गौरव दिवस आयोजन: प्रातः निकली प्रभातफेरी, जननायक बिरसामुंडा को किया नमन
स्टेडियम ग्राऊँड में जुम्बा डांस की धुनों पर थिरके उपस्थितजन
मण्डला 15 नवम्बर 2022
गौरव दिवस के आयोजन का 15 नवंबर अंतिम दिवस रहा। आयोजन के आखिरी दिन 15 नवंबर को प्रातः 7 बजे से जिले के सभी 24 वार्डों से रैली निकली एवं प्रमुख मार्गों से होती हुई स्टेडियम पहुंची। मुख्यालयवासी रैली में उत्साह के साथ शामिल हुए। स्टेडियम ग्राउंड में समाप्त हुई इस रैली में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, स्कूली बच्चे, खिलाड़ी, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित हुए।
गौरव दिवस के आयोजनों की श्रृंखला में स्टेडियम ग्राउंड में जुम्बा डांस का भव्य स्तर पर आयोजन किया गया। इस आयोजन में सांस्कृतिक धुनों पर व्यायाम की गई। साथ ही योग मुद्राओं का भी प्रदर्शन हुआ। जुम्बा डांस में बच्चे, बूढ़े, जवान सभी वर्ग के लोगों ने खासा उत्साह दिखाते हुए सहभागिता की एवं जुम्बा डांस का लुत्फ उठाया। पूर्व राज्यसभा सांसद संपतिया उईके, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा, कलेक्टर हर्षिका सिंह, एसपी यशपाल सिंह राजपूत, सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा, प्रफुल्ल मिश्रा सहित बड़ी संख्या में उपस्थित जनमानस ने इस अद्भुत संगीतमय व्यायाम कार्यक्रम में भाग लिया। आभार प्रदर्शन अपर कलेक्टर मीना मसराम ने किया।

जननायक बिरसामुंडा के छायाचित्र पर माल्यार्पण
15 नवंबर को जनजाति गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। 15 नवंबर को आदिवासी जननायक बिरसामुंडा की जयंती भी मनाई गई। स्टेडियम ग्राउंड में जुम्बा डांस कार्यक्रम के पूर्व पूर्व राज्यसभा सांसद संपतिया उईके, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा, कलेक्टर हर्षिका सिंह, एसपी यशपाल सिंह राजपूत ने जननायक बिरसामुंडा के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया।

गौरव दिवस: भव्य कलश और चुनरी यात्रा से शहर हुआ भक्तिमय
किला परिसर से प्रारंभ होकर रपटाघाट पर चुनरी अर्पण
मण्डला 15 नवम्बर 2022
गौरव दिवस कार्यक्रमों के अंतर्गत 15 नवंबर को भव्य चुनरी एवं कलश यात्रा का आयोजन किया गया। यह कलश एवं चुनरी यात्रा प्रातः लगभग 11 बजे राजराजेश्वरी वार्ड से प्रारंभ हुई तथा शहर के प्रमुख मार्गों उदयचौक-रेडक्रॉस-बैगा-बैगी-नेहरू स्मारक से होते हुए रपटाघाट में समाप्त हुई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं एवं नगरवासी शामिल हुए। कलश एवं चुनरी यात्रा का विभिन्न सामाजिक एवं व्यावसायिक संगठनों द्वारा अनेक स्थानों पर स्वागत किया गया एवं पुष्पवर्षा की गई। कलश एवं चुनरी यात्रा भक्ति गीतों के साथ रपटाघाट में समाप्त हुई जहां माँ नर्मदा की पूजा के पश्चात चुनरी अर्पित की गई। कलश यात्रा का प्रारंभ राजराजेश्वरी वार्ड से गोलाकार आकृति के साथ आकर्षक रूप में हुआ। विधायक मंडला देवसिंह सैयाम, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, नगरपालिका उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा, कलेक्टर हर्षिका सिंह, एडीएम मीना मसराम, जिला महिला बाल विकास अधिकारी श्वेता तड़वे, सहायक संचालक रोहित बड़कुल, परियोजना अधिकारी अनूप नामदेव एवं मनीषा तिवारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा कलश एवं चुनरी यात्रा की अगवानी की एवं चुनरी अर्पण कार्यक्रम में शामिल हुए।

