ग्राम विकास में युवा मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका – राज्यसभा सांसद
जिला युवा सलाहकार समिति की बैठक संपन्न
मण्डला 15 सितम्बर 2021
नेहरू युवा केंद्र मंडला (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार) की जिला युवा कार्यक्रम सलाहकार समिति की बैठक जिला योजना भवन में राज्यसभा सांसद श्रीमती संपतिया उईके की अध्यक्षता एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुनील दुबे, जिला युवा अधिकारी प्रतीक सिन्हा की उपस्थिति में संपन्न हुई। समिति बैठक के प्रारंभ में जिला अधिकारी प्रतीक सिन्हा ने नेहरू युवा केंद्र द्वारा वर्ष 2020-21 में किए गए कार्यक्रम एवं समन्वय आधारित कार्यक्रमों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। नेहरू युवा केंद्र द्वारा कोविड-19 जागरूकता एवं पोषण अभियान में चलाए जा रहे कार्यक्रमों के बारे में सभी सदस्यों को विस्तृत रूप से जानकारी दी। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील दुबे ने कहा कि युवा मंडल ग्राम विकास का आधार है। छोटे-छोटे कार्यों के माध्यम से ग्रामीण विकास में सहयोग प्रदान करते हैं। उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में नेहरू युवा केंद्र की भूमिका को सामने रखा और इस कार्यक्रम में सहभागिता होने की बात की।
इस बैठक को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद श्रीमती संपतिया उईके ने कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए कहा कि वार्षिक कार्य योजना में उन सभी विषयों को समाहित किया गया है जो आत्मनिर्भर भारत बनाने में सहायक है और सभी गतिविधियों को शामिल किया गया है। उन्होंने 2 अक्टूबर को फिट इंडिया फ्रीडम रन की समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों के समन्वय के निर्देश दिए। बैठक में कार्यक्रम सहायक दारा सिंह चौधरी, नेहरू युवा केंद्र संगठन के मनोनीत सदस्य निलेश कटारिया, जिला खेल अधिकारी रविंद्र ठाकुर, जिला संगठन एनएसएस बी.एल. झारिया, महिला बाल विकास परियोजना अधिकारी अनूप नामदेव, एलडीएम श्री केसरी, स्वास्थ्य विभाग, उद्योग विभाग, जन अभियान परिषद, कृषि विज्ञान केंद्र के विशाल मेश्राम, सूचना प्रसारण विभाग के अजय बैस सहित खिलाड़ी, युवा मंडल के प्रतिनिधि, एनवाईसी उपस्थित रहे।
’कालातीत किसानों को भी दें किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ – हर्षिका सिंह’
16 से 30 सितम्बर 2021 तक आयोजित होगा ’किसान क्रेडिट कार्ड पखवाड़ा’
मध्यप्रदेश शासन की शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर किसानों को फसल ऋण उपलब्ध कराने की योजना का जिले के अधिकाधिक कृषकों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से कलेक्टर हर्षिका सिंह के द्वारा बैंक महाप्रबंधक एवं सहायक आयुक्त सहकारिता को दिये गये निर्देशानुसार 16 सितम्बर 2021 से 30 सितम्बर 2021 तक ’किसान क्रेडिट कार्ड पखवाड़ा’ आयोजित कर सहकारी समितियों के कालातीत सदस्यों को किसान क्रेडिट कार्ड जारी किये जायेंगे। इस हेतु कालातीत किसान खसरा, नक्शा, बी-1, भू-अधिकार पुस्तिका, आधार कार्ड एवं अपना नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो लेकर सहकारी समिति में सम्पर्क कर अपना किसान क्रेडिट कार्ड बनवायें। उन्होंने कहा कि मण्डला जिले की सहकारी समितियों में 24,000 किसान ऐसे हैं, जो किन्ही कारणों से कालातीत हो चुके हैं एवं शासन की शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराने की योजना के लाभ से वंचित हैं।
