कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन कराएँ – संभाग आयुक्त श्री चंद्रशेखर
मण्डला 14 सितम्बर 2021
संभाग आयुक्त जबलपुर श्री बी. चंद्रशेखर ने जबलपुर संभाग के अंतर्गत सभी जिलों के विभिन्न बिन्दुओं के अंतर्गत वीसी के माध्यम से समीक्षा की। उन्होंने सभी जिलों में कोविड प्रोटोकॉल का पालन सख्ती से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलेवार समीक्षा करते हुए कहा कि प्रोटोकॉल के उल्लंघन पर जुर्माना सहित अन्य कार्यवाहियां जारी रखें। इसी प्रकार रोको-टोको अभियान के तहत् मॉस्क का उपयोग एवं सोशल डिस्टेसिंग का पालन कराया जाना सुनिश्चित करें। संभाग आयुक्त ने जिलेवार कोविड प्रोटोकॉल के उल्लंघन पर की जाने वाली चालानी कार्यवाही की आंकड़ेवार समीक्षा की। जिला एनआईसी कक्ष में कलेक्टर हर्षिका सिंह, एडीएम मीना मसराम उपस्थित थे।
श्री चंद्रशेखर ने कहा कि सभी कलेक्टर अपने जिलों में पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार अनुकंपा नियुक्ति प्रदान करें। उन्होंने अनुकंपा नियुक्ति के तहत् जिलेवार प्रकरणों की समीक्षा की। संभाग आयुक्त ने ऑक्सीजन प्लांट की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पूर्ण हो चुके ऑक्सीजन प्लांट की टेस्टिंग भी करें। उन्होंने मिलिंग कार्य तथा उपार्जन की स्थिति पर जरूरी निर्देश दिए। संभाग आयुक्त ने जल जीवन मिशन के तहत् निर्देशित किया कि समयावधि में काम पूर्ण नहीं करने वाले कॉन्ट्रेक्टर्स को हटाएं। उन्होंने कहा कि ठेकेदारों द्वारा किए जाने वाले अनुबंधों के तहत् निर्धारित समयावधि में कार्य की समीक्षा करें तथा इस संबंध में मैदानी भ्रमण के दौरान निरीक्षण भी करें। उन्होंने कहा कि टेंडर प्रक्रिया पूर्ण करें। कमिश्नर ने जिलेवार रोजगार मेलों की समीक्षा भी की। उन्होंने वैक्सीनेशन प्रक्रिया पर चर्चा करते हुए सभी जिलों को दिए जाने वाले लक्ष्यों को प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी वैक्सीनेशन अभियानों के तहत् मतदाता सूची के अनुसार मिलान करते हुए वैक्सीनेशन के लिए शेष हितग्राही चिन्हित करें एवं उनका वैक्सीनेशन कराएं। श्री चंद्रशेखर ने संभाग के सभी जिलों में वर्षा की स्थिति तथा फसल नुकसान की जानकारी ली।
17 सितम्बर को आयोजित होगा वैक्सीनेशन के लिए विशेष अभियान
कलेक्टर ने जिला स्तरीय संकट प्रबंधन समिति की बैठक में दी जानकारी
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिला स्तरीय संकट प्रबंधन समिति की बैठक में बताया कि 17 सितम्बर को जिले में कोविड वैक्सीनेशन के लिए विशेष अभियान का आयोजन किया जा रहा है। सभी जनप्रतिनिधि 17 सितम्बर को अपने क्षेत्र के कोविड वैक्सीनेशन के लिए शेष बचे पात्र हितग्राहियों को प्रेरित करते हुए उनका वैक्सीनेशन कराने में सहयोग करें। बैठक में श्रीमती सिंह ने बताया कि संपूर्ण जिले में लगभग एक लाख लोग कोविड वैक्सीनेशन के प्रथम डोज के लिए शेष हैं। उन्होंने कहा कि कम संख्या में शेष बचे लोगों को प्राथमिकता से टीकाकरण केन्द्र तक लाया जाए तथा आवश्यकता होने पर मोबाईल टीम के माध्यम से घर-घर कोविड वैक्सीनेशन भी कराएं।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोविड वैक्सीनेशन के लिए शेष बचे लोगों की सूची संबंधित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को भी साझा करें। उन्होंने बताया कि नगरीय निकायों में कोविड वैक्सीनेशन के प्रथम डोज के लिए बहुत कम लोग बाकी हैं ऐसे में शतप्रतिशत वैक्सीनेशन के लक्ष्य को शीघ्र प्राप्त करने के लिए नगरीय निकायों में मोबाईल टीम के माध्यम से वैक्सीनेशन कराया जाएगा। उन्होंने नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों से पार्षदों के साथ सहयोग करते हुए उनके क्षेत्र के बाकी बचे लोगों का वैक्सीनेशन प्राथमिक रूप से कराने की अपील की। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती मरावी, नगरपालिका अध्यक्ष पूर्णिमा शुक्ला तथा विधायक निवास डॉ. अशोक मर्सकोले ने वैक्सीनेशन को पूर्ण करने अपने सुझाव दिए। बैठक में जनप्रतिनिधिगणों सहित संबंधित अधिकारी भी उपस्थित थे।
