Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 10 मई 2022

कलेक्टर ने किया मेडीकल कॉलेज के लिए चिन्हित भूमि का अवलोकन

 

मण्डला 10 मई 2022

जिला मुख्यालय के निकट ग्राम गोंझी में मेडीकल कॉलेज के लिए चिन्हित भूमि का कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निरीक्षण करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सहायक कलेक्टर अग्रिम कुमार, एसडीएम पुष्पेन्द्र अहके सहित केन्द्रीय जल आयोग, जल संसाधन विभाग, नर्मदा विकास प्राधिकरण तथा पीआईयू आदि विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

मध्यप्रदेश बिल्डिंग डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन द्वारा मेडीकल कॉलेज निर्माण के लिए एस्टीमेट एवं निविदा की कार्यवाही की जानी है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेडीकल कॉलेज निर्माण के संबंध में सभी आवश्यक कार्यवाहियाँ जल्द पूर्ण करें। उन्होंने मेडीकल कॉलेज भवन के लिए एप्रोच रोड निर्माण के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

 

समय पर करें सेवानिवृत्त कर्मचारियों के स्वत्वों का भुगतान – हर्षिका सिंह

कलेक्टर की जनसुनवाई में प्राप्त हुए 80 आवेदन

 

मण्डला 10 मई 2022

जिला योजना भवन में सम्पन्न हुई जनसुनवाई में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने आवेदकों की समस्याएं सुनते हुये उनके समुचित निराकरण की पहल की। कलेक्टर ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देषित किया कि जनहित से संबंधित आवेदनों का सर्वोच्च प्राथमिकता से निराकरण सुनिष्चित करें। जनसुनवाई में 80 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किये। इस अवसर पर अपर कलेक्टर मीना मसराम, सहायक कलेक्टर अग्रिम कुमार, एसीईओ एसएस मरावी एवं एसडीएम पुष्पेन्द्र अहके सहित संबंधित उपस्थित थे।

जनसुनवाई में बड़ी खैरी निवासी शीतल गौंटिया ने आवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि उचित मूल्य दुकान द्वारा उसे पिछले 2 वर्ष से राशन नहीं दिया जा रहा है जिस पर कलेक्टर ने जिला आपूर्ति अधिकारी को जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। सेवानिवृत्त शिक्षक रमेश कुमार उईके द्वारा पीपीओ, ग्रेज्युटी, बीमा, जीपीएफ आदि की राशि तथा पेंशन भुगतान के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया गया, जिस पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सहायक आयुक्त जनजाति कार्यविभाग को पात्रतानुसार जल्द से जल्द भुगतान कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों के स्वत्वों का भुगतान सेवानिवृत्ति के साथ ही सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अगले 6 माह में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के स्वत्वों के भुगतान के संबंध में सभी कार्यवाहियाँ अभी से पूर्ण कर लें ताकि सेवानिवृत्ति के समय ही उनके स्वत्वों का भुगतान संभव हो सके। रैवाड़ा नैनपुर निवासी उमा सिंगौर के आवेदन पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने तहसीलदार नैनपुर को निर्देशित किया कि आवेदन की जांच कर संबंधित को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि प्रदान करने की कार्यवाही करें। ग्राम देवरी मैली नारायणगंज निवासी शिवकुमार झरिया ने प्रधानमंत्री आवास की द्वितीय किस्त प्रदान करने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने सीईओ नारायणगंज को तत्काल नियमानुसार राशि जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी हितग्राहियों को समय पर किस्त जारी करें। जियो टैगिंग भी समय पर कराएं।

आज संपन्न हुई जनसुनवाई में पेंशन सहायता, अतिक्रमण, प्रधानमंत्री आवास योजना, रोजगार, मजदूरी भुगतान, स्वास्थ्य सहायता सहित अलग-अलग विषयों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देषित किया कि प्रत्येक आवेदन का समय सीमा में निराकरण करते हुये ऑनलाईन एंट्री सुनिष्चित करें।

 

 

 

 

 

