Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 26 अप्रैल 2023

मुख्यमंत्री आज जिले के प्रवास पर

लाड़ली बहना महासम्मेलन में होंगे शामिल, मुख्यमंत्री भू-अधिकार आवासीय पट्टों का करेंगे वितरण

मण्डला 26 अप्रैल 2023

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 27 अप्रैल 2023 को मंडला जिले के प्रवास पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री चौहान दोपहर लगभग् 12 बजे निवास (जेवरा) हेलीपेड ग्राऊँड में पहुंचेंगे। इसके पश्चात निवास (देवरीकला) में आयोजित मुख्यमंत्री लाड़ली बहना महासम्मेलन तथा मुख्यमंत्री भू-अधिकार आवासीय पट्टों के वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। श्री चौहान कार्यक्रम में शामिल होने के पश्चात जनप्रतिनिधियों, सीएम जनसेवा मित्र, पेसा मोबेलाईजर्स एवं जन अभियान परिषद के सदस्यों से संवाद करेंगे। इसके पश्चात खटिया (बिछिया) के लिए प्रस्थान करेंगे।

 

विकास कार्यों का होगा लोकार्पण एवं शिलान्यास

 

27 अप्रैल 2023 को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मंडला जिले के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। श्री चौहान अलग-अलग विभागों के माध्यम से लगभग 215.74 करोड़ रूपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। इसी प्रकार लगभग 8.39 करोड़ रूपए के कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इस प्रकार कुल 224.13 करोड़ रूपए की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण होगा।

 

हितलाभों का होगा वितरण

 

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना महासम्मेलन तथा मुख्यमंत्री भू-अधिकार आवासीय पट्टों के वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजना से लाभान्वित होने वाले हितग्राहियों को हितलाभ वितरण करेंगे। श्री चौहान लाड़ली लक्ष्मी योजना, आजीविका मिशन, मुख्यमंत्री उद्यमक्रांति योजना, मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना सहित अलग-अलग योजनाओं के हितग्राहियों को मंच से हितलाभ प्रदान करेंगे।

 

 

 

 

 

 

 

मुख्यमंत्री करेंगे 224 करोड़ से अधिक लागत के लोकार्पण एवं भूमिपूजन

मण्डला 26 अप्रैल 2023

                मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 27 अप्रैल 2023 को निवास (देवरीकला) में आयोजित मुख्यमंत्री लाड़ली बहना महासम्मेलन तथा मुख्यमंत्री भू-अधिकार आवासीय पत्रों के वितरण कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं। श्री चौहान ने इस दौरान 224 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। भूमिपूजन के अंतर्गत शिक्षा विभाग के 36.81 करोड़ की लागत के सीएम राईज योजनांतर्गत शास.हा.से.स्कूल निवास के भवन का निर्माण कार्य, शिक्षा विभाग के 39.46 करोड़ की लागत के सीएम राईज योजनांतर्गत शास.मॉ.हा.से.स्कूल बिछिया के भवन का निर्माण कार्य, राजस्व विभाग के 11.07 करोड़ की लागत के संयुक्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय भवन नैनपुर का निर्माण कार्य, राजस्व विभाग के 7.96 करोड़ की लागत के संयुक्त तहसील कार्यालय भवन निवास का निर्माण कार्य, राजस्व विभाग के 1.31 करोड़ की लागत के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय भवन घुघरी का निर्माण कार्य, लोक निर्माण विभाग (भवन, सड़क) के 19.40 करोड़ की लागत के पाठासिहोरा से पिंडरई टोला होते हुए रामदेवरी जिला सीमा (मंडला) तक लं. 10.50 कि.मी. का निर्माण कार्य, लोक निर्माण विभाग (भवन, सड़क) के 3.93 करोड़ की लागत के पाठासिहोरा से सुनेहरा मार्ग लं. 4.50 कि.मी. का निर्माण कार्य, लोक निर्माण विभाग (सेतु निर्माण) के 16.55 करोड़ की लागत के देवगांव-कुड़ोपानी मार्ग में बुढ़नेर नदी (संगमघाट) पर पहुंच मार्ग सहित जलमग्नीय पुल का निर्माण कार्य, लोक निर्माण विभाग (सेतु निर्माण) के 12.43 करोड़ की लागत के हिरदेनगर-देवगांव मार्ग में मटियारी नदी पर पहुंच मार्ग सहित जलमग्नीय पुल का निर्माण कार्य, लोक निर्माण विभाग (सेतु निर्माण) के 4.77 करोड़ की लागत के साल्हेडंडा-निचली मार्ग में बिटियाधार नाला पर पहुंच मार्ग सहित उच्च स्तरीय पुल निर्माण कार्य, जनजातीय विभाग के 31.36 करोड़ रूपए लागत के सीएम राईज स्कूल चिरईडोंगरी भवन के निर्माण कार्य, जनजातीय विभाग के 29.21 करोड़ रूपए लागत के सीएम राईज स्कूल कालपी भवन के निर्माण कार्य, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के 1.48 करोड़ रूपए लागत के जिला चिकित्सालय मेटरनिटी विंग के उन्नयन कार्य शामिल है।

