मंडला, 24 सितम्बर 2026
मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, मंडला द्वारा मंडला शहर में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 132 केवी आमानाला उपकेन्द्र से 33 केवी उपकेन्द्र मंडला पावर हाउस तक समर्पित फीडर लाइन का निर्माण किया जा रहा है। यह कार्य वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के तहत स्वीकृत है। कुल 6.5 किलोमीटर लंबी लाइन में से लगभग 6 किलोमीटर का कार्य आमानाला से जल शोधन संयंत्र तक पूरा हो चुका है।
निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय व्यापारियों एवं नागरिकों द्वारा बेयर कंडक्टर के स्थान पर कवर्ड कंडक्टर अथवा केबल लगाने की मांग की गई। 15 सितंबर 2026 को इस संबंध में विरोध दर्ज कराते हुए जनसुनवाई में आवेदन भी दिया गया था। विद्युत कंपनी के अनुसार, कवर्ड कंडक्टर की व्यवस्था किए जाने के बावजूद कार्य में बाधा उत्पन्न हुई।
स्थानीय स्तर पर लाइन को रोड डिवाइडर से ले जाने की मांग भी की जा रही है। विभाग का कहना है कि डिवाइडर पर पहले से 11 केवी लाइन, वितरण ट्रांसफॉर्मर एवं स्ट्रीट लाइट के पोल स्थापित हैं। ऐसे में 33 केवी लाइन के लिए आवश्यक तकनीकी प्रक्रिया एवं परमिट की आवश्यकता होगी। विभाग के अनुसार, 23 सितंबर 2026 को कार्य के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार कर कार्य में बाधा उत्पन्न की गई। विद्युत कंपनी ने स्पष्ट किया कि मंडला मुख्यालय के घरेलू एवं व्यावसायिक उपभोक्ताओं को निरंतर विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए पावर हाउस के लिए पृथक समर्पित 33 केवी फीडर लाइन का विस्तार आवश्यक है।
