Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 12 सितम्बर 2022

नगरपालिका में बनाया गया एमसीएमसी कंट्रोल रूम

 

मण्डला 12 सितम्बर 2022

            नगरीय निकाय निर्वाचन 2022 के अंतर्गत मंडला नगरपालिका परिषद के लिए नगरपालिका परिसर में एमसीएमसी कंट्रोल रूम बनाया गया है। कंट्रोल रूम में अभ्यर्थियों के इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया में होने वाले संभावित पेड न्यूज के प्रचार-प्रसार पर निगरानी की जाएगी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने एमसीएमसी कंट्रोल रूम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पूरा करने के निर्देश दिए। नगरपालिका परिसर में ही वीवीटी कक्ष भी बनाया गया है। इस कक्ष में अभ्यर्थियों के लेखा परीक्षण का कार्य किया जाएगा।

 

 

 

 

 

व्यय लेखा के लिए ट्रेनिंग आयोजित

 

मण्डला 12 सितम्बर 2022

            योजना भवन में नगरीय निकाय निर्वाचन 2022 के अंतर्गत व्यय लेखाओं के संधारण, व्यय लेखा परीक्षण, रिपोर्टिंग के लिए गठित अलग-अलग टीमों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। एडीएम मीना मसराम ने प्रशिक्षण को संबोधित करते हुए कहा कि वीवीटी, एमसीएमसी, एफएसटी, एसएसटी आदि टीमों के सदस्य व्यय लेखा परीक्षण को गंभीरता से समझें एवं व्यय लेखा के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें। मास्टर ट्रेनर श्री श्रीवास्तव एवं श्री मिश्रा ने व्यय लेखा के लिए नियुक्त टीमों के सदस्यों को उनके दायित्वों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण में जिला कोषालय अधिकारी अखिलेश नेटी सहित कोषालय के संबंधित एवं विभिन्न टीमों के सदस्य उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

मोंटफोर्ट स्कूल में प्रारंभ हुई संभाग स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता

 

मण्डला 12 सितम्बर 2022

            जिला मुख्यालय के मोंटफोर्ट स्कूल में सोमवार को संभाग स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। कलेक्टर हर्षिका सिंह शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल हुई। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेलों को जीतने के साथ-साथ सीखने के लिए भी खेलें तथा इन सीखों को अपने जीवन में भी उतारें। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी। मोंटफोर्ट विद्यालय के परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर स्कूली छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस दौरान विद्यालय स्टॉफ द्वारा अतिथियों का सम्मान भी किया गया। शतरंज प्रतियोगिता में मंडला सहित 7 जिलों के प्रतिभागियों तथा कोच सहित कुल 300 सदस्य शामिल हुए। प्रतियोगिता का आयोजन 12, 13 एवं 14 सितम्बर 2022 को किया जाएगा।

 

 

 

 

 

 

जेईई एवं नीट परीक्षा में जिले के चयनित विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

जेईई में 7 एवं नीट में 5 विद्यार्थी चयनित

 

मण्डला 12 सितम्बर 2022

            जिला प्रशासन द्वारा योजना भवन में सोमवार को जेईई एवं नीट की परीक्षा में चयनित हुए जिले के होनहार छात्रों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। सम्मान समारोह में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने चयनित विद्यार्थियों को सम्मानित किया एवं अपने शुभकामना संदेश में कहा कि सभी विद्यार्थी भविष्य में आगे बढ़ें एवं अपनी प्रतिभा से मंडला जिले का नाम रोशन करें तथा जिले के विकास में भागीदार बनें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा शिक्षा व्यवस्था को बेहतर करने के लिए ’प्रोजेक्ट नई उड़ान’ प्रारंभ किया गया था जिसके सुखद परिणाम प्राप्त हुए हैं। कार्यक्रम में आकांक्षी योजना से लाभान्वित हुए विद्यार्थियों ने भी सहभागिता की।

