Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 10 फरवरी 2023

खेलो इंडिया यूथ गेम्स: थांगता प्रतियोगिता के साथ समापन

केन्द्रीय मंत्री श्री कुलस्ते ने किया पुरूस्कार वितरण

 

मण्डला 10 फरवरी 2023

खेलो इंडिया यूथ गेम्स के अंतर्गत प्रदेश के 8 जिलों में होने वाले आयोजनों के अंतर्गत मंडला में गतका एवं थांगता प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन किया गया। गतका का आयोजन 2 से 4 फरवरी तथा थांगता का आयोजन 8 से 10 फरवरी तक किया गया। 10 फरवरी को मणिपुर के पारंपरिक खेल थांगता के फाईनल मुकाबलों के साथ प्रतिस्पर्धा का समापन हुआ। प्रतियोगिता में मणिपुर ने सर्वाधिक 5 स्वर्ण पदक जीते। मध्यप्रदेश को एक स्वर्ण एवं 2 रजत पदक प्राप्त हुए। केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, विधायक निवास डॉ. अशोक मर्सकोले, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, जनपद पंचायत अध्यक्ष सोनू भलावी, नगर पालिका उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा, कलेक्टर हर्षिका सिंह, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, अपर कलेक्टर मीना मसराम, ग्रेंड मास्टर थांगता फेडरेशन ऑफ इंडिया प्रेमकुमार सिंह सहित अन्य अतिथियों ने विजयी होने वाले प्रतिभागियों को पुरूस्कार वितरण किया।

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने प्रतिभागियों उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर विधायक निवास डॉ. अशोक मर्सकोले ने कहा कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स के माध्यम से जिलेवासियों को देश के अन्य राज्यों के खेलों को देखने और समझने का अवसर प्राप्त हुआ है। इस आयोजन से जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन के लिए मंडला का चयन किया जाना जिले के खिलाड़ियों के लिए अच्छे संकेत हैं। यह आयोजन जिलेवासियों के लिए एक नया अनुभव है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रकार के आयोजन से आदिवासी जिले के पारम्परिक खेलों को प्रोत्साहन मिलेगा। ग्रेंड मास्टर थांगता फेडरेशन ऑफ इंडिया प्रेमकुमार सिंह ने अपने संबोधन में खेलो इंडिया यूथ गेम्स के आयोजन की सफलता के लिए स्थानीय लोगों से मिले सहयोग की सराहना की।

बालिका वर्ग में इन्होंने जीते पदक

 

खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तहत संपन्न हुए थांगता गेम्स के फुनाबाअनिसुबा ईवेंट में 52 किलोग्राम बालिकाओं में मणिपुर की यूमनाम दयारानी देवी ने स्वर्ण, दिल्ली की चंदा ने रजत एवं नागालैंड की बनुदास ने कांस्य पदक जीता। फुनाबाअनिसुबा ईवेंट के 56 किलोग्राम बालिकाओं में मणिपुर की कोलोम मेरिनादेवी ने स्वर्ण, दिल्ली की प्रिया कुमारी ने रजत एवं हरियाणा की प्रीति ने कांस्यपदक जीता। इसी प्रकार फुनाबा अमा ईवेंट में 52 किलोग्राम बालिकाओं में मणिपुर की अथोकपामकेमीदेवी ने स्वर्ण, दिल्ली की दीक्षा ने रजत तथा बिहार की महिका कुमारी ने कांस्य पदक जीता। फुनाबा अमा ईवेंट के 56 किलोग्राम बालिकाओं में असम की सिमा सिंघा ने स्वर्ण, मणिपुर की हुईड्रोम अलीआ चानू ने रजत तथा छत्तीसगढ़ की रिमझिम गुप्ता ने कांस्यपदक जीता।

बालक वर्ग में उन्होंने जीते पदक

 

खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तहत संपन्न हुए थांगता गेम्स के फुनाबाअनिसुबा ईवेंट में 56 किलोग्राम बालक में मध्यप्रदेश के शिवकांत दांगी ने स्वर्ण, हरियाणा के भारत ने रजत तथा मणिपुर के लाईपुबम विशाल शर्मा ने कांस्यपदक जीता। फुनाबाअनिसुबा ईवेंट के 60 किलोग्राम बालक में मणिपुर के हेईसनम सेन्चुरी सिंह ने स्वर्ण, दिल्ली के गर्व ने रजत तथा पंजाब के तरूण शर्मा ने कांस्य पदक जीता। इसी प्रकार फुनाबा अमा ईवेंट में 56 किलोग्राम बालक में मणिपुर के लेईतानथेम ओनी सिंह ने स्वर्ण, मध्यप्रदेश के सत्यम दांगी ने रजत तथा जम्मूकश्मीर के हसीफ साफी ने कांस्य पदक जीता। फुनाबा अमा ईवेंट के 60 किलोग्राम बालक में हरियाणा के तुशार बुधवार ने स्वर्ण, मध्यप्रदेश के यश जाट ने रजत तथा दिल्ली के प्रदीप ने कांस्य पदक जीता।

 

 

 

गजरथ महोत्सव पिंडरई के समापन कार्यक्रम में जुड़े मुख्यमंत्री श्री चौहान

जैनमुनि श्री जयसागर जी महाराज से लिया आशीर्वाद

मण्डला 10 फरवरी 2023

मंडला जिले के नैनपुर तहसील के अंतर्गत पिंडरई ग्राम में 5 फरवरी से 10 फरवरी तक गजरथ महोत्सव का आयोजन किया गया है। जैनमुनि श्री आचार्य जयसागर जी महाराज गजरथ महोत्सव में पधारे हैं। इस महोत्सव का शुभारंभ 5 फरवरी को हुआ तथा समापन 10 फरवरी को हुआ। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान भी भोपाल से समापन कार्यक्रम में जुड़े। उन्होंने मुनिश्री को प्रणाम करते हुए कहा कि पिंडरई, मंडला तथा मध्यप्रदेश की धरती आपके पधारने से धन्य हुई है। आचार्य मुनिश्री जयसागर जी महाराज ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को आशीर्वाद देते हुए कहा कि गरीब एवं जनता की सेवा में मुख्यमंत्री लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान देश के सबसे पसंदीदा मुख्यमंत्री में से एक हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को सुख-समृद्धि एवं राजनीतिक जीवन में आगे बढ़ते हुए प्रधानमंत्री पद तक पहुंचने की शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेश सरकार द्वारा गरीबों, महिलाओं एवं बेटियों के हित में बनाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं के बारे में संक्षिप्त रूप से बताया। उन्होंने हाल ही में प्रदेश सरकार द्वारा प्रारंभ की गई ’लाड़ली बहन’ योजना के बारे में भी बताया। गजरथ महोत्सव के समापन के अवसर पर विधायक मंडला देवसिंह सैयाम, स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन से कलेक्टर हर्षिका सिंह, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत सहित संबंधित अधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

गिठार एवं मलपहरी की विकास यात्रा में सम्मिलित हुए केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते

 

मण्डला 10 फरवरी 2023

मोहगांव विकासखंड के ग्राम गिठार एवं मलपहरी में आयोजित विकास यात्रा में सहभागिता करते हुए केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने स्वीकृत निर्माण कार्यों का भूमिपूजन तथा पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण किया। इस दौरान श्री कुलस्ते ने जनसामान्य से चर्चा करते हुए शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ली तथा ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य शिव पूसाम, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष रूपेन्द्र खड़गरे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, संबंधित अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास

 