 

8 करोड़ से अधिक के कार्यों का लोकार्पण

 

इसी प्रकार मुख्यमंत्री श्री चौहान स्वास्थ्य विभाग के 2.56 करोड़ की लागत के एचएनएम जिला चिकित्सालय मंडला में 6एफ, 4जी एवं 4एच टाईप भवनों का लोकार्पण करेंगे। स्वास्थ्य विभाग के 2.07 करोड़ की लागत के घुटास जिला मंडला में सीनियर बालक छात्रावास भवन के निर्माण कार्य, शिक्षा विभाग के 1.38 करोड़ की लागत के कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास 100 सीटर, शिक्षा विभाग के 1.38 करोड़ की लागत के कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास 100 सीटर, स्कूल शिक्षा विभाग के 1.00 करोड़ की लागत के ग्राम डोंगरमंडला में शास.हा.स्कूल विद्यालय भवन के निर्माण कार्य का लोकार्पण किया जाएगा। इस प्रकार कुल 224.13 करोड़ रूपए की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण होगा।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

कान्हा टाईगर रिजर्व में 3 दिनों की इंटरनेशनल वाईल्ड लाईफ कॉफ्रेंस आज से

मुख्यमंत्री श्री चौहान करेंगे शुभारंभ,

प्रख्यात वन्यजीव विशेषज्ञ पद्मभूषण डॉ. एचएस पवार सहित अंतर्राष्ट्रीय स्तर के ख्यातिलब्ध विशेषज्ञ होंगे शामिल

मण्डला 26 अप्रैल 2023

                मध्यप्रदेश में वानिकी अनुसंधान के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 27 से 29 अप्रैल तक कान्हा टाईगर रिजर्व में ’इंटरनेशनल वाईल्ड लाईफ कॉन्फ्रेंन्स’ का आयोजन किया गया है। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान इस अंतर्राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस का शुभारंभ सेलेब्रेशन वन विलाश (कान्हा) के कॉन्फ्रेंस हॉल में लगभग दोपहर 3:15 बजे करेंगे। वन विभाग एवं राज्य वन अनुसंधान संस्थान जबलपुर के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित कॉन्फ्रेंस में ’’वन्य जीव संरक्षण उभरता परिदृश्य एवं भावी रणनीति’’ विषय पर चर्चा होगी। इस कॉफ्रेंस में प्रख्यात वन्य जीव विशेषज्ञ पद्मभूषण डॉ. एचएस पवार सहित अमेरिका, यूरोप, दक्षिण अफ्रीका, नामीबिया आदि देशों से अंतर्राष्ट्रीय ख्यातिलब्ध वन्यजीव विशेषज्ञ शामिल होंगे।

