Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 9 फरवरी 2023

नैनपुर के कन्हरगांव पहुँची विकास यात्रा

विधायक श्री सैयाम ने किया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भूमिपूजन

 

मण्डला 9 फरवरी 2023

प्रदेश के साथ-साथ मंडला जिले में भी 5-25 फ़रवरी के बीच विकास यात्राओं का आयोजन हो रहा है। इसी क्रम में 8-9 फरवरी को नैनपुर क्षेत्र के कन्हरगाँव में विकास यात्रा पहुँची। विधायक देवसिंह सैयाम, कलेक्टर हर्षिका सिंह, एडीएम मीना मसराम, सहायक कलेक्टर अर्थ जैन, एसीईओ श्री मरावी, कन्हरगांव सरपंच सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि व स्थानीय ग्रामीण विकास यात्रा में शामिल हुए। विकास यात्रा में पुस्तकालय का शुभारंभ भी किया गया।

कार्यक्रम का प्रारंभ सरस्वती पूजन से हुआ। विधायक देवसिंह सैयाम, कलेक्टर हर्षिका सिंह एवं उपस्थित अतिथियों ने विकास पुस्तिका का विमोचन किया तथा कन्हरगाँव में लगभग 49 लाख की लागत से निर्मित होने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भूमि पूजन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मंडला ने कहा कि प्रदेश सरकार हर वर्ग के हित में योजना बना रही है। विकास यात्रा के दौरान विकास के कार्यों को देखा जा रहा है। इसी प्रकार कम्पनियों को भी पूरा किया जा रहा है। विधायक मंडला ने प्रदेश सरकार द्वारा संचालित लाड़ली बहन योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। साथ ही जननी सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लोगों के जीवन स्तर में आए सुधार पर बात की।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने इस विकास यात्रा के दौरान प्रशासन द्वारा की जाने वाली गतिविधियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विकास यात्राओं के दौरान ग्रामीणजन अपनी समस्याओं के संबंध में आवेदन ज़रूर दें। जिला प्रशासन द्वारा यथासंभव इन समस्याओं के निराकरण का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीणजन राजस्व से संबंधित समस्याओं के आवेदन ज़रूर दें। उन्होने आयुष्मान योजना, पात्रतापर्ची, संबल कार्ड आदि के बारे में बात की। कार्यक्रम के अंत में संबल योजना, मुख्यमंत्री प्राधिकार आवासीय योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को मंच से ही हितलाभ वितरण किया गया।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

भौतिक एवं वित्तीय लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करें – हर्षिका सिंह

सीएम हेल्पलाईन पर संतोषजनक प्रगति नहीं होने पर रूकेगा राजस्व अधिकारियों का वेतन

मण्डला 9 फरवरी 2023

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्हांेने कहा कि सभी अधिकारी विभाग द्वारा निर्धारित किए गए भौतिक एवं वित्तीय लक्ष्य की पूर्ति करना सुनिश्चित करें। लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि न होने पर संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होंगे। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, अपर कलेक्टर मीना मसराम, समस्त एसडीएम सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों का गंभीरतापूर्वक निराकरण करें। जनवरी माह में प्राप्त आवेदनों का अगले 3 दिवस में संतुष्टिपूर्वक निराकरण करें। इसी प्रकार 50 दिनों से अधिक समय से लम्बित प्रकरणों को भी निराकृत करने की कार्यवाही करें। वन, श्रम, नगरीय निकाय तथा राजस्व विभाग में प्रकरणों की संख्या अधिक है, संबंधित अधिकारी सर्वोच्च प्राथमिकता से प्रकरणों का निराकरण करें। सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों के समुचित निराकरण नहीं होने पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिले के एसडीएम एवं तहसीलदार सहित समस्त राजस्व अधिकारियों के वेतन रोकने के निर्देश दिए।

