Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 13 जुलाई 2022

3 दिनों में सड़क समतलीकरण एवं चेंबर का कार्य पूरा करें – हर्षिका सिंह

कलेक्टर ने मुख्यालय के भ्रमण में दिए निर्देश

 

मण्डला 13 जुलाई 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिला मुख्यालय की शारदा कॉलोनी, ईडन गार्डन क्षेत्र तथा देवदरा क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने कहा कि कांट्रेक्टर 3 दिनों में सड़क समतलीकरण का कार्य पूरा करें। उन्होंने कहा कि कॉलोनियों से पानी निकासी की समुचित व्यवस्था भी बनाएं। कलेक्टर ने देवदरा में सीवरेज लाइन की अपूर्ण सड़क को 3 दिन में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क समतलीकरण एवं जरूरी चेंबर लगाने संबंधी कार्य जल्द पूरा कर रिपोर्ट करें। इस संबंध में उन्होंने स्थानीय लोगों से बात कर एवं तकनीकी अधिकारियों को पानी निकासी की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

4 माह के अनुराग को उपचार के लिए मिली आर्थिक सहायता

 

मण्डला 13 जुलाई 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने हिरदेनगर के 4 माह के अनुराग साहू को मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना के अंतर्गत उपचार के लिए आने-जाने तथा भोजन आदि की व्यवस्था के लिए 10 हजार रूपए की आर्थिक सहायता प्रदान की है। कलेक्टर ने कहा कि अनुराग का स्वास्थ्य विभाग की तरफ से किया जाने वाला उपचार निःशुल्क किया जाएगा। अनुराग के माता-पिता ने गुरुवार को सुबह कलेक्टर मण्डला से बाल हृदय योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए गंतव्य तक आने जाने और भोजन आदि के लिए आर्थिक समस्या का आवेदन देकर मदद का निवेदन किया था।

 

 

 

 

 

16 जुलाई से कराएं मत्स्य बीज का वितरण कार्य

मत्स्य बीज उत्पादन केंद्र का हुआ दौरा

 

मण्डला 13 जुलाई 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिला मुख्यालय के कटरा क्षेत्र स्थित मत्स्य बीज उत्पादन केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बारिश के प्रारंभ के साथ 16 जुलाई से मत्स्य बीज वितरण की प्रक्रिया प्रारंभ करें। उन्होंने कहा कि सभी सीईओ जनपद से समन्वय करके उनके क्षेत्र के खेत तालाब एवं मत्स्य समूहों के लिए आवश्यक बीजों की डिमांड प्राप्त करें तथा उसके अनुरूप मत्स्य बीज का वितरण सुनिश्चित करें। श्रीमती सिंह ने मत्स्य बीज उत्पादन प्लांट की कार्यप्रणाली के बारे में जाना। उन्होंने प्लांट में उत्पादित किए जा रहे अलग-अलग प्रजातियों के मत्स्य बीजों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने मत्स्य बीज प्लांट की गतिविधियों, मत्स्य बीज की अलग-अलग संख्या के अनुसार कीमत के बारे में भी पूछा। कलेक्टर ने जिले में कार्यरत मत्स्य समूह के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मत्स्य बीज वितरण के लिए बीज उत्पादन कर पैकेट निर्माण की कार्यवाही की पूरी करें।

 

 

 

 

 

झंडा निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाए स्व-सहायता समूह – हर्षिका सिंह

हर घर तिरंगाअभियान के तहत बैठक संपन्न

 

मण्डला 13 जुलाई 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने 11 से 17 अगस्त तक आयोजित किए जा रहे ’हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत जिले के विशिष्ट स्व-सहायता समूह की दीदियों के साथ योजना भवन में बैठक की। बैठक में उन्होंने बताया कि आगामी 11 से 17 अगस्त तक प्रदेश के साथ-साथ जिले में भी ’हर घर तिरंगा’ अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान में राष्ट्रीय ध्वज के निर्माण में स्व-सहायता समूह सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने समूह की दीदियों से कहा कि वह झंडा निर्माण के लिए सक्रिय होकर आवश्यक मटेरियल एवं अन्य सामग्री आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने डीपीएम एनआरएलएम को निर्देशित किया कि जिले के सभी स्व-सहायता समूह को चिन्हित करते हुए उन्हें ध्वज निर्माण एवं ध्वज संहिता संबंधी आवश्यक प्रशिक्षण दें तथा अलग-अलग विभागों तथा संस्थानों से समन्वय बनाते हुए वहां से डिमांड प्राप्त करें तथा स्व सहायता समूह को वितरित करें।

