मंडला, 30 सितम्बर 2026
भारत ज्योति विद्यालय परिसर में जिला स्तरीय मोगली बाल उत्सव का आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मुन्नी वरकड़े, सहायक संचालक एम.एस. सेंदराम, एपीसी श्री मुकेश पांडे, वरिष्ठ पर्यावरणविद श्री राजेश छत्री एवं भारत ज्योति विद्यालय के प्राचार्य सी.वी. जोसेफ उपस्थित रहे।

जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मुन्नी वरकड़े ने कहा कि मोगली उत्सव विद्यार्थियों को पर्यावरण एवं प्रकृति से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। वरिष्ठ पर्यावरणविद श्री राजेश छत्री ने विद्यार्थियों को मोगली उत्सव के इतिहास एवं राज्य स्तरीय आयोजन की प्रक्रिया की जानकारी दी।
प्रतियोगिता कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग में आयोजित की गई, जिसमें जिले के सभी विकासखंडों की टीमों ने सहभागिता की। मोगली क्विज का संचालन पर्यावरण शिक्षा कार्यक्रम प्रभारी एवं क्विज मास्टर श्री अखिलेश उपाध्याय ने किया।

कनिष्ठ वर्ग में फाल्गुनी रजक एवं तरुण सिंगोर तथा वरिष्ठ वर्ग में सुमित परते एवं अंशिका चौरसिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मंडला विकासखंड ने दोनों वर्गों में प्रथम स्थान हासिल किया। विजेता प्रतिभागी राज्य स्तरीय मोगली बाल उत्सव में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