उज्ज्वला योजना के तहत् हितलाभ कार्यक्रम की तैयारी पूर्ण करें
18 सितम्बर को आयोजित होने वाले प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के द्वितीय चरण के मद्देनजर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिले के समस्त 18 गैस वितरकों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि आगामी 2 दिवस के भीतर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत् अलग-अलग जगह केंप लगवाकर लाभार्थियों को चिन्हित करें। उन्होंने कहा कि योजना के द्वितीय चरण के अंतर्गत कम से कम 6 हजार नवीन पंजीयन एवं ई-केवाईसी करने का प्रयास करें, ताकि जिले को दिया गया लक्ष्य समय पर पूर्ण किया जा सके। श्रीमती सिंह ने 18 सितम्बर 2021 को प्रधानमंत्री उज्जवला योजना अंतर्गत निःशुल्क गैस कनेक्शन वितरण कार्यक्रम के संबंध में जानकारी दी गई। यह कार्यक्रम प्रत्येक गैस एजेंसी स्तर पर आयोजित किया जाएगा, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा कार्यक्रम के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी भी उपस्थित होंगे। कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक गैस एजेंसी में कम से कम 100 हितग्राही उपस्थित रहेंगे। जिन्हें कार्यक्रम में लाभान्वित किया जायेगा। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम टाउनहॉल नगरपालिका में आयोजित किया जायेगा जिसमें केन्द्रीय गृह मंत्री एवं मुख्यमंत्री श्री चौहान के संबोधन का सजीव प्रसारण किया जाएगा। कलेक्टर ने सभी संबंधितों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थल में सभी जरूरी तैयारियां सुनिश्चित करें।
पाठासिहोरा में पदस्थ पटवारी निलंबित
अनुविभागीय अधिकारी नैनपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसील कार्यालय नैनपुर के अंतर्गत रा०नि०म० डिठौरी के हल्का नं009 पाठासिहोरा में पदस्थ पटवारी केशव प्रसाद ठाकुर के निवास गृह पर 9 सितम्बर 2021 को लोकायुक्त की टीम जबलपुर द्वारा ठाकुर के विरुद्ध भ्रष्टाचार से संबंधित कार्यवाही की गई है। उच्चाधिकारियों द्वारा संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही किये जाने हेतु निर्देश दिये गये हैं।
केशव प्रसाद ठाकुर द्वारा अपने कर्तव्य के विपरीत आचरण किये जाने से म०प्र० सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3(1)(2)(3) विपरीत होने और नियम 10 के अंतर्गत श्री ठाकुर द्वारा अपने कर्तव्य के विपरीत कार्य किये जाने के कारण म0प्र0 सिविल सेवा (वर्गीकरण नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 के अंतर्गत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है। निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय नैनपुर रहेगा। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी।
आज से शुरू होगा डेंगू जागरूकता अभियान
सीएमएचओ डॉ. श्रीनाथ सिंह ने बताया कि 15 सितम्बर से प्रदेश के साथ जिले में भी डेंगू जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा। कलेक्टर ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि वैक्सीनेशन के साथ-साथ अपने क्षेत्र में डेंगू के मामलों की जानकारी भी लेना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही अपने-अपने क्षेत्रों में डेंगू के लक्षण, उपचार तथा जागरूकता से संबंधित जानकारी प्रसारित करेंगे। उन्होंने निर्देशित किया कि 15 सितम्बर को पंचायत स्तर के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में डेंगू जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करें।
