नवंबर माह के प्रकरणों का निराकरण 2 दिवस में करें
कलेक्टर ने की सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों की समीक्षा
मंडला 16 दिसम्बर 2022
सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि शनिवार एवं रविवार को कार्यालय खोलते हुए सभी विभाग सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों के निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि नवंबर माह में प्राप्त होने वाली शिकायतों को अगले 2 दिवस में अनिवार्य रूप से संतुष्टिपूर्वक बंद कराएं। सभी अधिकारी अपनी पूरी क्षमता से कार्य करें तथा विभाग की ग्रेडिंग सुधारें।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, प्रधानमंत्री आवास, नगरीय निकाय, जननी सुरक्षा, स्वच्छ भारत मिशन, खाद्य एवं आपूर्ति, ऊर्जा, जल संसाधन, स्वास्थ्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, वन तथा पुलिस विभाग पर शिकायतों की संख्या अधिक है। संबंधित अधिकारी अगले 2 दिवस में लक्ष्य के अनुरूप शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने एडीएम को राजस्व, निर्वाचन, कलेक्ट्रेट एवं नजूल शाखा के प्रकरणों के निराकरण की मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि कमजोर प्रदर्शन वाले अधिकारियों के विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने निर्देशित किया कि स्वच्छ भारत मिशन के लंबित प्रकरणों का भुगतान आगामी 1 सप्ताह में करें। इस संबंध में सीईओ जनपद व्यक्तिगत रूचि लें। भुगतान में लापरवाही पर संबंधितों पर कार्यवाही की जाएगी।
रीडिंग प्वाईंट्स बनाएं, कैरियर काउंसलिंग आयोजित करें – हर्षिका सिंह
केन्द्रीय विद्यालय की विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक संपन्न
मंडला 16 दिसम्बर 2022
केन्द्रीय विद्यालय की विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में मोबाईल सहित अन्य तकनीकि के आने के कारण पुस्तकों से पढ़ने में छात्र-छात्राओं की रूचि कम हुई है जो चिंता का विषय है। बड़े लक्ष्य की पूर्ति के लिए पुस्तकों से जुड़ना आवश्यक है। इस संबंध में विद्यार्थियों की काउंसलिंग भी कराएं। उन्होंने कहा कि विद्यालय में रीडिंग प्वाईंट्स बनाएं। रीडिंग हेबिट्स के लिए एक सप्ताह तक विशेष कार्यक्रम आयोजित करें। विद्यार्थियों से पाठ्यक्रम के अतिरिक्त अन्य शिक्षाप्रद तथा मनोरंजक पुस्तकें पढ़वाएं तथा इन पुस्तकों पर आधारित प्रतियोगिताएं आयोजित करें। बैठक में विद्यालय के प्राचार्य उपेन्द्र कुमार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीनाथ सिंह, कार्यपालन यंत्री पीआईयू जीपी पटले सहित संबंधित उपस्थित रहे।
प्री बोर्ड परिणामों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि प्रत्येक विद्यार्थियों के स्तर को ध्यान में रखते हुए योजना तैयार कर परीक्षाओं की तैयारी कराएं तथा प्रत्येक बच्चे को अच्छे अंकों से उत्तीर्ण कराने का प्रयास करें। अतिरिक्त कक्षाएं संचालित करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को उनके भावी लक्ष्य के संबंध में अभी से प्रेरित करें। इस संबंध में उन्होंने कैरियर काउंसलिंग के कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेनेटरी नेपकिन की उपलब्धता के संबंध में आजीविका परियोजना से समन्वय करें। बैठक के प्रारंभ में प्राचार्य उपेन्द्र कुमार ने संस्था में संचालित गतिविधियों तथा उपलब्धियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। बैठक में कलेक्टर ने स्टॉफ एवं संसाधनों की उपलब्धता, बिजली, पानी, बाउंड्रीवॉल निर्माण सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए।
व्यक्तित्व के विकास में खेलों की महती भूमिका – कलेक्टर हर्षिका सिंह
केन्द्रीय विद्यालय में आयोजित किया गया वार्षिक खेल उत्सव
मंडला 16 दिसम्बर 2022