स्टेडियम ग्राउंड में ’निरक्षरता से आजादी’ अभियान की हुई गतिविधियाँ
नवसाक्षरों ने दिखाया उत्साह, अक्षरसाथी सम्मानित
मण्डला 15 नवम्बर 2022
गौरव दिवस कार्यक्रमों के अंतर्गत 15 नवंबर को ’निरक्षरता से आजादी’ अभियान के अंतर्गत स्टेडियम ग्राउंड में अनेक गतिविधियां हुई। निरक्षर से साक्षर बने व्यक्तियों ने कतारबद्ध होकर ’साक्षर मंडला’ शब्द की आकृति बनाई एवं जिलेवासियों को नवसाक्षर बनने का संदेश दिया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने शिक्षा का महत्व बतलाते हुए सभी नवसाक्षरों का आव्हान किया कि वे लगातार शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़े रहते हुए अपने शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाएं।
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि ’निरक्षरता से आजादी’ अभियान के तहत मंडला जिले में किए गए कार्य को समूचे प्रदेश में सराहा गया है। इस अभियान को भले ही जिला प्रशासन ने प्रारंभ किया है किन्तु इसे जिलेवासियों ने अंजाम तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि नवसाक्षरों को वित्तीय एवं कंप्यूटर साक्षरता से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ किया गया। इस अवसर पर ’निरक्षरता से आजादी’ अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी, अक्षरमित्रों एवं संबंधितों का सम्मान किया गया।

नवसाक्षरों से हुई आत्मीय चर्चा, जाने अनुभव
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष एवं कलेक्टर हर्षिका सिंह ने ’निरक्षरता से आजादी’ अभियान के अंतर्गत निरक्षर से साक्षर बने नवसाक्षरों से आत्मीय बात की। उन्होंने कल्लू बाई, सुखवती, कृष्णा नंदा, कुसुम बाई, सेववती से चर्चा करते हुए अक्षरज्ञान सीखने के बाद उनके व्यक्तिगत अनुभव जाने तथा उनके अक्षरज्ञान सीखने के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, एडीएम मीना मसराम, सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा सहित वरिष्ठ अधिकारी, नवसाक्षर बने व्यक्ति तथा नगरवासी उपस्थित थे।

बैगा-बैगी चौक से निकली पारंपरिक परिधानों से सुसज्जित रैली
आदिवासी जननायक बिरसामुंडा को किया गया नमन
मण्डला 15 नवम्बर 2022
गौरव दिवस कार्यक्रम के दूसरे दिन 15 नवंबर को दोपहर 3 बजे बैगा-बैगी चौक में पारंपरिक जनजातीय परिधानों से सुसज्जित जिलेवासी एकत्र हुए। इस दौरान जनप्रतिनिधि एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं मुख्यालयवासी भी पारंपरिक परिधानों में बैगा-बैगी चौराहा पहुंचे। चौक में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम एवं कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बैगा समाज के प्रतीक मूर्तियों पर माल्यार्पण किया। साथ ही 15 नवंबर जनजातीय गौरव दिवस तथा आदिवासी जननायक बिरसामुंडा की जयंती पर उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया। रैली में बैगा जनजातीय के प्रतिनिधि एवं सदस्यों ने परंपरागत सुंदर वस्त्र एवं आभूषण पहनें।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम भी जनजातीय परिधानों में शामिल हुए। कलेक्टर हर्षिका सिंह, एडीएम मीना मसराम एवं जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड भी परंपरागत जनजातीय परिधानों एवं गहनों में शामिल हुए। यह रैली बैगा-बैगी चौक से परंपरागत जनजातीय वाद्ययंत्रों की धुनों पर पुलिस लाईन ग्राउंड में आयोजित गौरव दिवस के मुख्य समारोह में शामिल होने के लिए रवाना हुई। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं आमजन भी जनजातीय परिधानों में शामिल हुए।

फोटो निर्वाचक नामावली के संबंध में बैठक आज
मंडला 15 नवम्बर 2022
अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार फोटो निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2023 का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। जारी कार्यक्रम के तहत एकजाई प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशन 9 नवंबर 2022 को किया जाकर दावे आपत्ति दर्ज करने की अवधि 8 दिसम्बर 2022 निर्धारित की गई है।
फोटो निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण वर्ष 2023 के संबंध में 16 नवंबर 2022 को प्रातः 11 बजे से जिला योजना भवन के सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई है। बैठक में डोर-टू-डोर भ्रमण कर निरसित किये गये मतदाताओं का भौतिक सत्यापन, प्रारूप प्रकाशन 9 नवंबर से 15 नवंबर 2022 तक प्राप्त प्रारूप 6, 6ख, 7 एवं 8 का विवरण एवं निराकरण की स्थिति, बीएलओ से संबंधित जानकारी, प्रारूप प्रकाशन 9 नवंबर से 15 नवंबर 2022 तक मतदान केन्द्र भ्रमण से संबंधित जानकारी, विशेष कैम्प 12 एवं 13 नवम्बर 2022 प्राप्त दावे आपत्तियों की जानकारी, प्रारूप प्रकाशन 9 नवंबर से 15 नवंबर 2022 तक जेण्डर रेशो, ई.पी. रेशो, ब्लैक व्हाईट फोटो, आधार सीडिंग, नवीन मतदाताओं के नाम जोड़ने से संबंधित किये गये कार्य का विवरण, 11 नवंबर 2022 को ईमेल एवं व्हाटसऐप पर मतदान केन्द्रवार भेजे गये मल्टीपल एन्ट्री के निराकरण, मतदान केन्द्रों में प्रारूप मतदाता सूची 2023 बीएलओ रजिस्टर 2023 एवं प्ररूप 6, 6ख, 7 एवं 8 की उपलब्धता, स्वीप गतिविधि आदि की समीक्षा की जाएगी।

जनजातीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजा गौरव दिवस समारोह
विख्यात कलाकारों की प्रस्तुति, ऐतिहासिक रहा लेजर-शो, आतिशबाजी से हुआ समापन
मण्डला 15 नवम्बर 2022
14 एवं 15 नवंबर को मंडला जिले में गौरव दिवस का गरिमामय आयोजन हुआ। 2 दिवसीय इस आयोजन में अनेक कार्यक्रमों के श्रृंखलाबद्ध आयोजन हुए। 15 नवंबर की शाम को गौरव दिवस आयोजन के मुख्य समारोह का आयोजन हुआ। पुलिस लाईन मंडला में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले तथा जिले के बाहर के प्रख्यात कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियों से जनमानस का दिल जीता। मुख्य समारोह में जनजातीय सांस्कृतिक मेले और विभागों के स्टॉल लगाए गए। इस मेले में जनजातीय संस्कृति के परिचय पर आधारित गतिविधियां आयोजित हुई। मुख्य समारोह में जनप्रतिधि, जिला, पुलिस, वन सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नगरवासी और दर्शक उपस्थित थे।

विख्यात कलाकारों की प्रस्तुति से बंधा समा
गौरव दिवस के समापन समारोह में जिले तथा जिले के बाहर के प्रख्यात कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियाँ दी। खैरागढ़ संगीत विश्वविद्यालय के कलाकारों द्वारा क्लासिकल नृत्य की प्रस्तुति से उपस्थित जनमानस ने खूब तालियाँ बजाई। इसी प्रकार नटराज नृत्य समूह द्वारा माँ नर्मदा की स्तुति, सरस्वती आराधना और सेमी क्लासिकल नृत्य प्रस्तुत किया गया। इस दौरान संपूर्ण समारोह माँ नर्मदा की भक्ति से सराबोर हुआ। जिले की उभरती हुई गायिका अवनि वर्मा ने राजस्थानी लोक संगीत पर आधारित प्रस्तुति से दर्शकों की सराहना बटोरी।

जनजातीय नृत्य ने बिखेरी विविधता की छटॉ
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित गौरव दिवस के समापन समारोह के मुख्य कार्यक्रम में जिले एवं बाहर के कलाकारों द्वारा लोकनृत्य का प्रदर्शन किया गया। मंडलावासियों ने कलाकारों का ताली बजाकर अभिवादन किया। मंडला जिले के बैगा संस्कृति का परिचय कराने वाले दल ने सोनसाय बैगा के नेतृत्व में बैगा नृत्य की प्रस्तुति दी। रंग-बिरंगे परिधानों एवं आभूषणों से सजे बैगा नृतक दल के सदस्यों की एकरूपता से संपूर्ण समारोह अभिभूत हुआ।

लेजर-शो में दिखे मंडला के अलग-अलग रूप
पुलिस लाईन मंडला में आयोजित लेजर-शो गौरव दिवस समारोह का मुख्य आकर्षण रहा। लेजर-शो ने अपनी रंग-बिरंगी किरणों से उपस्थितजन समूह को हतप्रभ किया। लेजर-शो में मंडला जिले की पौराणिक, धार्मिक, ऐतिहासिक तथा वन्यजीवन का परिचय का प्रदर्शन किया गया। लेजर-शो में माँ नर्मदा की यात्रा, मंडला जिले का गौरवशाली इतिहास तथा मंडला जिले की पहचान कान्हा राष्ट्रीय उद्यान सहित वन्यजीवन को खूबसूरती से दिखाया गया।
नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा ने गौरव दिवस के आयोजन के लिए जिला प्रशासन के पूरे टीम की सराहना की। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने आयोजन में सहभागिता के लिए नगरवासी एवं जिलेवासियों का अभिवादन किया। एडीएम मीना मसराम ने कार्यक्रम के अंत में आभार व्यक्त किया। जिला प्रशासन द्वारा कलाकारों, जिलाधिकारियों एवं आयोजन के सहयोगियों को मंच से सम्मानित किया गया। छोटे रपटापुल पर हुए आतिशबाजी से 2 दिवसीय गौरव दिवस आयोजन का रंगारंग समापन हुआ।

