मण्डला 10 अक्टूबर 2021
’एक जिला एक उत्पाद’ के तहत् मंडला जिले से चिन्हित कोदो-कुटकी के उत्पाद तथा गोंडी पैंटिंग एवं स्थानीय उत्पादों के प्रदर्शन पर आधारित ’’कोदो-कुटकी तिहार’’ का कान्हा क्षेत्र के मोचा पंचायत भवन परिसर में 10 अक्टूबर को शुभारंभ किया गया। 10 से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस उत्पाद मेले का शुभारंभ केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, केन्द्रीय खाद्य प्रसंस्करण एवं जल शक्ति राज्यमंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने किया। शुभारंभ कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्रीमती संपतिया उईके, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती मरावी, कलेक्टर हर्षिका सिंह, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, विधायक बिछिया श्री नारायण पट्टा, सहायक कलेक्टर अग्रिम कुमार, एडीएम मीना मसराम, एसडीएम बिछिया सुलेखा उईके, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री शैलेष मिश्रा, नगरपालिका उपाध्यक्ष श्री गिरीश चंदानी, जनपद अध्यक्ष बिछिया क्षेत्र श्री उर्वेती, श्री अनुराग चौरसिया, श्री जयदत्त झा, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, संबंधित अधिकारी तथा ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कोदो-कुटकी तिहार के शुभारंभ के अवसर पर केन्द्रीय खाद्य प्रसंस्करण एवं जल शक्ति राज्यमंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने एवं बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कोदो-कुटकी तिहार जैसे कार्यक्रम महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों की खान-पान एवं जीवनशैली पर्यावरण पर आधारित एवं प्रदूषण रहित रही है। हम सभी को स्वस्थ जीवन के लिए उनकी खान-पान एवं जीवनशैली को अपनाना चाहिए। श्री पटेल ने कहा कि पूर्वजों द्वारा उपयोग किए जाने वाले खाद्यान्न जैसे- कोदो-कुटकी, मोटे अनाजों की आज बाजार में भरपूर मांग है। पूरी दुनिया भारत की जीवनशैली एवं खाद्यान्नों की तरफ लौट रही है। हम सभी को प्राचीन परंपराओं को संजोना एवं बचाए रखना चाहिए। ’’कोदो-कुटकी तिहार’’ इस ओर एक सराहनीय कदम है। श्री पटेल ने केन्द्र सरकार द्वारा आम आदमी के जीवन को बेहतर करने के लिए किए जा रहे योजनागत प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन, जल-जीवन मिशन, बिजली, प्रधानमंत्री आवास तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में चर्चा की।
कोदो-कुटकी उत्पादों की मिलेगी अच्छी कीमत
केन्द्रीय राज्यमंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि वर्ष 2023 को मोटे अनाज के वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। संबंधित विभाग किसानों को कोदो-कुटकी एवं मोटे अनाजों के उत्पादन के लिए तैयार करें। साथ ही किसानों को इन अनाजों की प्रोसेसिंग से लेकर मार्केटिंग तक की ट्रेनिंग दें। आगामी वर्षों में कोदो-कुटकी एवं मोटे अनाजों की अच्छी कीमत मिलने की भरपूर संभावना है। इसके लिए किसानों को अभी से तैयार करने की आवश्यकता है। श्री पटेल ने कहा कि परंपरागत् अनाजों को अपनाते हुए इनसे रोजगार सृजन के लिए संभावना भी तलाशें।
स्थानीय उत्पादों की प्रोसेसिंग एवं मार्केटिंग की व्यवस्था कराएँ
केन्द्रीय इस्पात राज्यमंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि कोदो-कुटकी तिहार के माध्यम से मंडला जिले के स्थानीय उत्पादों एवं व्यंजनों के बारे में पर्यटकों को बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोदो-कुटकी सहित स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए स्व-सहायता समूहों को मजबूत करते हुए उनके माध्यम से प्रोसेसिंग एवं मार्केटिंग की व्यवस्था कराना होगा। स्थानीय उत्पादों को ज्यादा से ज्यादा प्रमोट करना होगा। श्री कुलस्ते ने कोदो-कुटकी तिहार में महुए के लड्डू एवं कोदो-कुटकी के उत्पादों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आदिवासी संस्कृति को संरक्षित करते हुए इसके माध्यम से आय के संसाधनों को बढ़ाने के लिए विशेष कार्य करना होगा। राज्यमंत्री श्री कुलस्ते ने खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा दी जा रही सब्सिडी के बारे में मंच से जानकारी दी।
राज्यसभा सांसद श्रीमती संपतिया उईके ने अपने संबोधन में कहा कि ’’एक जिला एक उत्पाद’’ के तहत् मंडला जिले से चिन्हित कोदो-कुटकी के उत्पाद, गोंडी पैंटिंग एवं हर्बल पेय के प्रदर्शन एवं आमजनों को इसकी जानकारी देने के लिए ’’कोदो-कुटकी तिहार’’ का आयोजन जिला प्रशासन का अनूठा प्रयास है। उन्होंने कोदो-कुटकी में विद्यमान पोष्टिकता के बारे में चर्चा की। साथ ही कोदो-कुटकी के माध्यम से कुपोषण को दूर करने की संभावना के बारे में भी बताया। बिछिया विधायक श्री नारायण पट्टा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आदिवासियों के जीवन का अभिन्न अंग रहे कोदो-कुटकी के उत्पादन का प्रदर्शन एवं आमजनों को इसकी पौष्टिकता के बारे में जानकारी देने का यह सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कोदो-कुटकी तिहार में उपलब्ध कराए जाने वाले स्थानीय व्यंजनों एवं उत्पादों को आदिवासी संस्कृति की पहचान बताया।
इसके पूर्व केन्द्रीय मंत्रीद्वय ने फीता काटकर कोदो-कुटकी तिहार का शुभारंभ किया एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों के साथ जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए अलग-अलग उत्पादों का अवलोकन किया। कोदो-कुटकी तिहार में कृषि, रेशम, वन, गोंडी पैंटिंग, ट्राईबल म्यूजियम, दीदी केफे के व्यंजन, आजीविका समूह के उत्पाद, कोदो-कुटकी प्रोसेसिंग यूनिट, आदिवासी लोकनृत्य एवं लोकसंगीत के प्रदर्शन की व्यवस्था की गई है। आमजन दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक मोचा पंचायत भवन परिसर में कोदो-कुटकी तिहार में शामिल हो सकते हैं। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने उपस्थित केन्द्रीय मंत्रीद्वय श्री कुलस्ते एवं श्री पटेल का स्वागत किया एवं आजीविका समूह द्वारा बनाए गए उत्पादों को भेंट स्वरूप प्रदान किया। कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन जिला पंचायत सीईओ सुनील दुबे ने किया।
