Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 19 अप्रैल 2023

त्यौहारों को शांति और सद्भाव के साथ मनाये जाने की जिले की परम्परा को कायम रखें – डॉ. सिडाना

शांति समिति की बैठक सम्पन्न

मण्डला 19 अप्रैल 2023

                ईद-उल-फितर एवं परशुराम जयंती के मद्देनजर कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। जिला योजना भवन में सम्पन्न हुई इस बैठक में नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र कंवर सहित संबंधित अधिकारी, पार्षदगण तथा समिति सदस्य उपस्थित रहे।

इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने कहा कि जिले में सभी त्यौहार शांति और सद्भाव के साथ मनाये जाने की परम्परा रही है। सभी सम्प्रदाय के लोग आपस में मिलजुल त्यौहार मनाते हुये जिले की इस गौरवशाली परम्परा को सदैव कायम रखें। कलेक्टर ने कहा कि पर्व के दौरान निकाले जाने वाले जुलूस तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों के लिये सक्षम अधिकारी से विधिवत अनुमति प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि प्रदाय की अनुमति की शर्तों का पालन कराते हुये जुलूस, रैली को विधिवत सम्पन्न कराना आयोजकों की जिम्मेदारी है। इस दौरान जुलूस, रैली के लिये अनुमत्य मार्ग तथा समयसीमा का पालन करें। डीजे एवं साउण्ड सिस्टम के उपयोग में अनुमत्य समय एवं क्षमता का भी पालन करें। बैठक में कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सफाई व्यवस्था, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति सहित अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक निर्देश दिये।

 

 

 

स्वच्छता के लिये सबका सहयोग जरूरी

 

बैठक में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने कहा कि नगर को स्वच्छ बनाने के लिये समाज का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने संबंधितों से आग्रह किया कि त्यौहारों के दौरान प्रसाद सहित अन्य सामग्री का अमानक एवं प्रतिबंधित पात्रों में न करें। वितरण के पश्चात ये पात्र बिखरे न रहें, इनको हटाने एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था की जिम्मेदारी आयोजकों की है। बैठक में समिति सदस्यों से सुझावों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

 

आपत्तिजनक गीत-संगीत-नारों से बचें

 

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने कहा कि जुलूस तथा रैली के दौरान आपत्तिजनक गीत-संगीत न बजायें और ना ही ऐसे कोई भी नारे लगायें। उन्होंने कहा कि त्यौहार के दौरान ऐसे कोई भी कृत्य नहीं करें जिससे अन्य धर्माें या सम्प्रदाय के सम्मान एवं भावनाओं को ठेस पहुंचे। पुलिस अधीक्षक ने आयोजकों से अपील की है कि वे स्वयं पहल कर वाहन रैलियों में हैलमेट सहित अन्य यातायात नियमों का पालन करायें।

 

 

 

 

 

 

 

 

सीएम प्रस्तावित कार्यक्रम: कलेक्टर एवं एसपी ने किया संयुक्त दौरा

मण्डला 19 अप्रैल 2023

                आगामी सप्ताह में प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का मंडला ज़िले के निवास में कार्यक्रम प्रस्तावित है। कार्यक्रम की तैयारियों के मद्देनज़र कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना एवं पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने संबंधित अधिकारियों के साथ कार्यक्रम से जुड़े सभी स्थलों का संयुक्त भ्रमण किया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल, मंच व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य इंतजामों के संबंध ज़रूरी निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

अत्यधिक गर्मी की संभावना के मद्देनजर शाला के समय में परिवर्तन

कलेक्टर ने जारी किए आदेश

मण्डला 19 अप्रैल 2023

                अत्यधिक गर्मी की संभावना को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना द्वारा शाला के समय में परिवर्तन किया गया है ताकि छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य पर इसका विपरीत प्रभाव न पड़े। जारी आदेश के तहत जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालय 30 अप्रैल 2023 तक प्रातः 7ः30 बजे से 12ः30 बजे तक संचालित होंगे। परीक्षाओं का संचालन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होगा।

 

 

 

 

 

 

 

रानी दुर्गावती शासकीय कॉलेज की बैठकों हेतु प्रतिनिधि नियुक्त

मंडला 19 अप्रैल 2023

                प्रभारी अधिकारी कृते, कलेक्टर से प्राप्त जानकारी के अनुसार केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री भारत सरकार उद्योग भवन नई दिल्ली फग्गनसिंह कुलस्ते द्वारा पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया है कि अमन अग्रवाल निवासी ग्राम देवदरा विकासखण्ड मण्डला को रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंडला की समस्त बैठकों हेतु प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है।

