मंडला, 29 सितम्बर 2026
वडनगर-वाराणसी सेवा संकल्प यात्रा के अंतर्गत जिले में पहुंची बाइकर्स यात्रा का ग्राम जारगी में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मंडला के प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा माता खेरमाई के दर्शन एवं पूजन के साथ हुई। इसके पश्चात सेवा संकल्प यात्रा के साथ पहुंचे कलश का विधिवत स्वागत कर पूजन किया गया। अतिथियों ने अमर शहीद राजा शंकर शाह एवं कुंवर रघुनाथ शाह की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर शासकीय स्नातक महाविद्यालय नैनपुर के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का उत्साहपूर्वक आनंद लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा देश की विकास यात्रा और जनकल्याणकारी योजनाओं के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आ रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे कृषि उत्पादन एवं किसानों की आय में वृद्धि हो सके।

इस दौरान नगरपालिका नैनपुर अध्यक्ष श्रीमती कृष्णा पंजवानी, वरिष्ठ समाजसेवी श्री प्रफुल्ल मिश्रा, एसडीएम श्री शैलेन्द्र चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। स्वागत कार्यक्रम के पश्चात मोहनटोला में पीएम आवास योजना के हितग्राहियों से संवाद भी किया गया एवं युवा संवाद, रेवांचल पार्क स्थित रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

