Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 18 अप्रैल 2023

जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनी 83 लोगों की समस्याऐं

मण्डला 18 अप्रैल 2023

                कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने योजना भवन सभाकक्ष में जनसुनवाई के दौरान जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र से आए 83 आवेदकों की समस्या सुनी। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदनकर्ता को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवेदन का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मरावी सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने अमरवती धुर्वे के बच्चे के चेहरे में इनफेक्शन देखकर तत्काल इलाज एवं दवाई के लिए संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए। संपन्न हुई जनसुनवाई में अतिक्रमण, पेंशन, दिव्यांग सहायता, प्रधानमंत्री आवास योजना, सीमांकन, पेयजल, बिजली बिल सहित अलग-अलग विषयों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए।

 

 

 

 

 

 

जिले में हुए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के 1 लाख 60 हजार से ज्यादा पंजीयन

मंडला 18 अप्रैल 2023

                जिले में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत 25 मार्च 2023 से पात्र महिलाओं के ऑनलाइन आवेदन भरे जाने का कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना के नेतृत्व में मण्डला जिले में अब तक 1 लाख 60 हजार से ज्यादा पंजीयन हो चुके हैं। मैदानी अमले द्वारा शिविर एवं घर-घर जाकर भी पंजीयन कार्य किए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी अनुसार जनपद पंचायत मंडला में लगभग 24836, बीजाडांडी में 11524, बिछिया में 21574, घुघरी में 14370, मवई में 15403, मोहगांव में 12974, नैनपुर में 21603, नारायणगंज में 13846, निवास में 10933 पंजीयन हुए। इसी प्रकार नगरपालिका मंडला में 6246, नैनपुर में 2978, बम्हनी बंजर में 1470, बिछिया में 1434 तथा निवास में 1215 पंजीयन हुए हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

मंडला जिला जल अभावग्रस्त क्षेत्र घोषित

मंडला 18 अप्रैल 2023

कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने जिले में निरंतर भू-जल स्तर की गिरावट को दृष्टिगत रखते हुए 31 जुलाई 2023 तक जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों को जल अभावग्रस्त घोषित कर दिया है। उक्त्त आदेश के तहत मण्डला जिले में नलकूप, बोरिंग मशीन संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) की अनुमति के बिना न तो प्रवेश करेगी (सार्वजनिक सड़कों से गुजरने वाली मशीनों को छोड़कर) और न ही बिना अनुमति के कोई नया नलकूप खनन करेंगी। प्रत्येक राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों को ऐसी बोरिंग मशीनों जो अवैध रूप से जिले में प्रतिबंधित स्थानों पर प्रवेश करेगी अथवा नलकूप खनन, बोरिंग का प्रयास कर रही मशीनों को जब्त कर पुलिस में एफ.आई.आर. दर्ज कराने का अधिकार होगा। समस्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को उनके क्षेत्रान्तर्गत इस निमित्त अपरिहार्य प्रकरणों के लिए व अन्य प्रयोजनों हेतु उचित जांच के पश्चात अनुज्ञा देने हेतु प्राधिकृत किया जाता है।

इस अधिसूचना का उल्लंघन करने पर अधिनियम की धारा-9 के अनुसार दो वर्ष तक के कारावास या दो हजार रूपये तक का जुर्माना या दोनों से दण्डित करने का प्रावधान है। उपरोक्त आदेश शासकीय योजनाओं के अंतर्गत किये जाने वाले नलकूप उत्खनन पर लागू नही होगा तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा कार्ययोजनान्तर्गत नलकूप खनन का कार्य कराया जा सकेगा, इस हेतु उपरोक्तानुसार अनुज्ञा प्राप्त किया जाना आवश्यक नहीं होगा। नवीन खनित निजी नलकूप एवं अन्य विद्यमान निजी जलस्त्रोतों का आवश्यकता होने पर सार्वजनिक पेयजल व्यवस्था हेतु अधिनियम की धारा-4 के अंतर्गत अधिग्रहण किया जा सकेगा। यह आदेश 31 जुलाई 2023 तक प्रभावशील रहेगा।

 

 

 

 

 

 

 

वैश्विक महामारी कोविड-19 से बचाव हेतु एडवायजरी

मंडला 18 अप्रैल 2023

                मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जनसमुदाय के लिए जारी एडवायजरी में कहा है कि वैश्विक महामारी कोविड-19 के खतरे से अभी जनसमुदाय मुक्त नहीं हुआ है। देश के अनेक राज्यों में कोरोना की पुष्टि हुई है जिसमें म.प्र. के कुछ जिले भी शामिल हैं। लोगों का इस जिले से उस जिले तक आना जाना होता है।

