टिकरिया में आयोजित हुआ जनसेवा शिविर
कलेक्टर हुई शामिल, बांटे हितलाभ
मण्डला 17 मई 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना बुधवार को घुघरी क्षेत्र के दौरे पर थी। इस दौरान उन्होंने छतरपुर तथा आसपास की पंचायतों में जल-जीवन मिशन के कार्यों का घर-घर जाकर सत्यापन किया एवं ग्रामीणों से पानी की उपलब्धता के फीडबैक जाने। उन्होंने टिकरिया पंचायत भवन में आयोजित जनसेवा शिविर में शामिल हुए ग्रामीणों से चर्चा करते हुए उनकी समस्याओं को विस्तार से जाना। कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अविवादित राजस्व प्रकरणों का निराकरण प्राथमिकता के साथ करें तथा ऐसे निराकरण की जानकारी ग्रामीणों को अनिवार्य रूप से दें। उन्होने प्रत्येक आवेदकों से चर्चा करते हुए उनकी समस्याएं सुनी तथा उनके समाधान के बारे में सलाह भी दी। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत सदस्य, एसीईओ श्री मरावी, एसी ट्राईबल, एसडीएम घुघरी, तहसीलदार, सीईओ जनपद घुघरी तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने शिविर में बँटवारा, खसरा, खतौनी, जन्म, मृत्यु पंजीयन, ड्राइविंग लाइसेंस आदि के संबंध में आवेदन करने वाले आवेदकों से बात की। उन्होंने मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान 2.0 के तहत निर्धारित 68 सेवाओं की जानकारी भी दी। डॉ. सलोनी सिडाना ने ग्रामीणों की समस्या पर चर्चा करते हुए क्षेत्रों में पानी एवं बिजली की उपलब्धता के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों की माँग के अनुरूप राशन वितरण के निर्देश दिए। कलेक्टर एवं जनप्रतिनिधियों ने जनसेवा शिविर में निराकरण प्राप्त करने वाले हितग्राहियों को हितलाभ वितरण किया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघरी निरीक्षण: व्यवस्थाओं से नाराज हुई कलेक्टर
मण्डला 17 मई 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने घुघरी क्षेत्र के अपने भ्रमण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघरी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की जांच लैब, महिला वार्ड तथा स्टोर रूम का विस्तार से निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं से नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लैब के निरीक्षण के दौरान निर्देशित किया कि पीएचसी से सैंपल लेते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय तक भिजवाएं। इसी प्रकार सिकल सेल एनीमिया टेस्ट की आमजनों को ज्यादा से ज्यादा जानकारी देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बीएमओ घुघरी को कचरा प्रबंधन पर जरूरी निर्देश दिए तथा आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी।
दवाओं का करें उचित रख-रखाव
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के स्टोर रूम का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने दवाओं के उचित रख-रखाव के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्राप्त की जाने वाली दवाओं का पंजी संधारण गंभीरता से करें। उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, ड्यूटी रोस्टर, एएनसी जांच आदि का भी विस्तार से जायजा लेते हुए जरूरी निर्देश दिए।