जिला प्रशासन द्वारा ’प्रोजेक्ट नई उड़ान’ के तहत स्कूल शिक्षा विभाग के माध्यम से नीट एवं जेईई परीक्षाओं के लिए विशेष मार्गदर्शन एवं कोचिंग क्लासेस शुरू की गई थी। प्रोजेक्ट उड़ान के अंतर्गत विद्यार्थियों को जेईई एवं नीट परीक्षा की तैयारी कराई गई एवं परीक्षा में सफल होने के लिए मार्गदर्शन दिया गया। परिणाम स्वरूप जिले के जेईई में 7 एवं नीट में 5 विद्यार्थी चयनित हुए। इस वर्ष जिले के दूरस्थ अंचलों के विद्यार्थी भी परीक्षा में चयनित हुए। स्वाध्याय से पढ़कर जेईई एवं नीट परीक्षाओं में चयनित होने वाले छात्र-छात्राओं की मेहनत को कलेक्टर ने सराहा। इस अवसर पर प्रशासन द्वारा शिक्षकों एवं वरिष्ठ अधिकारियों का भी इस दौरान सम्मान किया गया। कार्यक्रम में सहायक कलेक्टर अर्थ जैन, जिला शिक्षा अधिकारी, एपीसी मुकेश पांडे, चयनित बच्चे एवं उनके अभिभावक तथा स्कूल शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

ये हुए सम्मानित – जेईई में चयनित प्रभात कुशराम, नीलेश बैरागी, अविनाश शाह मरकाम, विनीत धुर्वे, वंदना झारिया, युवराज नरेती एवं नीट में चयनित महिमा ठाकुर, शिवांशी भिरानी, अजय पन्द्रो, भूपेन्द्र कुमार, महक कछवाहा, अंकिता मसराम, वैजंती मरावी, दूजा पन्द्रे, उमेश ठाकुर, स्यामले झारिया, राहुल कुमार, अंजली मरकाम, आंकाक्षी योजना अंतर्गत भावना चन्दरनिया आदिवासी वर्ग में नीट परीक्षा में अव्वल रहीं। ’प्रोजेक्ट नई उड़ान’ से लाभान्वित होकर महक भारतीया, रागिनी मार्को नीट में चयनित एवं समस्त मार्गदर्शक शिक्षक एवं प्राचार्यों को सम्मानित किया गया।

 

 

 

 

 

 

 

एमसीएमसी कंट्रोल रूम के लिए शिफ्टवार ड्यूटी

 

मण्डला 12 सितम्बर 2022

            कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने नगरीय निकायों के आम निर्वाचन 2022 के दौरान प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक्स मीडिया के संभावित दुरूपयोग एवं पेड न्यूज पर नियंत्रण व नगरीय निकाय के लिए एम.सी.एम.सी कमेटी का गठन के आदेश जारी कर दिए हैं। जारी के अनुसार मीडिया मैनेजमेंट एवं पेड न्यूज के लिए सहायक संचालक सूचना एवं प्रकाशन अधिकारी आशीष कोटांगले को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिले के नगरीय क्षेत्र के लिये आरके कुर्वेती परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभिकरण मण्डला को प्रभारी अधिकारी तथा गजानन नाफड़े नगरपालिका अधिकारी मंडला को सहायक अधिकारी नियुक्त किया गया है।

जारी आदेश के तहत नगरपालिका मंडला के लिए कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है। प्रातः 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक के लिए जयप्रकाश डेहरिया उपयंत्री, नीरज कछवाहा म.श्र., साधना दुबे म.श्र. तथा निधि दुबे म.श्र. को आदेशित किया गया है। इसी प्रकार दोपहर 2 बजे से रात्रि 8 बजे तक के लिए मनीष सिंगौर सहा.ग्रेड-03, संतोष उइके सहा. ग्रेड-03 तथा विलोक रंजन त्रिवेदी म.श्र. को आदेशित किया गया है।

 

 

 

 

 

 

ईव्हीएम मतपत्रों के मुद्रण के लिए अधिकारी नियुक्त

 

