मण्डला 21 अप्रैल 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह चौगान पंचायत में लोगों की समस्याएं सुनने उपस्थित हुई। उन्होंने पंचायत भवन में लगी चौपाल में ग्रामीणों से विस्तार से चर्चा करते हुए उनकी समस्याएं जानी। श्रीमती सिंह ने पंचायत अधिकारियों से जल अभिषेक कार्यक्रम के तहत किए जा रहे जल संरक्षण के कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने सचिव एवं संबंधितों को जल संरक्षण के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने चौगान पंचायत में जल संरक्षण के कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने ग्रामीणों से रोजगार के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने सीईओ जनपद को निर्देशित किया कि आगामी 48 घंटे में रोजगार देने के लिए मस्टर बनाएं तथा लोगों को रोजगार दें। इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी श्वेता तड़वे, एसडीएम प्रियंका वर्मा, डीपीसी, मंडल संयोजक रंजीत गुप्ता, एपीसी मुकेश पांडे एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
चौगान में लगाएं राजस्व कैम्प
कलेक्टर ने ग्रामीणों से राजस्व प्रकरणों की समस्या पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि फौती, नामांतरण, सीमांकन सहित अन्य प्रकार के राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिए चौगान में राजस्व कैम्प आयोजित करें। श्रीमती सिंह ने ग्रामीणों को कोदो-कुटकी के फसल की व्यावसायिक जानकारी देते हुए उन्हें रामनगर क्षेत्र में कोदो-कुटकी की फसल का रकबा बढ़ाने की समझाईश दी। कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीणों द्वारा उत्पादित की जाने वाली कोदो-कुटकी की फसल की प्रोसेसिंग एवं मार्केटिंग संबंधी कार्य की जिम्मेदारी जिला प्रशासन द्वारा सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने डीडीए को निर्देशित किया कि कोदो-कुटकी का फसल क्षेत्र बढ़ाने का प्रभावी कार्य करें तथा स्व-सहायता समूह की महिलाओं को भी जोड़ें।
श्रीमती सिंह ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए उन्हें किसान क्रेडिट कार्ड के बारे में जानकारी दी। उन्होंने पशुपालन विभाग को निर्देशित किया कि ग्रामीणों को बकरी पालन, कुक्कुट पालन एवं पशुपालन से संबंधित जानकारी दें। कलेक्टर ने कड़कनाथ पालन के लिए इच्छुक ग्रामीणों को एक सप्ताह के भीतर यूनिट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को मशरूम की खेती के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों को मशरूम खेती के संबंध में डिमॉन्सट्रेशन एवं प्रशिक्षण दें। कलेक्टर ने ग्रामीणों से महुआ संकलन, महुए के उत्पाद, लेंटाना फर्नीचर, पीएम किसान योजना के संबंध में भी चर्चा की। उन्होंने शासकीय माध्यमिक शाला चौगान का निरीक्षण करते हुए वहां बुजुर्ग व्यक्तियों द्वारा सीखे जा रहे अक्षरज्ञान का जायजा लिया। उन्होंने महिलाओं को अक्षरज्ञान सीखने के लिए प्रेरित करते हुए उनके प्रयास की सराहना भी की।
कोपरिया आंगनवाड़ी केन्द्र का निरीक्षण
कलेक्टर ने कोपरिया आंगनवाड़ी केन्द्र का निरीक्षण करते हुए संबंधितों से केन्द्र के संचालन संबंधी जरूरी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बच्चों को निर्धारित मीनू के अनुसार ही खाना एवं नास्ता दें। उन्होंने केन्द्र में बच्चों की उपस्थिति, कुपोषण एवं अन्य गतिविधियों के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। कलेक्टर ने यहां उपस्थित ग्रामीणों से भी चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री आवास के लाभ संबंधी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पीएम आवास के लाभ से वंचित पात्र परिवारों का आवास ऐप में नाम परीक्षण करें तथा पात्र को लाभ देना सुनिश्चित करें। उन्होंने कोपरिया ग्राम में नलजल योजना एवं जल अभिषेक कार्यक्रम के तहत तालाब के एस्टीमेट बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कोपरिया में लेंटाना से बनाए जाने वाले उत्पादों के कारीगर के घर पहुंचकर लेंटाना उत्पादों की जानकारी ली।
