मंडला, 23 सितम्बर 2026
वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 22 सितंबर 2026 को विकासखंड नारायणगंज की ग्राम पंचायत कूड़ामैली में वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन वित्तीय साक्षरता केंद्र, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया मंडला के अधिकारी श्री कृष्णकांत अवस्थी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत कूड़ामैली के सरपंच श्री चैन लाल धुर्वे एवं आरसेटी के डायरेक्टर श्री राजेश राय उपस्थित रहे।

शिविर में श्री अवस्थी ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं अटल पेंशन योजना की जानकारी दी। साथ ही बैंक की विभिन्न जमा एवं ऋण योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया। इस दौरान साइबर फ्रॉड से बचाव के विभिन्न उपायों की जानकारी देते हुए अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की समझाइश दी गई। साइबर धोखाधड़ी की घटना होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करने की सलाह भी दी गई।