आयुष्मान भारत योजना के तहत चिन्हित अस्पतालों में होगा डेंगू का निःशुल्क उपचार
श्री चौहान ने डेंगू पर प्रभावी नियंत्रण के संबंध में 13 सितम्बर को वीसी के माध्यम से आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि डेंगू लापरवाही से फैलता है, अतः कहीं भी पानी जमा नहीं होने दें। फीवर क्लिनिक का संचालन करें। जिला चिकित्सालयों में डेंगू की जांच की व्यवस्था करें तथा 10 बिस्तर का विशेष वार्ड बनायें। अपने सम्बोधन में उन्होंने 15 सितम्बर को प्रातः 10 बजे से 10:30 बजे तक ’डेंगू से जंग जनता के संग’ अभियान के संबंध में भी जानकारी देते हुये लोगों से सफाई पर विशेष ध्यान देने का आव्हान किया। मुख्यमंत्री ने निर्देशित किया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत चिन्हित अस्पतालों में डेंगू का भी निःशुल्क उपचार किया जाये।
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री कुलस्ते का दौरा कार्यक्रम
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते का 15 सितम्बर को मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री कुलस्ते 15 सितम्बर को प्रातः 9:30 बजे जबलपुर से कुड़ामैली विकासखण्ड नारायणगंज के लिए रवाना होंगे। श्री कुलस्ते प्रातः 10:30 बजे कुड़ामैली पहुंचकर आदर्श हायर सेकण्ड्री विद्यालय में वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लेंगे एवं 10:45 बजे कुड़ामैली से मंगलगंज के लिए प्रस्थान करेंगे। राज्यमंत्री श्री कुलस्ते 11 बजे मंगलगंज पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। श्री कुलस्ते दोपहर 1:15 बजे मंगलगंज से मंडला के लिए रवाना होंगे तथा दोपहर 2 बजे मंडला पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री कुलस्ते सायं 7 बजे मंडला से निवास के लिए प्रस्थान करेंगे तथा रात्रि 8:30 बजे निवास पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। केन्द्रीय इस्पात राज्यमंत्री श्री कुलस्ते रात्रि 10 बजे निवास से जेवरा के लिए प्रस्थान करेंगे तथा रात्रि 10:20 बजे जेवरा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे।
इसी प्रकार राज्यमंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते 16 सितम्बर को प्रातः 9 बजे जेवरा से जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। श्री कुलस्ते सायं 6:30 बजे मंडला पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे तथा रात्रि विश्राम करेंगे। केन्द्रीय इस्पात राज्यमंत्री श्री कुलस्ते 17 सितम्बर को प्रातः 9 बजे रामनगर से जन-जागरण यात्रा का शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद राज्यमंत्री 10 बजे मुख्य अतिथि के रूप में अमर शहीद महाराजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह जन्मस्थली मंडला में कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे 10:30 बजे मंडला से जबलपुर के लिए रवाना होंगे। श्री फग्गन सिंह कुलस्ते दोपहर 3 बजे जबलपुर से डिठौरी विकासखण्ड नैनपुर के लिए रवाना होंगे तथा सायं 5:30 बजे डिठोरी पहुंचकर अमर शहीद महाराजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। श्री कुलस्ते सायं 7 बजे डिठौरी से पाड्या, छपरा, विकासखण्ड केवलारी जिला सिवनी के लिए प्रस्थान करेंगे।
शासकीय वाहन के लिए निविदा आमंत्रित
अपर कलेक्टर से प्राप्त जानकारी के अनुसार कार्यालय कलेक्टर मण्डला के अधीन अनुविभागीय अधिकारी (रा.) एवं संबंधित तहसील मण्डला 25 अगस्त 2021 कार्यालयों के शासकीय कार्य, भ्रमण आदि के लिए महिन्द्रा बुलेरो वाहन के कुल चार वाहन फिक्स मासिक आधार पर 31 अगस्त 2022 तक के लिए किराए से लिये जाने हेतु पुनः इच्छुक व्यक्तियों, फर्मों, एजेंसियों से निविदा आमंत्रित की गई है। निविदा प्रपत्र बंद लिफाफे में जमा करने की अंतिम तिथि 23 सितम्बर 2021 को 2 बजे अपरान्ह तक रहेगी एवं उसी तिथि को 4 बजे निविदाकारों की उपस्थिति में प्राप्त निविदाएं खोली जायेंगी।