जल-जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि कार्यों को जल्द पूर्ण करें। विभिन्न विभागों के जिलाधिकारियों के माध्यम से रेट्रोफिटिंग कार्य की रेंडम जांच कराएं। जो योजनाएं पूर्ण हो गई हैं उनके हस्तांतरण की कार्यवाही करते हुए स्व-सहायता समूहों के माध्यम से उनका संचालन सुनिश्चित करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि मनरेगा, जननी सुरक्षा, मातृ वंदना आदि योजनाओं का भुगतान समय में करें। भुगतान लंबित होने की दशा में संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी। श्रीमती सिंह ने निर्देशित किया कि विभिन्न स्तरों पर शालात्याग का विश्लेषण कर आवश्यक कार्यवाही करें। शाला जाने योग्य कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए। कलेक्टर ने कहा कि सीएम राईज स्कूल की एसएमसी बैठक में संबंधित एसडीएम तथा जिला स्तर के संबंधित अधिकारी अनिवार्य रूप से शामिल हों। साथ ही विकास यात्रा में जनप्रतिनिधियों को अनिवार्यतः आमंत्रित करें।

बैठक में बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर कलेक्टर ने तहसीलदार मवई को अवैतनिक करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने अन्न उत्सव, मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना, संबल, अंकुर महाभियान, पेसा अधिनियम, प्राकृतिक खेती आदि के संबंध में चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

 

फौती, नामांतरण के लिए स्वयं पहल करें

 

राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि फौती, नामांतरण तथा अविवादित बंटवारे के प्रकरण किसी भी कार्यालय में लम्बित नहीं रहना चाहिए, ऐसे प्रकरणों का जल्द निराकरण करें। उन्होंने कहा कि सभी तहसीलदार संबंधित पटवारी तथा कोटवारों के माध्यम से विभागीय रूप से पहल करते हुए फौती तथा नामांतरण की कार्यवाही करें। इसी प्रकार त्रुटि सुधार की भी कार्यवाही करें। भू-अभिलेख शाखा इस कार्य की मॉनिटरिंग करेगी।

 

पटवारी के माध्यम से भी कर सकते हैं आबादी पट्टे के लिए आवेदन

 

मुख्यमंत्री भू-अधिकार योजना की समीक्षा के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि आमजन ग्रामीण क्षेत्र में आबादी पट्टे के लिए संबंधित पटवारी अथवा सारा ऐप के माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं। इस संबंध में पटवारी आवेदकों को आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे। उन्हांेने कहा कि योजना के तहत जो भी आवेदन निरस्त किए गए हैं उनकी पुनः जांच करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

गजरथ महोत्सव पिंडरई के समापन कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़ेगे सीएम

कलेक्टर एवं एसपी ने लिया तैयारियों का जायज़ा

 

मण्डला 9 फरवरी 2023

नैनपुर क्षेत्र के पिंडरई में 5 फ़रवरी से 10 फ़रवरी तक जैन धर्म के गजरथ महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। 10 फ़रवरी को महोत्सव का समापन कार्यक्रम है। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पिंडरई में आयोजित गजरथ महोत्सव के समापन कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़ेंगे तथा जैन मुनिश्री से आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। कलेक्टर हर्षिका सिंह एवं पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत गुरुवार को पिंडरई पहुंचे। जहाँ उन्होंने मुनिश्री से आशीर्वाद प्राप्त किया। मुनिश्री ने गजरथ महोत्सव के आयोजन में प्रशासन एवं पुलिस के सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त किया, आशीर्वाद प्रदान किया तथा अधिकारियों को आर्शीवाद स्वरूप शॉल, श्रीफल एवं स्मृतिचिन्ह भेंट किया। कलेक्टर एवं एसपी ने 10 फ़रवरी को प्रातः 10 बजे गजरथ महोत्सव के समापन के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री चौहान के वर्चुअली जुड़ने एवं अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को तैयारियों को पूरा करने के निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

 

 

विकास यात्रा: मंडला, बिछिया एवं निवास क्षेत्र में हुए कार्यक्रम

 

