सीएम ऑन एक्शन मोड: जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण
सिविल सर्जन को किया मौके पर निलंबित
मंडला 3 दिसम्बर 2022
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सरकारी व्यवस्थाओं में गड़बड़ी एवं अधिकारियों की लापरवाही पर लगातार एक्शन मोड पर हैं। शनिवार को सीएम अचानक मंडला के महाराजपुर हेलीपेड पहुंचे तथा वहां से सीधे जिला चिकित्सालय के निरीक्षण के लिए निकले। मुख्यमंत्री ने जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने सिविल सर्जन डॉ. कृपाराम शाक्य से व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा व्यवस्थाओं से असंतुष्टि जाहिर करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से मौके पर ही निलंबित कर दिया। श्री चौहान ने जिला चिकित्सालय में ओपीडी, लैब, डायलिसिस यूनिट, वेंटीलेटर तथा एम्बूलेंस की व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी मांगी। उन्होंने अधिकारियों से ’कायाकल्प अभियान’ के बारे में सवाल करते हुए अभियान के क्रियान्वयन की जमीनी पड़ताल की।
अस्पताल की व्यवस्थाएं सुधारें, विशेष टीम करेगी दौरा
मुख्यमंत्री ने कलेक्टर हर्षिका सिंह को निर्देशित किया कि जिला चिकित्सालय की मूलभूत व्यवस्थाएं सुधारें। उन्होंने इस दौरान अस्पताल में दवाईयों की उपलब्धता, स्टोर रूम की व्यवस्था तथा अभिलेखों की जांच भी की। श्री चौहान ने निर्देशित किया कि जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं की पुनः जांच करने के लिए भोपाल से विशेष टीम मंडला का दौरा करेगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जिला चिकित्सालय के अलग-अलग वार्डों एवं व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से जिला चिकित्सालय के लिए राज्य स्तर से भेजे गए स्वास्थ्य एवं जांच उपकरणों के इन्स्टॉलेशन की जानकारी भी मांगी।
कन्या छात्रावासों की व्यवस्थाएं सराहनीय – मुख्यमंत्री श्री चौहान
सीएम ने अधीक्षिका को किया सम्मानित
मंडला 3 दिसम्बर 2022
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने मंडला दौरे के मद्देनजर आदिवासी कन्या एवं सीनियर कन्या छात्रावासों का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने कन्या छात्रावासों की सभी जरूरी व्यवस्थाओं की पड़ताल की। श्री चौहान ने छात्रावासों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने भोजन कक्ष, शयन कक्ष, शौचालय, पानी, अध्ययन कक्ष तथा परिसर की साफ-सफाई का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं की सराहना की तथा कहा कि अच्छे कार्य करने वालों का सम्मान होगा तथा खराब प्रदर्शन या लापरवाही पर सख्ती होगी। इस दौरान उन्होंने दोनों छात्रावासों की प्रभारी अधीक्षिका प्रभा गुमास्ता का पुष्पगुच्छ देकर सम्मान भी किया।
सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों का सीएम ने किया सम्मान
पुष्पगुच्छ देकर दी बधाई
मंडला 3 दिसम्बर 2022
शनिवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आकस्मिक मंडला दौरे पर उनके अलग-अलग रूप दिखे। उन्होंने जहां एक ओर लापरवाह अधिकारियों को मौके पर ही सबक सिखाया। वहीं दूसरी ओर जिला प्रशासन के कर्मठ अधिकारियों का सम्मान भी किया। कन्या छात्रावासों के निरीक्षण के पश्चात मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। उन्होंने अधिकारियों को उनकी कर्तव्यनिष्ठा के लिए बधाई दी और पीठ थपथपाई। मुख्यमंत्री ने अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एसएस मरावी, कार्यपालन यंत्री पीआईयू जीपी पटले और वरिष्ठ कोषालय अधिकारी अखिलेश नेटी को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। उन्होंने एसडीएम बिछिया सुलेखा उईके, नायब तहसीलदार बिछिया शीतल चंद्रवंशी, एआरसीएस राजेश उईके, उप निरीक्षक नक्सल शाखा उपेन्द्र दुबे के कार्यों की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं।
अंतर्राष्ट्रीय विकलांग दिवस पर आयोजित हुई विविध प्रतियोगिताएं
मंडला 3 दिसम्बर 2022
अंतर्राष्ट्रीय विश्व विकलांग दिवस के अवसर पर स्टेडियम ग्राउंड मंडला में विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद संपतिया उइके सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड एवं एसीईओ एसएस मरावी उपस्थित थे। अंतर्राष्ट्रीय विकलांग दिवस के अवसर पर बच्चों और दिव्यांगजनों द्वारा कुर्सी दौड, 100 मीटर की दौड़, 200 मीटर की दौड़, रस्साकशी, जलेबी दौड़ की गतिविधियां कराई गई।
पूर्व राज्यसभा सांसद संपतिया उईके ने कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने दिव्यांगों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। श्रीमती उईके ने कहा कि दिव्यांगजनों के लिए केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है। सभी दिव्यांगजन इन योजनाओं का लाभ लेते हुए अपने सपनों को पूरा करें। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के माध्यम से विजेताओं को पारितोषिक वितरण कराया गया। जबलपुर से आए डॉ. रामनरेश पटेल एवं डॉ. श्रद्धा तिवारी द्वारा दिव्यांग बच्चों को मार्गदर्शन दिया गया।
जिला निःशक्त पुर्नवास केन्द्र का उद्घाटन
मंडला 3 दिसम्बर 2022
विश्व विकलांग दिवस के अवसर पर तन्खा मेमोरियल में निर्मित जिला निःशक्त पुर्नवास केन्द्र का शुभारंभ विधायक निवास डॉ. अशोक मर्सकोले, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, उपाध्यक्ष कमलेश तेकाम, जिला पंचायत सदस्य संदीप सिंह एवं पूर्व राज्यसभा सांसद संपतिया उईके द्वारा किया गया। इस अवसर पर डीडीआरसी परिसर में रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस दौरान केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते द्वारा दिव्यांगजनों के लिए ऑडियो संदेश का प्रसारण हुआ। श्री कुलस्ते ने सभी बच्चों को शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर दिव्यांगजनों को कृत्रिम उपकरणों का वितरण भी किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मंचासीन अतिथियों द्वारा पारितोषिक वितरित किए गए। यह कार्यक्रम रोटरी क्लब से संजय तिवारी, एडीपीसी मुकेश पांडे, केके उपाध्याय हीरेन्द्र वर्मा सहित संबंधित उपस्थित रहे।
मध्यप्रदेश राज्य कौशल प्रतियोगिता 2022 के लिए पंजीयन
मंडला 3 दिसम्बर 2022
मध्यप्रदेश राज्य कौशल विकास एवं रोजगार निर्माण बोर्ड तकनीकी शिक्षा मध्यप्रदेश शासन द्वारा मध्यप्रदेश राज्य कौशल प्रतियोगिता 2022 का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता के लिए किसी भी शैक्षणिक योग्यता की बाध्यता नहीं है। यदि आपके पास कोई स्किल है, हुनर है, तो आप इस प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं। इस प्रतियोगिता के विजेताओं को स्किल इंडिया एवं विश्व कौशल प्रतियोगिता 2024 में देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए www.dsd.mp.gov.in, www.mpskills.gov.in एवं www.ssdm.mp.gov.in पोर्टल में अपना पंजीयन कर सकते हैं। पंजीयन की अंतिम तिथि 15 दिसम्बर 2022 है।