केंद्रीय विद्यालय मंडला का वार्षिक खेल दिवस शुक्रवार को कलेक्टर हर्षिका सिंह एवं अध्यक्ष विद्यालय प्रबंधन समिति के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गई तथा विभिन्न क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि व्यक्तित्व के विकास में खेलों की महती भूमिका होती है। खेल हमें अनुशासन के साथ-साथ एक टीम के रूप में समन्वय करने की शिक्षा भी देते हैं। जीवन में भी खेल के मैदान जैसे अनुशासित रहना चाहिए।
श्रीमती सिंह ने बच्चों का आव्हान किया कि वे अपने पालकों और गुरूजनों का सम्मान करें तथा उनकी मेहनत और समर्पण को सार्थक करें। जीवन में सफलता हासिल करने के लिए धैर्य, आत्मविश्वास और कठिन मेहनत आवश्यक है। उन्होंने पालकों का आव्हान किया कि बच्चों को पर्याप्त अवसर प्रदान करें तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए समुचित सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान करें। श्रीमती सिंह ने कार्यक्रमों में बालिकाओं की सहभागिता की सराहना की। इससे पूर्व कलेक्टर हर्षिका सिंह द्वारा ध्वजारोहण एवं मशाल जलाकर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की गई। संस्था के प्राचार्य उपेन्द्र कुमार ने खेल प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों द्वारा सदनवार परेड का प्रदर्शन एवं शपथ ग्रहण के पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। नृत्य व संगीत के विभिन्न कार्यक्रमों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ‘जुंबा डांस’ ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरी। प्राथमिक विभाग के छात्रों द्वारा प्रस्तुत ‘वेलकम डांस’ आकर्षण का केंद्र रहा। ‘’हाय डारा लोर गे हे रे’’ नृत्य आदिवासी संस्कृति को दिखाने में सफल रहा। वहीं ‘केंद्रीय विद्यालय के स्वर्णिम गौरव’ को प्रदर्शित करता हुआ ‘कत्थक नृत्य’ ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में 100 मीटर दौड़, रिले दौड़, जलेबी दौड़ और बोरा दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया तथा विजेताओं को कलेक्टर हर्षिका सिंह द्वारा पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाले हरि ठाकुर (तीरंदाजी), शिवम बनर्जी (स्केटिंग), ओम बनर्जी (स्विमिंग), मीनू माय रोबिना सिंह (योग), अवनि वर्मा (भारत निर्वाचन आयोग की नेशनल वोटर अवेयरनेस साँग की शॉर्टलिस्टर) तथा सत्र 2021-22 के छात्र प्रांशु पांडे (के. वि सं की 1.5 प्रतिशत सूची में सम्मिलित, 95.8 प्रतिशत अंक प्राप्त करके 10 हजार रुपये की नकद राशि प्राप्त करने वाले) भी सम्मानित हुए।
कलेक्टर ने कहा: बालिकाओं का आत्मनिर्भर बनना आवश्यक
कन्या उमावि बम्हनी के योग्यता पुरूस्कार वितरण संपन्न
मंडला 16 दिसम्बर 2022
कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बम्हनी बंजर के योग्यता पुरूस्कार वितरण में सहभागिता करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि स्कूली जीवन में की गई मेहनत हमारा भविष्य तय करती है। सभी बालिकाएं पूरी मेहनत और ईमानदारी से पढ़ाई करते हुए सफलता के शिखर को प्राप्त करने का प्रयास करें।
श्रीमती सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि मैंने स्कूल समय में ही आईएएस बनने का सपना देखा था जिसे प्राप्त करने के लिए हमनें अथक परिश्रम किया। उन्होंने छात्राओं का आव्हान किया कि वे भी अभी से अपने लक्ष्य का निर्धारण करें और उसे पूरा करने के लिए प्रयास करें और आत्मनिर्भर बनें। वर्तमान समय में प्रत्येक बालिकाओं का आत्मनिर्भर होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए दृढ़संकल्पित होना जरूरी है। कलेक्टर ने स्कूल के संचालन तथा छात्राओं के प्रोत्साहन के लिए मिलने वाले जनसहयोग की सराहना की। कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त करने वाले छात्राओं का सम्मान किया गया। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष मीना हरदहा, उपाध्यक्ष बद्री नंदा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अभिभावगण तथा छात्राएं उपस्थित रहीं।
अप्रेन्टिसशिप मेले में हुआ 18 अभ्यर्थियों का चयन
मंडला 16 दिसम्बर 2022
शासकीय आईटीआई मंडला में प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया गया जिसमें व्ही कमर्शियल पीथमपुर कंपनी के लिए 42 अभ्यर्थी उपस्थित हुए एवं कंपनी द्वारा 18 प्रशिक्षणार्थियों का प्रारंभिक चयन किया गया।
