मंडला, 13 अक्टूबर 2026
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी भोपाल के निर्देशानुसार 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। शैक्षणिक संस्थानों में इएलसी (इलेक्शन लिट्रेसी क्लब) गठित किए जाकर इसके लिए जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। इसी कड़ी में जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राहुल नामदेव धोटे के मार्गदर्शन में मंगलवार को डाइट सभागार में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम डाइट प्राचार्य की उपस्थिति में आयोजित हुआ। इसमें उपस्थित युवा छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। जिला निर्वाचन कार्यालय के प्रतिनिधियों ने वोटर हेल्पलाइन एप, ईसीआई एप, ई-एपिक कार्ड डाउनलोड करने, फॉर्म-6, फॉर्म-8 सहित स्वीप गतिविधियों के बारे में बताया और उनकी शंकाओं का समाधान किया।

कार्यक्रम के दौरान युवाओं को लोकतंत्र में मताधिकार के महत्व के बारे में जागरूक किया गया और उन्हें स्वयं आगे आकर मतदाता बनने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही प्रत्येक कक्षा में 2-2 को-ऑर्डिनेटर बनाए जाने के संबंध में भी जानकारी दी गई, जो अपने साथियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करेंगे। संवाद कार्यक्रम में मौके पर ही कई युवाओं से फॉर्म भरवाए गए। इस अवसर पर जिला निर्वाचन कार्यालय के प्रतिनिधि, डाइट स्टाफ और बड़ी संख्या में युवा विद्यार्थी मौजूद रहे।

