Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 29 नवम्बर 2022

पेसा एक्ट प्रचार-प्रसार: डोंगर मंडला के चौक पर आयोजित हुई ग्रामसभा

कलेक्टर एवं विभागीय अधिकारियों ने दी एक्ट की जानकारी

 

मण्डला 29 नवम्बर 2022

मंगलवार को कलेक्टर हर्षिका सिंह अपने विभागीय अमले के साथ घुघरी क्षेत्र के दौरे पर थी। इस दौरान डोंगर मंडला में ’पेसा एक्ट’ की जानकारी देने ग्रामसभा आयोजित की गई। डोंगर मंडला चौक पर आयोजित हुई इस ग्रामसभा में जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, एसपी यशपाल सिंह राजपूत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, संबंधित क्षेत्र के अधिकारी एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने ग्रामीणों को ’पेसा एक्ट’ के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने एक्ट में ग्राम सभाओं के सशक्तिकरण के लिए किए गए प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। कलेक्टर ने कहा कि स्थानीयजन पेसा एक्ट की जानकारी जरूर प्राप्त करें तथा अधिनियम के अंतर्गत ग्राम सभाओं का गठन कर आगे की कार्यवाही प्रारंभ करें। उन्होंने अधिनियम के उद्देश्य, अधिनियम को बनाने की आवश्यकता एवं अधिनियम के अंतर्गत बनाई गई विभिन्न समितियों की कार्यप्रणाली और प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

 

कोर्ट-थाने से दूर रखेगी विवाद निवारण समिति – एसपी

 

डोंगर मंडला में आयोजित ग्रामसभा में पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने पेसा एक्ट के अंतर्गत गठित प्रमुख समिति शांति एवं विवाद निवारण समिति के बारे में स्थानीय लोगों को बताया। उन्होंने बताया कि यह समिति गांव के छोटे-मोटे झगड़ों को स्थानीय स्तर पर ही निपटाने का प्रयास करेगी। यदि गांव के किसी व्यक्ति की थाने में एफआईआर हुई है तो थानेदार या थाने के माध्यम से एफआईआर की सूचना समिति को दी जाएगी। यह समिति विवाद को स्थानीय स्तर पर ही बातचीत के माध्यम से निपटाने का प्रयास करेगी। एसपी ने बताया कि शांति एवं विवाद निवारण समिति गांव के सौहार्द्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस समिति द्वारा निपटाए जाने वाले विवादों से ग्रामीणों को अनावश्यक पुलिस एवं कोर्ट कचहरी के चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा तथा उनके पैसों की बचत होगी।

 

मास्टर ट्रेनर्स ने सरल भाषा में दी एक्ट की जानकारी

 

ग्रामसभा में ’पेसा एक्ट’ के प्रचार-प्रसार के लिए जिला प्रशासन द्वारा बनाए गए मास्टर ट्रेनर्स एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी द्वारा खनिज, आबकारी, जल संरक्षण, मत्स्य पालन आदि के लिए अधिनियम में किए गए प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान कलेक्टर ने अधिनियम के अंतर्गत किए गए वनोपज संग्रहण, मत्स्यपालन एवं पट्टे देने संबंधी प्रस्ताव, वनाधिकार, नशामुक्ति, शुष्क दिवस घोषित करने संबंधी प्रस्ताव विभिन्न प्रावधानों को अत्यंत सरल भाषा में स्थानीय ग्रामीणों को बताया। उन्होंने बताया कि ग्रामसभा मत्स्यपालन के लिए 10 हेक्टेयर तक के पट्टे दे सकती है। साथ ही सिंचाई के अंतर्गत 40 हेक्टेयर तक की सिंचाई के प्रबंधन का प्रस्ताव भी पारित कर सकती है।

 

 

 

 

 

 

 

 

हर पात्र विद्यार्थी मतदाता सूची में अपना नाम जोड़ने फार्म-6 भरें

कलेक्टर ने रामनगर स्कूल में की बात

 

मण्डला 29 नवम्बर 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मंगलवार को घुघरी क्षेत्र के भ्रमण के दौरान रामनगर स्कूल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने 12वी के विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऐसे छात्र-छात्राएं जो 18 वर्ष के हो चुके हैं या अक्टूबर 2023 में 18 वर्ष के हो रहे हैं मतदाता सूची में अपना नाम जोड़ने फार्म-6 भरें। उन्होंने शिक्षकों से ऐसे पात्र विद्यार्थियों की जानकारी ली। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, एपीसी मुकेश पांडे एवं संबंधित उपस्थित थे।