राज्य वन अनुसंधान संस्थान जबलपुर के उपसंचालक एवं विभागाध्यक्ष रविन्द्र मणि त्रिपाठी के अनुसार 3 दिनों की इस इंटरनेशनल वाईल्ड लाईफ कॉफ्रेंस का आयोजन मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा 27 मार्च 2022 को नर्मदापुरम में की गई घोषणा के परिपालन में किया जा रहा है। कॉफ्रेंस में वन्यप्राणी प्रबंधन, संरक्षण एवं पुनर्वास तथा प्रदेश और देश में एक आदर्श पारिस्थितिक संतुलन बनाने के लिए विशेषज्ञों, शोधकर्ता और वानिकी पेशेवरों द्वारा वन्यजीव जनसंख्या प्रबंधन, वन्यजीव आवास पारिस्थितिकी, वन्यजीव नीति के मुद्दे एवं चुनौतियाँ तथा मानव वन्यजीव संघर्ष और श्मन उपाय जैसे तकनीकी विषयों पर शोधपत्र एवं वक्तव्य प्रस्तुत किये जायेंगे जिनके निष्कर्षों पर वन्यप्राणी प्रबंधन, संरक्षण, पुनर्वास पर भविष्य की रणनीतियाँ और नीतियाँ तय की जायेंगी।

 

प्रदेश में 6 टाइगर रिजर्व, 11 राष्ट्रीय उद्यान एवं 24 अभ्यारण्य मौजूद

 

उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश राज्य को ’’भारत का हृदय’’ के रूप में भी जाना जाता है। मध्यप्रदेश देश के मध्य में स्थित है, जिसका कुल भौगोलिक क्षेत्र 3,08,252 वर्ग किमी है। मध्यप्रदेश में 94,689 वर्ग किमी के वन क्षेत्र हैं, जिसमें से 61.886 वर्ग किमी वन आरक्षित वनों की श्रेणी में आता है। 31.098 वर्ग किमी को संरक्षित वन के रूप में वर्गीकृत किया गया है और 1.705 वर्ग किसी गैर-वर्गीकृत वन है। इस राज्य को पच्चीस वन्यजीव अभयारण्यों और दस राष्ट्रीय उद्यानों के साथ देश के वन्यजीव राज्य के रूप में भी जाना जाता है।

प्रदेश में वर्तमान में 6 टाइगर रिजर्व, 11 राष्ट्रीय उद्यान एवं 24 अभ्यारण्य मौजूद हैं। प्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व में बाघ पुनर्स्थापना कार्यक्रम को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त हुई है। मध्यप्रदेश ने भारत के वन्यजीव संरक्षण कार्यक्रमों में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जब वर्तमान में कई वन्यप्राणियों की प्रजातियों की संख्या घट रही है, मध्यप्रदेश को देश की सबसे बड़ी बाघ की आबादी होने का गौरव प्राप्त है। देश के भीतर इस प्रदेश में तेंदुओं की संख्या सबसे अधिक है और यह संकटग्रस्त गिद्धों और स्थानिक मगरमच्छ घड़ियाल की आबादी को भी आश्रय देता है।

 

वन्यजीवों संरक्षण के लिए हो रहे विशेष प्रयास

 

मध्यप्रदेश ने लुप्तप्राय बारासिंघा की आबादी को सफलतापूर्वक बढ़ाने का एक अग्रणी कार्य किया है और भारतीय बाइसन (गौर) के पुनः प्रजनन में सफल रहा है। इस प्रकार मध्यप्रदेश वन विभाग पिछले कई वर्षों से वन्यप्राणियों के लिए प्राकृतिक व्यवस्था और आवास की रक्षा कर रहा है। हाल ही में मध्यप्रदेश के कुनों-पालपुर राष्ट्रीय उद्यान में चीतों को फिर से बसाने की महत्वाकांक्षी परियोजना शुरू की गई है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा अंतर-महाद्वीपीय जंगली चीतों के पुनर्वास कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया है। इस गौरवमयी उपलब्धि में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का मार्गदर्शन एवं योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

