Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला, 19 जून 2026

 

कलेक्टर ने देखी सामुदायिक पोषण वाटिका, मार्केट लिंकेज पर दिया जोर

सकरी में सफेद पलाश समूह की महिलाओं से जमीन पर बैठकर ली जानकारी

मंडला, 19 जून 2026

     कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने सोमवार को मोहगांव विकासखंड की ग्राम पंचायत कौआडोंगरी के ग्राम सकरी का भ्रमण किया। यहाँ उन्होंने सफेद पलाश आजीविका स्व-सहायता समूह द्वारा मनरेगा के अभिसरण से संचालित सामुदायिक पोषण वाटिका का विस्तृत निरीक्षण किया। कलेक्टर ने वाटिका में लगे आम के बगीचे, जल कुंड, अरहर की फसल, सब्जी की क्यारियों, नाडेप पिट समेत अन्य गतिविधियों का बारीकी से अवलोकन किया।

झोपड़ी में जमीन पर बैठकर की चर्चा

     निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री धोटे समूह की महिलाओं के साथ वाटिका के भीतर बनी झोपड़ी में जमीन पर बैठे। उन्होंने महिलाओं से वाटिका की जमीन तैयार करने से लेकर फलदार पौधों के रोपण, सब्जी उत्पादन के लिए बीज प्रबंधन और उत्पादित फसल के विक्रय के लिए बाजार व्यवस्था तक की बेसिक जानकारी ली। समूह की महिलाओं ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2022 में यह वाटिका तैयार करना शुरू किया था। मनरेगा से तकनीकी व वित्तीय मदद मिली, साथ ही समूह ने कैश क्रेडिट लिमिट के जरिए बैंक से ऋण लेकर काम आगे बढ़ाया। वर्तमान में इस समूह से 12 दीदियाँ जुड़ी हैं और सभी मिलकर वाटिका का संचालन कर रही हैं।

उत्पादन के बाद मार्केट लिंकेज सबसे जरूरी

     कलेक्टर श्री धोटे ने आम के विक्रय की स्थिति की जानकारी लेते हुए कहा कि फसल का उत्पादन करने के बाद सबसे महत्वपूर्ण भाग उसका मार्केट लिंकेज है। उन्होंने एसडीएम घुघरी को निर्देशित किया कि वे उद्यानिकी, कृषि, आजीविका मिशन और मंडी के अधिकारियों के साथ संयुक्त विजिट प्लान करें। सभी विभागों के समन्वय से समूह के उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराया जाए, ताकि महिलाओं को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिल सके।

औषधीय पौधों की खेती का दिया सुझाव

     चर्चा के दौरान कलेक्टर श्री धोटे ने महिलाओं को फल तथा सब्जी की खेती के साथ-साथ औषधीय पौधों की खेती अपनाने का सुझाव भी दिया। उन्होंने कहा कि औषधीय फसलों की बाजार में अच्छी मांग है और इससे समूह की आय बढ़ सकती है। भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री धोटे ने वाटिका में लगे आम्रपाली आम और जामुन का स्वाद भी चखा और गुणवत्ता की सराहना की।

     इस अवसर पर एसडीएम घुघरी श्री सचिन जैन, ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक तथा प्रदान संस्था की टीम मौजूद रही। कलेक्टर श्री धोटे ने समूह के प्रयासों की तारीफ करते हुए कहा कि यह मॉडल अन्य समूहों के लिए भी प्रेरणादायी है।

 

 

 

 

 

 

 

ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का होगा त्रैमासिक निरीक्षण

मंडला, 19 जून 2026

     जिले के रानी फूलकुंवर शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के पीछे स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण 22 जून को शाम 5 बजे किया जाएगा।

     उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर कलेक्टर द्वारा जारी सूचना के अनुसार, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश के निर्देशों के पालन में वेयरहाउस में सुरक्षित रखी ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के भंडारण स्थल का नियमित त्रैमासिक निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का सील एवं सुरक्षा व्यवस्था की जाँच की जाएगी तथा वेयरहाउस को निर्धारित प्रक्रिया के तहत खोला और पुनः सीलबंद किया जाएगा।

