमार एवं जिला प्रभारी श्री संजय सोनी मास्टर ट्रेनर के रूप में अधिकारियों को मकानों की नंबरिंग, तकनीकी पहलुओं और डेटा संकलन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देंगे।
उक्त प्रशिक्षण में अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, सभी तहसीलदार (चार्ज जनगणना अधिकारी), नायब तहसीलदार, मुख्य नगरपालिका अधिकारी एवं संबंधित लिपिकों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

