3 दिवस में निराकृत करें सीमांकन के प्रकरण – डॉ. सलोनी सिडाना
राजस्व अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर के निर्देश
मण्डला 15 जून 2023
राजस्व अधिकारियों की बैठक कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि राजस्व विभाग शासन का एक अत्यंत महत्वपूर्ण विभाग है। अतः सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता से करें। कार्य की प्रकृति के आधार पर प्राथमिकताएं तय करें। राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों में नियमानुसार सुनवाई करते हुए उनका समय-सीमा में निराकरण करें। उन्होंने कहा कि राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का वर्गीकरण करें। अधिक समय से लम्बित प्रकरणों में सर्वोच्च प्राथमिकता से सुनवाई करते हुए उनका समुचित निराकरण सुनिश्चित करें। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में अपर कलेक्टर मीना मसराम, समस्त एसडीएम सहित संबंधित उपस्थित रहे।
कलेक्टर डॉ. सिडाना ने निर्देशित किया कि जिन प्रकरणों में प्रतिवेदन की आवश्यकता है संबंधित अधिकारी, कर्मचारी समय पर प्रतिवेदन प्रस्तुत करें अन्यथा की स्थिति में संबंधित पर नियमानुसार कार्यवाही प्रस्तावित करें। प्रतिवेदन के कारण किसी भी प्रकरण की सुनवाई में विलंब नहीं होना चाहिए। कलेक्टर ने तहसील स्तर पर पटवारियों की साप्ताहिक बैठक अनिवार्य रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ. सिडाना ने निर्देशित किया कि राजस्व न्यायालयों से पारित होने वाले आदेशों को तत्काल अपलोड करें तथा जारी आदेशों का गंभीरतापूर्वक अमल कराएं।

कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि सीमांकन के प्रकरणों का समय पर निराकरण करें। प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखें। उन्होंने कहा कि 6 माह से अधिक समय से लंबित सीमांकन के प्रकरणों का अगले 3 दिवस में निराकरण सुनिश्चित करें। इस संबंध में उन्होंने अपर कलेक्टर तथा एसएलआर को रणनीति बनाकर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि अविवादित नामांतरण के प्रकरण 15 जुलाई तक निराकृत करें। बैठक में राजस्व विभाग से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने की शाला भवनों के मरम्मत के कार्यों की समीक्षा
मण्डला 15 जून 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने नैनपुर, बिछिया, मवई, घुघरी एवं मोहगांव विकासखंडों में स्कूल शिक्षा विभाग तथा समग्र शिक्षा अभियान के तहत किए जा रहे शाला भवनों के मरम्मत कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया प्रवेश उत्सव के पूर्व सभी शाला भवनों मरम्मत, रंग, पेंटिंग आदि का कार्य पूर्ण करें। नवीन शिक्षा सत्र के लिए शाला भवनों को आकर्षक रूप से तैयार करें।

कलेक्टर डॉ. सिडाना ने सभी शाला भवनों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शाला परिसर एवं भवन को बेहतर बनाने में विभागीय अधिकारी तथा शाला शिक्षकों की सहभागिता परिलक्षित होनी चाहिए। कलेक्टर ने बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता बर्वे सहित संबंधित उपस्थित रहे।

कन्या शिक्षा परिसर बीजाडांडी की दो छात्राएं नीट 2023 परीक्षा में क्वालीफाई
मण्डला 15 जून 2023
कन्या शिक्षा परिसर बीजाडांडी मंडला की दो छात्राओं संजना मरकाम एवं निकिता धुर्वे ने नीट 2023 परीक्षा में क्वालीफाई होकर संस्था एवं जिले का नाम रोशन किया है। दोनों अनुसूचित जनजाति वर्ग से तथा अत्यंत पिछड़े परिवारों से आती हैं। ज्ञात हो कि गत वर्ष भी इस संस्था की दो छात्राओं का चयन नीट 2022 में हुआ था तथा वर्तमान में वे पीपल्स डेंटल कॉलेज भोपाल में बीडीएस कर रही हैं।

जिला पंचायत सामान्य सभा की बैठक स्थगित
मण्डला 15 जून 2023
सीईओ जिला पंचायत मंडला द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 16 जून 2023 को आयोजित होने वाली जिला पंचायत सामान्य सभा की बैठक आगामी तिथि तक के लिए स्थगित कर दी गई है। बैठक की संशोधित सूचना पृथक से जारी की जाएगी।

मंडला जिले में 66 करोड़ रूपये से होगा विद्युत अधो-संरचना का सुद्दढ़ीकरण
मण्डला 15 जून 2023
मंडला जिले की विद्युत अधो-संरचना को सुदृढ़ करने एवं विद्युत हानियों को कम करने के लिए 66 करोड़ रूपये स्वीकृत किये गए हैं। इसमें से केन्द्र सरकार द्वारा रिवेंप्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम के प्रथम चरण में 44 करोड़ रूपये और राज्य सरकार द्वारा 22 करोड़ रूपये स्वीकृत किये गए हैं।
ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा है कि स्वीकृत राशि से किये जाने वाले कार्यों में 45 किलोमीटर 132 के.व्ही. लाइन निर्माण, एक नवीन 33/11 के.व्ही. उप केंद्र निर्माण, वोल्टेज व्यवस्था के सुधार के लिए 14 स्थान पर केपेसिटर बैंक स्थापना, 294 उच्च दाब फीडरों का विभक्तिकरण कार्य, 756 वितरण ट्रांसफार्मर स्थापना, 2800 किलोमीटर निम्न दाब लाइनों का केबलिंग कार्य एवं 329 उच्च दाब फीडरों का विभक्तिकरण और कंडक्टर क्षमता वृद्धि के कार्य शामिल हैं। इससे मंडला जिले की लगभग 11 लाख की जनसंख्या लाभान्वित होगी एवं आगामी 10 वर्ष की विद्युत माँग की सफलतापूर्वक पूर्ति हो सकेगी।