केन्द्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री के निर्देशानुसार कोविड महामारी के नियत्रंण के संबंध में पांच स्तरीय रणनीति यानी टेस्ट-ट्रेक-ट्रीट टीकाकरण एवं कोविड उपमुक्त व्यवहार पालन करें। राज्य के कोविड-19 प्रकरणों के बढ़ती ट्रेजेक्टरी को ध्यान में रखते हुए मौसमी बीमारियां श्वसन वायरस के साथ कोविड-19 के सह-संचार संबंधी भीड़भाड़ वाले क्षेत्र खराब वेंटिलेशन वाले स्थानों से दूरी रखते हुये श्वसन स्वच्छता का पालन करें। बार-बार साबुन से हाथों को धोयें। मॉस्क का प्रयोग करें, सामाजिक कार्यों में अधिक आवश्यकता हो तभी जायें। बच्चे, बुर्जुग एवं गर्भवती माताएं इन सभी का विशेष ध्यान रखें। सर्दी, खांसी, बुखार, सांस लेने में तकलीफ है तो चिकित्सक के पास जायें।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षण प्राप्त करने ऑनलाईन आवेदन आमंत्रित

मंडला 18 अप्रैल 2023

                प्रबंधक मध्यप्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में स्वरोजगार की संभावना एवं स्वयं का रोजगार स्थापित करने के उद्देश्य से मण्डला के लिए 25 प्रशिक्षणार्थियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रशिक्षणार्थियों को जिला स्तर पर ही प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जायेगा। बोर्ड द्वारा विभिन्न रोजगारन्मुखी व्यवसायों जैसे- फैशन डिजाईनिंग, बेसिक सिलाई गारमेंट, लेदर कम्प्यूटर हार्डवेयर गुड्न, बेकरी, फूड प्रोसेसिंग फल एवं सब्जी (आचार, पापड़, मसाले एवं अन्य), रिपेयरिंग, कम्प्यूटर एकाउण्ट विथ टेली, घरेलू उपकरण मरम्मत, इलेक्ट्रीशियन, प्लम्बर, राज मिस्त्री, दोना पत्तल, टू-व्हीलर, थ्री-व्हीलर, मरम्मत, ट्रेक्टर रिपेयरिंग, कम्प्यूटर ऑपरेटर, कारपेंटर, मोबाईल रिपेयरिंग, जिक-जेक मशीन इम्ब्रोइडरी, जरी जरदोसी, विडियोग्राफी, फोटोग्राफी, मोटर वाइरिंग मेनुअल ज्वेलरी डिजाईन, अगरबत्ती निर्माण, रिटेल सेल एसोसिएट आदि में प्रशिक्षण प्राप्त करने हेतु आवेदन ऑनलाईन 25 मई 2023 तक आमंत्रित किये गए हैं। कौशल विकास प्रशिक्षण प्राप्त करने हेतु ऑनलाईन आवेदन बोर्ड की विभागीय वेबसाईट http://crisponlineservices.com/Services/khadi/ User_Registration_khadi.aspx पर किया जा सकता है। अधिक जानकारी के लिए प्रबंधक, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड, जिला पंचायत मण्डला मोबाईल नम्बर- 8959500194 पर सम्पर्क कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

 

विद्युत शिकायत निवारण फोरम की बैठक व सुनवाई 21 अप्रैल को

मंडला 18 अप्रैल 2023

                म.प्र. शासन ऊर्जा विभाग एवं म.प्र.पू.क्षे.वि.वि.कं.लि. जबलपुर के निर्देशानुसार मण्डला वृत्त में जिला स्तरीय विद्युत शिकायत निवारण फोरम का गठन किया गया है। फोरम की बैठक व सुनवाई 21 अप्रैल 2023 दिन शुक्रवार को प्रातः 11 बजे वृत्त कार्यालय मण्डला में आयोजित की जाएगी, जिसमें विद्युत उपभोक्ता अपनी बिल सम्बन्धी समस्याओं का त्वरित निराकरण करा सकेंगे। बैठक व सुनवाई में ऐसे उपभोक्ता जिनकी बिल सम्बन्धी समस्याओं का निराकरण सम्बन्धित कार्यालय से न हुआ हो और वे असंतुष्ट हों तो सुनवाई में अपनी समस्या रखने हेतु लिखित आवेदन के साथ एक पुराना बिल संलग्न कर उपस्थित होकर अपनी समस्या का निराकरण करा सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