मण्डला 12 सितम्बर 2022

            नगरीय निकायों के आम निर्वाचन 2022 में फोटोयुक्त ईव्हीएम मतपत्रों मुद्रण के कार्य के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह द्वारा जिला कोषालय अधिकारी अखिलेश नेटी को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। प्रभारी अधिकारी की सहायता के लिए यशवन्त आनंद डिके सहायक पेंशन अधिकारी, अजय धुर्वे लेखाधिकारी, के.बी. अवधिया कनिष्ठ लेखा परीक्षक,यदुनंदन कछवाहा लेखापाल, राकेश साहू लेखापाल, अशोक कुल्हिया भृत्य तथा शरद गुमास्ता भृत्य को आदेशित किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार प्रभारी अधिकारी मतपत्र एवं सहायक अधिकारी मतपत्र 15 सितम्बर 2022 को समस्त नगरीय निकायों से प्रारूप-10 निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची प्राप्त कर शासकीय केन्द्रीय मुद्रणालय भोपाल के लिये प्रस्थान कर मतपत्रों के मुद्रण से पूर्व प्रूफ रीडिंग कर नंबरिंग की जाँच करेंगे एवं मुद्रण कार्य की शत-प्रतिशत शुद्धता सुनिश्चित कर पूर्ण सावधानी एवं सुरक्षा के साथ मतपत्रों का मुद्रण कार्य कराऐंगे तथा मुद्रण पश्चात् सुरक्षित परिवहन कर संबंधित रिटर्निग ऑफिसर को सौपेंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

निर्वाचन में लगे शासकीय सेवक मतपत्र के लिए 14 तक करें आवेदन

 

मण्डला 12 सितम्बर 2022

            अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार मण्डला जिले की नगर पालिका परिषद मण्डला, नैनपुर, नगर परिषद बम्हनी बंजर, निवास, भुआ बिछिया में पार्षद पद के मतदान 27 सितम्बर 2022 को सम्पन्न कराया जाएगा।

मतदान कार्य में नियोजित अधिकारियों, कर्मचारियों, सुरक्षा में नियुक्त पुलिस अधिकारी, विशेष पुलिस अधिकारी, शासकीय, अशासकीय वाहन चालक जिनका नाम मण्डला जिले की नगरपालिका परिषद मण्डला, नैनपुर, नगर परिषद बम्हनीबंजर, निवास, भुआबिछिया की मतदाता सूची में दर्ज हैं, ऐसे मतदाताओं को निर्वाचन कर्तव्य मतपत्र जारी करने के लिए निर्धारित प्रपत्र प्रारूप-19 पर स्थानीय निर्वाचन कार्यालय में स्वयं अथवा विभाग प्रमुख के माध्यम से 14 सितम्बर 2022 तक आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित प्रारूप-19 निर्वाचन कार्यालय से निःशुल्क प्राप्त किए जा सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

दिव्यांगों के प्रमाण-पत्र हेतु 13 को स्थगित रहेगा मेडीकल बोर्ड

 

मण्डला 12 सितम्बर 2022

            सिविल सर्जन द्वारा जानकारी दी गई कि 13 सितम्बर 2022 को बीआरसी भवन ग्राम पंचायत निवारी विकासखण्ड नैनपुर में शिविर होने के कारण जिला चिकित्सालय मण्डला में दिव्यांगजनों की जांच एवं प्रमाण पत्र हेतु 13 सितम्बर 2022 को आयोजित शिविर स्थगित रहेगा। सभी दिव्यांगजनों से अनुरोध है कि जिन्हे दिव्यांग प्रमाण पत्र हेतु परीक्षण कराना है वे 13 सितम्बर 2022 के स्थान पर अगले मेडिकल बोर्ड कार्य दिवस 20 सितम्बर 2022 को जिला चिकित्सालय मण्डला में उपस्थित हों।

 

 

 

 

 

 

 

 

जिले की औसत वर्षा की जानकारी

 

मण्डला 12 सितम्बर 2022

            जिले में इस वर्ष एक जून से 12 सितम्बर के दौरान 1222.9 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 798.9 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 424 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 सितम्बर को मंडला में 12 मि.मी., नैनपुर में 16.2 मि.मी., बिछिया में 14.4 मि.मी., निवास में 27 मि.मी. तथा घुघरी में 1.1 मि.मी. एवं नारायणगंज में 11.7 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है। इस प्रकार जिले में 12 सितम्बर को 13.7 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

