गंभीरता से करें दायित्वों का निर्वहन, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करें – हर्षिका सिंह
समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश
मंडला 9 दिसम्बर 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य अमला पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करें। योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करें। विभाग की सभी योजनाएं संबंधित व्यक्ति के स्वास्थ्य को सीधे प्रभावित करती हैं। किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधितों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, सीएमएचओ डॉ. श्रीनाथ सिंह सहित संबंधित उपस्थित रहे।
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम अंतर्गत सब नेशनल सर्टिफिकेट हेतु चिन्हित ग्रामों, वार्डाे में टीबी डोर टू डोर सर्वे की कार्यवाही अगले 4 दिवस में पूर्ण करें। सर्वे के दौरान समस्त संभावित टीबी मरीजों के सेंपलों की जांच सीबीनॉट मशीन से कराएं। बीएमओ सर्वे कार्य की मॉनीटरिंग करें। टीबी नोटिफिकेशन को कम से कम 75 प्रतिशत तक पहुंचाएं। समीक्षा में डीटीसी मण्डला, मवई, नैनपुर, बिछिया में खखार जांच की उपलब्धि कम पाई गई, जिसे बढाने के निर्देश दिये गये। कलेक्टर ने कहा कि टीबी मरीजों की एचआईव्ही एवं डायबिटीज की जांच कराएं। क्षय रोग के लक्षण, सावधानी तथा उपचार आदि के बारे में बताते हुए इस संबंध में जनसामान्य को जागरूक करें। उन्हांेने सब नेशनल सर्टिफिकेट के संबंध में समस्त तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि बीएमओ क्षेत्रांतर्गत सभी स्वास्थ्य केन्द्रों का चैकलिस्ट के अनुसार भ्रमण करते हुए व्यवस्थाओं में सुधार करें। जननी सुरक्षा योजना का भुगतान समय पर करें। संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहित करें। जिन क्षेत्रों में घरों में प्रसव हो रहे हैं वहां जागरूकता शिविर लगाएं। बाल मृत्यु दर की चर्चा करते हुए कलेक्टर ने नवजात शिशु के पालन-पोषण के संबंध में भी जनसामान्य को जागरूक करने के निर्देश दिए।
बिछिया में मिले मीजल्स रूबेला के एक प्रकरण की चर्चा करते हुए कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट में स्पष्ट करें कि टीकाकरण में किस स्तर पर लापरवाही हुई है। मीजल्स रूबेला के सर्वेलायंस पर लापरवाही बरतने पर कलेक्टर ने बीएमओ बिछिया, मवई एवं नैनपुर को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में कायाकल्प अभियान, परिवार कल्याण कार्यक्रम, सीएम हेल्पलाईन, मलेरिया उन्मूलन आदि पर भी विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए गए।
निक्षय मित्र बन टीबी रोगियों की सहायता करें
क्षय उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, स्वयंसेवी संगठनों तथा अधिकारियों का आव्हान किया कि वे निक्षयमित्र बनकर टीबी रोगियों को बीमारी से निजात दिलाने में सहयोगी बनें। उन्होंने बताया कि जिले में 845 चिन्हित क्षय रोगी हैं जिन्हें निक्षयमित्रों के माध्यम से फुड बास्केट उपलब्ध कराए जाने हैं। निक्षयमित्र 690 रूपए प्रदान कर एक टीबी मरीज के लिए बास्केट प्रदान कर सकता है।
पता करें कितने बच्चों का टीकाकरण नहीं हुआ
टीकाकरण अभियान की सीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि घर-घर सर्वे करते हुए शिशु टीकाकरण की जानकारी एकत्र करें। सर्वे के दौरान उन बच्चों का चिन्हांकन करें जिनका टीकाकरण अब तक नहीं हुआ है। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि 50 प्रतिशत से कम टीकाकरण वाले क्षेत्रों में बीएमओ स्वयं भ्रमण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। नैनपुर के वार्ड क्रमांक 1 तथा 14 में टीकाकरण में लापरवाही पर कलेक्टर ने संबंधित एएनएम तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार ड्यू लिस्ट की जानकारी उपलब्ध नहीं कराने पर बीएमओ घुघरी एवं मोहगांव को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि नियमित टीकाकरण से कोई भी बच्चा छूटना नहीं चाहिए।