 

 

 

 

 

 

अप्रेंटिसशिप के लिये 10 प्रशिक्षणार्थियों का चयन

मण्डला 19 अप्रैल 2023

                प्राचार्य आर.एस. बरकडे से प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 अप्रैल 2023 को शासकीय आईटीआई मंडला में आयशर कंपनी देवास द्वारा ऑनलाइन, ऑफलाइन अप्रेंटिसशिप प्लेसमेंट डाईव का आयोजन किया गया। मंडला जिले के 36 प्रशिक्षणार्थियों ने ऑनलाईन रजिस्ट्रेशन किया जिसमें से कंपनी द्वारा शासकीय आईटीआई उर्त्तीण विभिन्न ट्रेड के 10 प्रशिक्षणार्थियों चयन किया गया। प्रशिक्षणार्थियों को 1 मई 2023 को कंपनी ज्वाइल करने के लिए कहा गया है। प्रशिक्षणार्थियों को 11 हजार रूपये प्रतिमाह स्टायपेंड एवं अन्य सुविधाएं दी जाएगी।

 

 

 

 

 

आम फलबहार नीलामी

मण्डला 19 अप्रैल 2023

                सहायक संचालक उद्यान से प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2023-24 में जिले की विभिन्न रोपणियों में आम फलबहार नीलामी किया जाना है। मोहगांव विकासखंड के शास.सं.नि. में 26 अप्रैल 2023 को तथा शासकीय सं.नि. घुघरी में 27 अप्रैल 2023 को नीलामी किया जाएगा। इच्छुक व्यापारी रोपणी प्रभारियों से कार्यालयीन समय पर संपर्क कर नीलामी शर्तों की विस्तृत जानकारी प्राप्त सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

युवाओं के लिये स्थापित पुरस्कारों के प्रस्ताव भेजने के निर्देश

मण्डला 19 अप्रैल 2023

                कार्यालय कलेक्टर से प्राप्त जानकारी के अनुसार म.प्र. शासन भोपाल द्वारा सभी कार्यालयों से युवाओं के लिए स्थापित पुरस्कारों यथा कबीर, शंकराचार्य, गुरुनानक, गौतमबुध्द, रहीम राज्य सम्मान पुरस्कार के प्रस्ताव 22 मई 2023 के पूर्व मांगी गई है।

 

 

 

 

 

 

 

इंदिरा गांधी साम्प्रदायिक सौहार्द पुरस्कार योजना वर्ष 2022 एवं 2023

मण्डला 19 अप्रैल 2023

                प्रभारी अधिकारी कृते, कलेक्टर ने सभी कार्यालय प्रमुखों को इंदिरा गांधी साम्प्रदायिक सौहार्द पुरस्कार योजना वर्ष 2022 एवं 2023 के प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक 21 को

मण्डला 19 अप्रैल 2023

                जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक 21 अप्रैल 2023 दिन शुक्रवार को दोपहर 12 बजे से जिला योजना एवं सांख्यिकी विभाग मण्डला के सभाकक्ष में आयोजित की गई है। बैठक केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते की अध्यक्षता में आयोजित की गई है जिसमें योजनाओं व कार्यक्रमों के अंतर्गत मदवार समीक्षा की जाएगी।

पिछली बैठक की कार्यवाही विवरण का पालन प्रतिवेदन, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), जल जीवन मिशन और जल निगम की सामूहिक जल योजना, वन विभाग की योजनाएं, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का जिले में क्रियान्वयन, म०प्र० सड़क विकास निगम के कार्य अन्य विषयों की समीक्षा की जाएगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

’मलेरिया जागरुकता सप्ताह’ अभियान 21 से प्रारंभ

मण्डला 19 अप्रैल 2023

                मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 अप्रैल 2023 को ’विश्व मलेरिया दिवस’ के उपलक्ष्य पर 21 अप्रैल से 27 अप्रैल 2023 तक ’मलेरिया जागरुकता सप्ताह’ अभियान के रुप मे मनाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य मलेरिया के बारे में सामुदायिक जागरुकता प्रसारित करना और संक्रमणकाल शुरु होने के पहले क्षेत्र में रोग नियंत्रण के लिए निवारक उपायों और उसकी तैयारी को तीव्र करना है। इस वर्ष विश्व मलेरिया दिवस की थीम है “Time to deliver zero malaria : invest, Innovate, implement” है।

