हर व्यक्ति को विकास की मुख्य धारा जोड़ने सरकार संकल्पित – श्री कुलस्ते
मानेगाँव की विकास यात्रा में सम्मिलित हुए केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री
मण्डला 11 फरवरी 2023
5 से 25 फरवरी तक आयोजित हो रही विकास यात्रा के क्रम में 11 फरवरी को नारायणगंज विकासखंड के मानेगांव में विकास यात्रा कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, पूर्व विधायक रामप्यारे कुलस्ते, जनपद पंचायत अध्यक्ष आशाराम भारतीय, रतन ठाकुर, कलेक्टर हर्षिका सिंह, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, अपर कलेक्टर मीना मसराम सहित अन्य जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। विकास यात्रा का प्रारंभ सरस्वती पूजन एवं कन्या पूजन के साथ प्रारंभ हुआ।
इस अवसर पर आयोजित आमसभा को संबोधित करते हुए श्री कुलस्ते ने कहा कि वर्तमान सरकार सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं संचालित कर रही है। हर व्यक्ति को विकास की मुख्य धारा जोड़ने सरकार संकल्पित है। जल जीवन मिशन की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि 2024 तक सरकार प्रत्येक घरों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का प्रयास कर रही है। केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री ने कहा कि ऐतिहासिक योजना संचालित करते हुए सरकार ने प्रत्येक आवासहीन परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पक्का मकान प्रदान किया जा रहा है। इसी प्रकार भूमिहीन परिवारों को मुख्यमंत्री भू-अधिकार योजना के तहत भूमि प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि छोटे से छोटे गांव को भी मुख्य मार्ग से जोड़ने का प्रयास किये जा रहे हैं। रोजगारमूलक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, रोजगार मेलों का आयोजन कर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। ग्रामीणों द्वारा गांव में थ्री फेस विद्युत की सुविधा प्रदान करने के संबंध में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए। श्री कुलस्ते ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए उनके समुचित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने अपने उद्बोधन में बेटी बचाओ, संबल योजना, आयुष्मान कार्ड, मनरेगा सहित अन्य योजनाओं के संबंध में भी जानकारी दी। इस अवसर पर पूर्व विधायक रामप्यारे कुलस्ते, जनपद अध्यक्ष आशाराम भारतीय, रतन ठाकुर आदि ने भी सभा को संबोधित करते हुए शासन की योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर ग्राम की विकास पुस्तिका का विमोचन, हाईस्कूल मानेगांव में ई-लायब्रेरी का लोकार्पण किया गया। साथ ही शासन की विभिन्न योजनाओं के स्वीकृत निर्माण कार्यों का भूमिपूजन तथा पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण किया गया।

गाँव-गाँव पहुँच रहीं विकास यात्रा, उत्साहपूर्वक हो रहा स्वागत
मण्डला 11 फरवरी 2023
आज 11 फरवरी को जिले के सकरी कौआडोंगरी, मोचा, कोहका कंदवा, औढारी आदि ग्रामों में विकास यात्रा कार्यक्रम आयोजित किए गए। यात्रा का ग्रामीणों द्वारा उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। इस दौरान उपस्थित ग्रामीणजनों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई तथा ग्राम की समस्याओं का चिन्हांकन किया गया।
मोचा में आयोजित विकास यात्रा में धर्मेंद्र सिंह राजपूत, लखन टांडिया, मोहन दास खैरवार, खोबेलाल, रजनी सोनी, नेहा मरकाम आदि उपस्थित रहे। मोचा में चौती बाई और सोनसिंह होलिया के नवीन खेत तालाब तथा कन्हैया के घर से योगेश नामदेव के घर तक नाली निर्माण कार्य का भूमिपूजन तथा सामाजिक स्वच्छता परिसर बस स्टैंड मोचा का लोकार्पण किया गया। यात्रा के दौरान 2 हितग्राहियों को नवीन पात्रता पर्ची वितरण की गई। साथ ही 193 पेंशन, 132 आवास 26 बैगा माता तथा संबल और संनिर्माण कर्मकार मंडल लाभ प्राप्त हितग्राहियों के नाम का वाचन कर बताया गया।
सकरी में विकास यात्रा
कौआडोंगरी के ग्राम सकरी में आयोजित विकास यात्रा कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य शिव प्रसाद पूसाम, जन अभियान परिषद समन्वयक नेमलाल धुर्वे, नवांकुर संस्था ब्रजकुमार, हरदयाल सिंह, हलकेराम मरावी आदि उपस्थित रहे। यात्रा के दौरान ग्रामवासियों को शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई तथा संपर्क के दौरान लोगों की समस्याओं का चिन्हांकन कर उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही की गई।
दी गई योजनाओं की जानकारी, समस्याओं का किया गया चिन्हांकन
11 फरवरी को विकास यात्रा ग्राम पंचायत कोहका के पोषक ग्राम कंदवा में विकास यात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान विभाग के अधिकारियों ने लोगों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और जो लाभार्थी योजनाओं से वंचित रह गए हैं उनको चिन्हांकित किया गया जिससे योजनाओं का लाभ मिल सके। यात्रा के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए उनके निराकरण के लिए समुचित पहल की गई। विकास यात्रा में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड निवास नवांकुर संस्था बिझौली की सहभागिता रही। जनपद सदस्य रॉबिन बडगैया, सरपंच पुन्नू लाल बैगा, ग्रामीण कृषि विकास अधिकारी पंकज धुर्वे, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष संतोष मरावी, सचिव सुनील उइके, पंच रामकली बाई, प्रेमबाई आदि उपस्थित रहे।