सीएम राईज स्कूल के सुधार कार्य को 15 जून तक पूरा करें – डॉ. सलोनी सिडाना
मण्डला 17 मई 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने घुघरी क्षेत्र के अपने भ्रमण के दौरान प्रस्तावित सीएम राईज स्कूल के उन्नयन कार्य का विस्तार से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कॉन्टेक्टर्स को निर्देशित किया कि स्कूल का मरम्मत कार्य समुचित रूप से करें। रंगाई-पुताई के दौरान छात्रों की रुचि से जुड़ी वॉल पेंटिंग करें। साथ ही गौंड़ी पेंटिंग से जुड़ी चित्रकलाओं का दीवारों पर प्रदर्शन करें। उन्होंने कहा कि बारिश से पूर्व 15 जून तक सुधार कार्य पूर्ण किया जाए। साथ ही छत की वाटरप्रूफिंग के संबंध में सभी ज़रूरी उपाय अनिवार्यतः अपनाएं। उन्होंने प्राचार्य को सुधार कार्य की सतत् मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए तथा शालाओं में दर्ज विद्यार्थियों की संख्यावार जानकारी ली।
बालिका छात्रावास की व्यवस्थाएं बेहतर करें
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने घुघरी के सीनियर आदिवासी बालिका छात्रावास में चल रहे उन्नयन कार्य का भी जायजा लिया। उन्होंने एजेंसी को निर्देशित किया कि वह किचन एवं छत सुधार का कार्य गुणवत्ता के साथ करें। उन्होंने कहा कि बालिकाओं के लिए बाथरूम की समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। इस दौरान उन्होंने किचन की व्यवस्थाओं को भी देखा एवं बेहतरी के संबंध में जरूरी निर्देश दिए।
गुणवत्तापूर्ण लाइब्रेरी बनाएं
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने बीईओ घुघरी को निर्देशित किया कि बालिका छात्रावास में बालिकाओं के लिए अध्ययन सामग्री की गुणवत्ता में सुधार करें। उन्होंने अच्छी किताबें मंगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बालिकाओं के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबों की व्यवस्था करें। उन्होंने लायब्रेरी की व्यवस्था के संबंध में अधीक्षिका को ज़रूरी निर्देश दिए।
एकलव्य स्कूल में बनाएं खेल मैदान
कलेक्टर ने अपने निरीक्षण के दौरान एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भवन परिसर के रंग-रोगन एवं साफ-सफाई के निर्देश दिए। उन्होने एजेंसी को निर्देशित किया कि 15 जून से पूर्व परिसर में समस्त सुधार कार्य पूर्ण करें। उन्होने सीईओ घुघरी को परिसर में बच्चों की रुचि के अनुरूप खेल मैदान बनाने के निर्देश दिए।

जनपद में जनसेवा कंट्रोल रूम गंभीरता से संचालित करें – डॉ. सिडाना
मण्डला 17 मई 2023
कलेक्टर ने अपने भ्रमण के दौरान जनपद घुघरी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया तथा कार्यालय के कक्षों की व्यवस्थाएं देखी। उन्होने सीईओ घुघरी को निर्देशित किया कि कार्यालय का वातावरण बेहतर रखें तथा साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। इस दौरान उन्होंने जनसेवा शिविरों के डाटा संधारण के लिए बनाए गए कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया तथा निर्देशित किया कि शिविर आयोजन के साथ-साथ सभी पंचायतों में डेटा संधारण कार्य गंभीरता से करें। साथ ही शिविरों का आयोजन एवं जनसेवा से जुड़े कार्य नियमित रूप से जारी रखें।
एसडीएम कार्यालय में रखें बैठक एवं पानी की व्यवस्था
कलेक्टर ने इस दौरान घुघरी एसडीएम कार्यालय तथा तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एसडीएम कोर्ट एवं तहसील कोर्ट की व्यवस्थाएं देखी तथा दर्ज प्रकरणों की प्रकरणवार जानकारी ली। डॉ. सिडाना ने एसडीएम कार्यालय पहुँचे आवेदकों से भी चर्चा की तथा एसडीएम को निर्देशित किया कि आवेदकों के लिए परिसर में पानी तथा बैठने की व्यवस्था बनाएं। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के पटवारियों से भी राजस्व से जुड़े कार्यों की जानकारी ली।