इस अवसर पर केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री द्वारा 21.75 लाख रूपए से होने वाले 4 निर्माण कार्यों का भूमि पूजन तथा 27 लाख रूपए की लागत से बने 2 निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया तथा ग्राम गिठार में प्रधानमंत्री आवास के हितग्राही पुष्पकुमार का गृहप्रवेश कराया। श्री कुलस्ते ने मोहगांव माल में 1 करोड़ 65 लाख 61 हजार की लागत से बनने वाले डॉक्टर्स एवं स्टॉफ कॉलोनी का लोकार्पण किया। उन्होंने उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोहगांव के खेल मैदान के लिए 13.36 लाख के कार्यों का भूमिपूजन भी किया।

 

इन ग्रामों में भी निकली विकास यात्रा

 

10 फरवरी को विकास यात्रा बरौंची, भावल, राता, जेवरा, कटंगी, खम्हेरखेड़ा आदि ग्रामों में पहुंची। ग्रामीणजनों ने विकास यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं परिषद के सदस्यों ने ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं को चिन्हित कर उनके निराकरण की पहल की गई। ग्राम पंचायत राता में आयोजित विकास यात्रा में चेकडैम, पुलिया निर्माण, नाडेप निर्माण आदि कार्यों का भूमिपूजन किया गया। विकास यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए दीवारलेखन का कार्य भी किया जा रहा है। इस दौरान विभिन्न प्रकार के जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। यात्रा में ग्रामीणजनों के अतिरिक्त जनअभियान परिषद, प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों ने भी सहभागिता की।

 

 

 

 

 

मेरा भी पक्का घर होगा मैंने कभी सोचा नहीं था – सुमेरीलाल

प्रधानमंत्री आवास योजना से गाँवों की बदल रही तकदीर

मण्डला 10 फरवरी 2023

प्रधानमंत्री आवास योजना से गांवों की तस्वीर बदल रही है। मंडला जिले के ग्राम बस्तरीझर निवासी सुमेरीलाल कहते हैं कि वे एक गरीब मजदूर हैं। सुमेरी पहले एक कच्चे घर में रहते थे जिसमें बरसात के दिनों में पानी का रिसाव होता था। बारिश के दौरान परिवार के सदस्यों को हमेशा विषैले कीड़ों का भय बना रहता था। हर साल बरसात से पहले घर के मरम्मत में बहुत मेहनत और पैसा खर्च होता था। गरीबी के कारण पक्का घर बनाने के बारे में कभी सोचा नहीं था किन्तु अब प्रधानमंत्री आवास योजना के कारण पक्का घर बनकर तैयार हो गया है।

सुमेरीलाल बताते हैं कि प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए मुझे चयनित किया गया है तथा मुझे 1 लाख 30 हजार रूपए की राशि व 95 दिवस का मजदूरी भुगतान दिया गया। इसके अलावा मुझे शासन की अन्य योजनाओं जैसे- विद्युत कनेक्शन, उज्ज्वला गैस, शौचालय निर्माण, नल कनेक्शन का लाभ भी मिला है। अब सभी आधारभूत सुविधाओं के कारण कृषि, मजदूरी कर अपना एवं अपने परिवार का अच्छे से पालन-पोषण कर पा रहा हूं। इस प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए मैं मुख्यमंत्री और अपने पंचायत को धन्यवाद करता हूं जिनके कारण मुझे शासन की अनेक महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ मिला है।

 

 

 

 

 

 

सुमन वॉलेंटियर किशोरों को कर ही जागरूक

गर्भवतियों के लिए राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम है महत्वपूर्ण

 