 

शांति समिति की बैठक आज

मण्डला 18 अप्रैल 2023

                परशुराम जयंती एवं ईद-उल-फितर पर्व के मद्देनजर 19 अप्रैल 2023 को जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई है। यह बैठक जिला योजना भवन में शाम 4 बजे से होगी। संबंधितों से बैठक में उपस्थिति का आग्रह किया गया है।

 

 

 

 

 

 

 

 

आईटीआई में प्लेसमेंट ड्राईव आज

मंडला 18 अप्रैल 2023

                शासकीय आईटीआई मंडला में 19 अप्रैल 2023 को अप्रेंटिसशिप प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन आयशर कम्पनी देवास द्वारा किया गया है। प्राचार्य ने बताया कि ड्राईव में टर्नर, मशीनिष्ट, फिटर, वेल्डर, डीजल मैकेनिक, मोटर मैकेनिक, ट्रेक्टर मैकेनिक, इलेक्ट्रीशियन एवं मैकेनिकल ग्रुप के आईटीआई उत्तीर्ण प्रशिक्षनार्थी सम्मिलित हो सकते हैं। चयनित प्रशिक्षनार्थियों को 11000 रु. प्रति माह दिया जायेगा एवं अन्य सुविधाएं कंपनी द्वारा दी जाएगी। इच्छुक प्रशिक्षनार्थी निर्धारित दिनांक को अपने मूल दस्तावेज एवं रिज्यूम के साथ उपस्थित हो सकते हैं।

 

 

 

 

उत्तरा पोर्टल का प्रशिक्षण आज

मंडला 18 अप्रैल 2023

                कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना के निर्देशानुसार सभी विभाग के अधिकारी, कर्मचारियों को उत्तरा पोर्टल का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण 19 अप्रैल 2023 को ई-दक्ष केन्द्र मंडला में आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण में सभी विभाग प्रमुखों को कार्यालय में पदस्थ डाटा एंट्री ऑपरेटर के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशिक्षण की प्रथम पाली दोपहर 3 से 4 बजे तक तथा द्वितीय पाली 4 से 5 बजे तक एवं तृतीय पाली 5 बजे से सायं 6 बजे तक होगी।

 

 

 

 

 

सामान्य सभा की बैठक आज

मंडला 18 अप्रैल 2023

                जिला पंचायत मण्डला की सामान्य सभा की बैठक 19 अप्रैल 2023 दिन बुधवार को 12 बजे से जिला पंचायत मण्डला के सभाकक्ष में आयोजित की गई है। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में पूर्व बैठक 18 जनवरी 2023 के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा, विभागीय योजना की समीक्षा, म०प्र० विद्युत मण्डल मण्डला, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा संचालित योजनाएं, 15वें वित्त योजना अंतर्गत वर्ष 2023-24 के लिए डीपीडीपी के प्राप्त प्रस्तावों पर चर्चा एवं अनुमोदन, 5वें राज्य वित्त आयोग अंतर्गत वर्ष 2022-23 के लिए प्राप्त राशि से लिए जाने वाले कार्याें के संबंध में चर्चा एवं अनुमोदन सहित अन्य विषयों की समीक्षा की जाएगी।

 

 

 

मध्यप्रदेश की गोंड़ी पेंटिंग को मिला अंतर्राष्ट्रीय जीआई टैग

मंडला के नवाचार को मिली एक नई पहचान

 

मण्डला 18 अप्रैल 2023

                मध्यप्रदेश राज्य की प्रसिद्ध गोंड़ी पेंटिंग, जिसकी पहचान देश-विदेश तक है, उसको हाल ही में जीआई टैग मिला है। मंडला जिले में इस कला को संजोए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा पिछले 2 सालों से निरंतर प्रयास किया जा रहा है और इन प्रयासों के फलस्वरूप जिले के बिछिया और नैनपुर ब्लॉक में क्लस्टर स्तर पर कलाकार विभिन्न प्रकार की आकर्षक, मनमोहक कलाकृतियाँ बनाकर मार्केट तक ले जा रहे हैं।