पॉलीटेक्निक कॉलेज में विदाई समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम
मण्डला 17 मई 2023
प्राचार्य रानी फूलकुंवर पॉलीटेक्निक महाविद्यालय मण्डला से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरडी कॉलेज में विधायक मण्डला देवसिंह सैयाम के मुख्य आतिथ्य एवं कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना की अध्यक्षता में पूरूस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। संस्था प्रमुख आर.के. परोहा ने बताया कि वर्ष 2022-23 में संस्था स्तर पर साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ था। खेलकूद के तहत् 100मी., 200मी, 400मी, भाला भेंक, गोला फेक प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। साहित्यिक कार्यक्रम के अंतर्गत निबंध, कविता वाचन, स्लोगन एवं श्लोक, दोहा जैसी प्रतियोगिता आयोजित हुई थी। सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत् एकल एवं ग्रुप डांस, गायन एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन। विजेता प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान के रूप में प्रमाण-पत्र एवं पुरूस्कार प्रदान किया गया।
पुरूस्कार वितरण उपरांत संस्था की जूनियर छात्राओं द्वारा अंतिम वर्ष सीनियर छात्राओं का स्वागत करते हुए उन्हे भावभीनी विदाई दी गई। सीनियर छात्रों ने अपने अनुभव साझा करते हुए जुनियर छात्राओं को अनुशासन एवं निष्ठापूर्वक पढ़ने की सीख दी। कार्यक्रम में छात्राओं ने नृत्य, गीत एवं नाटक की मनमोहक प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। सभी छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। मुख्य अतिथि, अध्यक्ष एवं संस्था प्रमुख द्वारा छात्राओं के उज्जवल भविष्य की शुभकामनायें देते हुए लक्ष्य आधारित मेहनत कर सफलता प्राप्त करने के लिए मार्गदर्शन दिया और अच्छे नम्बरों से उत्तीर्ण होकर संस्था, समाज एवं देश का नाम रोशन करने पर बल दिया। कार्यक्रम में अधिकारी एवं कर्मचारी तथा छात्रायें उपस्थित रहे।

समूह की महिलाओं को दिया जा रहा गोंड़ी चित्रकारी एवं कढ़ाई-बुनाई का प्रशिक्षण
मण्डला 17 मई 2023
प्राप्त जानकारी के अनुसार विकासखंड नैनपुर के ग्राम पंचायत इन्द्री में गोड़ी पेंटिंग को बढावा देने एवं आय में वृद्धि करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन के मार्गदर्शन एवं नाबार्ड के वित्तीय सहयोग से आजीविका उद्यम एवं विकास कार्यक्रम अंतर्गत ग्रामीण विकास एवं महिला उत्थान संस्थान के द्वारा स्व-सहायता समूह की 30 महिलाओं को गोड़ी चित्रकारी एवं कढाई-बुनाई का प्रशिक्षण द्वितीय बैच का शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम में नाबार्ड से जिला विकास प्रबंधक देवब्रत पाल, महात्मा गांधी नेशनल फैलो कृति सिंघई, ग्राम पंचायत सचिव सालगराम पटेल, आजीविका परियोजना नैनपुर सीआरपी मथुरा धुर्वे, संस्था मुख्य, क्षेत्रीय समन्वयक मनीष सिंगौर, कार्यकर्ता राजेन्द्र सिंगौर एवं मास्टर ट्रेनर अनुप परते द्वारा मां सरस्वती के तैल्य चित्र पर पूजन-अर्चन कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुये डीडीएम द्वारा बताया कि गौड़ी चित्रकारी गौड़ राजाओं की विरासत रही है। गौड़ी चित्रकारी में विभिन्न शैलियों का समावेस कर बारीक डिजाईन से प्रकृति को समीप रखकर चित्र का चित्रण किया जाता है। महात्मा गांधी नेशलन फैलो कृति सिंघई ने कहा कि महिलाओं द्वारा जो भी चित्रकारी बनाई जा रही है उसमें सफाई का विशेष ध्यान रखें एवं लगातार घर में इसका अभ्यास करें। उन्होंने दीदियों द्वारा बने सामग्री को बाजार में किस प्रकार से बेचा जा सकता है इसके बारे में भी जानकारी दी। साथ ही साथ गोड़ी चित्रकारी ऑनलाईन इंस्ट्राग्राम के माध्यम से भी बेची जा रही है उसके बारे में भी बताया गया।
नैनपुर विकासखंड के इंद्री क्षेत्र की आदिवासी बहनें स्व-सहायता समूह से जुड़कर छोटी-छोटी बचत कर रही हैं एवं नाबार्ड के मार्गदर्शन में गौड़ी चित्रकारी एवं कढ़ाई-बुनाई का प्रशिक्षण प्रारम्भ किया गया है जो सराहनीय है। इस कार्य हेतु जिला प्रशासन एवं एम.जी.एन.एफ. कृति सिंघई द्वारा लगातार फॉलोअप कर गोड़ी चित्रकारी के बने हुये सामानों को विभिन्न मंचों एवं इंस्टाग्राम के माध्यम से विक्रय कराने में सहयोग किया जा रहा है, इससे लोगों की आय में वृद्धि होगी और क्षेत्र से पलायन रूकेगा। विगत प्रथम बैच के प्रशिक्षण के समापन के बाद द्वितीय बैच का प्रशिक्षण का प्रारंभ किया गया है। प्रथम बैच की दीदियों के द्वारा गौड़ी चित्रकारी बनाई जा रही है जिसको प्रदर्शनी स्थलों में, कान्हा रिसोर्ट, एम.पी.टी इन्द्री में निर्मित सामग्री को रखा गया जिससे बेहतर आमदनी प्राप्त हो रही है। इस कला एवं आदिवासी संस्कृति को बढ़ावा देने हेतु अगामी समय में 60 स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा।