 

हर-घर तक प्रचार-प्रसार करें समूह की दीदीयाँ

 

कलेक्टर ने स्व-सहायता समूह की दीदियों को संबोधित करते हुए कहा कि ’आजादी के अमृत महोत्सव’ के अंतर्गत इस वर्ष 75वा स्वतंत्रता दिवस मनाया जा रहा है। इसी क्रम में 11 से 17 अगस्त तक ’हर घर तिरंगा’ अभियान भी चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि समूह की दीदियाँ ध्वज निर्माण में सहयोग के साथ-साथ हर घर-घर प्रचार-प्रसार में भी सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि समूह की दीदियाँ हर घर तक इस अभियान की जानकारी पहुंचाए तथा सभी को अपने घर के लिए कम से कम एक झंडा निर्माण करने एवं इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित भी करें।

 

 

 

 

 

15 जुलाई से प्रारंभ करें हर घर तिरंगाअभियान के लिए प्रचार-प्रसार

कलेक्टर ने निजी संस्थानों की ली बैठक

 

मण्डला 13 जुलाई 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने योजना भवन में जिले के सभी निजी शैक्षणिक संस्थानों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने बताया कि शासन की मंशानुसार 11 से 17 अगस्त तक ’हर घर तिरंगा’ अभियान आयोजित किया जा रहा है। सभी निजी संस्थान स्वतंत्रता के 75वे वर्ष में मनाए जा रहे इस राष्ट्रीय भावना के अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि सभी निजी संस्थान 15 जुलाई से ’हर घर तिरंगा’ अभियान के लिए अपने स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार एवं विभिन्न गतिविधियों का आयोजन करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि इस अभियान के दौरान सभी निजी संस्थानों में भी ध्वज लगाए जाएंगे। इसी प्रकार प्राईवेट स्कूलों में भी बच्चों के घर के लिए झंडे तैयार किए जाएं। उन्होंने ’हर घर तिरंगा’ अभियान के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए इसके उद्देश्य के बारे में भी बताया।

 

स्कूलों एवं संस्थानों में आयोजित करें विविध गतिविधियाँ

 

कलेक्टर ने कहा कि ’हर घर तिरंगा’ अभियान के हर घर तक व्यापक प्रचार-प्रसार की आवश्यकता है। सभी स्कूल एवं अन्य शैक्षणिक संस्थान अपने स्तर पर ध्वजसंहिता से जुड़े प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम, रंगोली, पैंटिंग, पोस्टर निर्माण, स्वतंत्रता संग्राम में झंडे का इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन प्रश्नोत्तरी, बच्चों द्वारा अभिभावकों को पत्र एवं ध्वज संहिता की सामान्य जानकारी आदि गतिविधियों का बड़े पैमाने पर आयोजन करें। उन्होंने कहा कि बच्चों के माध्यम से उनके परिवार एवं आसपास के लोगों तक इस अभियान की जानकारी प्रसारित करें। कलेक्टर ने उपस्थित प्रतिनिधियों से कहा कि सभी अपने स्तर पर प्रचार-प्रसार के साथ-साथ तिरंगा वॉलेंटियर्स भी तैयार करें। वॉलेंटियर्स के माध्यम से मैदानी स्तर पर ’हर घर हर व्यक्ति तक’ इस अभियान की जानकारी पहुंचाएं। जिला प्रशासन द्वारा इन वॉलेंटियर्स को प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। कलेक्टर ने बैठक में सभी को ध्वजसंहिता के पालन एवं ’हर घर तिरंगा’ अभियान के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान की शपथ भी दिलाई। उन्होंने इस दौरान व्यक्तिगत प्रयासों से ध्वज दान करने की अपील भी की।

 

 

 

 

 

 

भोजन वितण की जानकारी एसएमएस, मोबाईल ऐप, वेब से दिए जाने के निर्देश

 

