क्षेत्र में पेयजल की आपूर्ति के लिए समन्वित प्रयास करें – हर्षिका सिंह
कलेक्टर ने किया नारायणगंज विकासखंड के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण
मंडला 15 दिसम्बर 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने गुरूवार को नारायणगंज विकासखंड के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण करते हुए शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत संचालित गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने जल निगम, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास, स्कूल, आंगनवाड़ी केन्द्र तथा उपार्जन केन्द्र का निरीक्षण करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
श्रीमती सिंह ने सामूहिक पेयजल योजना के तहत ग्राम चीरी में बनाए जा रहे इंटेकवेल के लिए प्रस्तावित स्थल के निरीक्षण के दौरान योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी ग्रामों में जल के स्त्रोतों का पता लगाएं। जल निगम तथा पीएचई समन्वय कर क्षेत्र में पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्यवाही करें।
बच्चों की छुट्टी के उपरांत ही रखें बैठक
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने आंगनवाड़ी केंद्र मंदिर टोला चीरी का आकस्मिक निरीक्षण किया। कार्यकर्ता तथा सहायिका दोनों के एक साथ बैठक में जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए बैठकों का समय बच्चों की छुट्टी के उपरांत रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि बच्चों की शाला पूर्व शिक्षा तथा पोषण आहार प्रभावित नहीं होना चाहिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कुपोषित बच्चों, गर्भवती महिला तथा बच्चों के टीकाकरण, पोषण आहार वितरण आदि के संबंध में जानकारी ली।
श्रमिकों का नियोजन बढ़ाएं
भ्रमण के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने विभिन्न ग्रामों में मनरेगा के तहत किए जा रहे कार्यों का भी अवलोकन किया। ग्राम कूम्हां में किए जा रहे कंटूर ट्रेंच कार्य के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने श्रमिकों का नियोजन बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मजदूरों के भुगतान में विलंब नहीं होना चाहिए। कूम्हा में चलने वाली नावों में क्षमता से अधिक सवारी न बैठाएं, सवारियों को सुरक्षा जैकेट पहनाएं तथा नावों में गोताखोर की व्यवस्था करें।
पात्रता पर्ची के लिए शिविर लगाएं
ग्राम किकरिया में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने पात्रता पर्ची के संबंध में ग्राम में शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। संबंधित अमला पात्रता पर्ची के संबंध में शासन के निर्देशों का गंभीरता से अध्ययन करें। कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। श्रीमती सिंह ने भू-अधिकार के आवेदकों से चर्चा की। उन्होंने अपात्र किए गए आवेदनों का पुनः परीक्षण करने के निर्देश दिए।
दिव्यांग दयालसिंह को कृत्रिम पैर दिलाने के निर्देश
ग्राम किकरिया में ग्रामीणों से चर्चा के दौरान दिव्यांग दयालसिंह उड़ाली ने कलेक्टर हर्षिका सिंह को अपनी समस्या बताते हुए कृत्रिम पैर दिलाए जाने की मांग की। श्रीमती सिंह ने एसीईओ जिला पंचायत को दयालसिंह की जांच कराने तथा रेडक्रॉस से कृत्रिम पैर दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से स्कूल, आंगनवाड़ी, खाद्यान्न वितरण, राशन आपके द्वार, हेंडपंप, आयुष्मान पंजीयन, बैंक सुविधा आदि के संबंध में भी फीडबैक प्राप्त किया।
कलेक्टर ने किया उत्तरपुस्तिकाओं का प्रति परीक्षण
भ्रमण के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने प्राथमिक शाला यादवटोला कूड़ामैली एवं मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नारायणगंज का भी निरीक्षण किया। प्राथमिक शाला यादवटोला में कलेक्टर ने शनिवार को जिला स्तर से लिए गए टेस्ट की उत्तर पुस्तिकाओं का प्रति परीक्षण किया। उन्होंने उत्तर पुस्तिकाओं में हल किए गए प्रश्नों को विद्यार्थियों से पुनः हल कराया तथा मौखिक प्रश्न भी पूछे। मॉडल स्कूल नारायणगंज के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों का आव्हान किया कि वे मेहनत करें और परीक्षाओं में अच्छे अंक प्राप्त करें। उन्होंने मध्यान्ह भोजन की जांच की तथा स्कूलों में बिजली एवं पेयजल की व्यवस्था के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। कूड़ामैली में कलेक्टर ने स्व-सहायता समूह द्वारा की जा रही जैविक खेती का भी अवलोकन किया। उन्होंने समूह के सदस्यों से लागत एवं मुनाफे के संबंध में जानकारी ली।