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री का दौरा कार्यक्रम
मंडला 17 मई 2023
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गनसिंह कुलस्ते के निर्धारित दौरा कार्यक्रम के अनुसार 18 मई 2023 को प्रातः 9 बजे जिला चिकित्सालय में फल वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। तत्पश्चात श्री कुलस्ते प्रातः 10 बजे जिलहरीघाट तिंदनी में स्थानीय कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। इसके बाद वे दोपहर 1 बजे मुख्यमंत्री जनसेवा शिविर चटुआमार में शामिल होंगे तथा शाम 5 बजे मंडला से नैनपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। शाम 5ः40 बजे नैनपुर पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे एवं रात्रि 8 बजे नैनपुर से जबलपुर के लिए रवाना होंगे।

मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना: प्रशिक्षित युवाओं को मिलेगी स्टाईपेंड
22 मई से 6 जून 2023 तक पुणे, बैंगलौर तथा 1 से 14 जून 2023 तक होगी संभागीय कार्यशालाएं, 15 जून से युवाओं के पंजीयन होंगे प्रारंभ
31 अगस्त से प्रशिक्षण प्रारंभ, एक माह बाद होगी राशि वितरण
मण्डला 17 मई 2023
अपर मुख्य सचिव म.प्र. शासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग द्वारा प्रस्तावित नवीन योजना “मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना” को लागू की गई। इसके अंतर्गत, कम से कम एक लाख युवाओं को प्रतिष्ठानों में प्रशिक्षण कराने के उद्देश्य से एक हजार करोड़ की राशि की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस योजना अंतर्गत 18-29 वर्ष के युवा जो मध्यप्रदेश के स्थानीय निवासी हैं तथा जिनकी शैक्षणिक योग्यता 12वीं अथवा आईटीआई या उच्च है, वे पात्र होंगे। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को 8-10 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेण्ड प्राप्त होगा। स्टाइपेण्ड का 75 प्रतिशत राज्य शासन द्वारा डीबीटी के माध्यम से भुगतान किया जाएगा। प्रशिक्षण उपरांत मध्यप्रदेश राज्य कौशल विकास एवं रोजगार निर्माण बोर्ड (एमपीएसएसडीईजीबी) द्वारा स्टेट काउंसिल फॉर वोकेशनल ट्रेनिंग (एससीवीटी) का प्रमाण-पत्र दिया जाएगा।
पात्रता एवं लाभ
मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना में 18 से लेकर 29 वर्ष तक के मध्यप्रदेश के निवासी युवा भाग ले सकेंगे। इस योजना में 12वी या आईटीआई पास अथवा उच्च शिक्षित युवा भी लाभान्वित हो सकेंगे। योजना के अंतर्गत ट्रेनिंग के दौरान 5वीं से 12वी उत्तीर्ण युवाओं को 8 हजार रूपए, आईटीआई पास को 8500, डिप्लोमा धारी को 9 हजार रूपए और स्नातक अथवा उच्च शिक्षित युवाओं को 10 हजार रुपये स्टाइपेंड के रूप में प्रतिमाह प्रतिमाह दिया जाएगा। योजना के माध्यम से इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, मैकेनिकल, सिविल, मैनेजमेंट एवं मार्केटिंग क्षेत्र, सेवा क्षेत्र, होटल मैनेजमेंट, टूरिज्म और ट्रैवल अस्पताल, रेलवे, आईटी और सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट क्षेत्र, उद्योग-उन्मुख प्रशिक्षण आदि। ऐसे क्षेत्र जिनमें प्रशिक्षण उपरांत छात्र- प्रशिक्षणार्थी गिग इकोनोमी एवं ब्लू कॉलर जॉब्स हेतु उपयुक्त होंगे। प्रत्येक माह निर्धारित स्टाइपेण्ड का 75 प्रतिशत राज्य शासन की ओर से छात्र-प्रशिक्षणार्थी को डीबीटी के माध्यम से भुगतान किया जाएगा। प्रतिष्ठान को निर्धारित न्यूनतम स्टाइपेण्ड की 25 प्रतिशत राशि छात्र-प्रशिक्षणार्थी के बैंक खाते में जमा करना होगा। प्रतिष्ठान निर्धारित राशि से अधिक स्टाइपेण्ड देने के लिए स्वतंत्र होगा।
