Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

समन्वय, संवेदनशीलता और जवाबदेही से करें कार्य परिणाममूलक कार्यशैली अपनाते हुए आमजन के जीवन में लाये परिवर्तन कलेक्टर ने बिछिया में अनुभाग स्तरीय अधिकारियों की बैठक में दिए निर्देश

मंडला, 16 अप्रैल 2026

जिले के विकास को नई गति देने एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे द्वारा बिछिया अनुविभाग का भ्रमण कर समस्त अनुभाग स्तरीय अधिकारियों की परिचयात्मक बैठक ली गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री शाश्वत सिंह मीना, एसडीएम सोनाली देव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों से परिचय प्राप्त करते हुए कलेक्टर ने विभागवार कार्यों की विस्तार से समीक्षा की तथा जमीनी स्तर पर योजनाओं की प्रगति का आंकलन किया।

बैठक के दौरान कलेक्टर श्री धोटे ने स्पष्ट रूप से कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूर्ण होगा, जब उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय, प्रतिबद्धता और टीम भावना के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे योजनाओं के क्रियान्वयन में केवल औपचारिकता न बरतें, बल्कि परिणाममूलक कार्यशैली अपनाते हुए आमजन के जीवन में वास्तविक परिवर्तन लाने का प्रयास करें।

कलेक्टर श्री धोटे ने विशेष रूप से कमजोर, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों पर फोकस करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे वर्गों की पहचान कर उनके लिए लक्षित कार्ययोजना तैयार की जाए तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, रोजगार और आजीविका के क्षेत्र में ठोस पहल करते हुए उनके जीवन स्तर में सुधार लाया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में नियमित फील्ड विजिट करें और योजनाओं की वास्तविक स्थिति का प्रत्यक्ष अवलोकन करें। कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि कार्यालयों तक सीमित रहकर नहीं, बल्कि गांव-गांव तक पहुंचकर समस्याओं को समझना और उनका समाधान करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

कलेक्टर श्री धोटे ने जोर देते हुए कहा कि जनता से जुड़ी सभी सेवाओं एवं योजनाओं का समयबद्ध, पारदर्शी और त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण किया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में उन्होंने अधिकारियों को यह भी समझाया कि आमजन के साथ व्यवहार करते समय संवेदनशीलता और सहयोगात्मक दृष्टिकोण अपनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की छवि ऐसी होनी चाहिए कि लोगों में विश्वास और भरोसा उत्पन्न हो तथा वे अपनी समस्याएं सहजता से रख सकें।

कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि विभागीय सामंजस्य प्रशासनिक सफलता की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। सभी अधिकारी आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए एक मजबूत टीम के रूप में कार्य करें, ताकि विकास कार्यों में गति लाई जा सके और जिले को नई दिशा मिल सके। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जवाबदेही के साथ करें तथा शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए जिले को विकास के नए आयामों तक पहुंचाएं। बैठक में विभिन्न विभागों के अनुभाग स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts

ग्राम अमझर माल में जागरुकता कार्यक्रम संपन्न हुआ

Reva India News

नर्मदा जयंती के पूर्व 18 को घाटों की सफाई के लिए होगा श्रमदान कलेक्टर ने शांति समिति की बैठक में दी जानकारी

Reva India News

*भूअर्जन अधिसूचना के खिलाफ बसनिया प्रभावितों का प्रदर्शन*  “बांध निरस्त न होने पर चुनाव बहिष्कार की चेतावनी”

Reva India News

Leave a Comment