                जब मंडला जिले में ये कला लुप्त होने की स्थिति में थी, तब इस कला को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन की पहली पहल रेशम की साड़ी पर गोंड़ी कला को बनवाने से हुई। धीरे-धीरे पैमाना बढ़ाते हुए जिले में लगभग 80-100 कलाकार इस कला में निपुण हैं। डायरी, बुकमार्क, चाबी का छल्ला, बैग, फ्रिज मैगनेट इत्यादि उत्पाद बनाकर विक्रय कर रहे हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में वृद्धि हुई है। इन उत्पादों को इंस्टाग्राम के माध्यम से मार्केटिंग किया जा रहा है और देश के विभिन्न राज्यों से ऑर्डर प्राप्त हो रहे हैं। जिले के गोंड़ी पेंटिंग उत्पादों की बिक्री आईआईएम अहमदाबाद जैसे प्रसिद्ध संस्थान में भी की गई थी, जहां इस कला की काफी प्रशंसा हुई। जिला प्रशासन मंडला द्वारा वर्तमान में भी गोंड़ कला को बढ़ावा देने के लिए कार्यशैली तैयार की जा रही है और जीआई टैग में आर्टिस्ट्स का रजिस्ट्रेशन करवाने की प्रक्रिया भी प्रारंभ की गई है। गोंड़ी पेंटिंग को बढ़ावा देने के लिए जिले के विभिन्न विभाग जैसे- खादी ग्रामोद्योग, रेशम, नाबार्ड एवं जिले में पदस्त एमजीएन फेलो का विशेष योगदान रहा है।

 

 

 

 

 

 

एनएचएम संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ,मध्यप्रदेश, जिला शाखा मण्डला

 

 

 

 

स्ंविदा कर्मियो ने शुरू की बेमियादी हडताल, भूख हडताल भी कर रहे
जिले के संविदा स्वास्थ्य कर्मी अपनी तीन सूत्रीय मांगो को लेकर 18 अप्रैल से बेमियादी हडताल पर चले गये है। इससे जिले की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो गई है। संविदा कर्मियो का कहना है कि मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। संविदा कर्मियो ने इससे पहले 15 दिसंबर से 4 जनवरी तक हडताल की थी। जिसमें शासन व सरकार ने एक माह में मांग पूरी करने का आश्वासन दिया था लेकिन तीन माह बाद भी कोई आदेश जारी नहीं किये गये है जिससे एक बार फिर हडताल शुरू कर दी गई है।
एनएचएम संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष डा.मुकेश झारिया ने बताया कि सरकार द्वारा स्वास्थ्य विभाग के संविदा कर्मियो की वर्षो से उपेक्षा की जा रही है। सभी विभाग में 5 जून 2018 की नीति लागू कर दी गई है लेकिन स्वास्थ्य विभाग में अब तक इसे लागू नहीं किया गया है जिससे कर्मियो को बेहद कम मानदेय में परिवार का भरण पोषण करना पड रहा है। भविष्य सुरक्षित नहीं है। जिससे अब आर-पार की लडाई के लिए हडताल शुरू की गई है।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि संविदा कर्मियो की मांग है कि नियमितीकरण किया जाये। नियमितीकरण तक 5 जून 2018 की नीति लागू की जाये। सीएचओ को एमएलएचपी केडर में नियमित किया जाये। आउटसोर्स को मर्ज किया जाये। पिछली हडताल के दौरान दर्ज किये गये प्रकरण वापस लिये जाये। मंगलवार को कलेक्ट्रेट मार्ग पर हडताल की शुरूआत की गई जिसमें बडी संख्या में पूरे जिले से आये संविदा कर्मी मौजूद रहे। दो संविदा कर्मी भूख हडताल पर रहे। बताया गया कि प्रतिदिन यहां क्रमिक भूख हडताल की जायेगी।

 

 

 

Related posts

18 को गृह प्रवेश कार्यक्रम

Reva India News

माहिष्मती घाट पर नववर्ष का जश्न : माँ नर्मदा का दुग्धाभिषेक और ध्वज पूजा माहिष्मती घाट से संगम घाट तक निकाली गयी ध्वजा रैली

Reva India News

100 करोड़ की लागत से महाकुंभ स्थल का सौन्दर्यीकरण किया जाएगा – मंत्री श्रीमती संपतिया उइके महाकुंभ स्थल में पर्यटन और श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न निर्माण कार्य कराए जाएंगे महाकुंभ स्थल में नर्मदा नदी और महापुरूषों के जीवन वृतांत का वर्णन किया जाएगा

Reva India News

Leave a Comment