मण्डला 9 फरवरी 2023

5 से 25 फरवरी तक आयोजित हो रहीं विकास यात्राएं जिले के मंडला, बिछिया एवं निवास सहित सभी क्षेत्रों में आयोजित की जा रही हैं। मप्र जन अभियान परिषद विकासखण्ड बिछिया के सहयोग से विकास यात्रा कार्यक्रम आयोजित हुआ। 9 फरवरी को विकास यात्रा ग्राम पंचायत मांद, तिलरी, चरगांव, काताजर, कांसखेड़ा और बैगाचक पंचायत मानिकपुर माल पहुंची। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं परिषद के सदस्यों ने ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। विकास यात्रा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, पूर्व विधायक शिवराज शाह, जनपद सदस्य, स्थानीय सरपंच तथा जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत मांद में सीसी रोड, नाली निर्माण के लिए लगभग 22 लाख रुपए और पंचायत कांसखेड़ा मे नाली निर्माण के लिए लगभग 5 लाख रुपए राशि के भूमिपूजन किए गए। विकास यात्रा को जन जन तक पहुंचाने के लिए दीवारलेखन का कार्य भी किया जा रहा है। 9 फरवरी को ग्राम विकास यात्रा ग्राम पंचायत खनौरा तिन्सई में कलश यात्रा का आयोजित की गई। ग्राम पंचायत के सरपंच श्री लोकसिह कुंजाम, जनपद पंचायत के सदस्य श्री मदन वरकडे़, उद्यान विभाग के श्री पटेल, स्वास्थ्य विभाग से रीना नंदा तथा जनअभियान परिषद के सदस्य एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। इस दौरान विभिन्न प्रकार के जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इसी प्रकार बुदरा पिपरिया ग्राम पंचायत में विकास यात्रा आयोजित की गई।

 

 

 

 

 

 

 

 

खेलो इंडिया यूथ गेम्स: गुरूवार को हुए 22 मैच

शुक्रवार को सायं 4 बजे से होंगे सेमीफाईनल एवं फाईनल मैच

 

मण्डला 9 फरवरी 2023

खेलो इंडिया यूथ गेम्स के अंतर्गत मंडला में थांगता प्रतिस्पर्धाओं के मैच प्रारंभ हैं। 9 फरवरी को महिला एवं पुरूष वर्ग के 22 थांगता मैच खेले गए। शुक्रवार 10 फरवरी को थांगता मैच के महिला एवं पुरूष वर्ग के मुकाबले होंगे। 10 फरवरी को प्रातः 8 बजे से पुरूष वर्ग एवं महिला वर्ग के सेमीफाईनल एवं फाईनल मैच होंगे। दोपहर 3:30 बजे से 3:45 बजे तक लंच ब्रेक होगा। 10 फरवरी को सायं 4 बजे से पुरूष एवं महिला वर्ग के सेमीफाईनल एवं फाईनल मैच होंगे, जो सायं 6 बजे तक जारी रहेंगे। सायं 6:30 बजे से पुरूस्कार वितरण कार्यक्रम होगा।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना: पोषण की राह हुई आसान

 

मण्डला 9 फरवरी 2023

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से मजदूर गर्भवती माताओं को बच्चे के लालन-पालन के लिए 5 हजार रूपए की राशि दी जाती है। नारायणगंज विकासखण्ड के ग्राम पंचायत बीजेगांव निवासी पुष्पा मरावी कहती है कि मुझे प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की धनराशि मिली तो बच्चे के पालन-पोषण की राह आसान हो गई। इससे पौष्टिक आहार लेने में सहायता मिली जिससे दूध एवं फल खरीद सकी। यह योजना गर्भवती महिलाओं के देखभाल में अत्यंत सहयोगी साबित हो रही है।

पुष्पा बताती है कि जब मैं पहली बार गर्भवती हुई, तो आँगनवाड़ी केन्द्र जाकर प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में पंजीयन कराया। पंजीयन पर मुझे 1 हजार रूपये की पहली किश्त प्राप्त हुई। 6 माह की गर्भावस्था के दौरान प्रसव पूर्व जाँच के बाद दूसरी किश्त में 2 हजार रूपये की राशि मिली। बच्चा साढ़े तीन माह का होने पर पूर्ण टीकाकरण के बाद तीसरी किश्त में 2 हजार रूपये मिले। इस योजना के लिए मैं प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद करती हूं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

पोषण पुनर्वास केन्द्र में कुपोषण से मुक्त हुई दीपिका

 