एडवोकेसी विकासखण्ड स्तर पर विश्व मलेरिया दिवस के उपलक्ष्य में 21 अप्रैल 2023 से 27 अप्रैल 2023 में स्थानीय जनप्रतिनिधि की अध्यक्षता में एडवोकेसी कार्यशाला आयोजित किया जाना है। कार्यशाला में प्रतिभागी के रूप में शिक्षा विभाग के अंतर्गत विद्यालय, महाविद्यालय में शिक्षकों, प्राध्यापक, प्राचार्य को मलेरिया रोग की रोकथाम के प्रति जागरुक किया जाएगा। विश्व मलेरिया दिवस के उपलक्ष्य में वृहद स्तर पर प्रचार-प्रसार किये जाने हेतु स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त अन्य महत्वपूर्ण विभाग जैसे महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायत विभाग, ग्रामीण एवं शहरी विकास विभाग, नगरीय प्रशासन, वन विभाग, कृषि विभाग, शिक्षा विभाग इत्यादि प्रमुख विभाग के प्रमुख अधिकारियों से समन्वय बैठक कर मलेरिया उन्मूलन के प्रति सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। क्षमता वृधन कार्यक्रम हेतु स्वास्थ्य विभाग के मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता, मेडिकल ऑफीसर, पैरामेडिकल स्टॉफ को मलेरिया की जांच, उपचार एवं रोकथाम के विषय में प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। विकासखंड स्तरीय, ग्राम स्तरीय रैली, दीवारों में मलेरिया से संबंधित नारे लेखन एवं वॉलपेंटिग इत्यादि के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जाएगा। पानी में मच्छर की उत्पत्ति को रोकने हेतु बर्तन, कन्टेनर को पूर्णतः ढक्कर रखें, कूलर की टंकी का पानी प्रति सप्ताह नियमित रुप से खाली करें। साथ ही मच्छरों काटने से बचाव हेतु व्यक्तिगत सुरक्षा की विधि के साथ-साथ सायं के समय घरों में नीम का धुआँ करें व सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

लू-तापघात से बचाव के लिये एडवायजरी

मण्डला 19 अप्रैल 2023

                लू-तापघात से बचाव हेतु जारी एडवायजरी में कहा गया है कि जिले में अत्यधिक गर्मी को दृष्टिगत रखा जाये, ऐसे शुष्क वातावरण में लू व तापघात की संभावना जानलेवा भी हो सकती है।

 

लू से बचाव के लिए क्या करें

 

गर्मी के दिनों में धूप में बाहर जाते समय हमेशा सफेद या हल्के रंग के ढीले सूती वस्त्रों का प्रयोग करें, भोजन करके एवं पानी पीकर ही बाहर निकलें। गर्मी के मौसम में गर्दन के पिछले भाग, कान व सिर को गमछे या तौलिये से ढ़क्कर ही धूप में निकलें, रंगीन चश्मे व छतरी का प्रयोग करें। गर्मी में हमेशा पानी अधिक मात्रा में पीयें एवं पेय पदार्थों का अधिक से अधिक मात्रा में सेवन करें, बाहर जाते समय अपने साथ पानी रखें। गर्मी के दिनों में बच्चों का विशेष ध्यान रखें, बच्चों को सिखायें कि जब भी उन्हें अधिक गर्मी महसूस हो तो वे तुरंत घर के अंदर आयें। गर्मी के दिनों में बुजुर्गों का भी विशेष ध्यान रखें, उन्हें धूप में घर से बाहर न निकलने देवें, समय-समय पर पानी पीने के लिए प्रेरित करें, सुपाच्य भोजन एवं तरल पदार्थों का सेवन करायें। गर्मी के दिनों में ठंडे मौसमी फलों का सेवन करें। तीव्र धूप को अंदर आने से रोकें।

 

लू से बचाव के लिए क्या न करें

 

बिना भोजन किए बाहर ना निकलें। जहां तक संभव हो, ज्यादा समय तक धूप में खड़े होकर व्यायाम मेहनत व अन्य कार्य न करें, बहुत अधिक भीड़, गर्म घुटन भरे कमरों में न जायें, रेल, बस आदि की यात्रा गर्मी के मौसम में अत्यावश्यक होने पर ही करें। गर्भवती माता, बच्चों एवं बुजुर्गों को दिन के सबसे गर्म समय जैसे- दोपहर 12 से 4 बजे तक घर के बाहर की गतिविधियों में शामिल न होने दें। धूप में बच्चों और पालतू जानवरों को गाड़ी में अकेला न छोड़ें। धूप में नंगे पांव न चलें। चाय, कॉफी, अत्यधिक मीठे पदार्थ व गैस वाले पेय पदार्थों का सेवन न करें।

