कान्हा टाइगर रिजर्व के बफर जोन वनमण्डल, मण्डला द्वारा परिक्षेत्र सहायकों की कार्यक्षमता, नेतृत्व क्षमता एवं वन-वन्यजीव संरक्षण संबंधी व्यावहारिक दक्षताओं में वृद्धि के उद्देश्य से कार्यालय क्षेत्र संचालक, बफर जोन वनमण्डल में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में क्षेत्र संचालक श्री रविंद्र मणि त्रिपाठी, उप संचालक कोर जोन श्री प्रकाश कुमार वर्मा, उप संचालक बफर जोन सुश्री अमिता के.बी., सहायक संचालक तथा परिक्षेत्र अधिकारी उपस्थित रहे और प्रतिभागियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
प्रशिक्षण में वन एवं वन्यजीव संरक्षण, गश्ती एवं निगरानी, मानव-वन्यजीव संघर्ष, वन अपराध नियंत्रण एवं अन्वेषण, अपराध स्थल संरक्षण एवं साक्ष्य संकलन, वानिकी कार्यों तथा संयुक्त वन प्रबंधन जैसे विषयों पर जानकारी दी गई। विशेष अतिथि जिला अभियोजन अधिकारी श्री मिश्रा द्वारा वन अपराध प्रकरण तैयार करने एवं संबंधित अधिनियमों के विधिक प्रावधानों की जानकारी प्रदान की गई।
कार्यशाला में मुखबिर एवं सूचना तंत्र को मजबूत करने, स्थानीय समुदायों की सहभागिता से रोजगारपरक गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा वन एवं वन्यजीवों पर दबाव कम करने के उपायों पर भी चर्चा हुई। टीम बिल्डिंग एवं फीडबैक सत्र के माध्यम से प्रतिभागियों की नेतृत्व क्षमता, संवाद एवं टीम भावना को सुदृढ़ किया गया।
समापन अवसर पर वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रभावी गश्ती, सतत निगरानी, वन अपराधों की रोकथाम तथा वन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति संवेदनशील एवं उत्तरदायी दृष्टिकोण के साथ कार्य करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए।