     निर्वाचन आयोग द्वारा अधिकृत प्रतिनिधियों को निर्धारित समय पर वेयरहाउस में उपस्थित रहने की अनुमति दी गई है, जिससे निरीक्षण प्रक्रिया पारदर्शी एवं आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न हो सके।

 

 

 

 

 

वित्तीय साक्षरता शिविरों से ग्रामीणों को मिली बैंकिंग और बचत की जानकारी

मंडला, 19 जून 2026

     भारतीय रिजर्व बैंक के मार्गदर्शन एवं सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, मंडला द्वारा प्रायोजित वित्तीय साक्षरता केंद्र के माध्यम से जिले के विकासखंडों में वित्तीय साक्षरता शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण नागरिकों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ना, नियमित बचत की आदत विकसित करना तथा अपने केवाईसी दस्तावेज अद्यतन रखने के प्रति जागरूक करना था।

     यह अभियान सीएफएल की क्षेत्रीय प्रमुख लक्ष्मी पटेल के मार्गदर्शन में ब्लॉक स्तरीय काउंसलर्स एवं ग्राम पंचायतों के सहयोग से सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रमों में ग्रामीणों को बैंक खातों के महत्व, डिजिटल बैंकिंग, सुरक्षित वित्तीय लेन-देन, सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

     शिविरों में विभिन्न विकासखंडों में कार्यरत काउंसलर्स ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मोहगांव में नाजिम साही, बिछिया में स्वाति सोनी, घुघरी में कमलेश दुबे, मंडला में शिवप्रसाद नंदा तथा नैनपुर में मनीष सिंगोर ने ग्रामीणों को वित्तीय साक्षरता संबंधी जानकारी प्रदान की।

     कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों को छोटी-छोटी बचत के महत्व, बैंकिंग सुविधाओं के प्रभावी उपयोग तथा वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। ग्रामीणों ने भी शिविरों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर वित्तीय जागरूकता संबंधी जानकारी प्राप्त की।

 

 

 

 

 

 

 

रामनगर मोती महल में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पूर्व नियमित योग सत्र आयोजित

मंडला, 19 जून 2026

     कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन में आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले विश्व अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जिले के ऐतिहासिक एवं पर्यटन महत्व के स्थल ’’रामनगर मोती महल’’ में प्रतिदिन योग अभ्यास सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।

     योग सत्रों में आयुष विभाग की ओर से ’’डॉ. सीमा भवेदी’’, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी एवं ’’डॉ. मुकेश महाजन’’, होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी की उपस्थिति में योग प्रशिक्षक ’’राजेश श्रीवास’’ द्वारा प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का नियमित अभ्यास कराया जा रहा है।

     योग दिवस की तैयारियों के तहत आयोजित इन सत्रों का उद्देश्य नागरिकों को योग के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। ऐतिहासिक रामनगर मोती महल के प्राकृतिक एवं शांत वातावरण में आयोजित योग अभ्यास से प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। आयुष विभाग द्वारा सभी नागरिकों से 21 जून को आयोजित होने वाले मुख्य योग कार्यक्रम में सहभागिता करने की अपील की गई है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

आईटीआई मंडला में वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित, विद्यार्थियों को दी गई बैंकिंग एवं साइबर सुरक्षा की जानकारी

मंडला, 19 जून 2026

     वित्तीय साक्षरता केंद्र (सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया) मंडला द्वारा 18 जून को औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) मंडला में वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिले के अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री सुजय कुमार ने की।

     कार्यक्रम में आईटीआई की प्राचार्या श्रीमती मनीषा भूरिया, आरसेटी के फैकल्टी श्री राजीव शर्मा सहित संस्थान के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। शिविर में वित्तीय साक्षरता केंद्र के अधिकारी श्री कृष्णकांत अवस्थी ने विद्यार्थियों को बैंकिंग सेवाओं एवं वित्तीय प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।

     अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री सुजय कुमार एवं श्री अवस्थी ने विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना तथा अटल पेंशन योजना के लाभों की जानकारी दी। इसके साथ ही बैंक की विभिन्न जमा एवं ऋण योजनाओं से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया गया।

     शिविर के दौरान साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए विभिन्न प्रकार के साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी के तरीकों तथा उनसे बचाव के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी की घटना होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में वित्तीय जागरूकता बढ़ाना, बैंकिंग सेवाओं के प्रति विश्वास विकसित करना तथा उन्हें सुरक्षित डिजिटल लेनदेन के लिए प्रेरित करना था।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

अवैध शराब निर्माण अड्डे पर कार्रवाई, 95 लीटर कच्ची शराब एवं 1800 किलो महुआ लाहन नष्ट

मंडला, 19 जून 2026

     कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन में जिला आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब निर्माण एवं विक्रय के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिला आबकारी अधिकारी मंडला एवं प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी शैली सैयाम के मार्गदर्शन में मंडला वृत्त के अंतर्गत महाराजपुर क्षेत्र के ग्राम मड़ई में दबिश कार्रवाई की गई।

     कार्रवाई के दौरान नाले के किनारे संचालित तीन अवैध शराब निर्माण अड्डों पर छापेमार कार्रवाई की गई। आबकारी दल ने मौके से लगभग ’’95 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब’’ बरामद की। इसके साथ ही शराब निर्माण के लिए उपयोग किए जा रहे ’’180 प्लास्टिक डिब्बों में भरा लगभग 1800 किलोग्राम महुआ लाहन’’ भी जब्त किया गया। जब्त लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

     आबकारी अमले को देखते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध ’’मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम’’ के तहत प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है। जब्त मदिरा एवं सामग्री की कुल अनुमानित कीमत ’’1 लाख 94 हजार 250 रुपये’’ आंकी गई है।

     इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक ’’सर्वेश नागवंशी’’, प्रधान आरक्षक ’’दुर्जन कुलेश’’ तथा आरक्षक ’’विजय कमलेश, सत्यपाल मरावी, नेतराम ककोटिया, रघुनाथ उइके और महेश पटेल’’ शामिल रहे। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण एवं विक्रय के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

 

 

 

 

 

 

 

 

मानिकसरा में जनकल्याणकारी खंड स्तरीय शिविर आयोजित, 375 आवेदनों का हुआ निराकरण

मंडला, 19 जून 2026

     मध्यप्रदेश शासन के विशेष अभियान के अंतर्गत जनकल्याणकारी खंड स्तरीय शिविर के तृतीय चरण का आयोजन ग्राम पंचायत मानिकसरा, जनपद पंचायत बीजाडांडी में किया गया। शिविर में निवास विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री चैनसिंह वरकड़े, जनपद पंचायत बीजाडांडी के उपाध्यक्ष श्री विजेंद्र यादव, श्री डुमरीलाल कुम्हरे, मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती वासंती दुबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

     शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को प्रदान की गई। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से ग्राम संगठन स्व-सहायता समूह को 10 लाख रुपये की राशि विधायक श्री वरकड़े द्वारा वितरित की गई।

     शिविर में कुल 375 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के 60, जनपद पंचायत से संबंधित 114, स्वास्थ्य विभाग के 48, महिला एवं बाल विकास विभाग के 49, राजस्व विभाग के 46 तथा अन्य विभागों के आवेदन शामिल रहे।

     जनकल्याणकारी शिविर का उद्देश्य आमजन को शासकीय योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा। ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।

शिक्षक माटीशिल्पी हैं, विद्यार्थी कच्ची मिट्टी – कलेक्टर श्री धोटे

बच्चों का भविष्य गढ़ने में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण

सिंगारपुर विद्यालय के निरीक्षण में शिक्षा की गुणवत्ता, स्वच्छता और पालक संवाद पर दिया जोर