मुख्यमंत्री का दौरा कार्यक्रम

मण्डला 26 अप्रैल 2023

                मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 27 अप्रैल 2023 को मंडला जिले के प्रवास पर रहेंगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार श्री चौहान 27 अप्रैल 2023 को प्रातः 10:50 बजे भोपाल से जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। जबलपुर एयरपोर्ट से प्रातः 11:30 बजे निवास हेलीपेड के लिए रवाना होंगे एवं प्रातः 11:55 बजे हेलीपेड पहुंचकर निवास (देवरीकला) में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके पश्चात मुख्यमंत्री दोपहर 2:45 बजे निवास हेलीपेड से रवाना होकर 3:10 बजे खटिया (कान्हा) पहुंचेंगे एवं स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके पश्चात शाम 4:30 बजे खटिया (कान्हा) से डुमना एयरपोर्ट के लिए रवाना हांेगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

कार्य विभाजन आदेश जारी

मण्डला 26 अप्रैल 2023

                कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना से प्राप्त आदेशानुसार प्रभारी डिप्टी कलेक्टर लालशाह जगेत को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नैनपुर का दायित्व सौंपा गया है। इसी प्रकार प्रभारी डिप्टी कलेक्टर स्वाति झारिया को वित्त, स्थापना, अनुज्ञप्ति शाखा, वरिष्ठ लिपिक शाखा, मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान एवं सड़क दुर्घटना से स्वीकृति राशि के दायित्व सौंपे गए हैं।

10 फरवरी 2023 के अनुसार अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नैनपुर अर्थ जैन को कार्यभार सौंपा गया था, उन्हें उक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।

 

 

 

 

 

 

 

 

प्रभारी मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह का दौरा कार्यक्रम

मण्डला 26 अप्रैल 2023

प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण तथा मंडला जिले के प्रभारी मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह का 27 अप्रैल 2023 को मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री बिसाहूलाल सिंह 27 अप्रैल 2023 को प्रातः 9 बजे जबलपुर से ग्राम जेवरा, बबलिया के लिए प्रस्थान करेंगे एवं 10:30 बजे कार्यक्रम में पहुंचेंगे। इसके पश्चात श्री सिंह दोपहर 2:30 बजे कार्यक्रम स्थल से भोपाल के लिए रवाना होंगे।

 

 

 

 

 

 

 

मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना मेरे जीवन में ला रही बड़ा बदलाव – रश्मि

मण्डला 26 अप्रैल 2023

                प्रदेश सरकार द्वारा समय-समय पर युवाओं के लिए विभिन्न प्रकार की योजनाएं चलाई जाती हैं। प्रदेश में ऐसी ही एक मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना शुरू की गई है। इस योजना के अंतर्गत प्रदेश के युवाओं को नया उद्यम स्थापित करने के लिए बैंक द्वारा ऋण दिया जाता है। मंडला जिले के उदयपुर निवासी रश्मि साहू को मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत 3 लाख रूपए का ऋण स्वीकृत हुआ है। साथ ही 27 अप्रैल को निवास के देवरीकला में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के द्वारा रश्मि को चैक देकर सम्मानित किया जाएगा। रश्मि साहू कहती है कि मुझे उद्यम क्रांति योजना से मिल रहे लाभ से अत्यंत खुशी है। इस पैसे से रेडीमेड कपड़े का व्यवसाय करूंगी और इसके लिए मुख्यमंत्री जी का धन्यवाद करती हूं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना से वेदिका को मिला जीवनदान

मण्डला 26 अप्रैल 2023

                बच्चे अभिभावकों के जीवन का आधार होते हैं। उनसे ही परिवार की खुशियाँ होती हैं। अक्सर गरीब परिवार के लिये बच्चे की बड़ी बीमारी का इलाज करवाना नामुंकिन ही होता है। वे इसे अपना भाग्य समझने लगते हैं। मण्डला के निवास विकासखण्ड के अंतर्गत ग्राम गडरा निवासी 7 वर्षीय वेदिका उईके गरीब परिवार से है। वेदिका के पिता मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं।