एनआरसी से बाहर आने वाले बच्चों को फॉलोअप करें
कुपोषित बच्चों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि सभी अतिकुपोषित तथा कुपोषित बच्चों का अगले 10 दिनों में स्वास्थ्य परीक्षण कराएं। बच्चों का चिन्हांकन कर उन्हें एनआरसी भेजें। कलेक्टर ने कहा कि एनआरसी को परिणामदायी बनाएं। एनआरसी में भर्ती बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार परिलक्षित होना चाहिए। एनआरसी से जाने के बाद भी बच्चों का लगातार फॉलोअप करें। सेम तथा मेम श्रेणी के बच्चों की प्रतिदिन आंगनवाड़ी केन्द्रों में उपस्थिति सुनिश्चित करें। उन्होंने इस संबंध में पृथक से रजिस्टर संधारित करने के भी निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि आंगनवाड़ी केन्द्रों में आवश्यक दवाईयों की उपलब्धता सुनिश्चित करें।
सरवाईकल तथा स्तन केंसर पर करें फोकस
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि सर्वाइकल तथा स्तन केंसर पर फोकस करें। इस संबंध में शतप्रतिशत स्क्रीनिंग करते हुए मरीजों का चिन्हांकन करें तथा उन्हें समुचित उपचार प्रदान करें। उन्होंने कहा कि सुपरवाईजर स्तर पर शिविर आयोजित करें तथा स्तन केंसर के संबंध में जानकारी प्रदान करें। महिलाओं के स्वास्थ्य से संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिए महिला स्वास्थ्य पखवाड़ा का आयोजन करें। बच्चों की आंखों के परीक्षण के लिए भी शिविर लगाएं। आरबीएसके की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सर्जरी शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।
रक्तदान शिविरों का करें आयोजन
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि मरीजों को रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विकासखंड स्तर पर शिविर आयोजित करें। बीएमओ द्वारा प्रस्तावित तिथि के अनुसार सीएमएचओ शिविर के लिए योजना तैयार करें। व्यापक प्रचार-प्रसार कर युवाओं को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करें। उन्होंने महाविद्यालय स्तर पर भी रक्त शिविरों के आयोजन के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि गंभीर एनीमिक मरीज को ब्लडबैंक से बिना शर्त रक्त उपलब्ध कराएं।
स्वीकृति पत्र एवं हितलाभ के वितरण कार्यक्रम संपन्न
मंडला 9 दिसम्बर 2022
जिला स्तरीय मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के स्वीकृति पत्र एवं हितलाभ के वितरण कार्यक्रम डाइट परिसर मंडला में आयोजित किया गया। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, जनपद पंचायत अध्यक्ष सोनू भलावी, कलेक्टर हर्षिका सिंह, पंचायत सीईओ रानी बाटड, नगरपालिका उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष संदीप सिंगौर, सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा सहित संबंधित उपस्थिति थे। कार्यक्रम में छिंदवाड़ा में आयोजित संभाग स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया।
इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष सोनू भलावी ने अपने संबोधन में शासन द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की सराहना करते हुए जनसामान्य से आग्रह किया कि वे पात्रतानुसार योजनाओं का लाभ उठाएं। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र एवं हितलाभ वितरण किया गया। कार्यक्रम का संचालन अखिलेश उपाध्याय ने किया।
कलेक्टर के निर्देश: गरूड़ पोर्टल पर एंट्री पूर्ण करें
मंडला 9 दिसम्बर 2022