मण्डला 13 जुलाई 2022

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने बताया कि शालाओं में मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम के अंतर्गत नियमित गर्म पका हुआ भोजन वितरण की व्यवस्था पूर्ववत प्रारंभ रहेगी। पीएम पोषण अंतर्गत पोर्टल पर प्रति कार्य दिवस में लाभान्वित विद्यार्थियों को भोजन वितण की जानकारी एसएमएस, मोबाईल ऐप, वेब के माध्यम से दिया जाना था किन्तु कोविड काल की अवधि में यह कार्य बाधित रहा। स्कूल शिक्षा विभाग म.प्र. शासन द्वारा 17 जून 2022 से शालाएँ पुनः खोले जाने के निर्देश दिए गए हैं। इस अवधि से नियमित गर्म पका हुआ भोजन वितरण की व्यवस्था पूर्ववत प्रारंभ रहेगी।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी समस्त जनपद पंचायत एवं विकासखण्ड समस्त स्त्रोत समन्वयक को निर्देशित किया गया है कि पूर्व प्रदत्त निर्देशों के परिपालन में पीएम पोषण अंतर्गत लाभान्वित विद्यार्थियों को भोजन वितरण की जानकारी एसएमएस, मोबाईल ऐप, वेब के माध्यम से शतप्रतिशत शालाओं के लाभान्वित विद्यार्थियों को भोजन वितरण की दैनिक व मासिक जानकारी पोर्टल पर निरंतर अपडेट कराया जाये। साथ ही तदाशय की जानकारी से संबंधित रजिस्टर संधारित कराया जाये जिसका जिला स्तर से समय-समय पर आए निरीक्षण टीम को अवलोकन कराते हुए पंजी में टीप भी इन्द्राज कराया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा है कि इस कार्य को विशेष प्राथमिकता दी जाए।

 

 

 

 

 

अवैधानिक मत्स्य क्रय-विक्रय की सघन चैकिंग, 67 किलो मछली जब्त

 

मण्डला 13 जुलाई 2022

सहायक संचालक मत्स्योद्योग ने बताया कि जिले में बंद ऋतु के दौरान मछली पालन विभाग की दल द्वारा मंगलवार को जिला मण्डला में जगह-जगह अवैधानिक मत्स्य क्रय विक्रय की सघन चैकिंग की गई। चैकिंग के दौरान विभागीय दल को विभिन्न स्थानों से 67 किलोग्राम मछली मिली, जिसका मौके पर पंचनामा बनाया जाकर मछली जब्त किया गया। जिसे मौके पर नीलामी की गई, नीलामी की राशि 3350 रूपया नियमानुसार कार्यालय में जमा कराई गई। विभागीय दल में दल प्रभारी एच.के. भगत सहायक मत्स्य अधिकारी के नेतृत्व में चैकिंग की कार्यवाही सम्पादित की गई। उक्त कार्यवाही में विभागीय दल के सहायक मत्स्य अधिकारी आर.आर. धुर्वे, मत्स्य निरीक्षक एस.के. भारद्वाज, सहा.ग्रेड-2 एल.एस. भगत, मत्स्य जमादार चमरालाल एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

ट्रांसप्लांटर मशीन द्वारा धान रोपाई का हुआ प्रदर्शन

 

मण्डला 13 जुलाई 2022

सहायक कृषि यंत्री कृषि अभियांत्रिकी पौंड़ी महाराजपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 जुलाई 2022 को कृषक रामेश्वर प्रसाद धुर्वे ग्राम-डोभी वि.ख. नैनपुर जिला मण्डला के खेत में वाक विहाइंड 4 कतारी पैडी ट्रांसप्लांटर मशीन का प्रदर्शन कृषि अभियांत्रिकी विभाग मण्डला द्वारा किया गया। कृषि अभियांत्रिकी विभाग से सहायक कृषि यंत्री मण्डला प्रियंका मेश्राम एवं उपयंत्री मण्डला भावना मरावी, उपसंचालक कृषि अधिकारी मधु अली एवं ग्रामीण कृषि विकास अधिकारी वि.ख. नैनपुर रूखी तेकाम उपस्थित रहे। कृषि अभियांत्रिकी के सहायक कृषि यंत्री मण्डला प्रियंका मेश्राम द्वारा किसानों को पैडी ट्रांसप्लांटर मशीन के फायदे बताये गये। परंपरागत पद्धति द्वारा धान रोपाई कार्य में मजदूरों की भारी कमी होने के कारण समय पर धान रोपाई का कार्य नहीं हो पाता है साथ ही लागत बहुत अधिक बढ़ जाती है एवं उत्पादन पर्याप्त मात्रा में नहीं हो पाता है। इस समस्या के समाधान के लिए पैडी ट्रांसप्लांटर मशीन किसानों के लिए वरदान सबित हो रही है। पैडी ट्रांसप्लांटर मशीन से धान की रोपाई कार्य में 70-80 प्रतिशत लागत में कमी आ जाती है। साथ ही साथ समय की भी बचत होती है मशीन एक घंटे में एक लीटर पेट्रोल की खपत होती है एवं दो घंटे में एक एकड़ में धान की रोपाई हो जाती है एवं उत्पादन 15-20 प्रतिशत बढ़ता है। मशीन की कीमत लगभग 2.87 लाख रूपये है उक्त मशीन कृषि अभियांत्रिकी विभाग द्वारा अनुदान पर किसानों को उपलब्ध कराई जा रही है। जिसमें लागत का 50 प्रतिशत अधिकतम 1.5 लाख रूपये का अनुदान उपलब्ध है। कृषकों द्वारा उक्त मशीन के प्रदर्शन को सराहा गया एवं कृषकों ने मशीन खरीदने की बात कही।