मण्डला 10 फरवरी 2023

राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत हर ग्राम में 2 साथी चिन्हित हैं जो ग्राम के किशोर-किशोरियों को स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न विषयों पर बैठक कर जागरूक करते हैं। साथ ही इन्हें सुमन वॉलेंटियर के रूप में भी जाना जाता है। मंडला जिले के विकासखंड नैनपुर के सुदूर अंचल में जंगल के पास बसा एक ग्राम कोहका जो कि आदिवासी बाहुल्य ग्राम है। इस ग्राम में मूलभूत सुविधाएं पहुंच पाना कठिन होता है। इसी ग्राम की एक गर्भवती महिला बिलसाबाई मलगाम की प्रसव पीड़ा की जानकारी सुमन वॉलेंटियर को मिलते ही उन्होंने 108 एम्बूलेंस को कॉल कर बुलाया और गर्भवती महिला बिलसाबाई को अस्पताल तक पहुंचाने में मदद की। समुन वॉलेंटियर्स ने यह जानकारी आशा कार्यकर्ता को भी दी। इस सहायता के लिए बिलसाबाई मलगाम ने किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम एवं सुमन वॉलेंटियर्स को धन्यवाद किया है।

 

 

 

 

 

 

 

 

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री का दौरा कार्यक्रम

 

मंडला 10 फरवरी 2023

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गनसिंह कुलस्ते के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री कुलस्ते 11 फरवरी को प्रातः 10 बजे जेवरा से मानेगांव के लिए रवाना होंगे तथा प्रातः 11 बजे मानेगांव चुटका पाठा पहुंचकर विकास यात्रा कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। इसके बाद श्री कुलस्ते दोपहर 2 बजे मानेगांव चुटका पाठा से मंडला के लिए रवाना होंगे एवं दोपहर 3 बजे मंडला पहुंचकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की मूर्ति का अनावरण एवं स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। तत्पश्चात वे शाम 5 बजे मंडला से सिवनी के लिए प्रस्थान करेंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका की अनंतिम सूची जारी

 

मंडला 10 फरवरी 2023

महिला एवं बाल विकास परियोजना नैनपुर के आंगनबाड़ी केन्द्रों में रिक्त पदों के चयन हेतु अनंतिम सूची जारी कर दी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 8 फरवरी 2023 को आयोजित खंडस्तरीय चयन समिति की अनुशंसानुसार ग्राम देल्हा के आंगनवाड़ी केन्द्र सुन्हाटोला में रिक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के पद हेतु सावित्री परते तथा ग्राम मक्के में आंगनवाड़ी केन्द्र मक्के 2 में कार्यकर्ता पद हेतु सुमन झारिया तथा ग्राम डोभी के आंगनवाड़ी केन्द्र डोभी 1 में सहायिका के पद हेतु वर्षा झारिया को प्रथम वरीयता दी गई है।

परियोजना अधिकारी ने बताया कि आवेदकों को चयन संबंधी दावे-आपत्ति हो वे 10 फरवरी से 20 फरवरी 2023 तक कार्यालयीन समय 10 से शाम 6 बजे तक आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। कार्यालय या निर्धारित अवधि के पश्चात् दावा-आपत्ति मान्य नही होगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

विशेष सहयोगी दस्ते की शारीरिक परीक्षा 15 को

 

मण्डला 10 फरवरी 2023

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार म.प्र. विशेष सहयोग दस्ता चयन प्रक्रिया अंतर्गत अभ्यर्थियों से प्राप्त आवेदनों का श्रेणीवार न्यूनतम शैक्षणिक अर्हताओं के प्राप्तांकों के आधार पर शारीरिक परीक्षा के लिए प्रावीण्य सूची 9 फरवरी 2023 द्वारा चयनित अभ्यर्थियों की शारीरिक परीक्षा 15 फरवरी 2023 को पुलिस लाईन मंडला में प्रातः 6 बजे होगा।

 

 

 

 

नेशनल लोक अदालत आज

 