वेदिका के पिता थानसिंह का कहना है कि वेदिका बचपन से ही बीमार रहती थी, खेलने में थक जाती थी और सीने में दर्द बना रहता था। मैं उसके स्वास्थ्य को लेकर वह बहुत परेशान था। इस बीच आर.बी.एस.के. की टीम द्वारा प्राइमरी स्कूल में स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और जांच में पाया गया कि वेदिका के हृदय में समस्याएं हैं। टीम के सदस्यों ने जिला चिकित्सालय में बुलाया और मुझे समझाईश दी। इसके बाद वेदिका का जिला चिकित्सालय में निःशुल्क उपचार हेतु प्रकरण स्वीकृत कर मेट्रो अस्पताल जबलपुर में ऑपरेशन किया गया। आर.बी.एस.के. की टीम ने समय-समय पर वेदिका का फॉलोअप भी किया। अब वेदिका पूरी तरह ठीक है एवं अपने परिवार के साथ स्वस्थ जीवन जी रही है। वेदिका के माता-पिता कहते हैं कि हम मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना से निःशुल्क उपचार के लिए प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति धन्यवाद करते हैं।

 

 

 

 

 

 

 

प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना का राजेश्वरी को मिला लाभ

मण्डला 26 अप्रैल 2023

                जिले की ग्राम पेटेगांव निवासी भांवरे प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना का लाभ पाकर बहुत प्रसन्न हैं। राजेश्वरी कहती हैं कि सरकार ने गरीब महिलाओं के हित में प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना चलाई है। प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के तहत गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली माताओं को 5 हजार रुपये की राशि सरकार द्वारा सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाती है। राजेश्वरी बताती है कि इस योजना से मुझे 5 हजार रूपये की राशि प्राप्त हुई है जो मैंने गर्भावस्था और डिलीवरी के बाद पौष्टिक आहार खरीदने में उपयोग किया। इससे मुझे काफी सहूलियतें हुई हैं। इसके लिए राजेश्वरी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को धन्यवाद देती हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

अवैध परिवहन करते 2 वाहन जब्त

मण्डला 26 अप्रैल 2023

                ग्राम पाण्डकला तहसील घुघरी जिला मण्डला अन्तर्गत खनिज रेत के 2 ट्रेक्टर वाहन क्रमांक क्रमशः एमपी51एए7612 एवं एमपी51एए6740 को खनिज विभाग द्वारा अवैध परिवहन करते जब्त किया गया। अवैध परिवहन में संलिप्त उक्त दोनों वाहनों को जब्त कर शासकीय अभिरक्षा में थाना प्रभारी घुघरी की सुपुर्दगी में दिया गया। दोनों वाहनों के विरूध म0प्र0 खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम 2022 के प्रावधानों के तहत् प्रकरण दर्ज कर कलेक्टर न्यायालय प्रेषित किया जा रहा है। इसके पूर्व माह-अप्रैल 2023 में 25 अप्रैल 2023 तक खनिज विभाग द्वारा अवैध उत्खनन के 4 प्रकरण, अवैध परिवहन के 25 प्रकरण तथा अवैध भण्डारण के 1 प्रकरण दर्ज कर अर्थदण्ड के रूप में 4 लाख 43 हजार 250 रूपए की वसूली की गई।

 

 

 

 

 

 

 

 

श्रवण बाधित दिव्यांग शिविर आज

मण्डला 26 अप्रैल 2023

                27 अप्रैल को श्रवण बाधित दिव्यांगजनों की जांच एवं प्रमाण पत्र हेतु विशेष शिविर का आयोजन जिला चिकित्सालय मण्डला में किया गया है। शिविर में ऐसे श्रवण बाधित दिव्यांगजन जिनके प्रमाण पत्र का नवीनीकरण किया जाना है अथवा नये प्रमाण पत्र बनना है, वे प्रातः 10 बजे जिला चिकित्सालय मण्डला में उपस्थित होकर अपनी आडियोमेट्री जांच करायें जिसके उपरांत डॉ. नेल्सन द्वारा दिव्यांग प्रमाण पत्र संबंधी कार्यवाही की जाएगी। इस संबंध में सभी दिव्यांगजन आवश्यक दस्तावेज यथा- आधार कार्ड, समग्र आई.डी., तीन फोटो, पुराना दिव्यांग प्रमाण पत्र (यदि उपलब्ध हो तो) आदि साथ में लेकर आएं।