मण्डला 9 फरवरी 2023

मवई विकासखण्ड के ग्राम पिपरीमाल निवासी शिवकुमार की पुत्री दीपिका बीते कुछ दिनों से लगातार बिमार रहती थी। दीपिका की स्थिति देखकर उसके माता-पिता बहुत परेशान थे। शिवकुमार शासकीय चिकित्सालय पहुंचकर दीपिका को शिशु रोग विशेषज्ञ को दिखाया। दीपिका को चिकित्सक द्वारा पोषण पुनर्वास केन्द्र में भर्ती कर उपचार प्रारम्भ किया और आवश्यक जांचें करवाई गई। जांच में पाया गया कि दीपिका कुपोषण का शिकार हो गई है।

दीपिका के पिता शिवकुमार कहते हैं कि अब चिकित्सक द्वारा दीपिका को पोषण पुनर्वास केन्द्र से डिस्चार्ज कर दिया गया है। चिकित्सक द्वारा दीपिका को नियमित रूप से पौष्टिक पोषण आहार देने की समझाईश भी दी गई है। दीपिका के डिस्चार्ज होने के बाद उसके स्वास्थ्य में सुधार की स्थिति जानने के लिये आंगनवाडी कार्यकर्ता द्वारा नियमित रूप से फॉलोअप भी किया जा रहा है। शिवकुमार बताते हैं कि मुझे मेरी बेटी के इलाज में लगने वाले खर्च की बहुत चिन्ता थी, परन्तु चिकित्सालय में संचालित पोषण पुनर्वास केन्द्र पर लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत निःशुल्क सेवाएं मिली। इस सहायता के लिए मैं जिला प्रशासन एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त कर करता हूं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री का दौरा कार्यक्रम

 

मंडला 9 फरवरी 2023

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गनसिंह कुलस्ते के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री कुलस्ते 10 फरवरी को प्रातः 9 बजे डिंडौरी से गिठार के लिए रवाना होंगे एवं प्रातः 10 बजे गिठार पहुंचकर विकास यात्रा में शामिल होंगे। श्री कुलस्ते प्रातः 10 बजे गिठार से मलपहरी के लिए रवाना होकर प्रातः 11 बजे मलपहरी पहुंचकर विकास यात्रा में भाग लेंगे तथा दोपहर 12 बजे मोहगांव पहुंचकर विकास यात्रा में सम्मिलित होंगे, तत्पश्चात वे दोपहर 12 बजे मोहगांव से मंडला के लिए होंगे तथा दोपहर 1 बजे रानी अवंतीबाई हायर कन्या स्कूल में प्रतिभा सम्मान समारोह सह वार्षिकोत्सव में भाग लेंगे। श्री कुलस्ते दोपहर 2 बजे खेलो इंडिया महोत्सव कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। वे दोपहर 3 बजे पिंडरई के लिए प्रस्थान करेंगे एवं दोपहर 3:45 बजे गजरथ महोत्सव में भाग लेंगे तथा शाम 6 बजे पिंडरई से मंडला के लिए रवाना होकर शाम 6:45 बजे मंडला पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। केन्द्रीय इस्पात राज्यमंत्री श्री कुलस्ते रात 8 बजे मंडला से जेवरा के लिए रवाना होकर रात 9 बजे जेवरा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे।

श्री कुलस्ते 11 फरवरी को प्रातः 9 बजे जेवरा से मोहगांव के लिए रवाना होंगे एवं प्रातः 10 बजे मोहगांव चुटका पाठा विकास यात्रा में सम्मिलित होंगे, दोपहर 2 बजे मोहगांव से मंडला के लिए रवाना होंगे तथा दोपहर 3 बजे मंडला पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे एवं शाम 7 बजे मंडला से सिवनी के लिए प्रस्थान करेंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

लम्बित प्रकरणों के निराकरण के लिए पेंशन शिविर 13 से

 

मंडला 9 फरवरी 2023

कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार कार्यालयों में लंबित पेंशन प्रकरणों के निराकरण हेतु 13 फरवरी से 17 फरवरी 2023 तक जिला पेंशन कार्यालय मण्डला में पेंशन शिविर का आयोजन किया गया है। शिविर में पेंशन प्रकरणों में लगाई गई पूर्व आपत्ति प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से सायं 4 बजे तक लंबित पेंशन प्रकरण प्रस्तुत कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