मंडला 10 फरवरी 2023

म0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के आदेशानुसार एवं प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती विधि सक्सेना के मार्गदर्शन में 11 फरवरी 2023 को प्रातः 10:30 बजे से जिला न्यायालय मण्डला एवं तहसील न्यायालय निवास, नैनपुर, भुआ बिछिया में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। नेशनल लोक अदालत में पूर्व की ही भांति न्यायालय में लंबित समझौता योग्य आपराधिक प्रकरण, धारा 138 चैक बाउन्स, मोटर दुर्घटना क्षतिपूर्ति दावा, श्रम और रोजगार विभाग के प्रकरण विद्युत की बकाया वसूली, जलकर, पारिवारिक विवाद, भू-अर्जन, व्यवहार न्यायालयों में लंबित राजस्व प्रकरण एवं अन्य दीवानी प्रकृति के मामलों का आपसी समझौते के आधार पर निराकरण किया जाएगा। इसी प्रकार ऐसे प्रकरण जो न्यायालय में प्रस्तुत नहीं किये गये हैं, लेकिन प्रस्तुत किये जाने योग्य है, धारा 138 चैक बाउंस, श्रम और रोजगार विभाग, विद्युत की बकाया वसूली, जलकर, व अन्य समझौता योग्य आपराधिक तथा दीवानी प्रकृति के प्रकरणों का भी आपसी समझौते के आधार पर निराकरण किया जाएगा।

 

 

 

 

 

 

चना, मसूर और सरसों उपार्जन हेतु 25 फरवरी तक पंजीयन

 

मण्डला 10 फरवरी 2023

रबी विपणन वर्ष 2023-24 में समर्थन मूल्य पर चना, मसूर एवं सरसों के उपार्जित करने हेतु किसान पंजीयन 1 फरवरी से 25 फरवरी 2023 तक निर्धारित किया गया है। जिले की सहकारी संस्थाओं एवं एम.पी. किसान ऐप के माध्यम से किसान पंजीयन निःशुल्क करा सकते हैं। इसके अतिरिक्त किसान कॉमन सर्विस सेन्टर, एम. पी. ऑनलाईन (प्रति पंजीयन 50 रूपये) के माध्यम से भी पंजीयन की कार्यवाही कर सकते हैं। सिकमी कृषक, बटाईदार, कोटवार एवं वन पट्टाधारी किसान के पंजीयन की सुविधा केवल सहकारी समिति स्तर पर स्थापित पंजीयन केन्द्रों पर ही उपलब्ध हैं। जिले के समस्त किसान भाईयों से अपील है कि अंतिम दिनों में भीड़-भाड़ से बचने के लिए समय से व आधार कार्ड, बैंक पासबुक, समग्र आई.डी. एवं खसरा आदि की प्रति के साथ समर्थन मूल्य पर चना, मसूर एवं सरसों विक्रय उपस्थित होकर अपना पंजीयन व नवीनीकरण शीघ्र करा लेवें।

 

 

 

 

आर्थिक सहायता स्वीकृत

 

मंडला 10 फरवरी 2023

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक प्रेमवती निवासी ग्राम अमदरा की सर्प के काटने से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व निवास द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।

मृतक के निकटतम वारसान आवेदक खुमानसिंह को कुल 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

 

 

मुख्यमंत्री कन्या विवाह की तिथियाँ

 

मंडला 10 फरवरी 2023

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के लिए तिथिवार कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। जारी कार्यक्रम के अनुसार घुघरी निकाय में 18 फरवरी 2023 को, मवई निकाय में 22 फरवरी को, मोहगांव निकाय में 24 फरवरी को, नारायणगंज निकाय में 27 फरवरी को, बीजाडांडी निकाय में 28 फरवरी को, निवास निकाय एवं नगरपरिषद में 5 मार्च को, बिछिया निकाय एवं नगरपरिषद में 7 मार्च को, नैनपुर निकाय एवं नगरपरिषद में 9 मार्च को तथा मंडला निकाय एवं नगरपरिषद मंडला एवं बम्हनीबंजर में 11 मार्च 2023 विवाह की तिथियां निर्धारित की गई हैं।

 

Related posts

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 23 मई 2023

Reva India News

घर चलो घर घर चलो अभियान को लेकर जिला कांग्रेस पार्टी मंडला की पत्रकार वार्ता

Reva India News

महाविद्यालय में पुस्तकों के क्रय के लिए निविदा आमंत्रित  

Reva India News

Leave a Comment