मण्डला 24 मार्च 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न अनुविभागों के गावों में क्लस्टर स्तरीय समाधान दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 24 मार्च को नैनपुर अनुविभाग के पाठासिहोरा में क्लस्टर स्तरीय समाधान दिवस का आयोजन किया गया। शिविर में सहायक कलेक्टर अग्रिम कुमार, एडीएम मीना मसराम, एसडीएम प्रियंका वर्मा, जिला अधिकारी, अनुविभाग स्तर के अधिकारी तथा ग्रामीणजन उपस्थित थे। कलेक्टर ने आमजनों की समस्या सुनते हुए निर्देशित किया कि पीएचई विभाग खराब हेंडपंप की शिकायतों को अत्यंत गंभीरतापूर्वक लेते हुए इन्हें तत्काल दुरूस्त कराएं। उन्होंने स्कूलों एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों में शतप्रतिशत नल-जल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीएचई विभाग पूर्ण किए जा रहे नल-जल कार्यों एवं जनता की पेयजल से संबंधित समस्या के निराकरण संबंधी जानकारी प्रति सप्ताह देना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी सचिवों को निर्देशित किया कि नलजल योजना के तहत वितरण किए जाने वाले कार्य मोटर खराब रहने की स्थिति में प्रभावित न हो, खराब मोटर को तत्काल दुरूस्त करते हुए प्रतिदिन पानी उपलब्ध कराएं।
राजस्व प्रकरणों एवं उज्ज्वला योजना लाभ के लिए कैम्प लगाएं
कलेक्टर ने एसडीएम नैनपुर को निर्देशित किया कि जनता के राजस्व प्रकरण जैसे- फौती, सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा, अतिक्रमण सहित अन्य प्रकार के प्रकरणों के निराकरण के लिए अलग-अलग स्थानों पर कैम्प आयोजित करें। इसी प्रकार खाद्य विभाग संबंधित क्षेत्र की गैस एजेंसियों एवं विभागों से समन्वय बनाते हुए उज्ज्वला योजना का लाभ देना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि हितग्राहियों को गैस आपूर्ति बिना किसी परेशानी के सुनिश्चित कराएं। उन्होंने उज्ज्वला योजना के लिए पात्र हितग्राहियों को चिन्हित करते हुए उनके फॉर्म जमा कर जल्द कैम्प आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए मनरेगा के तहत कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। साथ ही अपूर्ण प्रधानमंत्री आवास को जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
सामुदायिक शौचालय के उपयोग के लिए प्रेरित करें
कलेक्टर ने स्वच्छ भारत अभियान के तहत ग्रामीणों से शौचालय के लिए आवेदन प्राप्त किए। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश देते हुए कहा कि हितग्राहियों को शौचालय निर्माण के लिए सक्रिय सहयोग करें। उन्होंने पाठासिहोरा क्षेत्र में बनाए गए सामुदायिक शौचालय के बारे में जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों को सामुदायिक शौचालय के उपयोग के लिए प्रेरित करें तथा स्वच्छता का महत्व बताते हुए उन्हें जागरूक भी करें।
अनुपस्थित शिक्षकों को निलंबित करें
श्रीमती सिंह के निर्देशानुसार पाठासिहोरा क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों की समस्याओं का जायजा लेने के लिए जिला स्तर के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। क्लस्टर स्तरीय समाधान दिवस में भ्रमण करने वाले जिला अधिकारियों ने विभिन्न बिन्दुओं पर संबंधित विभागों का ध्यान आकर्षण कराया। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने अधिकारियों द्वारा लिए गए जायजे एवं सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। अधिकारियों द्वारा भ्रमण के दौरान स्कूलों, आंगनवाड़ियों, नलजल योजनाओं, मनरेगा के कार्य, राशन वितरण, बिजली की उपलब्धता सहित अन्य समस्याओं की जानकारी दी गई। कलेक्टर ने स्कूलों में नियमित रूप से अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बरबसपुर में राशन वितरण अनियमितता पर संज्ञान लेते हुए इसकी तत्काल जांच करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने चारगांव पंचायत में बिजली से छूटे कनेक्शनों को तत्काल दुरूस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों द्वारा उपस्वास्थ्य केन्द्र की मांग के संदर्भ में सीएमएचओ डॉ. सिंह को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीएमएचओ क्षेत्र के स्वास्थ्य केन्द्र में चिकित्सकों की ड्यूटी लगाकर इसकी जानकारी स्थानीय ग्रामीणों तक पहुंचाना सुनिश्चित करेंगे।