उल्टी-दस्त की सूचना मिलने पर ग्राम लफरा में पहुंची टीम

 

मण्डला 12 सितम्बर 2022

              मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम लफरा में उल्टी-दस्त फैलने की सूचना प्राप्त होते ही आरआरटी चिकित्सा दल द्वारा ग्राम लफरा सेक्शन लफरा ब्लॉक बिछिया का दौरा किया गया। निरीक्षण में पाया गया कि ग्राम पंचायत के द्वारा प्रदाय पानी जो कि पानी की टंकी से सप्लाई होता है उसे पीने के बाद से ही उल्टी दस्त का संक्रमण गांव में फैला है। अतः तत्काल उक्त टंकी का पानी पीने योग्य लेने से प्रतिबंधित किया गया एवं चिकित्सा दल द्वारा कुल 11 मरीज उल्टी-दस्त के पाये गये जिनकी जांच एवं उपचार किया गया एवं 5 रेक्टल स्वैब संग्रहित कर उन्हें 12 सितम्बर 2022 डिस्ट्रिक पब्लिक हेल्थ लैबोरेट्री लैब विक्टोरिया हॉस्पिटल जबलपुर कॉलरा की जांच हेतु तत्काल प्रेषित किया गया।

ग्रामवासियों को उल्टी-दस्त से रोकथाम के लिए 11 सितम्बर 2022 एवं 12 सितम्बर 2022 को जांच व उपचार दिया गया। स्वास्थ्य विभाग एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के द्वारा टंकी के जल का शुद्धिकरण किया गया। उल्टी-दस्त से प्रभावित ग्राम लफरा में ओआरएस पैकेट एवं क्लोरीन गोली का वितरण घर-घर किया जा रहा है एवं स्वच्छ जल पीने एवं स्वच्छता हेतु ग्राम में स्वास्थ्य शिक्षा दी जा रही है। 12 सितम्बर 2022 को ग्राम लफरा सेक्शन लफरा ब्लाक बिछिया में कोई भी केस उल्टी-दस्त का नहीं पाया गया है। स्वास्थ्य चिकित्सा दल के पास दवाईयां पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा ग्राम लफरा के आस-पास के ग्रामों में विशेष भ्रमण व निगरानी करने के निर्देश ब्लॉक बिछिया स्थित चिकित्सा दल को दिये गये हैं।

 

 

 

 

 

 

आज खिलाई जाएगी कृमि मुक्ति की गोली

 

मण्डला 12 सितम्बर 2022

            मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जानकारी ने बताया कि प्रदेश में राष्ट्रीय  क्रमि मुक्ति दिवस का आयोजन वर्ष में एक बार किया जाता है। जिले के समस्त विद्यालय, आंगनवाड़ी केंद्रों की माध्यम से 1 से 19 वर्ष के बच्चों, किशोर-किशोरियों को अल्बेंडाजोल गोली का सेवन कराया जायेगा। भारत शासन के निर्देशानुसार 13 सितंबर 2022 को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस एवं 16 सितंबर 2022 को मापक दिवस पर छोटे बच्चों को अल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी।

 

कृमि संक्रमण के लक्षण

 

गंभीर कृमि संक्रमण से कई लक्षण उत्पन्न हो सकते हैं, दस्त लगना, पेट में दर्द, कमजोरी, उल्टी, भूख न लगना, हल्के संक्रमण वाले बच्चों में आमतौर पर कोई लक्षण नहीं दिखते।

 

कृमि संक्रमण का संचालन चक्र

 

संक्रमित बच्चों के शौंच में कृमि के अंडे होते हैं, खुले में शौच करने से अंडे मिट्टी में मिल जाते हैं और विकसित होते हैं। नंगे पैर चलने से, हाथों की स्वच्छता, बिना ढका भोजन खाने से, संक्रमित बच्चों में कृमि के अंडे होते हैं जो बच्चों के स्वास्थ्य को हानि पहुंचाते हैं।

 

कृमि के दुष्प्रभाव

 