11 फरवरी को नेशनल लोक अदालत

 

मंडला 9 फरवरी 2023

म0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के आदेशानुसार एवं प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती विधि सक्सेना के मार्गदर्शन में 11 फरवरी 2023 को प्रातः 10:30 बजे से जिला न्यायालय मण्डला एवं तहसील न्यायालय निवास, नैनपुर, भुआ बिछिया में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। नेशनल लोक अदालत में पूर्व की ही भांति न्यायालय में लंबित समझौता योग्य आपराधिक प्रकरण, धारा 138 चैक बाउन्स, मोटर दुर्घटना क्षतिपूर्ति दावा, श्रम और रोजगार विभाग के प्रकरण विद्युत की बकाया वसूली, जलकर, पारिवारिक विवाद, भू-अर्जन, व्यवहार न्यायालयों में लंबित राजस्व प्रकरण एवं अन्य दीवानी प्रकृति के मामलों का आपसी समझौते के आधार पर निराकरण किया जाएगा। इसी प्रकार ऐसे प्रकरण जो न्यायालय में प्रस्तुत नहीं किये गये हैं, लेकिन प्रस्तुत किये जाने योग्य है, धारा 138 चैक बाउन्स, श्रम और रोजगार विभाग, विद्युत की बकाया वसूली, जलकर, व अन्य समझौता योग्य आपराधिक तथा दीवानी प्रकृति के प्रकरणों का भी आपसी समझौते के आधार पर निराकरण किया जाएगा।

 

 

 

 

 

 

 

आर्थिक सहायता स्वीकृत

 

मंडला 9 फरवरी 2023

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक सावित्री बाई निवासी ग्राम पड़रिया माल की सर्प के काटने से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व निवास द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।

मृतक के निकटतम वारसान आवेदक सोनलाल को कुल 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

 

 

 

मुख्यमंत्री युवा इंटर्नशिप योजना: जनसेवा मित्रों को नियुक्ति पत्र वितरित

 

मण्डला 9 फरवरी 2023

मुख्यमंत्री युवा इंटर्नशिप योजना के अंतर्गत नियुक्त हुए जनसेवा मित्रों को जिला प्रशासन द्वारा नियुक्ति पत्र वितरण किया गया। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने योजना भवन में नियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरण किया। उन्‍होंने नवनियुक्त जनसेवा मित्रों को संबोधित करते हुए नियुक्ति की शुभकामनाएं दी। श्रीमती सिंह ने कहा कि नियुक्त जनसेवा मित्र शासन की योजनाओं का अध्ययन करें, पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने में सहभागी बनें। इंटर्नशिप के दौरान सौंपे गए कार्यों को बेहतर ढंग से संपादित करते हुए अपनी कार्यक्षमता तथा कौशल का विकास करें। संबंधित अधिकारियों से समन्वय रखते हुए सकारात्मक रूप से कार्य करें। कलेक्टर ने जनसेवा मित्रों को आयुष्मान, संबल 2.0 तथा कर्मकार मंडल की योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान सीएम फेलो सुप्रिया पाठक सहित संबंधित उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स नियुक्त

 

मण्डला 9 फरवरी 2023

                अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी ने नगरपालिका एवं पंचायत हेतु फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण 2023 के लिए प्राध्यापकों को जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स नियुक्त किए हैं। जारी आदेश के तहत मतदाता सूची हेतु प्राध्यापक रा.दु.शा.महा.वि.मंडला डॉ. अनिल गुप्ता, प्राध्यापक रा.दु.शा.महा.वि.मंडला डॉ. टीपी मिश्रा तथा सहा. प्राध्यापक रा.दु.शा.महा.वि.मंडला डॉ. एस.के. श्रीवास्तव को मास्टर ट्रेनर बनाया गया है।

 

 

 

 

 

 

 

 

Related posts

बदलते मौसम से फसलों पर पड़ सकता है प्रतिकूल असर एडवाईजरी जारी

Reva India News

चिकित्सक टीम की वजह से एक महिला को मिला नया जीवन

Reva India News

प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 हेतु आवेदन आमंत्रित

Reva India News

Leave a Comment