इंडस्ट्री वर्कशॉप
मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना के अंतर्गत 22 मई से 6 जून 2023 तक मध्यप्रदेश एवं प्रमुख आईटी, औद्योगिक केंद्रों पुणे, बैंगलोर आदि में इंडस्ट्री वर्कशॉप आयोजित होगी। इसी प्रकार 1 जून से 14 जून 2023 तक संभागीय कार्यशालाएं भी आयोजित होंगी।
योजना के क्रियान्वयन का तिथिवार कार्यक्रम
मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना के अंतर्गत 7 जून 2023 से प्रतिष्ठानों के पंजीयन का कार्य प्रारंभ होगा। इसके बाद 15 जून 2023 से युवाओं के पंजीयन का कार्य प्रारंभ होगा। 15 जुलाई 2023 से मार्केट प्लेस प्रारंभ एवं युवाओं के आवेदन लेने प्रारंभ होंगे। 31 जुलाई से युवा प्रतिष्ठानों-मध्यप्रदेश शासन के मध्य अनुबंध हस्ताक्षर (ऑनलाइन) शुरू होंगे। 1 अगस्त 2023 से युवाओं की उपस्थिति शुरू हो जाएगी तथा 31 अगस्त 2023 से प्रशिक्षण प्रारंभ होने के 1 माह बाद युवाओं को राशि वितरण किया जाएगा।

अमानक उर्वरक पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही
मण्डला 17 मई 2023
उपसंचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास ने बताया कि उर्वरक गुण नियंत्रण आदेश 1985 के तहत बीज एवं किस्म यूआरडी (2001), विक्रेता शिव कृषि परामर्श केन्द्र मंडला के नमूने गुणवत्ता परीक्षण में अमानक पाए जाने के फलस्वरूप संबंधित लॉट व बैच नंबर के उर्वरकों का जिले में क्रय-विक्रय, भंडारण एवं परिवहन तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित किया गया है।

राशन सामग्री की कालाबाजारी पर प्रबंधक एवं विक्रेता पर एफआईआर
मण्डला 17 मई 2023
जिला आपूर्ति अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार विकासखण्ड नैनपुर में स्थित विपणन सहकारी समिति नैनपुर द्वारा संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान पिपरिया (3506067) की जांच 4 अक्टूबर 2022 को संयुक्त रूप से तत्कालीन तहसीलदार नैनपुर सहकारिता विस्तार अधिकारी नैनपुर एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी नैनपुर द्वारा की गई थी। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान सामग्री की अफरातफरी (अपयोजन) एवं कालाबाजारी किया जाना पाया गया। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना के निर्देशानुसार एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नैनपुर के आदेशानुसार विपणन सहकारी समिति नैनपुर द्वारा संचालित उचित मूल्य दुकान पिपरिया के प्रबंधक राजू जैसवाल एवं विक्रेता अशोक सोनी के विरूद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 एवं अन्य विधान की सुसंगत धाराओं में पुलिस थाना नैनपुर में 16 मई 2023 को प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