 

 

 

महामहिम राज्यपाल श्री पटेल का दौरा कार्यक्रम

 

मण्डला 26 अप्रैल 2023

                प्रदेश के महामहिम राज्यपाल मंगूभाई पटेल का 27 अप्रैल 2023 को मंडला आगमन हो रहा है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार श्री मंगुभाई पटेल 27 अप्रैल 2023 को प्रातः 10:35 बजे भोपाल से जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। जबलपुर डुमना एयरपोर्ट से प्रातः 10:50 बजे रवाना होंगे तथा प्रातः 11:55 बजे निवास हेलीपेड पहुंचेंगे। इसके पश्चात निवास (देवरीकला) में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके पश्चात राज्यपाल श्री पटेल दोपहर 2:45 बजे निवास हेलीपेड से रवाना होकर 3:10 बजे कान्हा पहुंचेंगे एवं स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके पश्चात शाम 4:30 बजे कान्हा से डुमना एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे।

 

 

 

 

 

एनएचएम संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ,मध्यप्रदेश जिला शाखा मण्डला

हडताल से बच्चो की स्क्रीनिंग पर लगा ब्रेक

बेमियादी हडताल पर स्वास्थ्यकर्मी

मंडला- एनएचएम के संविदा स्वास्थ्य कर्मी अपनी मांगो को लेकर नौवे दिन बुधवार को जमे रहे। संविदा कर्मियो के हडताल पर चले जाने से राष्ट्रीय बाल सुरक्षा कार्यक्रम के तहत बच्चो की स्क्रीनिंग थम गई है। हडताल में इस कार्यक्रम के चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ शामिल है। जिससे गांव-गांव होने वाली बच्चो की स्क्रीनिंग नहीं हो पा रही है। इससे ग्रामीण बच्चो को लेकर जिला तक पहुंच रहे है लेकिन हडताल की वजह से इलाज के लिए पहचान तक नहीं हो पा रही है।

संविदा कर्मी अपनी मांगो को लेकर पिछले 9 दिनो से मंडला के साथ पूरे प्रदेश के 32 हजार संविदा कर्मी नियमितीकरण समेत अन्य मांगो को लेकर आंदोलनरत है। इसमें मंडला जिले के 700 से अधिक संविदा कर्मी आंदोलन कर रहे है। नौ दिन में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो गई है। कार्यालयीन कामकाज रिपोर्टिंग ठप्प पड गई है। हितग्राहीमूलक योजनाओ में काम नहीं हो रहा है। जननी सुरक्षा योजना तक के भुगतान नहीं हो रहे है। जिससे महिलाओ को प्रोत्साहन राशि तक नहीं मिल रही है।

इस हडताल में मंडला मुख्यालय के साथ बीजाडांडी, नारायणगंज, निवास, बम्हनी, नैनपुर, बिछिया, मवई, मोहगांव, घुघरी के कर्मचारी शामिल है। संविदा कर्मियो का कहना है कि सरकार की उपेक्षा में एक दशक से ज्यादा का समय व्यतीत हो गया है लेकिन सरकार ध्यान नहीं दे रही है। मानदेय शासन के अन्य विभागो के मुकाबले बेहद कम है। 5 जून 2018 की नीति का लाभ तक नहीं दिया गया है। जिससे बेहद कम मानदेय में गुजर-बसर करना पड रहा है। शासन द्वारा एनएचएम के संविदा कर्मियो से भेदभाव किया जा रहा है।

Related posts

ग्राम उत्कर्ष अभियान (धरती आबा) योजना 24 सितम्बर तक आवेदन पत्र आमंत्रित

Reva India News

’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित हुई बाइक रैली मंत्री श्रीमति संपतिया उईके, सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते और जिला पंचायत अध्यक्ष ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना  

Reva India News

जनसुनवाई में 100 आवेदकों ने प्रस्तुत किए अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन  

Reva India News

Leave a Comment