बीएलओ सुपरवाईजर की बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि फोटोयुक्त मतदाता सूची के संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान प्राप्त किए गए फॉर्म की गरूड़ पोर्टल पर शतप्रतिशत एंट्री सुनिश्चित करें। इस संबंध में बीएलओ से समन्वय करें। एंट्री का कार्य पूरी गंभीरता से करें।
श्रीमती सिंह ने निर्देशित किया कि सभी बीएलओ तथा सुपरवाईजर इस आशय का प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करें। उनके क्षेत्रांतर्गत 1 अक्टूबर 2023 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी नवीन मतदाता, बाहर से आने वाले लोग, बैगा समुदाय तथा दिव्यांगजनों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कर लिए गए हैं। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी मीना मसराम, निर्वाचन अधीक्षक अरूण कुशवाहा तथा लिपिक सीके तिवारी सहित संबंधित उपस्थित रहे।
महाविद्यालयों की प्राचार्यों की बैठक आज
मंडला 9 दिसम्बर 2022
फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के विशेष पुनरीक्षण के संबंध में जिले में संचालित समस्त महाविद्यालयों की बैठक 10 दिसंबर को प्रातः 11 बजे से जिला योजना भवन में आयोजित की गई है। संबंधितों से बैठक में उपस्थिति के निर्देश दिए गए हैं।
प्लेसमेंट ड्राइव में 39 का प्रारंभिक चयन
मंडला 9 दिसम्बर 2022
शासकीय आईटीआई मंडला में केंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया जिसमें सुजुकी मोटर्स गुजरात ने भाग लिया। कैंपस में विभिन्न ट्रेड टर्नर, मशीनिस्ट, फिटर, डीजल मैकेनिक, मोटर मैकेनिक, वेल्डर, टेक्रीशियन आटोमोटिव मैन्युफैक्चरिंग टूल एंड डाई, प्लास्टिक प्रोसेसिंग ऑपरेटर, पेंटर, इलेक्ट्रिशियन एवं ट्रैक्टर मैकेनिक के 136 प्रशिक्षणार्थियों ने पंजीयन किया जिसमें 39 प्रशिक्षणार्थियों का प्रारंभिक चयन हुआ। चयनित प्रशिक्षणार्थियों को 21 हजार रूपए सैलरी एवं अन्य सुविधाएं कंपनी द्वारा दिए जाएंगे।
व्यक्ति के स्वास्थ्य का सम्पूर्ण लेखा-जोखा रखने के लिये बनाई जा रही है ’आभा हेल्थ आईडी’
मंडला 9 दिसम्बर 2022
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीनाथ सिंह ने बताया कि अब आधार कार्ड की तरह सबकी हेल्थ आई.डी. तैयार होगी। इसमें व्यक्ति के स्वास्थ्य से जुड़ा पूरा लेखा-जोखा दर्ज रहेगा। इसके लिये शासन द्वारा आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) आईडी बनाई जा रही है।
जिले की समस्त स्वास्थ्य संस्थाएं जिला चिकित्सालय मंडला, सिविल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, उपस्वास्थ्य केन्द्र पर आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत आईडी बनाई जा रही है। आभा आईडी में व्यक्ति की एक-एक बीमारी के संबंध में की गई जांच और जांच रिपोर्ट के अलावा जो इलाज दिया गया, उसका पूरा रिकार्ड दर्ज होगा। इसका बड़ा फायदा यह होगा कि व्यक्ति को अपनी जांच और इलाज के रिकार्ड की फाईल संभालकर रखने और हर बार साथ लेकर जाने की आवश्यक नहीं रहेगी। सबसे ज्यादा उन लोगों को फायदा होगा जो गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। साथ ही शहर में मेडिकल इमरजेंसी हुई तो उनकी आभा आईडी से डॉक्टर पूरी मेडिकल हिस्ट्री देख पायेंगे।
आईडी बनवाने में आधार कार्ड और मोबाईल जरूरी
जो व्यक्ति आभा आईडी बनवाने जा रहे हैं, वे अपना आधार कार्ड और आधार से लिंक कराया गया मोबाईल साथ लेकर आयें। आभा आईडी रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया के दौरान उक्त मोबाईल नंबर पर मैसेज आयेगा, जो रजिस्ट्रेशन के दौरान बताना अनिवार्य होगा। व्यक्ति के मेडिकल रिकार्ड को कहीं से भी एक्सेस किया जा सकेगा। इसके लिये व्यक्ति को आभा आईडी बनानी होगी। इसके माध्यम से डॉक्टर आपकी मेडिकल हिस्ट्री देख पायेंगे। डॉक्टर को आभा आईडी में एक्सेस करने के लिये ओटीपी की जरूरत पड़ेगी। यह ओटीपी संबंधित के मोबाईल नंबर पर आयेगा। अतः नागरिको से अपील है कि अपनी नजदीकी स्वास्थ्य संस्था में जाकर आभा आईडी बनवायें।