वाहन क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय में टेक्सी कोटे में रजिस्टर्ड होना चाहिए तथा वाहन का फुल इंश्योरेंस होना अनिवार्य है। वाहन अच्छी हालत में होना अनिवार्य है। सामान्यतः वाहन मॉडल वर्ष 01.06.2019 से पूर्व का नहीं होना चाहिए। वाहन फिक्स मासिक किराए पर 1000 किलोमीटर अधिकतम सीमा पर लिया जायेगा। वाहन में प्रतिमाह 1000 किलोमीटर के लिए डीजल निविदाकार द्वारा प्रदाय किया जायेगा इससे अधिक चालन होने पर प्रति किलोमीटर अतिरिक्त किराया भुगतान किया जायेगा। निविदा में मासिक किराया (फिक्स्ड चार्ज) एवं वेरिएबल चार्ज पृथक-पृथक दर्शाया जाना अनिवार्य होगा। आवेदन फार्म एवं निविदा प्रपत्र की शर्ते रूपये 200/-(दो सौ रूपये) मात्र नकद जमा कर कार्यालय कलेक्टर मण्डला से कार्यालयीन समय में प्राप्त की जा सकती है।
18 सितम्बर को होगा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 2.0 कार्यक्रम
जिला आपूर्ति अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार उज्जवला योजना क्रमांक 2.0 के तहत् पात्र उपभोक्ताओं को गैस का फी कनेक्शन प्रदाय किया जाना है। इसके तहत् 18 सितम्बर को एजेंसी स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करते हुए उज्ज्वला योजना के लिए चिन्हित किए गए पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा। जिला स्तरीय उज्ज्वला योजना हितलाभ वितरण कार्यक्रम मंडला नगरपालिका के टाऊनहॉल में आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की है कि पात्र हितग्राही निर्धारित दस्तावेजों के साथ अपने नजदीकि जनपद कार्यालय में संपर्क कर योजना का लाभ ले सकते हैं।
निर्धन परिवारों के लिए पात्रता –
जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि उज्ज्वला गैस के लिए जो एसईसीसी 2011 की सूची अनुसार पात्र हो, अनुसूचित जाति, जनजाति गृहस्थी, प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के हितग्राही, अन्त्योदय अन्न योजना, वनवासी, अति पिछड़ा वर्ग। इस प्रकार उक्त 7 श्रेणी से संबंध रखती हो। इस हेतु पात्र श्रेणी का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना आवश्यक होगा। यदि आवेदिका उपरोक्त क्रमांक 01 एवं 02 अंतर्गत नहीं आती है एवं गरीब गृहस्थी से संबंध रखती है तो योजना का हितग्राही होने के दावे के रूप में 14 बिन्दुओं का घोषणा पत्र प्रस्तुत करना आवश्यक होगा जो कम्पनी एजेंसी के पास आवेदन पत्र के साथ उपलब्ध रहेगा। आवेदिका को दस्तावेज जैसे मानक प्रारूप में विधिवत हस्ताक्षर एवं फोटो युक्त केवाईसी फार्म, पहचान का प्रमाण, निवास का प्रमाण पत्र, आवेदिका के आधार की प्रति, परिवार के समस्त वयस्क सदस्यों के आधार की प्रति, आवेदिका के बैंक खाते का विवरण, राशन कार्ड अथवा समग्र आई.डी., आवेदिका प्रवासी होने की स्थिति में परिवार संयोजन की जानकारी संबंधी स्व-घोषणा पत्र, यदि आवेदिका उपरोक्त अ(2) अंतर्गत 7 श्रेणिओं से संबंध रखती है, तो पात्र श्रेणी का प्रमाण पत्र, गरीब गृहस्थी से संबंधित होने के दावे के रूप में 14 बिन्दुओं का घोषणा पत्र प्रस्तुत करना आवश्यक होगा जिसका आवेदन पत्र में संलग्न है जो गैस कम्पनी से प्राप्त हो जायेगा।
सरकारी स्कूलों में अभिभावक-शिक्षक बैठक 15 से 17 तक