 

अपने जीवन का लक्ष्य बनाएं और प्राप्त करें

 

कलेक्टर ने 12वी के विद्यार्थियों से कैरियर के संबंध में चर्चा की। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से कहा कि अपने जीवन के लक्ष्यों को निर्धारित करें तथा उन्हें प्राप्त करने के लिए रास्तों को खोजें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि विद्यार्थियों के लिए समय-समय पर करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित करें। साथ ही स्कूलों में अलग-अलग व्यवसाय एवं करियर से संबंधित जानकारी आधारित पोस्टर लगाएं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

डोंगरमंडला के स्कूल एवं आंगनवाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण

एसपी ने बच्चों को बांटी बिस्किट्स

 

मण्डला 29 नवम्बर 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने डोंगरमंडला क्षेत्र के भ्रमण के दौरान डोंगरमंडला की आंगनवाड़ी, प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं का औचक निरीक्षण किया। आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कार्यकर्ता से केंद्र में दर्ज कुल बच्चे, कुपोषण की स्थिति, पूरक पोषण आहार वितरण के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बच्चों को ठंड के मद्देनजर बच्चों को मीनू के अनुसार भोजन दें। इस दौरान पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने आंगनवाड़ी केंद्र के बच्चों को बिस्किट्स बांटे। कलेक्टर ने केंद्र में जल-जीवन मिशन के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने केंद्र में पानी एवं बिजली कनेक्शन के बारे में जानकारी लेते हुए जरूरी निर्देश दिये। कलेक्टर ने डोंगरमंडला प्राथमिक शाला एवं माध्यमिक शाला की कक्षाओं का भी औचक निरीक्षण किया तथा बच्चों से गणित एवं अन्य विषय से संबंधित सवाल किए। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों की उपस्थिति तथा पुस्तक वितरण के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शाला में शिक्षकों की कमी होने पर तत्काल अतिथि शिक्षक की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

डोंगरमंडला में कलेक्टर ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

भुगतान लापरवाही पर जीआरएस को टर्मिनेट करने के निर्देश

 

मण्डला 29 नवम्बर 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह मंगलवार को घुघरी क्षेत्र के डोंगरमंडला के दौरे पर थी। उन्होंने डोंगर मंडला पहुंचकर ग्रामीणों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए योजनाओं के लाभ के संबंध में उनसे बात की। ग्रामीणों ने कलेक्टर को राशन एवं पेंशन से संबंधित समस्याएं बताई तथा आवेदन दिए। साथ ही पेयजल एवं मजदूरी भुगतान के संबंध में भी परेशानी बताई। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने एसडीएम घुघरी को निर्देशित किया कि पात्रता पर्ची के लिए पात्र हितग्राहियों के लिए शिविर लगाएं। इसी प्रकार उन्होंने मनरेगा भुगतान की परेशानियों को दूर करने जिला पंचायत सीईओ को तत्काल टीम भेजने के निर्देश दिये। स्थानीय लोगों द्वारा भुगतान में गड़बड़ी की शिकायत करने पर उन्होंने कहा कि टीम डोंगर मंडला पहुंचकर मनरेगा के कार्यों एवं भुगतान की जांच करेगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण जांच में सहयोग करें तथा वास्तविक स्थिति बताते हुए जांच पूर्ण कराएं। लापरवाही पाए जाने पर दोषियों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी।

कलेक्टर ने ग्रामीणों द्वारा पानी की समस्या बताए जाने पर कहा कि पीएचई विभाग को जल जीवन मिशन के अंतर्गत जनवरी 2023 के अंत तक अपना कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान वृद्ध मोहनलाल ने कलेक्टर को राशन नहीं मिलने की शिकायत की। साथ ही निराश्रित पेंशन के बारे में भी आवेदन दिया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को मोहनलाल के आवेदनों को लेकर जांच करते हुए उन्हें नियमानुसार तत्काल लाभ देने के निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

नवसाक्षरों ने उत्साह से किया कलेक्टर का स्वागत

 