शारीरिक एवं मानसिक विकास में बाधक, कुपोषण एनीमिया, प्रतिरोधक क्षमता में कमी होने से संक्रमण, स्कूल की उपस्थिति में कमी।

 

कृमि संक्रमण का नियंत्रण कैसे किया जाए

 

नाखून साफ रखें, हमेशा साफ पानी पिएं, भोजन को ढ़क्कर रखें, आसपास की सफाई, जूते-चप्पल पहनें, खुले में शौच ना जाएं, हाथों को अच्छी तरह साबुन से धोएं, कृमि नाशक एल्बेंडाजोल की गोली खिलाएं, 1 से 2 वर्ष के बच्चों को आधी गोली पीसकर पानी में सेवन कराएं, 2 से 3 साल के बच्चों को 1 गोली पीसकर पानी में सेवन कराएं, 3 से 19 साल के बच्चों को 1 गोली चबाकर खिलाएं, ध्यान दें दवाई उन बच्चों को नही दिया जाना चाहिये जो बीमार हैं या अन्य दवाई दे रहे हैं।

 

 

आयुष्मान पंजीयन के लिए हाई एवं हायरसेकेंडरी स्कूलों में लगाएं शिविर – हर्षिका सिंह

 

मण्डला 12 सितम्बर 2022

            आयुष्मान पंजीयन के संबंध में आयोजित बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि हाईस्कूल एवं हायरसेकेंडरी स्कूलों में शिविर लगाकर शेष बचे लोगों का पंजीयन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि हर दिन प्रत्येक विकासखंड में कम से कम 5 स्कूलों में शिविरों का आयोजन किया जाए। संबंधित ग्रामों में मुनादी के माध्यम से ग्रामवासियों को शिविर स्थल, साथ लाने वाले दस्तावेज तथा आयुष्मान पंजीयन से मिलने वाले लाभ के संबंध में जानकारी दी जाए।

श्रीमती सिंह ने कहा कि आयुष्मान पंजीयन से शेष बचे लोगों की सूची निकालें तथा उन तक शिविर स्थल तथा शिविर दिनांक की जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने ग्रामवार लक्ष्य तथा पंजीयन की जानकारी प्रतिदिन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि आयुष्मान पंजीयन के लिए शिक्षकों की ड्यूटी लगाएं। जो लोग पंजीयन से छूट गए हैं उनको मोबीलाईज करें। सभी पंचायतों में रोजगार सहायक भी कम से कम 50 पंजीयन करना प्रतिदिन सुनिश्चित करें। जो रोजगार सहायक पंजीयन का काम नहीं कर रहे हैं या नहीं कर रहे हैं उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करें। जिला पंचायत के परियोजना अधिकारियों के लिए भी आयुष्मान पंजीयन के लक्ष्य निर्धारित करें। बैठक में कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जनसेवा कैम्प के आयोजन के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से संपन्न हुई इस बैठक में समस्त एसडीएम, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित संबंधित उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

आज 45 स्कूलों में लगेंगे आयुष्मान पंजीयन के शिविर

 

मण्डला 12 सितम्बर 2022

            कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार हाईस्कूल एवं हायरसेकेंडरी स्कूलों में आयुष्मान पंजीयन के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। 13 सितम्बर को जिले के 45 स्कूलों में आयुष्मान पंजीयन शिविर आयोजित किए जाएंगे।

इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार मंडला विकासखंड के हायरसेकेंडरी स्कूल बिनैका, नर्मदा पौंड़ीलिंगा, हिरदेनगर, मधुपुरी एवं सागर, नैनपुर में सालीवाड़ा, पाठासिहोरा, इंद्री, जामगांव एवं पिंडरई, नारायणगंज में उत्कृष्ट नारायणगंज, मॉडल नारायणगंज, कन्या नारायणगंज, बम्हनीभावल एवं मंगलगंज, निवास में मनेरी, पिपरिया, गढरा, हाथीतारा एवं अमगवां, बीजाडांडी में उत्कृष्ट बीजाडांडी, मॉडल बीजाडांडी, उदयपुर, बरगांव एवं पौंड़ी नगरार, मोहगांव में उत्कृष्ट मोहगांव, मॉडल मोहगांव, मुनू, चाबी एवं सिंगारपुर, घुघरी में उत्कृष्ट घुघरी, मॉडल घुघरी, कन्या घुघरी, नैझर एवं सलवाह, बिछिया में भिलवानी, लफरा, रामनगर, माधोपुर एवं बालक अंजनिया तथा मवई में उत्कृष्ट मवई, मॉडल मवई, घुटास, भीमडोंगरी एवं घोंटा में आयुष्मान पंजीयन शिविर आयोजित किए जाएंगे।