आज मोहगांव और घुघरी में होंगे रक्तदान शिविर
मंडला 16 दिसम्बर 2022
20 दिसंबर 2022 तक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मोहगांव एवं घुघरी में 17 दिसंबर, बिछिया एवं मवई में 19 दिसंबर तथा बम्हनी एवं नैनपुर में 20 दिसंबर को रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे।
4 लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत
मंडला 16 दिसम्बर 2022
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम खैरानी माल निवासी रामकुमार की पानी में डूबने से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व निवास द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मृतक के निकटतम वारसान आवेदक रविता को कुल 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।
आज होगा 10 स्मार्ट आंगनवाड़ियों का शुभारंभ
मंडला 16 दिसम्बर 2022
17 दिसंबर को जिले में 10 आंगनवाड़ी केन्द्रों का शुभारंभ किया जाएगा। इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद पंचायत नैनपुर में मुगदरा-2, तिलई-2 एवं बंजाराटोला खुर्सीपार तथा जनपद पंचायत बिछिया में कातामाल, काताजर, खखरीटोला, मलारा, ककैया-1, ककैया-2 एवं कुरवाही में बनाए गए स्मार्ट आंगनवाड़ी केन्द्रों का शुभारंभ किया जाएगा। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने केन्द्रवार नोडल अधिकारी नियुक्त हुए संबंधितों को सुचारू रूप से शुभारंभ कार्यक्रम संपादित कराने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने किया मुख्यमंत्री कप खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ
मंडला 16 दिसम्बर 2022
पुलिस लाईन ग्राउंड में जिला स्तरीय मुख्यमंत्री कप खेलकूद प्रतियोगिता प्रारंभ हुई। 2 दिवसीय इस आयोजन का शुभारंभ कलेक्टर हर्षिका सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते हुए शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती सिंह ने कहा कि इस तरह के आयोजन जिले की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हुए उनके आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त करते हैं। जीत और हार खेल के एक पहलू होते हैं। हमें पराजय से सीख लेते हुए भविष्य में बेहतर करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करें तथा देश एवं प्रदेश में जिले का नाम रोशन करें। इस अवसर पर जिला क्रीडाधिकारी रविन्द्र ठाकुर सहित संबंधित उपस्थित रहे।
प्रथम दिवस संपन्न हुई कबड्डी प्रतियोगिता में नैनपुर विजेता एवं मंडला उप विजेता रहे। व्हालीवॉल में बिछिया विजेता एवं घुघरी उप विजेता रहे। खो-खो में मंडला विजेता एवं बीजाडांडी उप विजेता रहे तथा फुटबॉल में मोहगांव विजेता एवं मंडला उप विजेता रहे। इसी प्रकार एथलेटिक्स में 100 मीटर में सुरेन्द्र कोर्चे प्रथम, अमरीश उईके द्वितीय एवं सोमकुमार तृतीय स्थान पर रहे। 200 मीटर में लालसिंह प्रथम, रमेश द्वितीय एवं प्रशांत साहू तृतीय स्थान पर रहे। 400 मीटर में उत्कर्ष राय प्रथम, अजय द्वितीय एवं कृष्णकुमार तृतीय स्थान पर रहे। इसी प्रकार 1000 मीटर में हर्षपुरी गोस्वामी ने प्रथम, अनुराज ने द्वितीय एवं रवि गोरिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाला भैक में जैकी जंघेला प्रथम, मनोज द्वितीय एवं मोहित तृतीय स्थान पर रहे। लम्बी कूद में वेद कुमार यादव प्रथम, दिलीप सैयाम द्वितीय एवं अक्षय मरावी तृतीय स्थान पर रहे। ऊँची कूद में लक्ष्य सोलंकी प्रथम, शिवम मरावी द्वितीय एवं शुभम मरकाम तृतीय स्थान पर रहे। इसी प्रकार गोला फेंक में अमृतांश प्रथम, बाल गोपाल द्वितीय एवं संदीप सरौते तृतीय स्थान पर रहे।
चित्रकारों की बैठक आज
मंडला 16 दिसम्बर 2022
ज़िले के सभी चित्रकारों की बैठक का आयोजन 17 दिसंबर को कलेक्टर हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में किया गया है। यह बैठक दोपहर 1 बजे से योजना भवन में होगी। संबंधितों से बैठक में उपस्थिति का आग्रह किया गया है।
