Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

पीएचई विभाग ने गांवों में चलाया क्लोरीनेशन एवं स्वच्छ पेयजल जागरूकता अभियान

मंडला, 11 जून 2026

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) मंडला द्वारा जिले में सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने तथा जलजनित बीमारियों की रोकथाम के उद्देश्य से विकासखंड घुघरी एवं मंडला के विभिन्न ग्रामों में क्लोरीनेशन कार्य एवं जनजागरूकता अभियान संचालित किया गया।

अभियान के तहत विकासखंड घुघरी के ग्राम लाफन एवं सैलवारा तथा विकासखंड मंडला के ग्राम घुघरा, हिरदेनगर, कटंगा टोला, खारी, सिलगी, ठरका एवं टिकरवारा में पेयजल स्त्रोतों का निर्धारित मानकों के अनुरूप क्लोरीनेशन किया गया। विभागीय अमले ने हैंडपंपों, पेयजल स्त्रोतों एवं जल भंडारण स्थलों में क्लोरीन का उपयोग कर जल की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की।

अभियान के दौरान ग्रामीणों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि दूषित जल के सेवन से डायरिया, हैजा, टायफाइड सहित कई जलजनित बीमारियाँ फैल सकती हैं। इन रोगों से बचाव के लिए क्लोरीनयुक्त एवं स्वच्छ जल का उपयोग करना आवश्यक है।

ग्रामीणों को सलाह दी गई कि पेयजल को हमेशा स्वच्छ एवं ढंके हुए पात्रों में संग्रहित करें, जल स्रोतों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखें तथा आवश्यकता पड़ने पर पानी को उबालकर उपयोग करें। साथ ही व्यक्तिगत स्वच्छता पर विशेष ध्यान देते हुए भोजन से पहले और शौच के बाद साबुन से हाथ धोने की आदत अपनाने का संदेश दिया गया।

विभागीय कर्मचारियों ने जल पात्रों की नियमित सफाई, जल स्त्रोतों को प्रदूषण से मुक्त रखने तथा जल संरक्षण के महत्व पर भी ग्रामीणों को जागरूक किया। अभियान के दौरान ग्रामीणों से पेयजल स्त्रोतों में किसी भी प्रकार की गंदगी न फैलाने और सामुदायिक स्तर पर स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने और जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए क्लोरीनेशन एवं जनजागरूकता गतिविधियाँ नियमित रूप से संचालित की जा रही हैं। विभाग ने नागरिकों से स्वच्छ पेयजल एवं स्वच्छता संबंधी उपायों को अपनाकर स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया।

Related posts

महाकवि कालिदास की रचनाएं हमारे देश की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर : उप राष्ट्रपति श्री धनखड़

Reva India News

सुशासन सप्ताह के अंतर्गत नैनपुर में शिकायत निवारण सह स्वास्थ्य परीक्षण शिविर संपन्न

Reva India News

बोर्ड परीक्षाओं के दृष्टिगत प्रशासन सख्त देर रात तेज आवाज में डीजे बजाने पर बंधन लॉन में हुई कार्रवाई

Reva India News

Leave a Comment