जल-जीवन मिशन के काम में देरी पर कलेक्टर ने लगाई फटकार
पीएचई विभाग एवं कांट्रेक्टर्स की बैठक संपन्न
मण्डला 17 नवम्बर 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जल जीवन मिशन सहित पीएचई विभाग के माध्यम से किए जाने वाले कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग सहित सभी एसडीओ पीएचई, कॉन्ट्रेक्टर एवं संबंधित उपस्थित थे। कलेक्टर ने जल जीवन मिशन का कार्य तय समय से विलंब से होने पर सभी कॉन्ट्रेक्टर्स को कड़ी फटकार लगाई। श्रीमती सिंह ने विकासखंडवार स्कूल एवं आँगनवाड़ी भवनों में पेयजल तथा विद्युत कनेक्शन की उपलब्धता की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगे। श्रीमती सिंह ने कहा कि स्कूल एवं आंगनवाड़ी के सिविल वर्क का कार्य आगामी 10 दिनों में पूरा करें। साथ ही सोर्स चिन्हांकन के कार्य में भी प्रगति सुनिश्चित करें। बैठक में उन्होंने कार्यपालन यंत्री से बिजली के कार्यों के डिमांड नोट एवं भुगतान संबंधी जरूरी जानकारी ली।
कलेक्टर ने कहा कि कार्यपालन यंत्री पीएचई समय-समय पर जल-जीवन मिशन के कार्यों का रिव्यु करें तथा प्रगति दिखाएं। उन्होंने सभी कॉन्ट्रेक्टर से भी उनके क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की प्रगति मांगी तथा देरी पर नाराजगी जाहिर की। कलेक्टर ने कहा कि ऐसे कोई भी कॉन्टेक्टर जो कार्य को निर्धारित शर्ताे एवं नियमों के अनुसार नहीं कर रहे हैं उन्हें तत्काल ब्लैक लिस्टेड करें। उन्होंने डीपीआर एवं एफएसटीसी की समीक्षा करते हुए कहा कि उनकी एंट्री सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि धीमी प्रगति दिखाने वाले कॉट्रेक्टर्स एवं संबंधितों को नोटिस जारी किया जाए। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र में बिजली कनेक्शन का कार्य जल्द खत्म करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी को कड़े निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन के सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करें। लापरवाही की स्थिति में संबंधित पर एफआईआर की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गुरुवार को जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा की जाएगी। कलेक्टर ने बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी दो दिनों में सीएम हेल्पलाइन का अधिक से अधिक निराकरण सुनिश्चित करें तथा जिले की रैंकिंग बेहतर करने मेहनत करें।

युवा मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए सप्ताह भर लगाएं कैंप
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बैठक में दिए निर्देश
मण्डला 17 नवम्बर 2022
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने मतदाता सूची पुनरीक्षण के कार्यों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने सभी प्राचार्य एवं बीईओ को निर्देशित किया कि नए मतदाताओं की वास्तविक संख्या के अनुपात में मतदाता सूची में आंकड़े सुनिश्चित हों। उन्होंने कहा कि वर्तमान में मौजूद युवा मतदाताओं के आंकड़ों के गेप को दुरुस्त करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि आगामी 1 सप्ताह भर स्कूल, कॉलेजों के युवा मतदाताओं का नाम जोड़ने के लिए सतत रूप से कैंप आयोजित करें। उन्होंने एडीएम मीना मसराम को निर्देशित किया कि संबंधित बीएलओ को निर्देश देकर कैंप का आयोजन करें तथा स्थानीय स्तर पर मतदाता सूची में युवा मतदाताओं का नाम जोड़ने के लिए प्रभावी कार्यवाही करें। कलेक्टर ने सभी प्राचार्य एवं बीईओ को निर्देशित किया कि अपने संस्थानों के 18 से 21 वर्ष की आयु के युवा मतदाताओं की सूची बनाएं तथा उसके अनुपात में दर्ज मतदाता सूची से मिलान करते हुए छूटे हुए युवा मतदाताओं को जोड़ने का कार्य करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा नए मतदाताओं का मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फार्म-6 भरवाएं। सभी शैक्षणिक संस्थानों में पर्याप्त मात्रा में फार्म-6 पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि सभी प्राचार्य एवं बीईओ इस कार्य को सर्वाेच्च प्राथमिकता के साथ संपन्न करेंगे। कलेक्टर ने सभी बीईओ को निर्देशित किया कि 11वीं एवं 12वीं के ऐसे विद्यार्थी जो 18 वर्ष के हो चुके हैं उन्हें भी चिन्हित करें तथा उनकी सूची बनाते हुए फॉर्म-6 भरें तथा उनका नाम मतदाता सूची में जोड़ें। कलेक्टर ने कहा कि इस कार्य की नियमित रूप से समीक्षा की जाएगी सभी प्राचार्य सभी निर्देशों का पालन करते हुए इस कार्य को गंभीरतापूर्वक सुनिश्चित करेंगे।