मण्डला 29 नवम्बर 2022

’निरक्षरता से आजादी’ अभियान के अंतर्गत डोंगर मंडला में निरक्षर से साक्षर हुए महिला एवं पुरुष कलेक्टर हर्षिका सिंह से मिले। इस दौरान नवसाक्षर हुए ग्रामीणों ने बड़े उत्साह के साथ कलेक्टर हर्षिका सिंह का स्वागत किया तथा अक्षरज्ञान सीखने की अपनी यात्रा एवं अनुभव के बारे में बताया। कलेक्टर ने कहा कि सभी प्रतिदिन अपना समय निकालते हुए सीखने की इस प्रक्रिया को और आगे बढ़ाएं तथा अब अंगूठा लगाने के बजाय नाम लिखने की आदत डालें। श्रीमती सिंह ने नवसाक्षरों से कहा कि अब बैंक आदि छोटे-मोटे कार्यों में भी नाम लिखें। उन्होंने कहा कि अक्षरज्ञान सीखने के बाद अपने अनुभवों को आसपास के लोगों के साथ भी साझा करें तथा उन्हें भी अक्षरज्ञान सीखने के लिए प्रेरित करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

जनसुनवाई में मिले 50 आवेदन, एडीएम ने सुनी समस्याएं

 

मण्डला 29 नवम्बर 2022

जिला योजना भवन में आयोजित जनसुनवाई में अपर कलेक्टर मीना मसराम ने आवेदकों की समस्याएं सुनी। जनसुनवाई में 50 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किए। अपर कलेक्टर ने सभी आवेदकों की समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में एसीईओ एसएस मरावी, एसडीएम पुष्पेन्द्र अहके, तहसीलदार मण्डला सहित संबंधित विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित थे।

जनसुनवाई में ग्राम पंचायत देवहारा निवासी हरिश्चंद मरकाम (सरपंच) ने रोजगार सहायक भर्ती के संबंध में, ग्राम पुरवा निवासी आशीष कछवाहा ने विद्युत सॉर्टसर्किट से आग लगने पर आर्थिक सहायता दिलाने के संबंध में, ग्राम किकरामाल निवासी अरूणा ने अगस्त 2020 के पूर्व का बिजली बिल माफ के संबंध में, राजीव कालोनी मण्डला निवासी जयबघेल ने संपरच, सचिव द्वारा मटेरियल की राशि भुगतान के संबंध में तथा अन्य आवेदकों ने अलग-अलग समस्याओं के संबंध में आवदेन प्रस्तुत किए।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

मतदाता सूची में नाम जोड़ने प्राचार्यों के साथ बैठक

 

मण्डला 29 नवम्बर 2022

एसडीएम मंडला से प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 नवंबर 2022 को 17 से ज्यादा वर्ष के नवीन मतदाता जो 1 अक्टूबर 2023 तक 18 वर्ष पूर्ण कर लेंगे, को मतदाता सूची से जोड़ने हेतु सभी शालाओं के प्राचार्य के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपजिला निर्वाचन अधिकारी मंडला, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी रा. मंडला एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं तहसीलदार मंडला उपस्थित रहे। बैठक में ऐसे पात्र विद्यार्थियों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने हेतु आवेदन 8 दिसंबर 2023 के पूर्व जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा करने हेतु निर्देशित किया गया।

 

 

 

 

 

 

 

कौशल उन्नयन प्रशिक्षण एवं उपकरण के लिए आवेदन आमंत्रित

 

मण्डला 29 नवम्बर 2022

हाथकरघा एवं हस्तशिल्प क्षेत्रों के लिए कौशल एवं तकनीकी विकास योजना 2021 अंतर्गत मण्डला जिले के बुनकरों एवं शिल्पियों, स्व-सहायता समूहों, बुनकर सहकारी समितियों, मास्टर उद्यमियों से वर्ष 2022-23 हेतु कौशल उन्नयन प्रशिक्षण एवं उपकरण के लिए 10 दिसंबर 2022 तक आवेदन आमंत्रित किये गए हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला ग्रामोद्योग अधिकारी जिला पंचायत मण्डला से सम्पर्क किया जा सकता है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

हिरदेनगर में मेगा आयुष शिविर आज

 

मण्डला 29 नवम्बर 2022

प्रभारी जिला आयुष अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 नवंबर को ग्राम हिरदेनगर में मेगा आयुष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर के प्रभारी डॉ. रिचा धुर्वे रहेंगे। आयुष अधिकारी ने शिविर के लिए अधिकारी एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित कर निर्देशित किया है कि दिए गए दायित्वों के अनुसार शासकीय सेवक शिविर का संचालन करेंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

पेसा एक्ट की जानकारी देने ग्रामसभाओं का आयोजन

 