67 एकड़ क्षेत्र में शहतूत पौधरोपण एवं 5 हैक्टेयर में टसर पौधरोपण होगा

प्रति एकड़ 80 हितग्राहियों को मिलेगा रोजगार

 

मण्डला 10 मई 2022

आत्मनिर्भर म0प्र0 रोडमैप 2023 अन्तर्गत जिले में शहतूत पौधरोपित क्षेत्र में वृद्धि कर रेशम योजनाओं के विस्तार हेतु जिला प्रशासन द्वारा मनरेगा योजना अन्तर्गत 14 कार्य मलबरी रेशम केन्द्रों एवं टसर केन्द्र में स्वीकृत किए गए है, जिसके अन्तर्गत 67 एकड़ क्षेत्र में शहतूत पौधरोपण एवं 5 हैक्टेयर में टसर पौधरोपण किया जायेगा तथा प्रति एकड़ के मान से 80 हितग्राहियों को लाभान्वित कर रोजगार प्राप्त होगा।

आत्मनिर्भर म0प्र0 रोडमैप 2023 अन्तर्गत मण्डला जिले को वर्ष 2022-23 में निजी भूमि पर 175 एकड़ क्षेत्र में शहतूत पौधरोपण का लक्ष्य प्रदान किया गया है, जिसमें किसानों का पंजीयन रेशम पोर्टल http://eresham.mp.gov.in/ पर ऑनलाईन किया जाता है, जिसमें सभी वर्ग के किसान आवेदन कर योजना का लाभ ले सकते है। वर्ष 2022-23 में निजी किसानों को जिला प्रशासन की मनरेगा योजना एवं विभागीय योजना से कन्वर्जेंस के तहत लाभान्वित किया जायेगा। ऐसे कृषक जिनकी 1 एकड़ निजी भूमि है एवं वर्ष भर सिंचाई हेतु पानी उपलब्ध होना अनिवार्य है, वे कृषक अपनी निजी भूमि पर शहतूत पौधरोपण कार्य कर मलबरी रेशम कृमिपालन कर लाभ प्राप्त कर सकते हैं। इच्छुक कृषक विस्तृत जानकारी हेतु जिला रेशम कार्यालय, ग्राम-देवदरा जिला मण्डला अथवा नजदीकी रेशम केन्द्र में सम्पर्क कर योजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर योजना से जुड़ सकते हैं।

 

 

 

 

 

13 अधिकारियों का एक दिवस का वेतन काटने के निर्देश

सीएम हेल्पलाईन की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही

 

मण्डला 10 मई 2022

सीएम हेल्पलाईन पोर्टल में दर्ज शिकायतों के निराकरण में अनावश्यक विलंब करने पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने 13 अधिकारियों का एक दिवस का वेतन काटने के निर्देश जारी किए हैं।

जारी आदेश में कलेक्टर हर्षिका सिंह द्वारा जिन अधिकारियों के एक दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिए गए हैं उनमें नीलेश दोहरे निरीक्षक बम्हनी, डॉ. केसी सरौते बीएमओ बम्हनी बंजर, माखन सिंह सिंद्राम जिला शिक्षा अधिकारी मंडला, केएस कुशरे कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, डॉ. दिलीप अहिरवार बीएमओ बीजाडांडी, डॉ. संतोष मरावी बीएमओ मवई, दीप्ती यादव सीईओ जनपद पंचायत निवास, मनीष मरकाम कनिष्ठ अभियंता ऊर्जा विभाग निवास, अश्विनी कुमार पाठक सीईओ जनपद बिछिया, आशीष कुमार धुर्वे निरीक्षक मंडला, एके जोशी एवं एसके रंगारे सहायक यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी तथा दिवेश मरकाम सहायक खनिज अधिकारी मोहगांव सम्मिलित हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

व्यवसाय स्थापित करने अथवा बढ़ाने मिलेगा ऋण

 

मण्डला 10 मई 2022

प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर योजना एवं दीनदयाल अन्त्योदय योजना राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन योजनांतर्गत ऋण लेने के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने बताया कि शहरी क्षेत्रांतर्गत निवासरत इच्छुक व्यक्ति जो स्वयं का व्यवसाय स्थापित करना चाहते हैं एवं व्यवसाय को बढ़ाने के लिए कार्यालय नगरपालिका परिषद मंडला से इस संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