बचत की आदत को जीवन का हिस्सा बनाएँ – हर्षिका सिंह
राष्ट्रव्यापी सघन जागरूकता कार्यशाला को कलेक्टर ने किया संबोधित
मण्डला 17 नवम्बर 2022
रानी अवंती बाई स्कूल में बैंक एवं पोस्ट ऑफिस के संयुक्त तत्वाधान में राष्ट्रव्यापी सघन जागरूकता अभियान के अंतर्गत कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में कलेक्टर हर्षिका सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई। कार्यशाला में एलडीएम अमित केशरी, आईपीपीबी के प्रबंधक अरूण पटेल, प्राचार्य रानी अवंती बाई स्कूल तथा छात्राएँ उपस्थित थी। कार्यशाला को संबोधित करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि सभी छात्राएं अपने जीवन में बचत की आदत को अपनाएँ तथा इसे अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। बचत की प्रणाली से जुड़ते हुए छोटी-छोटी बचत करें, इससे भविष्य में निश्चित रूप से लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि बैंकिंग गतिविधियाँ जीवन का हिस्सा है, इसे गंभीरता से समझें। बैंकिंग प्रणाली के अंतर्गत नई तकनीकों की जानकारी प्राप्त करें। साथ ही सुरक्षित बैंकिंग प्रणाली के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए सायबर जागरूक भी बनें।
कलेक्टर ने कहा कि सभी छात्राएँ स्वयं बैंकिंग प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए अपने घर तथा आसपास के लोगों की सहायता भी करें तथा उन्हें भी बैंकिंग गतिविधियों और सायबर धोखाधड़ी के बारे में जागरूक करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि छात्राएँ बैंकिंग क्षेत्र में होने वाले धोखाधड़ी के प्रति भी सजग रहें तथा अपने आसपास के लोगों को जागरूक करें। उन्होंने छात्राओं से कहा कि बैंकों के माध्यम से संचालित की जाने वाली बीमा योजनाओं की जानकारी भी प्राप्त करें। कलेक्टर ने कहा कि सभी छात्राएं बैंक सखी के रूप में भी अपने स्तर पर जागरूकता प्रसारित करने का कार्य करें। साथ ही वित्तीय रूप से साक्षर बनें एवं सक्षम भी बनें। महिलाओं के लिए वित्तीय साक्षरता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने वित्तीय एवं बैंकिंग प्रणाली के बारे में जागरूकता प्रसारित करने कार्यशाला आयोजित करने के लिए संबंधित विभागों की सराहना की। साथ ही सभी छात्राओं से कहा कि को इन जागरूकता कार्यशालाओं से ज्यादा से ज्यादा लाभ लें। इस दौरान कलेक्टर ने विभिन्न प्रतियोगिता के प्रतिभागी छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

धान की सफाई मशीन लगाने निविदा आमंत्रित
मण्डला 17 नवम्बर 2022
जिला आपूर्ति अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन हेतु 28 नवंबर 2022 से 16 जनवरी 2023 तक खरीदी का कार्य किया जायेगा। शासन द्वारा प्रत्येक धान उपार्जन केन्द्र पर सफाई मशीन लगाने का प्रावधान किया गया है। उक्त कार्य करने हेतु कोई भी आउटसोर्स एजेंसी अपनी निविदा दे सकती हैं। उसके अन्तर्गत एजेंसी को अपनी सफाई मशीन सम्बंधित केन्द्र पर लगाना होगा। निविदा अन्तर्गत जिस एजेंसी की दरें न्यूनतम होगी उसे जिला उपार्जन समिति द्वारा सहमति से उक्त कार्य दिया जाएगा। कार्य की विस्तृत जानकारी केन्द्रों की सूची एवं शर्तें प्रतिभूति आदि की जानकारी नागरिक आपूर्ति निगम मण्डला (बिनैका रोड) के कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।