मण्डला 29 नवम्बर 2022

पेसा एक्ट के प्रावधानों से ग्रामीणजनों को अवगत कराने के उद्देश्य से 20 नवंबर से 3 दिसंबर तक चरणबद्ध रूप से विशेष ग्रामसभाओं का आयोजन किया जा रहा है। ग्रामसभाओं के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार पेसा एक्ट के प्रावधानों से अवगत कराने के लिए 30 नवंबर को बिछिया विकासखंड के लमना, सोतिया, बगासपुर, सूरपाठी, गुडली, सारसडोली माल, चंदिया, डुंगरिया रैयत, ग्यारहडोगरी एवं करंजिया रैयत में, घुघरी विकासखंड के गुल्लूखोह, छाता, बरवानी, चौबा, धनगांव, सहजर एवं लाफन में ग्रामसभा आयोजित की जाएंगी।

 

1 दिसंबर को इन ग्रामों में होंगी ग्रामसभाएँ

 

पेसा एक्ट के प्रावधानों से अवगत कराने के लिए 1 दिसंबर को बिछिया विकासखंड के बहेरा माल, गुनेरा, बिरसा, चौरंगामाल, खलौड़ी, जोगीसोंढा, किसली भिलवानी, धरमपुरी माल, मनोहरपुर, भीमा, बरखेड़ा एवं घोंट में, घुघरी विकासखंड के कटंगी, घुरघुटी, चीतापखना, दुलादर, खजरी, पिपरियाखुर्द एवं सिमरिया में ग्रामसभा आयोजित की जाएंगी।

 

 

 

 

 

नशे में पाया गया रोजगार सहायक

कलेक्टर ने की सेवा समाप्त

 

मण्डला 29 नवम्बर 2022

अपने पदीप दायित्वों, कर्त्तव्यों के प्रति लापरवाही, उदासीनता एवं स्वेच्छाचारिता बरतने पर ग्राम पंचायत डोंगरमंडला विकासखंड घुघरी के ग्राम रोजगार सहायक फूलसिंह यादव को कलेक्टर हर्षिका सिंह द्वारा तत्काल प्रभाव से पद से पृथक कर दिया गया है।

उक्त रोजगार सहायक द्वारा बड़ी संख्या में भुगतान के प्रकरणों को लंबित रखा गया था साथ ही वह 29 नवंबर को कलेक्टर के भ्रमण के दौरान शराब के नशे में पाया गया जिसकी मेडीकल जांच प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र राम्हेपुर विकासखंड घुघरी में कराई गई, जांच में शराब के नशे मंे होने की पुष्टि हुई है।

 

 

 

 

 

 

 

सहायक शिक्षक संध्या मालवीय की एक वेतनवृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकी गई

 

मण्डला 29 नवम्बर 2022

शैलेन्द्र मालवीय प्रभारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी मंडला द्वारा अपनी पत्नि संध्या मालवीय सहायक शिक्षक (प्रभारी पाठक) के सहयोग से अपने पुत्र की अतिथि शिक्षक के रूप में अवैध नियुक्ति कर उनकी मानदेय राशि का नियम विपरीत आहरण कर भुगतान किया गया है। उक्त प्रकरण में सहायक शिक्षक संध्या मालवीय भी दोषी पाई गई है उनका यह कृत्य म.प्र. सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3 के उपनियम (1) (एक) (दो) (तीन) के विपरीत गंभीर कदाचरण की श्रेणी में आता है। प्रकरण की जांच रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर हर्षिका सिंह द्वारा सहायक शिक्षक (प्रभारी पाठक) की एक वेतनवृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकते हुए भविष्य के लिए सचेत किया गया।

 

 

 

 

 

 

 

 

बीईओ मंडला का प्रभार तुलसीराम असाठी को

 

मण्डला 29 नवम्बर 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने विकासखंड मण्डला में पदस्थ वरिष्ठता प्राचार्य तुलसीदास असाठी प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 मण्डला को आगामी आदेश पर्यन्त तक विकासखंड शिक्षा अधिकारी मण्डला का अतिरिक्त प्रशासनिक एवं वित्तीय प्रभार सौंपने संबंधी आदेश जारी किए हैं। शैलेन्द्र मालवीय प्रभारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी को विकासखंड शिक्षा अधिकारी मंडला के प्रभार से हटाते हुए उनकी मूल संस्था रानी अवंती बाई शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मंडला में वापिस किया गया है।

 

 

Related posts

नर्मदा तट के कुम्हा घाट में आयोजित हुआ जल गंगा संवर्धन कार्यक्रम

Reva India News

जिले में 17 अगस्त तक 1142.5 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई

Reva India News

जिला पंचायत सामान्य सभा की बैठक 13 को

Reva India News

Leave a Comment