पीएम स्वनिधि योजनांतर्गत 10 हजार रूपए से 20 हजार रूपए तक का ऋण बिना ब्याज के लिया जा सकता है। इसके लिए पथ विक्रेता पंजीयन, राशन कार्ड, समग्र आईडी, आधार कार्ड, मोबाईल नंबर सहित बैंक पासबुक दस्तावेजों की आवश्यकता होगी। इसी प्रकार दीनदयाल अंत्योदय योजना राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन अंतर्गत 50 हजार रूपए से 2 लाख रूपए तक 7 प्रतिशत से ज्यादा के ब्याज में छूट सहित। पात्रता के लिए राशन कार्ड, आधार कार्ड, मोबाईल नंबर सहित बैंक पासबुक चाही गई है।

 

 

 

 

 

 

 

 

जिले का शैक्षिणक नवाचार प्रोजेक्ट नई उड़ान की सफलता

हाई स्कूल एवं हायर सेकेण्डरी बोर्ड परीक्षा परिणाम में 20 से 25 प्रतिशत की वृद्धि

 

मण्डला 10 मई 2022

मध्यप्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं के बाद भी वर्ष 2019-20 में हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम 55 प्रतिशत रहा एवं हायर सेकेण्डरी का 57 प्रतिशत रहा एवं कोविड-19 जैसी अप्रत्याशित परिस्थितियों से शिक्षण सत्र 2020-21 और 2021-22 प्रभावित हुआ जिसके कारण विद्यार्थी घर पर अध्ययन के लिए बाध्य हुए।

डिजीलेप के माध्यम से शिक्षा के साथ-साथ कोविड-19 परिस्थितियों में जिले में शिक्षा की गुणवत्ता और उपलब्धता को सुनिश्चित करने कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशन में राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के माध्यम से ‘‘प्रोजेक्ट नई उड़ान’’ का आगाज किया गया। इसका उद्देश्य कोरोना काल में दूर-दराज तक शिक्षा से विद्यार्थियों को जोड़े रखना और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ घर में ही विद्यार्थी को विद्यालय की सुविधा प्रदान करना रहा। साथ ही विद्यालयों को संसाधन युक्त बनाकर शिक्षकों को शिक्षण कौशल में निपुण बनाना रहा जिसके फलस्वरूप इस वर्ष बोर्ड परीक्षा परिणामों में उछाल आया। इस वर्ष हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में राज्य स्तरीय प्रवीण सूची में 4 एवं हायर सेकेण्डरी परीक्षा में 2 विद्यार्थियों ने स्थान प्राप्त  किया। इसी प्रकार जिला स्तरीय प्रवीण सूची में हायर सेकेण्डरी परीक्षा में शासकीय विद्यालय के 5 विद्यार्थियों ने अपनी जगह बनाई व जिले को गौरवान्वित किया। मण्डला जिले का परीक्षा परिणाम जबलपुर संभाग में पहले स्थान पर रहा तथा राज्य स्तर पर 5वे स्थान पर रहा।

प्रोजेक्ट नई उड़ान का संयोजन जिला शिक्षा अधिकारी के सानिध्य में अतिरिक्त परियोजना समन्वयक राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान मुकेश पांडे द्वारा किया गया।

शैक्षणिक परिवेश – जिले में 122 हाईस्कूल और 91 हायर सेकेंडरी हैं। शिक्षकों की कमी अतिथि शिक्षक द्वारा पूरी की जा रही है। इंटरनेट यूं तो सबकी पहुंच में है मगर मंडला का कुछ भाग आज भी इंटरनेट नेटवर्क से दूर है। विगत वर्ष हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी के 54412 दर्ज विद्यार्थियों में से 15629 विद्यार्थी इन्टरनेट सुविधा से विहीन थे जिसमें 31407 अनुसूचित जनजाति व 2573 अनुसूचित जाति के विद्यार्थी शामिल थे। सरकारी स्कूलों में अधिकांश विद्यार्थी आदिवासी समुदाय से आते हैं।

