Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

राजस्व एवं पुलिस अधिकारी अपने क्षेत्रों का करें संयुक्त भ्रमण – हर्षिका सिंह कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिए निर्देश

मण्डला 7 दिसम्बर 2021

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2021-22 को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से सभी राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा चुनावी कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील है। सभी राजस्व एवं पुलिस अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में आचरण संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराएं। इसी प्रकार राज्य निर्वाचन आयोग तथा जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा जारी आदेशों का भी पालन सुनिश्चित कराएं। श्रीमती सिंह ने कहा कि सभी राजस्व एवं पुलिस अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों का सतत् एवं संयुक्त रूप से भ्रमण करें। उन्होंने कहा कि जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा शस्त्र अनुज्ञप्तियों के निलंबन संबंधी आदेश जारी किए गए हैं। पुलिस अधिकारी अपने क्षेत्र के शस्त्र अनुज्ञप्तिधारियों को जानकारी देकर नियमानुसार शस्त्र जमा कराएंगे। इसी प्रकार अवैध शस्त्रधारियों को चिन्हित करते हुए उन पर कार्यवाही भी सुनिश्चित करेंगे। बैठक में पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, एडीएम मीना मसराम, एडिशनल एसपी गजेन्द्र कंवर सहित राजस्व एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।

श्रीमती सिंह ने कहा कि राजस्व एवं पुलिस अमला अपने क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर सतत् निगरानी रखें। अवैध शराब की बिक्री सहित अन्य अवैध गतिविधियों पर लगातार कार्यवाही जारी रखें। उन्होंने कहा कि निगरानी दल का गठन कर दल के माध्यम से आदर्श आचरण संहिता का पालन भी सुनिश्चित कराया जाए। कलेक्टर ने कहा कि शस्त्र जमा करने की कार्यवाही के दौरान अनुज्ञप्तिधारियों को पावती भी प्रदान करें। अपने क्षेत्र के शस्त्र जमा कर इसके संबंध में जानकारी अविलंब जिला निर्वाचन कार्यालय को भेजें। कलेक्टर ने कहा कि पुलिस अधिकारी अपने क्षेत्र के क्रिटीकल एवं वल्नरेवल मतदान केन्द्रों की जानकारी रखें। इसी प्रकार ऐसे क्षेत्रों का भ्रमण कर असामाजिक तत्वों को चिन्हित करते हुए उन पर नियमानुसार कार्यवाही भी करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि राजस्व एवं पुलिस अमला लगातार समन्वय करते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में जनता से बात करें, उनकी समस्याएं जानें तथा हरसंभव निराकरण भी सुनिश्चित करें।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने बैठक में कोलाहल नियंत्रण अधिनियम, मतगणना प्रक्रिया, नॉमिनेशन तथा अन्य निर्वाचन प्रक्रियाओं के संबंध में विस्तृत निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 13 दिसम्बर 2021 के पूर्व नॉमिनेशन प्रक्रिया से संबंधित सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाए। इसी प्रकार राजस्व एवं पुलिस अधिकारी अपने क्षेत्र के ईव्हीएम स्ट्राँग रूम का निरीक्षण करें तथा रूट चार्ट के आधार पर प्लानिंग भी करें। उन्होंने कहा कि विगत् वर्षों में जिन क्षेत्रों में चुनाव बहिष्कार की घटनाएं हुई हैं उन क्षेत्रों में जाकर लोगों से बात कर उनकी समस्याएं जानें एवं हरसंभव समाधान करें। श्रीमती सिंह ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन गतिविधियों के दौरान कोविड प्रोटोकॉल का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने सभी मतदान केन्द्रों में कोविड से बचाव के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने बैठक में कहा कि पुलिस अमला अपने क्षेत्रों में पैदल मार्च तथा लगातार भ्रमण करें। इसी प्रकार शस्त्र जमा करने की कार्यवाही भी जल्द पूरा करें। उन्होंने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अलर्ट रहते हुए कार्य करने के निर्देश दिए।

Related posts

मुख्यमंत्री और स्थानीय सांसद मंत्री द्वारा बबलिया कार्यक्रम में लिफ्ट सिंचाई की घोषणा मात्र छलावा*

Reva India News

जिले में अब तक 1433.6 मिमी वर्षा दर्ज

Reva India News

लाईजनिंग हेतु अधिकारी नियुक्त

Reva India News

Leave a Comment