Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला, 23 जून 2026

जनसुनवाई में आए 117 आवेदन, अपर कलेक्टर ने निराकरण के दिए निर्देश

मंडला, 23 जून 2026

            राज्य शासन के निर्देशानुसार जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निराकरण के लिए प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जिला स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन मंगलवार को जिला योजना भवन में किया गया। इस जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह ने दूर-दराज से आए नागरिकों की समस्याओं को अत्यंत संवेदनशीलता के साथ सुना और कुल 117 आवेदनों पर संज्ञान लिया।

            जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर श्री सिंह ने मौके पर उपस्थित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि वे प्राप्त सभी आवेदनों को पूरी गंभीरता से लें। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समय-सीमा के भीतर और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी आवेदक को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

            इस दौरान डिप्टी कलेक्टर श्रीमती क्षमा सराफ एवं श्री संस्कार बावरिया, एसडीएम मण्डला सोलन सिडाम ने भी आवेदकों की समस्या सुनी। जनसुनवाई में समस्त जिला अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

 

 

प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के सफल संचालन के लिए महिला चिकित्सकों की ड्यूटी निर्धारित

मंडला, 23 जून 2026

            जिले में गर्भवती महिलाओं को बेहतर एवं जोखिममुक्त मातृ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निर्देशानुसार प्रत्येक माह की 9 एवं 25 तारीख को आयोजित होने वाले प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के सफल संचालन के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी मंडला द्वारा महिला चिकित्सकों एवं स्त्री रोग विशेषज्ञों की ड्यूटी निर्धारित की गई है।

            जारी आदेश के अनुसार जिले के विभिन्न सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में पदस्थ महिला चिकित्सकों को निर्धारित स्वास्थ्य संस्थाओं में उपस्थित रहकर गर्भवती महिलाओं की आवश्यक जाँच, परामर्श एवं उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के दौरान हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उन्हें आवश्यक चिकित्सा सेवाएं प्रदान की जाएंगी।

            मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अभियान दिवस पर स्वास्थ्य संस्थाओं में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं तथा निर्धारित चिकित्सकों की उपस्थिति अनिवार्य रूप से रहे। साथ ही हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं के रेफरल एवं परिवहन की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

            आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित दिवस पर अनुपस्थित पाए जाने वाले चिकित्सकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिले के सभी स्वास्थ्य अधिकारियों, कार्यक्रम प्रबंधकों, स्टाफ नर्सों एवं संबंधित कर्मचारियों को अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन और पोर्टल पर समयबद्ध रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। यह अभियान जिले में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने तथा गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

 

 

 

 

 

 

 

मादक द्रव्य निषेध दिवस पर संगोष्ठी, छात्रों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प

मंडला, 23 जून 2026

            अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी दिवस पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा सामाजिक न्याय विभाग के सहयोग से जिले के सभी विकासखंडों में जन जागरूकता रैली व संगोष्ठी आयोजित की जा रही है।

            इसी क्रम में रानी दुर्गावती महाविद्यालय मंडला में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के छात्रों की संगोष्ठी व रैली निकाली गई। जिला समन्वयक श्री सुशील बर्मन ने कहा कि नशे से हृदय रोग, लिवर खराब होना, कैंसर, मानसिक रोग व ओवरडोज से मौत का खतरा रहता है। विकासखंड समन्वयक श्री संतोष कुमार झारिया ने छात्रों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई।

            कार्यक्रम में सामाजिक न्याय विभाग के श्री अजीत मरावी, श्री रविन्द्र कुमार, परामर्शदाता श्रीमती रागिनी हरदहा, श्री आशीष नामदेव एवं बीएसडब्ल्यू-एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

झोलाछाप डॉक्टर की क्लीनिक पर प्रशासन की कार्रवाई, क्लीनिक सील

मंडला, 23 जून 2026

            कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन में स्वास्थ्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मवई क्षेत्र के घुटास उमरिया तिराहा स्थित झोलाछाप डॉक्टर की क्लीनिक पर छापामार कार्रवाई की गई। प्राप्त शिकायत के आधार पर की गई जाँच में क्लीनिक का संचालन अवैध रूप से किए जाने की आशंका पाए जाने पर अग्रिम कार्रवाई तक क्लीनिक को सील कर दिया गया है।

            मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.जे. मोहन्ती ने बताया कि श्री मिथुन कुमार लिखाके द्वारा संचालित क्लीनिक के संबंध में शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के सत्यापन के लिए स्वास्थ्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त निरीक्षण टीम ने मौके पर पहुंचकर क्लीनिक का निरीक्षण किया तथा आवश्यक अभिलेखों एवं तथ्यों की जांच की। इस दौरान उपलब्ध साक्ष्यों का भी संकलन किया गया।

            निरीक्षण दल में तहसीलदार, मेडिकल ऑफिसर, नर्सिंग ऑफिसर एवं स्वास्थ्य विभाग का पर्यवेक्षकीय स्टाफ शामिल रहा। जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों के आधार पर निरीक्षण दल ने अग्रिम कार्रवाई तक क्लीनिक को सील कर दिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रूप से चिकित्सा कार्य करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

 

 

Related posts

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस से गांधी जयंती तक सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा……मिश्रा

Reva India News

पोषण माह के अंतर्गत बिछिया क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Reva India News

*”नशे से दूरी है जरूरी” अभियान: बस और ऑटो चालकों के बीच जागरूकता

Reva India News

Leave a Comment