 

 

 

 

 

 

मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के लिए जानकारी

 

मण्डला 12 सितम्बर 2022

            60 वर्ष या उससे अधिक आयु के व्यक्तियों जो आयकर दाता नहीं हैं, को तीर्थ स्थानों में से एक या युग्म तीर्थों की यात्रा मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत 25 सितम्बर 2022 से 11 अक्टूबर 2022 तक कराई जा रही है। तीर्थ यात्रा के अंतर्गत 6 अक्टूबर 2022 को मण्डला जिले हेतु जगन्नाथपुरी की यात्रा कराई जानी है। इस संबंध में 23 सितम्बर 2022 तक आवेदन पत्र जमा किए जा सकते हैं।

यात्रा 6 अक्टूबर 2022 से 11 अक्टूबर 2022 तक कुल 6 दिवस की यात्रा होगी। तीर्थ यात्रियों को स्वयं के व्यय से तहसील नैनपुर रेल्वे स्टेशन तक जाना होगा, जहां से यात्रा प्रारंभ होगी। यात्री अपने साथ मौसम के अनुरूप व्यक्तिगत उपयोग की सामग्री आदि साथ में रखेगें साथ ही विशिष्ट सुविधाओं का लाभ प्राप्त करता है तो वह स्वयं वहन करेगा। यात्रा के दौरान ट्रेन में यात्रीगण मॉस्क का उपयोग करेगें, सोशल डिस्टेसिंग का पालन करेगें। यात्रीगणों को अपने साथ आधार कार्ड, परिचय पत्र एवं कोविड वेक्सीनेशन प्रमाण पत्र मूल में, छायाप्रति साथ में रखना आवश्यक होगा।

 

 

 

 

प्रेक्षक श्री तोमर ने किया नगरीय निकायों के स्ट्रांग रूम एवं नाम निर्देशन प्रकिया का निरीक्षण

 

मण्डला 12 सितम्बर 2022

            नगरीय निकाय आम निर्वाचन 2022 के अंतर्गत मंडला जिले के लिए राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा प्रेक्षक अरुण कुमार तोमर (आईएएस) को नियुक्त किया गया है। प्रेक्षक श्री तोमर का रविवार शाम को मंडला आगमन हो चुका है। सोमवार को प्रेक्षक ने मंडला जिले के नगरीय निकाय बम्हनीबंजर, मण्डला तथा नैनपुर के निर्वाचन के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने तीनों नगरीय क्षेत्रों में नाम निर्देशन की प्रक्रिया का भी अवलोकन किया।

 

 

नगरीय निकाय निर्वाचन 2022 के अंतर्गत मंडला नगरपालिका परिषद के लिए नगरपालिका परिसर में एमसीएमसी कंट्रोल रूम बनाया गया है। कंट्रोल रूम में अभ्यर्थियों के इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया में होने वाले संभावित पेड न्यूज के प्रचार-प्रसार पर निगरानी की जाएगी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने एमसीएमसी कंट्रोल रूम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पूरा करने के निर्देश दिए। नगरपालिका परिसर में ही वीवीटी कक्ष भी बनाया गया है। इस कक्ष में अभ्यर्थियों के लेखा परीक्षण का कार्य किया जाएगा।

 

 

 

 

 

 

 

Related posts

इंटरनेट सुरक्षा दिवस कार्यशाला आज

Reva India News

20 फरवरी को मनाया जाएगा विश्व सामाजिक न्याय दिवस

Reva India News

7 दिसम्बर को होगी ओलम्पियाड की परीक्षा

Reva India News

Leave a Comment