विद्युत बिल संबंधी समस्याओं की 12 को होगी सुनवाई
मंडला 9 दिसम्बर 2022
मण्डला वृत्त में जिला स्तरीय विद्युत शिकायत निवारण फोरम का गठन किया गया है। फोरम की बैठक व सुनवाई प्रत्येक माह की 10 तारीख को प्रातः 11 बजे वृत्त कार्यालय मण्डला में आयोजित की जानी थी जिसमें विद्युत उपभोक्ता अपनी बिल सम्बन्धी समस्याओं का त्वरित निराकरण करा सकेंगे। माह की 10 तारीख को अवकाश होने की दशा में आगामी कार्यदिवस 12 दिसंबर 2022 को बैठक व सुनवाई का आयोजन किया जाएगा। बैठक व सुनवाई में ऐसे उपभोक्ता जिनकी बिल सम्बन्धी समस्याओं का निराकरण सम्बन्धित कार्यालय से न हुआ हो और वे असंतुष्ठ हों तो सुनवाई में अपनी समस्या रखने हेतु लिखित आवेदन के साथ एक पुराना बिल संलग्न कर सुनवाई में उपस्थित होकर अपनी समस्या का निराकरण करा सकते हैं।
आर्थिक सहायता स्वीकृत
मंडला 9 दिसम्बर 2022
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बम्होरी निवासी संतोष कुमार की पानी में डूबने से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मंडला द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मृतक के निकटतम वारसान आवेदक सोनकली उलाड़ी को कुल 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।
उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण एवं नर्मदा घाटी विकास प्रभारी मंत्री का आगमन आज
मण्डला 9 दिसंबर 2022
उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण (स्वतंत्र प्रभार) एवं नर्मदा घाटी विकास विभाग प्रभारी राज्यमंत्री भारत सिंह कुशवाह का 10 दिसंबर को जिला मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री कुशवाह प्रातः 10 बजे जबलपुर से नारायणगंज के लिए रवाना होंगे तथा प्रातः 11 बजे नारायणगंज पहुंचकर कृषक प्रशिक्षण शिविर एवं ट्रेनिंग सेंटर का निरीक्षण करेंगे। वे प्रातः 11ः30 बजे नारायणगंज से जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
उदयचौक से रानी अवंती बाई स्कूल मार्ग में किसी भी प्रकार का आयोजन प्रतिबंधित
एसडीएम ने जारी किए आदेश
मंडला 9 दिसम्बर 2022
लोक कल्याण एवं जन सामान्य के स्वास्थ्य की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मंडला द्वारा मंडला नगर में उदय चौक से रानी अवंती बाई स्कूल तक (शासकीय अस्पताल के सामने) के मार्ग पर किसी भी प्रकार का आयोजन पूर्णतः प्रतिबंधित कर दिया गया है। इस क्षेत्र के मार्ग पर किसी भी प्रकार का आयोजन किये जाने पर एकपक्षीय दण्डात्मक कार्यवाही की जाएगी। जारी आदेश में कहा गया है कि शहर के प्रमुख चौराहे जैसे चिलमन चौक, अम्बेडकर चौक, लालीपुर तिराहा, बिंझिया तिराहा, बैगा बैगी चौराहा, नेहरू स्मारक, आंगन तिराहा, बजरंग चौक महाराजपुर एवं अन्य चौराहों में भी किसी भी प्रकार के आयोजन हेतु अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मण्डला से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। बगैर अनुमति लिये अनुभाग क्षेत्रांतर्गत किसी भी चौराहों पर किये जाने वाले आयोजन एवं आयोजनकर्ता के विरूद्ध दण्डात्मक कार्यवाही की जावेगी।
प्रशासन ने हटाया सड़कों पर लगी दुकानें
मंडला 9 दिसम्बर 2022
नगर में यातायात की व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नगरपालिका, पुलिस तथा राजस्व विभाग की टीम द्वारा सड़कों पर लगाई गई दुकानों को हटाया गया। प्रशासन की टीम ने नगर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करते हुए व्यापारियों को समझाईश दी तथा सड़कों पर लगाए गए दुकानों को हटाने की कार्यवाही की गई। यह कार्यवाही लगातार जारी रहेगी। समझाईश दिए जाने के बाद पुनः सड़क पर दुकान लगाने वाले व्यापारियों की सामग्री को जब्त किया जाएगा।