कलेक्टर हर्षिका सिंह के मार्गदर्शन में ऐसे समस्त कालातीत किसानों को क्षेत्र के पटवारी, कृषि विभाग का मैदानी अमला समितियों में अनिवार्य रूप से पहुंचायें। इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने हेतु सहकारी समितियों प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुनादि करायें। कलेक्टर के द्वारा अनुविभागीय अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया है कि उनके अनुभाग अंतर्गत आने वाली समितियों में कालातीत किसान ’किसान क्रेडिट कार्ड पखवाड़ा’ अवधि में अधिकाधिक पहुंचे। इस हेतु पटवारी एवं राजस्व अधिकारियों को ताकीद किया जाये। यदि कोई समस्या व शिकायत हो तो जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित मण्डला में कंट्रोल रूम प्रभारी अनिलकांत तिवारी मोबाइल नम्बर 7440379006 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
डेंगू निरोधक जनजागरूकता अभियान के तहत् जागरूकता कार्यक्रम
शासन के दिशा निर्देशानुसार वाहक जनित रोगों डेंगू, चिकुनगुनिया जीका आदि से बचाव रोकथाम एवं नियंत्रण हेतु नगर के प्रत्येक वार्डों में जन जागरूकता अभियान चलाये जाने के निर्देश के परिपालन में जिला अस्पताल से जन जागरूकता रैली का शुभारंभ किया गया। रैली के द्वारा रानी दुर्गावती वार्ड, श्रीराम वार्ड, आजाद वार्ड का भ्रमण कर आम लोगों अपने-अपने घरों पर बरसात का पानी जमा न होने देने की समझाईश दी गई, व डेंगू से बचाव के उपाय बताये गये। जिसमें राज्यसभा सांसद श्रीमती संपतिया उइके, न.पा. अध्यक्ष पूर्णिमा (अमित) शुक्ला, उपाध्यक्ष गिरीश चंदानी, स्वास्थ्य सभापति न.पा.परि. मण्डला आशोक कछवाहा, अपर कलेक्टर मीना मसराम, मुख्य नगरपालिका अधिकारी प्रदीप झारिया, मलेरिया अधिकारी, वार्ड पार्षद सारिका मिश्रा, पार्षद ज्योति चौरसिया, सभापति लोक निर्माण विभाग दीपेश बाजपेयी, भुवन बैरागी उपस्थित थे। जन जागरूकता रैली का आयोजन के.के. रजक प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी, उपयंत्री रूखसार अली, प्रभारी स्वच्छता निरीक्षक एस.सी.चौधरी के देखरेख में की गई। कार्यक्रम में वार्ड सुपरवाईजर राजेश गोदरे, कृष्णशरण पटैल, नरेन्द्र लाहोरी, पुष्पेंन्द्र पाण्डेय, श्याम वाल्मिक उपस्थित थे।
’’डेंगू पर प्रहार’’ महाभियान के अंतर्गत जागरूकता रथ रवाना
राज्यसभा सांसद श्रीमती उईके ने दिखाई हरी झंडी
वर्तमान समय में वर्षा ऋतु प्रारंभ होने के उपरांत जिले में वेक्टर जनित रोग जैसे मलेरिया, डेंगू एवं चिकुनगुनिया इत्यादि का संक्रमणकाल प्रारंभ हो चुका है। वर्तमान में डेंगू के प्रकरणों में वृद्धि के दृष्टिगत शासन द्वारा 15 सितम्बर 2021 से डेंगू नियंत्रण हेतु ’’डेंगू पर प्रहार’’ महाभियान प्रारंभ किया गया है। इसी तारतम्य में मण्डला जिले में जन जागरूकता हेतु जिला चिकित्सालय परिसर मण्डला से राज्यसभा सांसद श्रीमति सम्पतिया उइके एवं नगर पालिका अध्यक्ष पूर्णिमा शुक्ला द्वारा ’’डेंगू पर प्रहार’’ महाभियान का प्रारंभ जनजागरुकता हेतु प्रचार वाहन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर मीना मसराम, सी.एम.एच.ओ. डॉ. श्रीनाथ सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी राम शंकर साहू, मुख्य नगरपालिका अधिकारी प्रदीप झारिया एवं अन्य जिला अधिकारी व लोकसेवक उपस्थित रहे।
उक्त प्रचार वाहन द्वारा मण्डला शहरीय क्षेत्र के समस्त वार्डों एवं ब्लॉक मुख्यालयों में ऑडियो संदेश, पम्पलेट वितरण, फ्लेक्स, बैनर इत्यादि के माध्यम से लोगों को डेंगू से बचाव एवं नियंत्रण तथा मच्छरदानी के उपयोग एवं मच्छरजन्य परिस्थितियों को रोकने हेतु कूलर, गमले, मटके, टायर, टंकियों इत्यादि में रुके पानी को खाली करने एवं सप्ताह में एक बार अवश्य बदलने एवं लार्वा विनिष्टीकरण, डेंगू का मच्छर दिन के समय काटता है अतः आमजन को पूरी बॉह के कपड़े पहनने तथा बुखार पीड़ित रोगियों को मच्छरदानी व एल.एल.आई.