Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक सम्पन्न छूटे हुए बच्चों का सर्वे कर योजनाओं से लाभान्वित करने के कलेक्टर ने दिए निर्देश

मंडला, 26 नवम्बर 2026

कलेक्ट्रेट स्थित गोलमेज कक्ष में कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे की अध्यक्षता में जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री धोटे ने अधिकारियों को संवेदनशीलता और धैर्य के साथ कार्य करने की समझाइश देते हुए निर्देशित किया कि जिले में सभी शासकीय योजनाओं से वंचित एवं छूटे हुए बच्चों का विशेष सर्वे करना सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर ने कहा कि सर्वे के माध्यम से बच्चों की आभा आईडी, आयुष्मान कार्ड बनाए और आवास योजना से जोड़े। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन लगभग 350 परिवारों में ये बच्चे निवासरत हैं, उन परिवारों को स्वरोजगार से जोड़ा जाए ताकि बच्चों का समुचित लालन-पालन हो सके। इसके साथ ही उन्होंने स्कूलों में इन बच्चों के लिए स्पेशल रिपोर्ट कार्ड तैयार करने के भी निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि अस्थायी रूप से परिवार को सुपुर्द की गई बालिकाओं की माह में एक बार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तथा प्रत्येक तीन माह में घर जाकर भौतिक काउंसलिंग की जाए। उन्होंने पॉक्सो प्रकरणों में नियुक्त सपोर्ट पर्सन की समीक्षा करते हुए इसमें 50 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और प्रशिक्षण के पश्चात उनकी ग्रेडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि जिले में बाल भिक्षावृत्ति किसी भी स्थिति में न हो, इसे सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग के सहायक संचालक श्री रोहित बड़कुल ने जिले में संचालित बाल देखरेख संस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने स्पॉन्सरशिप योजना, मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना, पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन, मुख्यमंत्री कोविड-19 बाल सेवा योजना तथा फॉस्टर केयर के स्वीकृत प्रकरणों की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया। कलेक्टर ने बाल कल्याण समिति में प्रचलित प्रकरणों, स्ट्रीट चिल्ड्रन एवं भिक्षावृत्ति की रोकथाम के तहत रेस्क्यू किए गए बच्चों के पुनर्वास तथा सपोर्ट पर्सन को आवंटित प्रकरणों की गहन समीक्षा की। बैठक में बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री गजेन्द्र गुप्ता, एपीसी श्री मुकेश पांडे सहित समिति के अन्य सदस्यों ने भी अपने महत्वपूर्ण सुझाव रखे। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Related posts

नैनपुर अनुविभाग में पटाखा स्टोरेज सहित 2 विस्फोटक मैग्ज़ीन्स सील

Reva India News

आज से 22 तक चलेगा स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम

Reva India News

प्रभारी कलेक्टर ने किया पंचायत भवन के निर्माण कार्यों का अवलोकन

Reva India News

Leave a Comment