उपार्जन केन्द्र चिरईडोंगरी का निरीक्षण
भ्रमण के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने चिरईडोंगरी नारायणगंज में संचालित उपार्जन केन्द्र का निरीक्षण करते हुए खरीदी प्रक्रिया का जायजा लिया। कलेक्टर ने कहा कि खरीदी में गुणवत्ता के मानकों का ध्यान रखें। धान की सफाई के नाम पर किसानों से ली जाने वाली राशि की जानकारी चस्पा करें। बारिश की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखें। उन्होंने परिवहन की गति बढ़ाने के निर्देश दिए।
सड़कों पर लगी दुकानों के सामान जब्त कर प्रकरण दर्ज करें
यातायात व्यवस्था के संबंध में कलेक्टर ने ली बैठक
मंडला 15 दिसम्बर 2022
नगर के यातायात व्यवस्था के संबंध में आयोजित बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि नगर के प्रमुख मार्गों को सर्वोच्च प्राथमिकता से अतिक्रमणमुक्त कराएं। सड़कों में किसी भी प्रकार की कोई भी दुकान न लगने दें। सड़कों पर दुकान या ठेला लगाने वाले तथा सामग्री प्रदर्शित करने वाले व्यापारियों की सामग्री जब्त करें। आवश्यकतानुसार जुर्माने की कार्यवाही करें साथ ही संबंधितों के विरूद्ध वैधानिक प्रकरण दर्ज करें। बैठक में अपर कलेक्टर मीना मसराम, एसडीएम पुष्पेन्द्र अहके, परियोजना अधिकारी शहरी विकास आरके कुर्वेती, जिला परिवहन अधिकारी विमलेश गुप्ता सहित संबंधित उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने निर्देशित किया कि रेडक्रॉस, तहसील क्षेत्र में सड़कों पर कोई भी दुकान नहीं लगनी चाहिए। कुछ दुकानें चौपाटी में भी शिफ्ट करें। नगर के यातायात को बाधित करने वाले सभी व्यापारियों की बैठक आयोजित कर उन्हें अंतिम अवसर प्रदान करें। नोटिस जारी करें, निर्धारित समयावधि में अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही करें। उन्होंने इस संबंध में पुलिस का सहयोग प्राप्त करने के भी निर्देश दिए। रविवार तक अस्पताल मार्ग से अतिक्रमण हटाने के लिए संबंधितों को निर्देशित करें। इस अवधि में अतिक्रमण न हटाए जाने पर संबंधित पर कार्यवाही करते हुए अतिक्रमण हटाएं। बैठक में ऑटो स्टेंड के चिन्हांकन तथा कलरकोडिंग के संबंध में भी चर्चा की गई।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि ऑटो स्टेंड के लिए चिन्हित स्थलों पर बोर्ड लगाएं, ऑटो स्टेंड को प्रभावी बनाएं। 19 दिसंबर से कलरकोडिंग का पालन कराएं। श्रीमती सिंह ने कहा कि बस स्टेंड में जो भी अनुपयोगी बसें शेष बची हैं उन्हें भी हटाने की कार्यवाही करें अन्यथा की स्थिति में राजसात करने की कार्यवाही करें। बैठक में बाजार में सामग्री लाने ले जाने के लिए समय का निर्धारण के संबंध में भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने आवारा पशुओं के पालकों के विरूद्ध कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए।
एसडीएम ने किया उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण
मंडला 15 दिसम्बर 2022
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पेंद्र अहके ने अनुभाग क्षेत्र अंतर्गत आने वाले उपार्जन केन्द्र सहकारी समिति केहरपुर एवं मानादेई का औचक निरीक्षण किया। एसडीएम ने निर्देशित किया कि धान की गुणवत्ता का परीक्षण करने उपरांत ही खरीदें तथा उचित मात्रा में बारदाने की उपलब्धता सुनिश्चित करें। श्री अहके ने उपार्जन हेतु आए कृषकों के बैठने की उचित व्यवस्था करने एवं उपार्जित की गई धान के भुगतान की कार्यवाही शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। इस दौरान सहायक कनिष्ट आपूर्ति अधिकारी खाद्य विभाग कृष्णपाल मरावी सहित संबंधित उपस्थित रहे।
वाहन स्टेंड के लिए निविदा आमंत्रित