एन. का प्रयोग करने, बुखार आने पर तुरंत खून जाँच कराकर पूर्ण उपचार लेने की जानकारी दी जा रही है। पानी संग्रहण करने वाली टंकी, बाल्टी एवं अन्य, पानी से भरे हुए बर्तन को ढ़क्कर रखना चाहिए। फ्रीज के पीछे ट्रे पर जमा पानी हर सप्ताह खाली करें, वाशबेसिन, बाथरुम मे पानी निकासी के स्थान में मच्छररोधी जाली लगवाना चाहिए एवं मच्छर की उत्पत्ति स्थल पर मिट्टी का तेल या जला हुआ ऑइल डालना चाहिए। ’’डेंगू पर प्रहार’’ महाभियान पर आमजन, स्वास्थ्य कर्मी, जनप्रतिनिधि के माध्यम से यह संदेश है कि ’’जन समुदाय की सक्रिय सहभागिता रखते हुए आसपास स्वच्छता ही डेंगू चिकुनगुनिया, मलेरिया नियंत्रण का प्रभावी उपाय है’’। अतः आमजन से अपील की जाती है कि ’’डेंगू पर प्रहार’’ महाअभियान को सफल बनाने हेतु अपने घरों में लार्वा विनिष्टीकरण कर स्वच्छता रखें, आसपास अनावश्यक पानी जमा न होने दें।
जिले में प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र खोलने संपर्क करें
औषधि निरीक्षक से प्राप्त जानकारी के अनुसार भारत सरकार द्वारा देश में प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र प्रारम्भ किये जाने योजना लागू की गई है ताकि देश के नागरिकों को सस्ती दवाएं सुलभता से उपलब्ध हो सके। यह योजना ब्यूरो ऑफ रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय भारत सरकार द्वारा लागू की गई है। जन औषधि योजना का प्रमुख उद्देश्य उच्च गुणवत्ता युक्त जेनेरिक औषधियां सस्ते मूल्य पर जनसामान्य को उपलब्ध कराना है एवं इस योजना के अंतर्गत प्रदेश के जो फार्मासिस्ट रोजगार विहान है उन्हें भी रोजगार मिल सकेगा। प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना के माध्यम से वर्तमान में लगभग 1400 दवाएं एवं 240 सर्जिकल आइटम्स बेहद सस्ते दामो में उपलब्ध कराये जा रहे हैं ताकि देश की मुख्यतः गरीब जनता को आसानी से उपलब्ध हो सके। इसी क्रम में राज्य सरकार की मंशा अनुसार मध्यप्रदेश में प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना के तहत जन औषधि केंद्र खोला जाना है। मंडला जिले में भी प्रधानमन्त्री भारतीय जन औषधि केंद्र खोला जाना प्रस्तावित है, जो भी व्यक्ति प्रधानमन्त्री भारतीय जन औषधि परियोजना के अंतर्गत केंद्र खोलना चाहता है वह इसकी विस्तृत जानकारी प्रधानमन्त्री भारतीय जन औषधि परियोजना की वेबसाइट http://janaushadhi.gov.in से प्राप्त कर सकता है। इस परियोजना की जानकारी टोल फ्री फोन नं 18001808080; फोन नं. 0124-4223074; मार्केटिंग ऑफिसर विवेक शर्मा (मोबाइल नं 9926131331) के माध्यम से तथा कार्यालय उपसंचालक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन जिला मंडला से प्राप्त की जा सकती है।
जेईई, नीट, क्लैट एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी हेतु जिला प्रशासन मण्डला द्वारा दी जायेगी निःशुल्क ऑनलाईन व ऑफलाईन कोचिंग सुविधा
कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार शैक्षिक गुणवत्ता में वृद्धि करने की दृष्टि से जिले के शैक्षिक नवाचार ‘’प्रोजेक्ट नई उड़ान’’ अंतर्गत कक्षा 12वीं में अध्ययनरत शासकीय शालाओं के इक्छुक विद्यार्थियों को 1 अक्टूबर 2021 से जेईई, नीट एवं क्लैट परीक्षा की तैयारी हेतु निःशुल्क ऑनलाईन एवं जिला मुख्यालय में ऑफलाईन कोचिंग सुविधा प्रदान किया जाना है, साथ ही आईसीएआर प्रवेश हेतु परीक्षा एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित कराने हेतु कक्षा 12वीं में अध्ययनरत इक्छुक विद्यार्थियों का विवरण प्राप्त करने हेतु जिले के समस्त प्राचार्याें (हायर सकेण्डरी विद्यालय) को जिला कार्यालय से गूगल लिंक https://bit.ly/3E80egZ प्रदान की गई है। उक्तत जानकारी त्रुटि रहित प्राप्त हो सके इसलिए कक्षा शिक्षकों के माध्यम से लिंक प्रविष्ठ कराई जानी है, जिन विद्यार्थियों की जानकारी नहीं प्रेषित की गई है उन्हें संबंधित प्राचार्य, शिक्षक उक्त लिंक प्रदान करायें। जिला स्तर के मास्टर ट्रेनर्स द्वारा निःशुल्क ऑनलाईन व ऑफलाईन कोचिंग सुविधा प्रदान की जायेगी।
18 सितम्बर को होगा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 2.0 कार्यक्रम