स्व-रोजगार स्थापित करने प्रशिक्षण के लिए ऑनलाईन आवेदन 31 तक
मण्डला 17 मई 2023
मध्यप्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड भोपाल द्वारा संचालित कौशल विकास कार्यक्रम योजना अन्तर्गत वर्ष 2023-24 के लिए जिले में स्वरोजगार की संभावना एवं स्वयं का रोजगार स्थापित करने के उद्देश्य से मण्डला के लिए 25 प्रशिक्षणार्थियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रशिक्षणार्थियों को जिला स्तर पर ही प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। बोर्ड द्वारा विभिन्न रोजगारन्मुखी व्यवसायों जैसे- फैशन डिजाईनिंग, बेसिक सिलाई गारमेंट, लेदर गुड्स, बेकरी, फूड प्रोसेसिंग फल एवं सब्जी (आचार, पापड़, मसाले एवं अन्य), कम्प्यूटर हार्डवेयर रिपेयरिंग, कम्प्यूटर एकाउण्ट विथ टेली, घरेलू उपकरण मरम्मत, इलेक्ट्रीशियन, प्लम्बर, राजमिस्त्री, दोना पत्तल, टू-व्हीलर, थ्री-व्हीलर, मरम्मत, ट्रेक्टर रिपेयरिंग, कम्प्यूटर ऑपरेटर कारपेंटर, मोबाईल रिपेयरिंग, जिक-जेक मशीन इम्ब्रोइडरी, जरी जरदोसी, विडियोग्राफी फोटोग्राफी, मोटर वाइरिंग, मेनुअल ज्वेलरी डिजाईन, अगरवत्ती निर्माण, रिटेल सेल एसोसिएट आदि में प्रशिक्षण प्राप्त करने हेतु आवेदन ऑनलाईन 31 मई 2023 तक आमंत्रित किये गए हैं। कौशल विकास प्रशिक्षण प्राप्त करने हेतु ऑनलाईन आवेदन बोर्ड की विभागीय वेबसाईट http://crisponlineservices.com/Services/khadi/User_Registration_khadi.aspx पर किया जा सकता है। अधिक जानकारी के लिए प्रबंधक, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड, जिला पंचायत मण्डला मोबाईल नम्बर- 8959500194 पर सम्पर्क कर सकते हैं।

जनपद पंचायत बिछिया में लगा दिव्यांग शिविर
दिव्यांग प्रमाण-पत्र के 101 एवं प्रसूति सहायता सभी आवेदन स्वीकृत
जनपद पंचायत मवई में आज लगेगा शिविर
मण्डला 17 मई 2023
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जानकारी दी है कि म.प्र. शासन के दिशा निर्देशानुसार मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान का द्वितीय चरण 10 मई से 31 मई 2023 तक चलेगा। इसी के तारतम्य में 17 मई 2023 को जनपद पंचायत बिछिया में दिव्यांग शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में विकलांग प्रमाण पत्र के लिए 142 आवेदन प्राप्त हुए जिनमें से 101 आवेदन स्वीकृत हुए। इसी प्रकार ग्रामीण प्रसूति सहायता 101 आवेदन प्राप्त हुए जिसमें से 101 आवेदन स्वीकृत हुए तथा शहरी प्रसूति सहायता के 26 आवेदन प्राप्त हुए जिसमें से 26 आवेदन स्वीकृत हुए। 18 मई 2023 को जनपद पंचायत मवई में लगेगा दिव्यांग शिविर।