मंडला, 19 जून 2026

     मोहगांव विकासखंड के प्रवास पर पहुंचे कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने शुक्रवार को शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल सिंगारपुर का निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया, अध्यापन कार्य का अवलोकन किया तथा शिक्षकों से विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में आत्मीय चर्चा करते हुए उन्हें नियमित अध्ययन और अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

     विद्यालय भ्रमण के पश्चात प्राचार्य कक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्री धोटे ने शिक्षकों को कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा करने वाले कर्मचारी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के वास्तविक शिल्पकार हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक माटीशिल्पी हैं और विद्यार्थी कच्ची मिट्टी। जिस प्रकार एक कुशल शिल्पकार मिट्टी को सुंदर आकार देकर उत्कृष्ट कलाकृति का निर्माण करता है, उसी प्रकार शिक्षक अपने ज्ञान, संस्कार और मार्गदर्शन से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं। बच्चों को जो दिशा और आकार आज मिलेगा, वही भविष्य में समाज और राष्ट्र का स्वरूप तय करेगा।

     कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि बच्चों में नैतिक मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारी और आत्मविश्वास का विकास करना भी है। इसके लिए शिक्षकों को विद्यार्थियों की व्यक्तिगत क्षमताओं और आवश्यकताओं को समझते हुए कार्य करना होगा। उन्होंने विशेष रूप से कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें अतिरिक्त मार्गदर्शन देने तथा नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों को अपनाने पर बल दिया।

     उन्होंने विद्यालय परिसर एवं कार्यालय की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण बच्चों के सर्वांगीण विकास और बेहतर शिक्षण प्रक्रिया के लिए अत्यंत आवश्यक है। स्वच्छ एवं प्रेरणादायी विद्यालय परिसर विद्यार्थियों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है तथा सीखने की क्षमता को बढ़ाता है।

     कलेक्टर श्री धोटे ने प्राचार्य एवं शिक्षकों को नियमित रूप से विद्यार्थियों के पालकों से संपर्क करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय और परिवार के बीच मजबूत संवाद स्थापित होने से बच्चों की वास्तविक परिस्थितियों, उनकी समस्याओं एवं शैक्षणिक जरूरतों को बेहतर ढंग से समझा जा सकता है। पालकों की सहभागिता से शिक्षा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार लाया जा सकता है।

     निरीक्षण के दौरान सिंगारपुर की सरपंच श्रीमती अंजली मार्काे, एसडीएम घुघरी श्री सचिन जैन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मोहगांव, विकासखंड शिक्षा अधिकारी मोहगांव, विद्यालय के प्राचार्य तथा समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

प्रधानमंत्री पोषण आहार एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कार्यशाला संपन्न

विद्यालयों और ग्राम पंचायतों में स्वच्छता एवं पोषण को बढ़ावा देने पर दिया गया जोर

मंडला, 19 जून 2026

     प्रधानमंत्री पोषण आहार एवं ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से शुक्रवार को कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन एवं वंदना के साथ किया गया।

     जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शाश्वत सिंह मीना ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री पोषण आहार योजना केवल विद्यार्थियों को भोजन उपलब्ध कराने की योजना नहीं है, बल्कि यह बच्चों के समग्र शारीरिक एवं मानसिक विकास की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि पौष्टिक भोजन, स्वच्छ वातावरण और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं किसी भी विकसित समाज की पहचान होती हैं। इसलिए विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण भोजन के साथ-साथ स्वच्छता के सभी मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।

     सीईओ जिला पंचायत श्री मीना ने कहा कि प्रधानमंत्री पोषण आहार एवं ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 का प्रभावी क्रियान्वयन ग्राम स्तर पर जनभागीदारी के बिना संभव नहीं है। ग्राम पंचायतों, विद्यालय प्रबंधन समितियों, शिक्षकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं स्वच्छता से जुड़े मैदानी अमले को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि 3000 से अधिक जनसंख्या वाली ग्राम पंचायतों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की सुदृढ़ व्यवस्था विकसित करना समय की आवश्यकता है। प्लास्टिक कचरे के बढ़ते उपयोग से पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, इसलिए इसके वैज्ञानिक निस्तारण और पुनर्चक्रण पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

     उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप दें तथा विद्यालयों और समुदायों में स्वच्छता एवं पोषण संबंधी जागरूकता गतिविधियों का नियमित आयोजन करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ ग्राम, स्वस्थ नागरिक और कुपोषण मुक्त बालक-बालिकाएं ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सभी संबंधित विभागों को संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा।

     सीईओ जिला पंचायत श्री मीना ने विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक प्रयासों, जनसहभागिता और प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से जिले में स्वच्छता, पोषण एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय परिणाम प्राप्त किए जा सकेंगे तथा मंडला जिला इन अभियानों में एक आदर्श मॉडल के रूप में स्थापित होगा।

     प्रधानमंत्री पोषण आहार योजना के परियोजना अधिकारी श्री शैलेन्द्र सिंह ने विद्यालयों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने तथा भोजन निर्माण एवं वितरण में स्वच्छता के मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से योजना के सफल क्रियान्वयन एवं जनजागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।

     कार्यशाला में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की जिला समन्वयक सुश्री सीमा पटले ने ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 तथा इस संबंध में माननीय उच्चतम न्यायालय के निर्देशों की जानकारी देते हुए बताया कि नियमों का प्रभावी पालन पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों एवं पंचायत प्रतिनिधियों से जमीनी स्तर पर इन प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन में सहयोग करने का आग्रह किया।

     कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता गीत, पोषण आहार से संबंधित जनजागरूकता गतिविधियों तथा विभिन्न व्यवहारिक पहलुओं पर भी चर्चा की गई। कार्यशाला में उपस्थित प्रतिभागियों को अपने क्षेत्रों में स्वच्छता एवं पोषण संबंधी गतिविधियों के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

     कार्यशाला में प्रधानमंत्री पोषण आहार योजना एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छ, स्वस्थ और कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों का संकल्प लिया गया।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

विद्यालयों के आकस्मिक निरीक्षण में कई स्कूल बंद मिले, छात्रवृत्ति पंजीयन एवं आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा

मंडला, 19 जून 2026

     कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे के निर्देशानुसार क्षेत्रीय संयोजक श्री विष्णु सिंगौर द्वारा विकासखंड बीजाडांडी अंतर्गत प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक शाला कंटगी, माध्यमिक शाला कंटगी तथा माध्यमिक शाला चौरई बंद पाई गईं।

     उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पोंडी नगरार के निरीक्षण में संकुल प्राचार्य सुश्री आरती कोल, सुश्री साक्षी शुक्ला (उच्च माध्यमिक शिक्षक), श्री मोहनलाल धुर्वे एवं श्री महेंद्र मसराम (माध्यमिक शिक्षक) उपस्थित पाए गए। वहीं श्री दयाराम मार्काे एवं श्री दलपत पावले (प्राथमिक शिक्षक) अनुपस्थित मिले।

     निरीक्षण के दौरान छात्रवृत्ति के लिए अनिवार्य वन टाइम रजिस्ट्रेशन की भी समीक्षा की गई। संकुल पंजी के अनुसार उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पोंड़ी नगरार में 408 विद्यार्थियों में से 67, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कालपी में 341 विद्यार्थियों में से 33 तथा हाईस्कूल छिंदगांव के 25 विद्यार्थियों का पंजीयन लंबित पाया गया। इस पर संकुल प्राचार्य सुश्री आरती कोल को निर्देशित किया गया कि छात्रवृत्ति के लिए सभी विद्यार्थियों की प्रोफाइल अद्यतन कर अनुमोदन एवं स्वीकृति की प्रक्रिया पूर्ण कराएं तथा तीन दिवस के भीतर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।

     उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पोंड़ी नगरार के निरीक्षण के दौरान विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं का भी अवलोकन किया गया। विद्यालय में बाउंड्रीवाल, पेयजल व्यवस्था के लिए बोरवेल तथा नियमित भृत्यों की आवश्यकता पाई गई। इस संबंध में आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर जिला कार्यालय को प्रेषित करने के निर्देश संस्था प्राचार्य सुश्री आरती कोल को दिए गए।

     निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शैक्षणिक गतिविधियों, छात्रवृत्ति संबंधी कार्यों तथा विद्यालयों की मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

 

 

21 जून को जिलेभर में मनाया जाएगा 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, सामूहिक योग कार्यक्रमों की तैयारियाँ तेज

मंडला, 19 जून 2026

     12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को जिलेभर में वृहद स्तर पर सामूहिक योग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में जिला पंचायत मंडला के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (आयुष) द्वारा सभी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, नगरीय निकायों एवं पंचायतों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।

     इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम स्वस्थ आयु के लिए योग निर्धारित की गई है। योग दिवस पर प्रदेशभर में एक ही समय पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 6 बजे से अतिथियों का आगमन होगा, 6:30 बजे से राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण, 6:45 बजे प्रधानमंत्री का संबोधन तथा प्रातः 7 बजे से 7:45 बजे तक सामान्य योग प्रोटोकॉल का सामूहिक अभ्यास कराया जाएगा।

     जिले के सभी विकासखंडों, नगरीय निकायों, ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, आईटीआई, पॉलीटेक्निक, नर्सिंग संस्थानों तथा अन्य शासकीय एवं निजी शिक्षण संस्थाओं में व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही एनसीसी, एनएसएस, पुलिस विभाग, स्वयंसेवी संगठनों, औद्योगिक संस्थानों एवं आम नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

     योग दिवस के आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी संस्थाओं को आयुष मंत्रालय भारत सरकार के पोर्टल पर पंजीयन कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल ’’रामनगर’’ सहित विभिन्न स्थानों पर विशेष योग संगम कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रशासन ने सभी नागरिकों से योग दिवस कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की है।

 

 

 

 

 

 

 

 

जन शिक्षण संस्थान परिसर में योग प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

मंडला, 19 जून 2026

     जन शिक्षण संस्थान मंडला द्वारा आयोजित योग प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंध मंडल के सदस्य श्री प्रदीप ढकरिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को योग के प्रति जागरूक करना, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा योग प्रशिक्षण के माध्यम से स्वरोजगार और स्वावलंबन के अवसर उपलब्ध कराना है।

     कार्यक्रम में पतंजलि योगपीठ मंडला के प्रमुख प्रशिक्षक श्री दयाशंकर ज्योतिषी ने योग के विभिन्न आसनों, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का प्रशिक्षण देते हुए उनके महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है तथा योग प्रशिक्षक के रूप में कार्य कर युवा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।

     इस अवसर पर जन शिक्षण संस्थान मंडला के निदेशक श्री अखिलेश पाण्डेय ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण केवल स्वास्थ्य संवर्धन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से प्रतिभागी योग प्रशिक्षक बनकर रोजगार एवं स्वावलंबन के अवसर भी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ लेने तथा योग को आजीविका से जोड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने उपस्थित होकर योग प्रशिक्षण में रुचि दिखाई और नियमित रूप से प्रशिक्षण प्राप्त करने का संकल्प लिया।

Related posts

एमपीपीएससी मुख्य परीक्षा 2026 के लिए निःशुल्क ऑफलाइन कोचिंग, अनुसूचित जाति-जनजाति अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित

Reva India News

कलेक्टर श्री धोटे ने की राजस्व कार्यों की समीक्षा लंबित प्रकरणों को समय-सीमा में निराकरण के दिए निर्देश

Reva India News

कलेक्टर ने किया जिला कंपलेंट सेल एवं सी-विजिल कंट्रोल रूम का निरीक्षण

Reva India News

Leave a Comment