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जिले के सभी सरकारी स्कूलों में 15 से 17 सितंबर तक अभिभावक-शिक्षक बैठक का आयोजन किया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी ने निर्देश दिए कि जिले के विद्यार्थियों की पढ़ाई की निरंतरता बनाए रखने और अभिभावकों एवं शिक्षकों के बीच सक्रिय संवाद स्थापित करने के लिए प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में 15 से 17 सितंबर तक अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी कोरोना के कारण से शैक्षणिक सत्र में विलंब हुआ है। कोरोना के प्रभाव से विद्यार्थियों की शैक्षणिक व्यवस्था के साथ सारा समाज प्रभावित हुआ है। ऐसे समय में विद्यार्थियों के लिए शिक्षा का माहौल बनाने में शिक्षक और अभिभावकों का सहयोग आपेक्षित है। सभी विद्यार्थियों के अभिभावकों से अभिभावक-शिक्षक बैठक में उपस्थित रहने का आग्रह किया गया है। अभिभावक-शिक्षक बैठक के दौरान नए सत्र में कक्षा के पाठ्यक्रम को नियत समयावधि में पूरा करने, घर में विद्यार्थियों की पढ़ाई निरंतर रखने और नई शिक्षा नीति के परिप्रेक्ष्य में शिक्षण व्यवस्था के संबंद्ध में अभिभावकों को अवगत कराया जाएगा। इस सत्र में विद्यार्थियों का रिजल्ट बेहतर लाने में अभिभावकों की भूमिका के संबंद्ध में भी चर्चा की जाएगी एवं कोरोना काल में समस्त अभिभावकों एवं 18 वर्ष से अधिक आयु के विद्यार्थियों को कोरोना वेक्सीन की प्रथम डोज एवं द्वितीय डोज के विषय में भी अनिवार्य चर्चा की जायेगी।
आज से धान उपार्जन के लिए पंजीयन प्रारंभ
खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन हेतु किसानों का पंजीयन 15 सितम्बर से प्रारंभ होगा, जो 14 अक्टूबर 2021 तक जिले की सहकारी संस्थाओं के माध्यम से किया जायेगा। जिन किसानों द्वारा पिछले वर्ष समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन हेतु पंजीयन कराया गया था, उनके लिए पिछले पंजीयन का नवीनीकरण कराना अनिवार्य है। वे किसान, एमपी किसान ऐप, ई-उपार्जन पोर्टल पर एवं विगत वर्ष के उपार्जन केन्द्रों से पंजीयन का नवीनीकरण करा सकते हैं। पिछले वर्ष दर्ज कराई गई जानकारियों में परिवर्तन कराया जा सकता है। सिकमी कृषक एवं वन पट्टाधारी का पंजीयन मात्र पंजीयन केन्द्र पर ही हो सकेगा।
साथ ही जिले के समस्त किसानों से अपील की गई है कि पंजीयन के अंतिम दिनांक के भीड़-भाड़ से बचने के लिए समय से वे आधार कार्ड, बैंक पासबुक, समग्र सदस्य आई.डी. एवं खसरा आदि की प्रति के साथ समर्थन मूल्य पर धान विक्रय हेतु किसान पंजीयन केन्द्र में उपस्थित होकर अपना पंजीयन व नवीनीकरण शीघ्र करा लें।
आईटीआई में प्लेसमेन्ट ड्राइव 16 को
शास0 आई0टी0आई0 मंडला में ऑफलाइन प्लेसमेन्ट ड्राइव 16 सितम्बर 2021 आयोजित किया गया है। जिसमें भारत की प्रतिष्ठित कम्पनी सुजुकी मोटर्स गुजरात के द्वारा आई0टी0आई0 के विभिन्न व्यवसाय (टर्नर, फिटर, मषीनिष्ट, इलैक्ट्रिीषियन, मोटर मैकेनिक, डीजल मैकेनिक, वेल्डर, पेन्टर जनरल, सीओई-आटोमोबाइल, टैक्टर मैकेनिक) के केवल पुरूष प्रषिक्षणार्थी जिनकी आयु 18 से 23 वर्ष के मध्य हो एवं दसवी की परीक्षा 50 प्रतिषत अंको के साथ उत्तीर्ण हो एवं आई0टी0आई0 60 प्रतिषत के साथ उत्तीर्ण किये हो। इस प्लेसमेंट ड्राइव में सम्मलित हो सकते हैं। प्रशिक्षणार्थियों का चयन कम्पनी द्वारा लिखित एवं मौखिक परीक्षा आयोजित कर मैरिट के अनुसार किया जायेगा। प्रशिक्षणार्थी अपने समस्त मूल दस्तावेजों सहित 16 सितम्बर 2021 को प्रातः 9:30 बजे संस्था में उपस्थित हों। उपस्थित प्रषिक्षणार्थियों के द्वारा कोविड-19 के गाइड लाइन का पालन करना अनिवार्य होगा।
जिले में अब तक 819.4 मिमी. औसत वर्षा दर्ज
जिले में इस वर्ष एक जून से 14 सितम्बर के दौरान 819.4 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 1325.5 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 506.1 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 14 सितम्बर को मंडला में 1.2, बिछिया में 32.5, निवास में 6.2, घुघरी में 6.1 एवं नारायणगंज में 13.2 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 14 सितम्बर को 9.8 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई।
