Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

मंडला में आरोह-2026 बना बच्चों के सपनों का उत्सव, लगभग 2000 खिलाड़ी ले रहे 20 खेलों का प्रशिक्षण मस्ती की पाठशाला में एरोबिक्स-फन गेम्स से झूमे बच्चे, अभिभावकों ने भी की जमकर भागीदारी

मंडला, 11 मई 2026

जिले में खेल और फिटनेस का महासंगम आरोह-2026 ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर इन दिनों बच्चों और अभिभावकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा मस्ती की पाठशाला थीम पर आयोजित यह शिविर अब सिर्फ प्रशिक्षण नहीं, बल्कि बच्चों के सपनों, फिटनेस और खुशियों का उत्सव बन चुका है।

खेल अधिकारी श्री विकास खराड़कर ने बताया कि खेल मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग की पहल पर शुरू हुए इस शिविर को कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे एवं पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। 1 मई से 31 मई तक चलने वाले इस शिविर में बच्चों और अभिभावकों की जबरदस्त सहभागिता देखने को मिल रही है।

40 केंद्रों पर लगभग 2000 से ज्यादा खिलाड़ी, 50 प्रशिक्षक दे रहे ट्रेनिंग

 

शिविर का आयोजन जिला मुख्यालय सहित सभी विकासखंडों के कुल 40 स्थानों पर किया जा रहा है। प्रतिदिन शाम 4:30 से 6:30 बजे तक चलने वाले इस कैंप में 20 विभिन्न खेलों में लगभग 2000 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इन्हें 50 अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

जिला मुख्यालय में बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, खो-खो, क्रिकेट, तैराकी, कुश्ती, एथलेटिक्स समेत 17 खेलों का संचालन हो रहा है। वहीं प्रत्येक विकासखंड में 2-2 खेलों में बच्चों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।

एरोबिक्स और फन गेम्स बने आकर्षण का केंद्र

 

मस्ती की पाठशाला की सबसे बड़ी खासियत इसकी ऊर्जा से भरपूर शुरुआत है। हर दिन प्रशिक्षण की शुरुआत एरोबिक्स, फिटनेस एक्टिविटी और फन गेम्स से होती है। बच्चों की हंसी, उत्साह और जोश ने मैदान के माहौल को उत्सव जैसा बना दिया है। अभिभावक भी इन गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।

खेल के साथ व्यक्तित्व विकास पर भी फोकस

 

शिविर केवल खेल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है। इसमें फिट इंडिया मूवमेंट, व्यक्तित्व विकास, सांस्कृतिक गतिविधियां, सामाजिक जागरूकता और फैमिली एंगेजमेंट को भी शामिल किया गया है। महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा से जुड़े खेलों का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

सभी प्रतिभागियों का ऑनलाइन पंजीयन किया जा रहा है। शिविर पूरा होने पर बच्चों को ई-प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। जिला प्रशासन का मानना है कि यह अभियान बच्चों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने, छुपी प्रतिभाओं को निखारने और स्वस्थ समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगा।

Related posts

सुंदरकांड पाठ का हुआ आयोजन, श्रद्घालु भक्ति भाव में डूबे*

Reva India News

स्वीप गतिविधियों के तहत नियुक्त किये गये कैम्पस एम्बेसडरों की बैठक 20 दिसंबर को

Reva India News

रेवा इंडिया न्यूज मुख्य समाचार मंडला 9 जनवरी 2024

Reva India News

Leave a Comment