प्रोजेक्ट नई उड़ान के अंतर्गत विगत वर्ष किए गए नवाचारों की जानकारी इस प्रकार है- चलित प्रयोग शाला-  प्रोजेक्टि नई उड़ान का शुभारंभ 1 अक्टूबर 2020 को किया गया जिसमें चलित प्रयोग शाला रथ को हरी झण्डी दिखाकर कलेक्टर द्वारा रवाना किया गया। चलित प्रयोगशाला में प्रयोगशाला सामग्री का प्रदर्शन जिले की 454 ग्राम पंचायतों में किया गया जिसमें लगभग 32277 विद्यार्थी लाभान्वित हुए। विद्यालय विहीन गांव, टोलों में पेड़ के नीचे या शामियाना लगाकर प्रयोगशाला सामग्री का प्रदर्शन व उपयोगिता जानकर विद्यार्थी आश्चर्यचकित भी हुए और रोमांचित भी। नवीन शिक्षक सत्र 2021-22 में जुलाई से सितम्बर तक 460 चिन्हित ग्राम पंचायतों में आयोजित की गई जिसमें 32900 विद्यार्थी एवं 3300 जनप्रतिनिधि, पालकों की उपस्थिति रही।

प्रयोगशाला पुस्तकालय उन्नयन-  जिले के चिन्हित 48 हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी विद्यालयों की प्रयोगशाला एवं पुस्तकालयों को आधुनिक रूप दिया गया तथा अन्य विद्यालयों के प्राचार्याें एवं शिक्षकों की इन संस्थाओं में एक्सपोजर विजिट कराई गई जिससे अन्य विद्यालय भी अपनी प्रयोगशाला एवं पुस्तकालयों को आधुनिक बना रहे हैं।

ई-विद्यालय- ई-विद्यालय जिला प्रशासन के पोर्टल एनआईसी मण्डला में ई-विद्यालय ऑपशन दिया गया है, जिसमें डिजिटल पठन-पाठन सामग्री उपलब्ध़ कराई गई है जिससे दूरस्थ स्थान के विद्यार्थी भी अपने अधिगम को निरन्तर रख सकें।

ऑनलाईन निःशुल्क प्रश्नोत्तरी- प्रोजेक्ट नई उड़ान अंतर्गत प्रतियोगी परीक्षा एवं सभी विषय की बहुविकल्पीय प्रश्नों का संकलन कर तैयारी हेतु ऑनलाईन निःशुल्क प्रश्नोत्तरी का आयोजन जुलाई 2020 से अब तक प्रत्येक रविवार को किया जा रहा है। जिससे हायर सेकेण्डरी के लगभग 16000 छात्र-छात्राएं प्रति सप्ताह लाभान्वित हुए। इस सत्र में 7 जून 2021 से निरन्तर प्रत्येक रविवार, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी एवं बहुविकल्पीय प्रश्नों का संकलन कर ऑनलाईन निःशुल्क प्रश्नोत्तरी, क्विज गूगल फार्म के माध्यम से आयोजित हुई जिसमें लगभग 9000 विद्यार्थी लाभांवित हुए।

निःशुल्क जेईई एवं नीट कोचिंग सुविधा-  प्रतियोगी परीक्षा जेईई एवं नीट की तैयारी हेतु निःशुल्क जिले के चयनित छात्रों का ऑनलाईन एवं ऑफलाईन प्रत्येक विकासखण्ड के उत्कृष्ट ई-विद्यालयों में संचालित की जा रही है। विगत वर्ष जिले के 5 छात्रों का मेन्स में चयन हुआ है।

मॉड्यूल निर्माण- कोविड-19 के दौरान विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो इस हेतु जिला स्तर पर विगत दो वर्षों से जिले के विषय विशेषज्ञों के द्वारा प्रत्येक विषय के मॉड्यूल तैयार कराए गए जिसके छात्रों द्वारा अध्यापन फलस्वरूप जिले के बोर्ड परीक्षा परिणाम में वृद्धि हुई है।