नेशनल लोक अदालत: 400 प्रकरण निराकृत, 2 करोड़ 81 लाख रूपए के धनादेश पारित
मण्डला 11 फरवरी 2023
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली के निर्देशानुसार नेशनल लोक अदालत का आयोजन 11 फरवरी 2023 को सम्पूर्ण देश में किया गया। इसी तारतम्य में जिला मण्डला में प्रभारी जिला न्यायाधीश, अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती विधि सक्सेना के निर्देशन में एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री डी0आर0 कुमरे के मार्गदर्शन में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सभी प्रकार के राजीनामा योग्य आपराधिक प्रकरण, सिविल प्रकरण विद्युत प्रकरण, मोटर दुर्घटना, भरण-पोषण, चैक बाउन्स, श्रम, राजस्व (जिला न्यायालय एवं मान0 उच्च न्यायालय में लंबित प्रकरण) पारिवारिक वैवाहिक मामले न्यायालय के प्रकरणों के साथ-साथ, बैंक, नगरपालिका, विद्युत एवं बी0एस0एन0एल0 के प्रीलिटिगशन प्रकरणों का निराकरण किया गया।
जिला न्यायाधीश, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री डी0आर0 कुमरेने बताया कि नेशनल लोक अदालत जिला न्यायालय मण्डला एवं तहसील न्यायालय नैनपुर, निवास, बिछिया में भी उक्त नेशनल लोक अदालत आयोजित की गई है जिसमें सभी समझौते योग्य प्रकरणों के निराकरण हेतु 17 खंडपीठों का गठन किया गया है। आपसी सुलह के आधार पर राजीनामा किया गया। उन्होंने बताया कि इस बार की नेशनल लोक अदालत में प्रीलिटिगेशन प्रकरणों में बैंक के 2161 प्रकरणों में से 113 प्रकरण निराकृत हुये जिसमें 4800608 रूपये की वसूली राशि प्राप्त हुई, विद्युत विभाग के 135 प्रकरणों में से 38 प्रकरण निराकृत हुये जिसमें 174000 रूपये की वसूली राशि प्राप्त हुई। न्यायालय के पेंडिंग केसेस में समझौता योग्य आपराधिक प्रकरणों के 206 प्रकरणों में से 136 निराकृत, 138 एन0आई0एक्ट के 125 प्रकरणों में से 33 प्रकरण निराकृत हुये जिसमें 7781879 राशि का अवार्ड पारित किया गया। एम0ए0सी0टी0 के 358 प्रकरणों में से 106 प्रकरण निराकृत हुये जिसमें 20162000 राशि का अवार्ड पारित किया गया, पारिवारिक विवाद के 132 प्रकरणों में से 42 प्रकरण निराकृत हुये। अन्य सिविल प्रकृति के 52 प्रकरणों में से 20 प्रकरण निराकृत हुये। उपभोक्ता फोरम के 33 प्रकरण रखे गये तथा 33 प्रकरण निराकृत किये गये। इस प्रकार न्यायालय के पेंडिंग केसेस कुल 999 प्रकरणों में से 400 प्रकरण निराकृत किये गये तथा 2 करोड़ 81 लाख 59 हजार 879 रूपये राशि का धनादेश पारित किया गया। इस लोक अदालत से कुल 905 लोग लाभांवित हुये।

स्वरोजगार प्रशिक्षण संपन्न
मण्डला 11 फरवरी 2023
सेंट्रल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान मंडला में 1 से 10 फरवरी तक फास्टफ़ूड स्टॉल उद्यमी का प्रशिक्षण संपन्न हुआ। प्रशिक्षण के दौरान जिले के समस्त विकासखंडों से आए प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया जिनमें जिले में एसएचजी समूह द्वारा चलाए जा रहे दीदी कैफे के सदस्यों को प्रमुख रूप से प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सभी प्रशिक्षणार्थियों को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। समापन कार्यक्रम में अग्रणी जिला प्रबंधक अमित केसरी, डायरेक्टर आर सेटी सतीश कुमार सिंगौर एवं फेकल्टी राजीव शर्मा, यश मोहन उसराठे एवं एनआरएलएम के आधिकारी उपस्थित रहे।

कृष्णा ने कुपोषण से जीती जंग
मण्डला 11 फरवरी 2023
मवई विकासखंड के पिपरी माल गांव में जन्मे कृष्णा जन्म से ही काफी कमजोर था, उम्र के अनुपात में उसका वजन एवं उंचाई भी कम थी। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा की गई जांच में कृष्णा अति गंभीर श्रेणी अति कुपोषित (सेम केटेगरी) में पाया गया। स्वास्थ्य विभाग से समन्वय कर कृष्णा विश्वकर्मा का फॉलोअप हर दिन किया गया। पर्यवेक्षक द्वारा कृष्णा के खान-पान के अंतर्गत दी जाने वाली खाद्य सामग्री एवं न्यूट्रीशन, पौष्टिक आहार देने की सलाह दी गई। संपर्क के दौरान विभागीय अमले द्वारा समक्ष में भी कृष्णा को पौष्टिक आहार खिलाए गए, जिससे कृष्णा का वजन बढने लगा। उसके स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है, अब वह अति कुपोषण से हटकर सामान्य श्रेणी में आ गया है।

आर्थिक सहायता स्वीकृत
मंडला 11 फरवरी 2023
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक कमलसिंह निवासी ग्राम मानिकसरा की पानी में डूबने से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व निवास द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।
मृतक के निकटतम वारसान आवेदक मिलन कुमार को कुल 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