 

 

 

 

 

हर घर तिरंगा’’ अभियान के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त

 

मण्डला 13 जुलाई 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने ’आजादी का अमृत महोत्सव’ अंतर्गत 11 से 17 अगस्त 2022 तक ’’हर घर तिरंगा’’ अभियान का क्रियान्वयन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त कर दिए हैं। जारी आदेश के तहत मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रानी बाटड जिला स्तर के नोडल अधिकारी होंगे तथा संबंधित मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत संबंधित जनपद पंचायत क्षेत्रातंर्गत नोडल अधिकारी होंगे एवं परियोजना अधिकारी जिला शहरी विकास अभिकरण मंडला समस्त नगरीय क्षेत्रांतर्गत नोडल अधिकारी होंगे।

 

 

 

 

सारणीकरण कार्य के लिए निर्धारित स्थानों के स्ट्राँग रूम को 14 को खुलेंगे

 

मण्डला 13 जुलाई 2022

त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 के अंतर्गत खण्ड स्तरीय सारणीकरण एवं निर्वाचन परिणाम की घोषणा का कार्य 14 जुलाई 2022 को पूर्वान्ह 10ः30 बजे से तथा जिला पंचायत सदस्य पद के लिए जिला स्तरीय सारणीकरण एवं निर्वाचन परिणाम की घोषणा का कार्य 15 जुलाई 2022 को पूर्वान्ह 10ः30 बजे से निर्धारित स्थानों पर प्रारंभ होगा। सभी जनपद एकलव्य विद्यालय सेमरखापा मंडला, जनपद पंचायत नैनपुर के शास.उत्कृ.विद्या.नैनपुर, बिछिया के कन्या शिक्षा परिसर पड़रिया बिछिया, मवई के शास.कन्या हाईस्कूल मवई, मोहगांव के कन्या शिक्षा परिसर खर्राछापर, घुघरी के शास.उत्कृ.उच्च.माध्य.विद्या., नारायणगंज के कन्या हाईस्कूल, उत्कृ.विद्या. बीजाडांडी, उत्कृ. विद्या. निवास पर होगा।

खण्ड स्तरीय सारणीकरण के कार्य के लिए निर्धारित स्थानों के स्ट्राँग रूम को 14 जुलाई 2022 को प्रातः 7 बजे खोला जायेगा। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए जिला कोषालय मंडला में बनाए गए स्ट्राँग रूम को 15 जुलाई 2022 को प्रातः 9 बजे खोला जायेगा। स्ट्राँग रूम खोले जाने के समय अभ्यर्थी अथवा उनके निर्वाचन अभिकर्ता उपस्थित रह सकते हैं। सारणीकरण के लिए निर्धारित स्थलों पर अभ्यर्थी और उनके निर्वाचन अभिकर्ता सक्षम अधिकारी द्वारा जारी परिचय पत्र, नियुक्ति पत्र धारित कर उपस्थित हो सकते हैं। परिचय पत्र, नियुक्ति पत्र ने होने की दशा में उन्हें परिसर, कक्ष में प्रवेश से वंचित किया जा सकता है। सारणीकरण स्थल पर मोबाईल, अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाईस, गुटखा, पान, धूम्रपान इत्यादि वर्जित है, जिसका सभी अभ्यर्थी एवं उनके निर्वाचन अभिकर्ता विशेष ध्यान रखेंगे। सभी अभ्यर्थियों से सारणीकरण एवं निर्वाचन परिणाम की घोषणा के संपूर्ण कार्य के दौरान शांति एवं सदभाव बनाए रखने की अपील की गई है।

 

 

 

 

जिले की औसत वर्षा की जानकारी

 

मण्डला 13 जुलाई 2022

जिले में इस वर्ष एक जून से 13 जुलाई के दौरान 306.2 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 294.5 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 11.7 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 13 जुलाई को नैनपुर में 10.1 मि.मी., बिछिया में 1.8 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 13 जुलाई को 1.9 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

1 कोरोना मरीज डिस्चार्ज हुआ

 

