किसान रोजगार मांगने वाले नहीं, देने वाले बनें – राज्यमंत्री भारत सिंह कुशवाह
नारायणगंज में एक दिवसीय कृषि मेला और कृषक प्रशिक्षण शिविर संपन्न
मंडला 10 दिसम्बर 2022
नारायणगंज में आयोजित एक दिवसीय कृषि मेला और कृषक प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार के उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण (स्वतंत्र प्रभार) एवं नर्मदा घाटी विकास विभाग राज्यमंत्री भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि सरकार द्वारा किसानों को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही है। उद्यानिकी के क्षेत्र में लाभ की बहुत संभावनाएं हैं। उन्होंने किसानों का आव्हान किया कि वे योजनाओं का लाभ लेते हुए अन्य लोगों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएं। किसान रोजगार मांगने वाले नहीं, देने वाले बनें। इस अवसर पर विधायक निवास डॉ. अशोक मर्सकोले, जिला पंचायत जबलपुर के अध्यक्ष संतोष बरकड़े, जनपद अध्यक्ष आशाराम भारतीय, पूर्व विधायक रामप्यारे कुलस्ते, रतन ठाकुर सहित, सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, एसीईओ जिला पंचायत एसएस मरावी, एसडीएम निवास शिवाली सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे।
राज्यमंत्री श्री कुशवाह ने कहा कि किसान देश की ताकत हैं। आत्मनिर्भर किसानों से ही प्रदेश और देश आत्मनिर्भर बनेगा। किसानों को सक्षम बनाने के लिए शासन द्वारा अनुदान तथा प्रशिक्षण प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने किसानों का आव्हान किया कि वे खेती के कार्य में कृषि वैज्ञानिकों की सलाहों पर अमल करें। श्री कुशवाह ने कहा कि स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। फुड प्रोसेसिंग के लिए स्व-सहायता समूह की प्रत्येक दीदी के लिए 40 हजार रूपए का प्रावधान किया गया है। इस अवसर पर विधायक निवास डॉ. अशोक मर्सकोले ने अपने संबोधन में कहा कि कृषि तथा उद्यानिकी कार्यों के लिए समन्वित योजना बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने क्षेत्र में जल और जमीन की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए मास्टर प्लान बनाने का आव्हान किया। श्री मर्सकोले ने बिजली आपूर्ति तथा पेसा एक्ट के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में भी अपनी बात रखी। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। मंचीय कार्यक्रम के पूर्व अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई स्टॉलों का अवलोकन किया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक रामप्यारे कुलस्ते सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर उद्यानिकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कृषकों को सम्मानित किया गया तथा चिन्हित हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अखिलेश उपाध्याय ने किया।
उद्यानिकी फसलों में लाभ अधिक
अपने संबोधन में राज्यमंत्री भारत सिंह कुशवाहा ने कहा कि आर्थिक रूप से सक्षम बनने के लिए रबी एवं खरीफ की फसलें पर्याप्त नहीं हैं, इनके साथ-साथ किसानों को उद्यानिकी फसलों पर भी ध्यान देना चाहिए। फल, फूल, सब्जी आदि उद्यानिकी फसलें अधिक लाभ देती हैं। इन उत्पादों की प्रोसेसिंग एवं पैकिंग कर विक्रय करने में अन्य लोगों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध होते हैं। साथ ही मुनाफा भी अधिक होता है। श्री कुशवाह ने अपने संबोधन में प्रोसेसिंग तथा भंडारण यूनिट आदि के लिए दिए जाने वाले अनुदान के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी।
कृषकों के सहयोग से मॉडल बनेगा नारायणगंज
श्री कुशवाह ने कहा कि नारायणगंज सहित प्रदेश के 20 विकासखंडों को उद्यानिकी के क्षेत्र में मॉडल बनाने के लिए चयनित किया गया है। क्षेत्र में उद्यानिकी फसलों को प्रोत्साहित करने के लिए शासन स्तर से अतिरिक्त आवंटन भी उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने किसानों का आव्हान किया कि वे उद्यानिकी फसलों से जुड़ें। साथ ही प्रोसेसिंग, पैकिंग एवं भंडारण यूनिट स्थापित करें। राज्यमंत्री श्री कुशवाह ने कहा कि कृषकों के सहयोग से नारायणगंज को मॉडल बनाया जाएगा।
नारायणगंज में बनेगा प्रशिक्षण केन्द्र
उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण (स्वतंत्र प्रभार) एवं नर्मदा घाटी विकास विभाग राज्यमंत्री भारत सिंह कुशवाह ने अपने संबोधन में कहा कि कृषि को लाभ का धंधा बनाने के लिए विशेषज्ञों का समुचित मार्गदर्शन नितांत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नारायणगंज विकासखंड में प्रशिक्षण केन्द्र बनाया जाएगा। प्रशिक्षण केन्द्र में समय-समय पर किसानों को कृषि कार्य से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किए जाएंगे। इस संबंध में उन्होंने शासन द्वारा प्रदाय किए जाने वाले राशि के संबंध में भी जानकारी दी।
सफलता की कहानी पत्रिका का विमोचन
एक दिवसीय कृषि मेला और कृषक प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश सरकार के उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण (स्वतंत्र प्रभार) एवं नर्मदा घाटी विकास विभाग राज्यमंत्री भारत सिंह कुशवाह एवं विधायक निवास डॉ. अशोक मर्सकोले सहित अन्य मंचासीन अतिथियों द्वारा उद्यानिकी विभाग द्वारा तैयार की गई सफलता की कहानी पत्रिका का विमोचन किया। इस पत्रिका में सफल उद्यानिकी किसानों के अनुभव साझा किए गए हैं। श्री कुशवाह ने उपस्थित किसानों से आग्रह किया कि वे इस पत्रिका का अध्ययन करें तथा दिए गए सुझावों पर अमल करते हुए अपनी फसलों का उत्पादन बढ़ाएं।
कलेक्टर ने की निक्षय मित्र बन टीबी रोगियों की सहायता करने की अपील
मंडला 10 दिसम्बर 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, स्वयंसेवी संगठनों तथा अधिकारियों का आव्हान किया कि वे क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत निक्षयमित्र बनकर टीबी रोगियों को बीमारी से निजात दिलाने में सहयोगी बनें। उन्होंने बताया कि जिले में 845 चिन्हित क्षय रोगी हैं जिन्हें निक्षयमित्रों के माध्यम से फुड बास्केट उपलब्ध कराए जाने हैं। निक्षयमित्र 690 रूपए प्रदान कर एक टीबी मरीज के लिए बास्केट प्रदान कर सकता है। निक्षयमित्र बनने के लिए इच्छुक व्यक्ति मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन, जिला क्षय अधिकारी अथवा निकटतम स्वास्थ्य केन्द्र में संपर्क कर सकता है।
अतिक्रमण हटाते हुए दी गई समझाईश
मंडला 10 दिसम्बर 2022
नगर में यातायात की व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नगरपालिका, पुलिस तथा राजस्व विभाग की टीम द्वारा सड़कों पर लगाई गई दुकानों को हटाने की कार्यवाही लगातार जारी है। इसी क्रम में आज बैगा-बैगी चौक से अंबेडकर चौराहे, चिलमन चौक, अम्बेडकर चौक से लालीपुर चौराहे से बैगा-बैगी चौक तक समस्त सड़क पर दुकानों के सामने चिन्हित स्थान तक पार्किंग व सामान दुकानों के भीतर रखने की समझाईश दी गई। प्रतिबंधित स्थलों पर खड़े वाहनों को जब्त किया गया। दुर्घटना संभावित सड़क तक लगे हुए बाँस, बल्ली से अतिक्रमित रोड को मुक्त करवाया गया। कार्यवाही में एसडीएम पुष्पेन्द्र अहके एवं एसडीओपी अश्विनी कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही पर मतदान केन्द्र मनोरी के बीएलओ को कारण बताओ नोटिस
मंडला 10 दिसम्बर 2022
फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के विशेष पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही बरतने पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बिछिया ने मतदान केन्द्र मनोरी के बीएलओ जागेन्द्र सिंह परिहार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत इनके द्वारा सिर्फ एक मतदाता का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के आवेदन दर्ज किया गया है जिससे यह स्पष्ट होता है कि इन्होंने पुनरीक्षण के पूर्व और न ही पुनरीक्षण के समय डोर-टू-डोर सर्वे किया गया, ना ही पूर्व में आयोजित कैम्पों में उपस्थित रहे हैं। जिसे गंभीरता से लेते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बिछिया द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। नोटिस का जवाब 12 दिसंबर को समक्ष में उपस्थित होकर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। समाधानकारक जवाब न होने की स्थिति में नियमानुसार एकपक्षीय कार्यवाही की जाएगी।
4 लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत
मंडला 10 दिसम्बर 2022
प्राप्त जानकारी के अनुसार भगतसिंह वार्ड सिवनी निवासी गनेश प्रसाद की पानी में डूबने से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मंडला द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मृतक के निकटतम वारसान आवेदक लक्ष्मी कुल्हाडे को कुल 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।