 

लू लगने के लक्षण इस प्रकार हैं

 

गर्म, लाल और सूखी त्वचा, शरीर का तापमान 40 सेल्सियस या 104 फेरेंनाइट, मितली या उल्टी आना, बहुत तेज सिर दर्द, मांसपेशियों में कमजोरी या ऐंठन, सांस फूलना या दिल की धड़कन तेज हो जाना। घबराहट होना, चक्कर आना, बेहोशी और हल्का सिरदर्द।

 

प्राथमिक उपचार इस प्रकार दिया जाये

 

रोगी को तुरंत छायादार जगह पर कपड़े ढ़ीले कर लिटा दें एवं हवा करें। रोगी के बेहोश होने की स्थिति में कोई भी भोज्य, पेय पदार्थ ना दें एवं तत्काल चिकित्सा सहायता प्राप्त करें। रोगी के होश में आने की दशा में उसे ठंडे पेय पदार्थ, जीवन रक्षक घोल, कच्चा आम का शर्बत (पना) आदि दें। रोगी के शरीर का ताप कम करने के लिए संभव हो तो उसे ठंडे पानी से स्नान करायें या उसके शरीर पर ठंडे पानी की पट्टियां रखकर पूरे शरीर को ढक दें, इस प्रक्रिया को तब तक दोहरायें जब तक कि शरीर का ताप कम नहीं हो जाता।

 

 

 

एनएचएम संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ,मध्यप्रदेश, जिला शाखा मण्डला

संविदा कर्मी हडतालःस्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित, उप स्वास्थ्य केन्द्र में ताला

 

 

मंडलाःएनएचएम संविदा स्वास्थ्य कर्मियो का अनिष्चिकालीन आंदोलन बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। संविदा कर्मी हडताल के साथ भूख हडताल भी कर रहे है। संविदा कर्मियो के हडताल पर चले जाने से जिले में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो गई है। एएनएम और सीएचओ के हडताल पर चले जाने से तीन सैकडा से अधिक उप स्वास्थ्य केन्द्र में ताला लगने की स्थिति आ गई है। गर्भवती महिलाओ व बच्चो को सेवाएं नहीं मिल पा रही है। बुधवार को संविदा कर्मियो का आंदोलन कलेक्ट्रेट मार्ग पर जारी रहा।

संघ के जिलाध्यक्ष डा.मुकेश झारिया ने बताया कि सरकार द्वारा वर्षो से एनएचएम के संविदा कर्मियो की उपेक्षा की जा रही है। 5 जून 2018 की नीति तक का लाभ नहीं दिया गया है। जिससे संविदा एएनएम आज भी दस हजार रूप्ये में महीने भर काम करने को मजबूर है। सरकार का महिला सशक्तिकरण का दावा यहां गलत साबित हो रहा है। यही स्थिति अन्य केडर की है। बेहद कम मानदेय में स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहे है। कोरोना में अपनी जान दांव पर लगाकर सेवाएं दी गई लेकिन सरकार का रवैया इसके बाद भी सकारात्मक नहीं है।

संविदा कर्मियो की अनिश्चितकालीन हडताल का जिले में व्यापक असर दिखाई दे रहा है। स्टाफ नर्स के हडताल पर होने से प्रसव में समस्याओ का सामना करना पड रहा है।प्रसव के बाद होने वाला भुगतान महिला हितग्राहियो को नहीं मिल रहा है। जिससे जिले में शिकायतो की संख्या बढ गई है। संविदा कर्मियो ने धरना स्थल पर सरकार और एनएचएम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की है। संविदा कर्मियो का कहना है कि मांग पूरी होने तक यह आंदोलन नियमित रूप से जारी रखा जायेगा।

 

Related posts

जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनी 76 आवेदकों की समस्या 2 दिव्यांगों को मिली तत्काल सहायता

Reva India News

मध्यप्रदेश राज्य स्तरीय जैव विविधता क्विज ऑनलाईन 2025 प्रतियोगिता के आयोजन की ब्रीफिंग

Reva India News

मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने मुख्यमंत्री विवाह/निकाह योजना में अधिक से अधिक वर-वधुओं को शामिल करने को कहा मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने टिकरवारा में मुख्यमंत्री विवाह/निकाह योजना की समीक्षा बैठक ली

Reva India News

Leave a Comment