मण्डला 13 जुलाई 2022

जिले के कोविड संक्रमित मरीजों के द्वारा कोरोना को हराकर स्वस्थ होने एवं घर जाने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में 12 जुलाई की शाम 3 बजे से 13 जुलाई की शाम 3 बजे तक जिले में 1 कोरोना मरीज ने कोरोना को हराकर अपने घर लौटा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वस्थ हुए मरीजों को कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की समझाईश दी गई है।

 

 

 

 

समस्त अभ्यर्थियों के लिए सारणीकरण एवं निर्वाचन परिणामों की घोषणा से संबंधित आवश्यक जानकारी

 

मण्डला 13 जुलाई 2022

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने संबंधित क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारियों को त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 के सारणीकरण एवं निर्वाचन परिणामों की घोषणा के कार्यों को संपन्न कराने के लिए चयनित स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाओं के निर्देश दिए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने जारी आदेश में कहा गया है कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार खण्डस्तर पर सारणीकरण का कार्य 14 जुलाई 2022 को प्रातः 10:30 बजे से तथा जिला स्तरीय सारणीकरण का कार्य 15 जुलाई 2022 को प्रातः 10:30 बजे से प्रारंभ होगा। सारणीकरण कार्य के दौरान अभ्यर्थी एवं उनके निर्वाचन अभिकर्ता उनके लिए निर्धारित किए गये स्थान पर उपस्थित रह सकते हैं। अभ्यर्थी एवं उनके निर्वाचन अभिकर्ता को अपना परिचय पत्र धारण करना अनिवार्य है, परिचय पत्र के अभाव में उन्हें सारणीकरण कार्य के दौरान परिसर, कक्ष में प्रवेश देने से वंचित किया जा सकता है। खण्डस्तर पर सारणीकरण के कार्य हेतु 14 जुलाई 2022 को प्रातः 6 बजे स्ट्रांग रूम खोला जायेगा। स्ट्रांग रूम खुलने के दौरान अभ्यर्थी अथवा उनके निर्वाचन अभिकर्ता उपस्थित रह सकेंगे।

जिला स्तरीय सारणीकरण के कार्य हेतु 15 जुलाई 2022 को प्रातः 9 बजे स्ट्रांग रूम खोला जायेगा। जिला स्तरीय स्ट्रांग रूम खुलने के दौरान जिला पंचायत सदस्य पद के अभ्यर्थी अथवा उनके निर्वाचन अभिकर्ता उपस्थित रह सकेंगे। सारणीकरण स्थल पर मोबाईल, अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाईस, पान, गुटखा, धूम्रपान वर्जित है, जिसका सभी के द्वारा विशेष ध्यान रखा जाये। सारणीकरण का कार्य पूर्ण शुद्धता से पूर्ण करने के लिए यह आवश्यक है कि कार्य पर नियोजित कार्मिकों के कार्य में व्यवधान उत्पन्न न किया जाये। अतः सभी अभ्यर्थी एवं उनके निर्वाचन अभिकर्ता इसका विशेष ध्यान रखेंगे तथा सम्पूर्ण कार्य के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखेंगे।

 

 

 

 

 

पंचायत निर्वाचन में मीडिया के प्रवेश एवं कव्हरेज के लिए दिशा-निर्देश

 

मण्डला 13 जुलाई 2022

राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव ने समस्त कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 के अंतर्गत सारणीकरण एवं परिणाम की घोषणा के समय निर्धारित स्थलों में प्रवेश एवं कव्हरेज संबंधी दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। जारी निर्देशों में कहा गया है कि सारणीकरण एवं निर्वाचन परिणामों की घोषणा के लिए निर्धारित स्थलों पर आने-जाने की व्यवस्था, संबंधित पासधारी संवाददाता व मीडिया प्रतिनिधि को स्वयं ही करनी होगी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने जिला प्रशासन द्वारा जारी प्रवेशपास प्राप्तकर्ता मीडिया प्रतिनिधियों से कहा है कि राज्य निर्वाचन आयोग, स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराने में जिला प्रशासन का सहयोग करें।

Related posts

प्रत्येक मोहल्ले में जल प्रदाय का समय निर्धारित करें – कलेक्टर ग्राम पंचायत टाटरी में जल जीवन मिशन का निरीक्षण

Reva India News

महिला थाना में संकल्प सौ दिवसीय अभियान के तहत कार्यशाला सम्पन्न हुआ

Reva India News

डिप्टी कलेक्टर श्री जगेत को सेवानिवृत्ति पर दी गई विदाई

Reva India News

Leave a Comment