ग्रीष्मकालीन मूंग एवं उड़द हेतु उपार्जन केन्द्र निर्धारित
मण्डला 17 मई 2023
उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास से प्राप्त जानकारी के अनुसार भारत सरकार की प्राइम सपोर्ट स्कीम अंतर्गत वर्ष 2023 ग्रीष्मकालीन फसल मूंग एवं उड़द को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उपार्जन हेतु कृषक एम.पी. ऑनलाईन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेन्टर लोकसेवा केन्द्र एम.पी. किसान ऐप पर उपार्जन हेतु अपनी सुविधानुसार पंजीयन करा सकते हैं। पंजीयन हेतु जिले में 5 उपार्जन केन्द्र की स्थापना की गई है जिसमें आदिम जाति सेवा सहकारी समित मर्यादित, मण्डला, आदिम जाति सेवा सहकारी समित मर्यादित बम्हनी बंजर, आदिम जाति सेवा सहकारी समित मर्यादित, ककैया, आदिम जाति सेवा सहकारी समित मर्यादित, नारायणगंज तथा आदिम जाति सेवा सहकारी समित मर्यादित बिछिया है। उक्त निर्धारित उपार्जन केन्द्र में कृषक मूंग व उड़द का विक्रय कर सकते हैं।

निःशुल्क ड्राईविंग लायसेंस एवं यातायात जागरूकता शिविर आयोजित
केन्द्रीय मंत्री श्री कुलस्ते ने बांटे लर्निंग लायसेंस
मण्डला 17 मई 2023
जिला परिवहन अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार शासकीय महाविद्यालय मवई में मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान 2.0 के अंतर्गत लर्निंग ड्रायविंग लायसेंस शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लर्निंग ड्रायविंग लायसेंस के संबंध में छात्र-छात्राओं को परिवहन विभाग के सारथी पोर्टल पर ऑनलाइन लायसेंस की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। शिविर में 30 छात्राओं को निःशुल्क लर्निंग ड्रायविंग लायसेंस भी जारी किये गये। शिविर में केन्द्रीय राज्य मंत्री इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने छात्राओं को लर्निंग ड्रायविंग लायसेंस वितरित किये। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, जनपद पंचायत अध्यक्ष मवई मनीषा मरकाम, पूर्व विधायक पंडित सिंह धुर्वे, समाजसेवी प्रहलाद मरकाम, अमरजीत सिंह चौहान, राजेश पाण्डे, विपिन राय सांसद प्रतिनिधि, अनुविभागीय दण्डाधिकारी बिछिया, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, वंदना उरकुड़े प्रभारी प्राचार्य शासकीय महाविद्यालय मवई, जिला परिवहन अधिकारी विमलेश गुप्ता एवं महाविद्यालय के छात्र एवं छात्रायें उपस्थित थे।

कृषि मंत्री के द्वारा किए गए अपमान के खिलाफ आम आदमी पार्टी उतरा मैंदान में
.चिलमन चौंक में कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए की नारेबाजी
मण्डला। 18 मई गुरूवार को चिलमन चौंक तिराहा में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कृषि मंत्री के द्वारा किए गए अपमान के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष पंकज सोनी ने बताया कि सरकार की तानाशाही के खिलाफ आम आदमी पार्टी मैदान में उतर गई है बीते दिनों भोपाल में आयोजित जाट सम्मेलन कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के मप्र चुनाव प्रभारी व दिल्ली विधायक बीएस जून को मप्र के कृषि मंत्री कमल पटैल ने मंच से उतारने की धमकी दी और अपने वक्तव्य को बोलने से रोककर अपमान किया गया जिसके विरोध में आम आदमी के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारियों में काफी रोष देखा जा रहा है। जिसके विरोध में आम आदमी पार्टी जिला ईकाई मण्डला के द्वारा मप्र के कृषि मंत्री कमल पटैल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और माफी मांगने को कहा गया। इस दौरान जिला सचिव चंद्रगुप्त नामदेव, लोकसभा उपाध्यक्ष डीडी कुम्हरे, लोकसभा सचिव अरविंद परस्ते, जिला यूथ अध्यक्ष आदित्य पटैल, ब्लॉक अध्यक्ष हितेन्द्र पटैल, सीएल सरौते, यशवंत जायसवाल, सोमनाथ पन्द्रे, शिशु भलावी, सौरभ नंदा, रामकुमार सारथी, रितेश यादव सहित आम आदमी पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