डाक विभाग ने शुरू किया ‘हर-घर बचत खाता’ अभियान
मण्डला 17 नवम्बर 2022
अधीक्षक डाकघर से प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरती ब्याज दरों के साथ अनिश्चित बाजार में डाक विभाग विभिन्न बचत योजनाओं के माध्यम से एक सप्रंभु गारंटी द्वारा समर्थित प्रतिस्पर्धी और आकर्षक निवेश अवसर प्रदान करता है। भारत सरकार द्वारा डाक विभाग के माध्यम से आम नागरिकों में बचत की भावना को सजृन करने के लिए विभिन्न बचत योजनाएं चलाई जा रही है, जो उच्च ब्याज दर के साथ-साथ टैक्स लाभ प्रदान करती है।
मण्डला डाक संभाग के अधीक्षक, डाकघर जे.के. कावडे ने बताया कि डाक विभाग अपने ग्राहकों को हर दिन नई सुविधाएं देने को लेकर हमेशा प्रयासरत रहा है। वर्तमान में मण्डला संभाग में ’हर घर बचत खाता’ अभियान के तहत 0 से 10 वर्ष तक की बालिकाओं के सुकन्या सम्द्वि खाते, बालकों के लिए पीपीएफ खाते, नागरिकों के बचत खाते, आवर्ती खाते, मासिक आय योजना के खाते, सावधी खाते एवं सीनियर सिटीजन, खाते खोले जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त डाकघर में 399 में 10 लाख का दुर्घटना बीमा डाक विभाग और भारत सरकार की इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक द्वारा दुर्घटना बीमा के क्षेत्र में एक अनूठी पहल की गई है जिसके तहत 399 रू में सालाना कीमत पर दुर्घटना बीमा के तहत ग्रुप एक्सीडेंट गार्ड पॉलिसी जारी की जा रही है और साथ में डोर बैंकिग की सुविधा दी जा रही है।

18 नवंबर से 31 दिसंबर तक बैंकों द्वारा केसीसी ऋण प्रदान करने विशेष अभियान
मण्डला 17 नवम्बर 2022
अग्रणी जिला प्रबंधक ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार समस्त पात्र किसानों को केसीसी ऋण का लाभ पहुंचाने व सुधार करने और अधिकतम संख्या में जो वंचित किसान हैं उनको केसीसी प्रदान करने हेतु 18 नवंबर से 31 दिसंबर तक बैंकों के द्वारा केसीसी ऋण प्रदान करने हेतु विशेष अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान में फसल ऋण, पशुपालन और मत्स्य पालन के लिए केसीसी की सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
एलडीएम ने कहा है कि पात्र किसान का खाता जिस बैंक में है उसे तुरंत उस ब्लॉक की शाखा के द्वारा केसीसी ऋण प्रदान किए जाएंगे। इस हेतु विभिन्न स्तर पर बैंकों के द्वारा प्रचार-प्रसार और शिविर के माध्यम से प्रत्येक शुक्रवार, शनिवार को बैंकवार कैंप आयोजित किए जाएंगे।

भारतीय वायुसेना अग्निवीर के लिए आवेदन 23 तक
मण्डला 17 नवम्बर 2022
जिला रोजगार कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार मण्डला जिले के इच्छुक ऐसे आवेदक जिन्हे भारतीय वायु सेना (अग्निवीर) के लिये आवेदन करना है वे वेबसाइट https://agnipathvayu.cdac.in पर जाकर अपना पंजीयन करा सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 23 नवंबर 2022 है। ऐसे युवा जिनका जन्म 27 जून 2002 से 27 दिसम्बर 2005 के मध्य हुआ है वे आवेदन करने हेतु पात्र हैं एवं शैक्षणिक योग्यता संबंधी जानकारी विज्ञापन या भारतीय वायु सेना भर्ती की उपरोक्त वेबसाइट से प्राप्त की जा सकती है। संबंधित लिंक एम.पी. रोजगार पोर्टल पर भी उपलब्ध है।

