Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

वित्तीय साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन, ग्रामीणों को दी गई बैंकिंग एवं बीमा योजनाओं की जानकारी

मंडला, 11 जून 2026

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न विकासखंडों में वित्तीय साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सहयोग से समर्पित संस्था सीएफएल द्वारा घुघरी, नैनपुर, बिछिया, नारायणगंज एवं मवई विकासखंड की ग्राम पंचायतों तथा स्थानीय हाट-बाजारों में कैनोपी लगाकर यह विशेष जनजागरूकता अभियान संचालित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं, बचत की आदत, डिजिटल लेन-देन, ऋण सुविधाओं तथा सरकार एवं बैंकों द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही नागरिकों को वित्तीय प्रबंधन के प्रति जागरूक रहने, सुरक्षित बैंकिंग अपनाने तथा दुर्घटनाओं एवं अन्य जोखिमों से होने वाले आर्थिक नुकसान से बचाव हेतु उपलब्ध बीमा योजनाओं एवं सुरक्षा उपायों की जानकारी भी दी गई।

आयोजकों ने ग्रामीणों को साइबर धोखाधड़ी से बचने, अपने बैंक खाते की गोपनीय जानकारी साझा न करने तथा डिजिटल भुगतान के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतने के लिए भी प्रेरित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, महिला समूहों के सदस्य तथा स्थानीय नागरिक शामिल हुए।

इस दौरान आरओ लक्ष्मी पटेल के निर्देशन में सहयोगी साथियों एवं ब्लॉक काउंसलरों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इनमें मनीष सिंगोर (नैनपुर), कमलेश दुबे (घुघरी), स्वाति सोनी (बिछिया), नरेश गायकवाल (मवई) तथा सुनील मोंगरे (नारायणगंज) प्रमुख रूप से शामिल रहे। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों में वित्तीय साक्षरता बढ़ाने और उन्हें बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ने का सार्थक प्रयास किया गया।

Related posts

बाल संरक्षण तंत्र को मजबूत करने जिला स्तरीय समीक्षा एवं क्षमता संवर्धन बैठक आयोजित

Reva India News

अज्ञात आरोपी एवं अपहृता की गिरफ्तारी पर इनाम घोषित

Reva India News

जिले में आज 8 कोरोना केस मिले

Reva India News

Leave a Comment