मंडला– प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी के पुण्य स्मृति दिवस (विश्व बंधुत्व दिवस) के पावन अवसर पर स्थानीय ब्रह्माकुमारीज़ सेवाकेंद्र मंडला में विशेष रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम मंडला जिले के मुख्य सेवाकेंद्र बस स्टैंड के पीछे,”विश्व शांति भवन” में किया गया।
इस कार्यक्रम में मंडला क्षेत्रीय संचालिका ब्रह्माकुमारी ममता दीदी, पड़ाव वार्ड सेंटर संचालिका ब्रह्माकुमारी ओम लता दीदी, मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक क्षेत्रीय अधिकारी भ्राता सुरेश परस्ते, चाइल्ड स्पेशलिस्ट भ्राता डॉ. श्याम रौटेला, लैब टेक्नीशियन भ्राता अनिल भोयर एवं भ्राता नीलेश बड़गैया और ब्रह्माकुमार भाई बहनें साथ ही रक्तदाता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9 बजे मुरली क्लास और योग-साधना से हुआ। तत्पश्चात उपस्थित सभी भाई-बहनों एवं शहर के गणमान्य नागरिकों ने दादी जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। सभी ने दादी जी के दिव्य जीवन, उनकी विश्व बंधुत्व की भावना और समाज सेवा में दिए योगदान को याद किया। इसके पश्चात शिव बाबा को भोग लगाया गया।
राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी ममता दीदी ने कहा कि दादी प्रकाशमणि जी का जीवन निस्वार्थ सेवा और सर्व के प्रति शुभ भावना का प्रतीक था। उन्होंने उन्होंने 1969 से 2007 तक मुख्य प्रशासिका के रूप में संस्था को एक छोटे से पौधे से विशाल वटवृक्ष के रूप में बदला। उन्होंने महिलाओं द्वारा संचालित इस विशाल आध्यात्मिक संगठन को एक देश से बढ़ाकर विश्व के 120 से अधिक देशों तक पहुँचाया।रक्तदान मानव सेवा का सबसे बड़ा रूप है, जो किसी अनजान व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। विश्व बंधुत्व रक्तदान महाभियान का मुख्य संदेश “एक रक्त –एक मानवता – एक विश्व परिवार” है। रक्तदान के माध्यम से समाज में मानवता, निस्वार्थ सेवा और विश्व बंधुत्व की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
ब्रह्माकुमारी ओमलता दीदी जी ने कहा कि विश्व बंधुत्व रक्तदान महाभियान 21 से 25 अगस्त 2026 तक भारत एवं नेपाल में ब्रह्माकुमारीज सेवाकेंद्रों के माध्यम से व्यापक स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत हजारों रक्तदान शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है।ब्रह्माकुमारीज द्वारा इस महाभियान के माध्यम से “ज्ञान पान • योग ध्यान • रक्तदान” का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। संस्था का उद्देश्य आध्यात्मिक ज्ञान एवं राजयोग ध्यान के साथ-साथ समाज सेवा और मानव कल्याण की भावना को भी मजबूत करना है।
भ्राता सुरेश परस्ते ने ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान द्वारा संपूर्ण भारत और नेपाल स्तर पर चलाए जा रहे इस सामाजिक व मानवीय प्रयास की सराहना की और रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।
दादी जी के ‘विश्व बंधुत्व’ के संदेश को धरातल पर उतारते हुए प्रातः 11 बजे से विशाल रक्तदान शिविर का शुभारंभ हुआ। इस शिविर में ब्रह्माकुमारीज़ परिवार के भाई-बहनों, स्थानीय युवाओं तथा शहर के जागरूक नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर निस्वार्थ भाव से रक्तदान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