कमिश्नर जबलपुर संभाग ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग में की समीक्षा
मण्डला 17 नवम्बर 2022
कमिश्नर जबलपुर संभाग बी. चंद्रशेखर ने संभाग के सभी जिलों की नियमित समीक्षा बैठक ली। उन्होंने बैठक में मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की जिलेवार समीक्षा की। उन्होंने आवेदनों के पात्रता परीक्षण के पश्चात हितलाभ वितरण के लिए किए गए कार्यों की सभी कलेक्टर्स से जानकारी ली। श्री चंद्रशेखर ने बैठक में संबल योजना, सीएम राईज स्कूल, आयुष्मान भारत योजना, सीएम हेल्पलाईन, नशामुक्ति अभियान, पीडीएस दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण एवं अन्य विषयों की जिलेवार समीक्षा करते हुए संबंधित जिलों के कलेक्टर्स से जवाब मांगे। उन्होंने सीएम राईज स्कूलों की समीक्षा करते हुए स्कूल भवन, शैक्षणिक स्टॉफ एवं परिवहन व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। कमिश्नर ने कहा कि सीएम राईज स्कूल के शिक्षकों को अन्य जिम्मेदारियों से मुक्त करें। सभी कलेक्टर्स समय-समय पर स्कूलों का भ्रमण करें तथा व्यवस्थाओं की बेहतरी सुनिश्चित करें।
कमिश्नर ने आयुष्मान पंजीयन की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी पात्रों का पंजीयन करें। दैनिक लक्ष्य निर्धारित करते हुए पंजीयन की गति बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि आयुष्मान पंजीयन के लिए जीआरएस की भूमिका को सक्रिय करें। कॉमन सर्विस सेंटर में भी आयुष्मान पंजीयन करें तथा हितग्राहियों को उनकी पात्रतानुसार लाभ दें। विभागीय अधिकारी आयुष्मान योजना के लिए पात्र मरीजों का फॉलोअप भी करें। वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से संपन्न हुई इस बैठक में एनआईसी कक्ष में कलेक्टर हर्षिका सिंह, सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड एवं जिला प्रशासन के संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। संभाग आयुक्त ने शैक्षिणिक गतिविधियों की जिलेवार समीक्षा करते हुए कहा कि शालाओं में विद्यार्थी एवं शिक्षकों की उपस्थिति शत-प्रतिशत सुनिश्चित करें। साथ ही पाठ्यक्रम समय पर पूर्ण करें। उन्होंने सभी शालाओं में पानी, पंखे, लाइट को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा कहा कि शाला परिसर के आसपास से अतिक्रमण हटाएं। कमिश्नर ने निर्देशित किया कि शालाओं के पास गुटखा आदि की दुकानें ना रहें। साथ ही नशे पर सख्ती बरतें एवं ठोस कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि पुलिस के साथ मिलकर नशे के खिलाफ कार्रवाई करें, ड्रग्स की सप्लाई चैन ब्रेक करें, जागरूकता अभियान चलाएं। जाति प्रमाण पत्र अभियान की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि सभी पात्र बच्चों का जाति प्रमाण-पत्र बनवाएं। जाति प्रमाण पत्र को बालसभा का आयोजन कर पालकों की उपस्थिति में वितरण करें।

ग्राम सभाओं में दी जाएगी पेसा एक्ट के प्रावधानों की जानकारी
एक्ट के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में मुख्यमंत्री ने ली बैठक
मण्डला 17 नवम्बर 2022
पेसा एक्ट के क्रियान्वयन के संबंध में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इस एक्ट के माध्यम से जनजातियों को समर्थ बनाने का प्रयास किया जा रहा है। एक्ट के तहत उनको जल, जंगल और जमीन के अधिकार प्रदान किए गए हैं। सरकार का यह एक क्रांतिकारी कदम है जिसे प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से संपन्न हुई इस बैठक में एनआईसी कक्ष से कलेक्टर हर्षिका सिंह, एसपी यशपाल सिंह राजपूत एवं सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निर्देशित किया कि पेसा एक्ट का नुक्कड़-नाटक, दीवार-लेखन सहित अन्य नवाचारों के द्वारा व्यापक प्रचार-प्रसार करें। उन्होंने कहा कि एक्ट के संबंध में प्रचार-प्रसार करने एवं उसका प्रभावी क्रियान्वयन करने के लिए मध्यप्रदेश जनअभियान परिषद की महती भूमिका होगी। संबंधित सभी विभाग आपस में समन्वय करें। उन्होंने इस संबंध में 22 नवंबर को राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश दिए। श्री चौहान ने कहा कि 20 नवंबर से 3 दिसम्बर के मध्य चरणबद्ध रूप से ग्रामसभाओं का आयोजन किया जाकर ग्रामीणों को एक्ट के प्रावधानों से अवगत कराया जाएगा। ग्रामसभा की तिथि जिला कलेक्टर प्रभारी मंत्री से चर्चा कर तय करेंगे। इसी प्रकार ग्रामसभा के सदस्यों को भी प्रशिक्षित किया जाएगा जिसके लिए मास्टर ट्रेनर्स का चिन्हांकन की कार्यवाही निर्धारित समयावधि में पूर्ण करें। उन्होंने तेंदूपत्ता संग्रहण, विभिन्न समितियों के गठन एवं बैंक खाता खोलने की कार्यवाही के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। श्री चौहान ने कहा कि पेसा एक्ट के संबंध में जानकारी देने के लिए राज्य स्तर से यात्रा निकाली जाएगी, जो 4 दिसंबर को इंदौर में संपन्न होगी।