मंडला 15 दिसम्बर 2022
अपर कलेक्टर ने बताया कि जिलाध्यक्ष कार्यालय मंडला परिसर के वाहन स्टेंड के ठेका के लिए 30 दिसंबर 2022 को बंद लिफाफे में निविदा आमंत्रित की गई है। निविदा दोपहर 2 बजे तक कार्यालय में प्रस्तुत की जा सकती है एवं उसी दिन दोपहर 3 बजे खोली जाएगी।
पेंशन प्रकरणों के निराकरण के लिए लगेंगे शिविर
मंडला 15 दिसम्बर 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार लंबित पेंशन प्रकरणों के निराकरण के लिए पेंशन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में पेंशन प्रकरणों में लगाई गई पूर्व आपत्ति का निराकरण किया जाएगा। शिविर जिला पेंशन कार्यालय मंडला में लगाए जाएंगे। जहां पर 19 दिसंबर को बीईओ कार्यालय मंडला एवं मोहगांव, 20 को बीईओ कार्यालय नैनपुर एवं बिछिया, 21 को बीईओ कार्यालय बीजाडांडी, निवास एवं नारायणगंज के प्रकरण निराकृत किए जाएंगे। इसी प्रकार 22 दिसंबर को बीईओ कार्यालय मवई एवं मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी मंडला तथा 23 दिसंबर को बीईओ कार्यालय घुघरी एवं कार्यपालन यंत्री जल संसाधन मंडला सहित अन्य विभागों के प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे शिविर दिनांक को प्रातः 11 बजे से 4 बजे के मध्य लंबित पेंशन प्रकरण प्रस्तुत कर उनके निराकरण की कार्यवाही सुनिश्चित करें।
ई-केवाईसी न कराने वाले कृषकों की तृतीय किस्त होगी बाधित
मंडला 15 दिसम्बर 2022
पी.एम. किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत माह दिसम्बर 2022 में तृतीय किस्त का भुगतान कृषकों के खाते में ऑनलाईन किया जाना है। इस हेतु ई-केवाईसी कराया जाना अनिवार्य है। कृषकों द्वारा ई-केवाईसी नहीं कराए जाने की स्थिति में लाभार्थी कृषकों का तृतीय किस्त का भुगतान बाधित होगा। उक्त असुविधा से बचने के लिये संबंधित कृषकों से अनुरोध किया गया है कि वे नजदीकी नागरिक सुविधा केन्द्र में जाकर मोबाईल नम्बर आधारित या बायोमेट्रिक आधारित अपडेशन कराना सुनिश्चित करें।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के अंतर्गत शासन के निर्देशानुसार पात्र कृषकों को अपने आधार नम्बर के अनुसार फोटो सत्यापन कराया जाना है। इस हेतु संबधित कृषक अपने आधार कार्ड के साथ संबधित हल्का पटवारी से संपर्क स्थापित कर सीएम किसान कल्याण योजना अंतर्गत सत्यापन कराएं। इस हेतु संबधित पटवारी सारा ऐप के माध्यम से पात्र हितग्राहियों की फोटो खींचकर पोर्टल में सत्यापन करना सुनिश्चित करेंगे।
नेशनल अप्रेन्टिसशिप मेला 16 दिसंबर को
मंडला 15 दिसम्बर 2022
शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान मंडला में प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेन्टिसशिप मेला 16 दिसंबर 2022 को प्रातः 10 बजे से आयोजित किया जा रहा है। मेले में 10वी, 12वी, स्नातक, आईटीआई डिप्लोमा एवं अन्य उत्तीर्ण अभ्यर्थी सम्मिलित हो सकेंगे। अभ्यर्थियों की उम्र 18 से 26 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। इन्हें शासन के नियमानुसार प्रतिमाह स्टाइपेंड एवं अन्य सुविधाएं प्राप्त होंगी। इच्छुक अभ्यर्थी आयोजन के दिन आईटीआई में अपने समस्त मूल प्रमाण पत्रों एवं बायोडाटा सहित 16 दिसंबर को प्रातः 10 बजे साक्षात्कार हेतु उपस्थित हो सकते हैं। भर्ती हेतु अप्रेन्टिसशिप नियमों एवं कंपनियों के शर्तों अनुसार की जाएगी।
निवास में 38 लोगों ने किया रक्तदान
मंडला 15 दिसम्बर 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह के आव्हान पर जिले में महाविद्यालय स्तर पर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरूवार को शासकीय महाविद्यालय निवास में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया जिसमें एसडीएम शिवाली सिंह, पूर्व नगरपंचायत अध्यक्ष चैनसिंह वरकड़े, मोहित साहू आदि ने भी रक्तदान करते हुए अन्य लोगों को भी इस हेतु प्रेरित किया। शिविर में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं सहित कुल 38 लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। इस अवसर पर बीएमओ डॉ. विजय पैगवार तथा महाविद्यालय के प्राचार्य सहित अन्य स्टॉफ उपस्थित रहे।
