मण्डला 12 जुलाई 2021
कलेक्टर हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में समय सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने सीएम हेल्पलाईन, सीएम मॉनिट तथा विभिन्न विषयों की समीक्षा करते हुए जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी जिला अधिकारी अब प्राथमिकता के साथ पुनः सीएम हेल्पलाईन के लम्बित प्रकरणों का निराकरण करें। श्रीमती सिंह ने 100 दिवस, 300 दिवस तथा 700 दिवस के लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से प्रकरण की स्थिति जानी तथा उन्हें जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों के निराकरण में मंडला जिले की रैंकिंग बेहतर रही है। अब शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित कर पुनः जिले की रैंकिंग को बेहतर करना होगा।
श्रीमती सिंह ने ऊर्जा विभाग की शिकायतों की समीक्षा करते हुए कहा कि शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण करते हुए बारिश के दौरान बिजली आपूर्ति की व्यवस्था पुख्ता रखें। उन्होंने एसएलआर को जिले में मोबाईल नेटवर्क संबंधी समस्याओं के निराकरण पर चर्चा करने के लिए नेटवर्क कंपनी के संबंधितों से बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पीएचई विभाग को निर्देशित किया कि जल जीवन मिशन कार्यक्रम के अंतर्गत प्रभावी कार्यवाही करें। उन्होंने ईईपीएचई से वनग्राम डुंगरिया में जल समस्या के निराकरण के लिए की गई कार्यवाही की जानकारी ली। उन्हांेने कहा कि वनग्रामों में सड़क, पानी, बिजली तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें। श्रीमती सिंह ने बैठक में संबल योजना के तहत् मिलने वाली सहायता राशि की समीक्षा भी की। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास की निकायवार रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगरपालिका सड़क मरम्मत, नालियों की साफ-सफाई तथा अतिक्रमण हटाने के लिए लगातार कार्य करे।
खाद एवं बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करें
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बैठक में निर्देश दिए कि जिले में पर्याप्त मात्रा में खाद एवं बीज की उपलब्धता सुनिश्चित रखें। उन्होंने बिछिया तथा नैनपुर क्षेत्र में खाद तथा बीज की उपलब्धता जानी। कलेक्टर ने कृषि विभाग को निर्देशित किया कि 90 दिवस में तैयार होने वाली फसल के बीज पर्याप्त मात्रा में रखें। इसी प्रकार सोसायटीवार खाद एवं बीज की उपलब्धता संबंधी जानकारी भी नियमित रूप से प्रकाशित कराएं।
कलेक्टर ने पशुपालन, मत्स्य, कृषि तथा को-ऑपरेटिव विभाग को किसान क्रेडिट कार्ड के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी एक माह में तीनों विभाग अधिक से अधिक किसान क्रेडिट कार्ड बनाएं तथा इस संबंध में अपने क्षेत्र के हितग्राहियों को जानकारी प्रसारित करें। उन्होंने बारिश के दौरान तालाबों में मत्स्य बीज वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने बैठक में लोक सेवा गारंटी अधिनियम, हाईकोर्ट प्रकरण एवं मार्क किए गए पत्रों की विभागवार जानकारी ली। उन्होंने रोजगार मेले को ऑनलाईन के माध्यम से लगातार आयोजित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने श्रम विभाग को निर्देशित किया कि बाहर जाने वाले व्यक्तियों एवं बच्चों की जानकारी संधारित रखें तथा सर्वे भी कराएं।
बैगा जनजातियों को दें शासकीय योजनाओं का लाभ
कलेक्टर ने बैठक में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास को निर्देशित किया कि जिले की बैगा जनजातियों को शासकीय योजना का शतप्रतिशत लाभ देना सुनिश्चित करें। उन्होंने बैगा सर्वे तथा इंटीग्रेटेड ट्रायबल डेवलपमेंट कार्य की समीक्षा भी की। उन्होंने कहा कि बैगा पंचायतों एवं टोलों में आदिवासी विभाग, ग्रामीण विकास विभाग तथा राजस्व विभागों का कैम्प आयोजित कर बैगा जनजाति की समस्याओं का अधिक से अधिक निराकरण करें।
कलेक्टर ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोविड वैक्सीनेशन के लिए आवंटित क्षेत्रों का लगातार भ्रमण करें तथा अपने क्षेत्र में शतप्रतिशत वैक्सीनेशन सुनिश्चित कराएं। कलेक्टर ने कहा कि अपने-अपने क्षेत्र में शतप्रतिशत वैक्सीनेशन सुनिश्चित कराने वाले अधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा। बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुनील दुबे, एडीएम मीना मसराम तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