जिला आपूर्ति अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार उज्जवला योजना क्रमांक 2.0 के तहत् पात्र उपभोक्ताओं को गैस का फी कनेक्शन प्रदाय किया जाना है। इसके तहत् 18 सितम्बर को एजेंसी स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करते हुए उज्ज्वला योजना के लिए चिन्हित किए गए पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा। जिला स्तरीय उज्ज्वला योजना हितलाभ वितरण कार्यक्रम मंडला नगरपालिका के टाऊनहॉल में आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की है कि पात्र हितग्राही निर्धारित दस्तावेजों के साथ अपने नजदीकि जनपद कार्यालय में संपर्क कर योजना का लाभ ले सकते हैं।
निर्धन परिवारों के लिए पात्रता –
जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि उज्ज्वला गैस के लिए जो एसईसीसी 2011 की सूची अनुसार पात्र हो, अनुसूचित जाति, जनजाति गृहस्थी, प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के हितग्राही, अन्त्योदय अन्न योजना, वनवासी, अति पिछड़ा वर्ग। इस प्रकार उक्त 7 श्रेणी से संबंध रखती हो। इस हेतु पात्र श्रेणी का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना आवश्यक होगा। यदि आवेदिका उपरोक्त क्रमांक 01 एवं 02 अंतर्गत नहीं आती है एवं गरीब गृहस्थी से संबंध रखती है तो योजना का हितग्राही होने के दावे के रूप में 14 बिन्दुओं का घोषणा पत्र प्रस्तुत करना आवश्यक होगा जो कम्पनी एजेंसी के पास आवेदन पत्र के साथ उपलब्ध रहेगा। आवेदिका को दस्तावेज जैसे मानक प्रारूप में विधिवत हस्ताक्षर एवं फोटो युक्त केवाईसी फार्म, पहचान का प्रमाण, निवास का प्रमाण पत्र, आवेदिका के आधार की प्रति, परिवार के समस्त वयस्क सदस्यों के आधार की प्रति, आवेदिका के बैंक खाते का विवरण, राशन कार्ड अथवा समग्र आई.डी., आवेदिका प्रवासी होने की स्थिति में परिवार संयोजन की जानकारी संबंधी स्व-घोषणा पत्र, यदि आवेदिका उपरोक्त अ(2) अंतर्गत 7 श्रेणिओं से संबंध रखती है, तो पात्र श्रेणी का प्रमाण पत्र, गरीब गृहस्थी से संबंधित होने के दावे के रूप में 14 बिन्दुओं का घोषणा पत्र प्रस्तुत करना आवश्यक होगा जिसका आवेदन पत्र में संलग्न है जो गैस कम्पनी से प्राप्त हो जायेगा।
आईटीआई में प्लेसमेन्ट ड्राइव 16 को
शासकीय आई0टी0आई0 मंडला में ऑफलाइन प्लेसमेन्ट ड्राइव 16 सितम्बर 2021 आयोजित किया गया है। जिसमें भारत की प्रतिष्ठित कम्पनी सुजुकी मोटर्स गुजरात के द्वारा आई0टी0आई0 के विभिन्न व्यवसाय (टर्नर, फिटर, मषीनिष्ट, इलैक्ट्रिीषियन, मोटर मैकेनिक, डीजल मैकेनिक, वेल्डर, पेन्टर जनरल, सीओई-आटोमोबाइल, टैक्टर मैकेनिक) के केवल पुरूष प्रषिक्षणार्थी जिनकी आयु 18 से 23 वर्ष के मध्य हो एवं दसवी की परीक्षा 50 प्रतिषत अंकों के साथ उत्तीर्ण हो एवं आई0टी0आई0 60 प्रतिषत के साथ उत्तीर्ण किये हो। इस प्लेसमेंट ड्राइव में सम्मलित हो सकते हैं। प्रशिक्षणार्थियों का चयन कम्पनी द्वारा लिखित एवं मौखिक परीक्षा आयोजित कर मैरिट के अनुसार किया जायेगा। प्रषिक्षणार्थी अपने समस्त मूल दस्तावेजों सहित 16 सितम्बर 2021 को प्रातः 9ः30 बजे संस्था में उपस्थित हों। उपस्थित प्रषिक्षणार्थियों के द्वारा कोविड-19 के गाइड लाइन का पालन करना अनिवार्य होगा।
जिले में अब तक 835.2 मिमी. औसत वर्षा दर्ज
जिले में इस वर्ष एक जून से 15 सितम्बर के दौरान 835.2 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 1334.9 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 499.7 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 15 सितम्बर को मंडला में 10.4, नैनपुर में 3.5, बिछिया में 20, निवास में 25, घुघरी में 11.7 एवं नारायणगंज में 24.7 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 15 सितम्बर को 15.8 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई।