कैरियर गांइडेंस- प्रोफेशनल कैरियर कांउसलर के द्वारा ऑनलाईन व ऑफलाईन कैरियर मार्गदशर्न किया गया। जिनके द्वारा मध्यप्रदेश शासन को कैरियर गाइडेंस एसपायर पोर्टल की जानकारी व रजिस्ट्रेयशन प्रक्रिया को समझाया गया। जिससे विद्यार्थी कैरियर के प्रति जागरूक हुए एवं अध्ययन को प्राथमिकता देते हुए जिले के परीक्षा परिणामों को बेहतर बनाने में उनका योगदान रहा। विगत दो वर्षों से संकुल स्तरीय एवं विकासखण्ड स्तरीय प्रति सप्ताह कैरियर कांउसलिंग कराई जाती है। साथ ही जिला स्तर पर जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा कैरियर मेला लगाया जा रहा है जिसमें प्रतिवर्ष विद्यार्थी लाभांवित हो रहे हैं।

ब्लॉकवार डाउट क्लियरिंग क्लासेस – वार्षिक परीक्षा के पूर्व विभिन्न विषयों में विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं के समाधान के लिए डाउट क्लियरिंग क्लासेस प्रत्येक विकासखण्ड में आयोजित की गई जिसमें कक्षा 10वीं एवं 12वीं के गणित, विज्ञान एवं अंग्रेजी विषय के विद्यार्थियों ने इस सुविधा से लाभांवित हुए।

इस वर्ष चलित प्रयोगशाला का शुभारंभ 1 जुलाई से किया गया है साथ ही विद्यार्थियों के लिए प्रवेश पूर्व कैरियर कांउसलिंग की गई। विषयवार महत्व पूर्ण पाठ्यक्रम के संकलन से माड्यूल निमार्ण कर अध्यापन कराया गया। अन्य गतिविधियां विगत दो वर्षों से संचालित की जा रही है जिसके फलस्वरूप जिले के वार्षिक परीक्षा परिणाम में 20 से 25 प्रतिशत् की वृद्धि हुई है। कलेक्टर मण्डला द्वारा विद्यालयों की सतत् मॉनीटरिंग की गई एवं सभी विभागीय अधिकारियों को फील्ड भ्रमण के दौरान विद्यालयों के निरीक्षण एवं विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान करने हेतु आदेशित किया गया जिसके परिणामस्वरूप जिले का परीक्षा परिणाम उत्कृष्ट रहा।

 

 

 

 

 

 

जिले में अब तक हुई 374533.50 क्विंटल गेहूं की खरीदी

 

मण्डला 10 मई 2022

रबी विपणन वर्ष 2022-23 के लिए जिले में गेहूं विक्रय के लिए 53 केन्द्र बनाये गए हैं। इन केन्द्रों पर 15521 कृषकों द्वारा स्लॉट बुकिंग कराया गया है एवं जिन कृषकों के द्वारा स्लॉट बुकिंग नहीं कराया गया था, इन कृषकों में से शासन स्तर से 5264 कृषकों को गेहूं विक्रय हेतु एस.एम.एस. भेजे गए हैं। इनमें से 9070 कृषकों के द्वारा जिले के उपार्जन केन्द्रों में 374533.50 क्विंटल गेहूं की उपज का विक्रय किया गया है। जिला आपूर्ति अधिकारी ने सभी कृषकों से अनुरोध किया है कि कृषक उपार्जन केन्द्र में उपार्जन साफ-सुथरी एवं एफ.ए.क्यू. मापदण्ड के अनुरूप तैयार करके ही लाएं।

 

 

Related posts

संगम घाट महाराजपुर में विक्रमोत्सव 2026 का आयोजन अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां

Reva India News

कलेक्टर ने दी जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ

Reva India News

सीवरेज लाईन के कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान दें – संपतिया उइके नगरपालिका परिषद मंडला में आयोजित की गई बैठक

Reva India News

Leave a Comment