निर्वाचन संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम जारी
मंडला 15 सितम्बर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन 2023 की तैयारियों के तहत कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना द्वारा सितम्बर माह में आयोजित होने वाले प्रशिक्षणों का कार्यक्रम जारी किया गया है। जानकारी के अनुसार निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण का प्रशिक्षण रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंडला में 16 सितंबर को 3 सत्रों में आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रथम सत्र में प्रातः 11ः30 से 1 बजे तक निवास विधानसभा, द्वितीय सत्र में 1ः30 से 3 बजे तक बिछिया तथा तृतीय सत्र में 3ः30 से सायं 5 बजे तक विधानसभा मंडला का प्रशिक्षण होगा। एमसीएमसी कमेटी का प्रशिक्षण 20 सितंबर को प्रातः 11 बजे से जिला योजना भवन में किया जाएगा। पोस्टल बेलेट के संबंध में प्रथम प्रशिक्षण 21 सितंबर को प्रातः 11:30 बजे से रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंडला में होगा। एमसीसी का प्रथम प्रशिक्षण 25 सितंबर को जिला योजना भवन में टीएल बैठक के बाद होगा। राजनैतिक दलों की बैठक 27 सितंबर को दोपहर 12 बजे से जिला योजना भवन में आयोजित की जाएगी। मीडिया सेल की बैठक जिला योजना भवन में 27 सितंबर को दोपहर 2 बजे से आयोजित की जाएगी।

गौरा बाई को मिल रहा है शासन की योजनाओं का लाभ
मंडला 15 सितम्बर 2023
विभिन्न टीव्ही चैनल एवं सोशल मीडिया में चल रहे ’जीवित दिव्यांग महिला को दस्तावेजों में बताया मृत, योजनाओं के लाभ से वंचित हुई महिला’ समाचार के संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत निवास ने बताया कि गौरा बाई पति नन्हेलाल यादव को शासन की विभिन्न योजनाओं का पात्रतानुसार लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि समाचार में उल्लेखित तथ्यों की जाँच कराई गई जिसमें पाया गया कि मानिकपुर निवासी गौराबाई की समग्र आईडी क्रमांक 136679160 एवं परिवार आईडी क्रमांक 28982770 है, जो वर्तमान में सक्रिय है। गौराबाई को सदस्य आईडी क्रमांक 136679160 से सामाजिक सुरक्षा निःशक्त पेंशन का लाभ प्रदाय किया जा रहा है जिसका स्वीकृति आदेश क्रमांक 17099207/13/2022 दिनांक 5 जनवरी 2022 है। गौराबाई संबल में भी पंजीकृत है। इन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल चुका है जिसकी पीएम आईडी क्रमांक 3367586 है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि प्रसारित समाचार के तथ्य गलत हैं। समाचार पूरी तरह निराधार एवं गलत है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्तियों का शासन की योजनाओं का नियमानुसार लाभ प्रदान किया जा रहा है।

जल-जीवन मिशन अंतर्गत उन्मुखीकरण कार्यशाला संपन्न
मंडला 15 सितम्बर 2023
जल जीवन मिशन के अंतर्गत मध्यप्रदेश जल निगम परियोजना क्रियान्वयन इकाई मंडला के अंतर्गत जिले की हालोन एवं नारायणगंज, बीजाडांडी ग्रामीण समूह जल प्रदाय योजना की विस्तृत जानकारी एवं विमर्श के लिए एक दिवसीय जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगरपालिका मंडला के अध्यक्ष विनोद कछवाहा, जि.पं. सदस्य रामप्यारी झारिया, शकुन जंघेला, गीता मरावी, कौशल्या मरावी आदि जनप्रतिनिधियों एवं जिले के अधिकारियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का संचालन प्रमुख अमित जैन द्वारा किया गया। इस अवसर पर हालोन सहित अन्य परियोजनाओं का प्रेजेन्टेशन किया गया। कार्यशाला में जि.पं. अध्यक्ष कुशराम ने कहा कि हम सभी जनप्रतिनिधि जल जीवन मिशन की सफलता के लिये पूरा सहयोग प्रदान करेंगे। सभी अधिकारीगण भी पूरी निष्ठा के साथ कार्य करें, सभी के सहयोग और समन्वय के द्वारा ही योजना अपने लक्ष्य की ओर पहुंचेगी। कार्यशाला को जि.पं. सदस्यों ने भी संबोधित किया।

मतदाता जागरूकता अंतर्गत विविध आयोजन
मंडला 15 सितम्बर 2023
आगामी विधानसभा निर्वाचन 2023 के मद्देनजर जिले में स्वीप गतिविधियों का लगातार आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों के माध्यम से ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्र के मतदाताओं को निष्पक्ष मतदान के लिए प्रेरित कर मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए जागरूकता लाई जा रही है। शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस के मौके पर जिले के शासकीय महाविद्यालयों में विविध आयोजन किए गए जिनके माध्यम से युवाओं में लोकतंत्र के प्रति आस्था एवं जागरूकता लाए जाने का प्रयास किया गया। शासकीय महाविद्यालय अंजनिया, रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंडला, शासकीय स्नातक महाविद्यालय नैनपुर, शासकीय मुन्नालाल चौधरी कन्या महाविद्यालय मंडला सहित अन्य महाविद्यालयों में लोकतंत्र में युवाओं की भूमिका पर परिचर्चाओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में उपस्थित विद्यार्थियों को नैतिक मतदान की शपथ भी दिलाई गई।

वरिष्ठ मतदाताओं का किया सम्मान
स्वीप गतिविधियों के अंतर्गत जिले में मतदाताओं से मिलकर उन्हें प्रेरित करने का क्रम लगातार जारी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को 101 वर्षीय मतदाता मूलचंद कुशवाहा, 83 वर्षीय सुकरती बाई तथा तिंदुआ बम्हनी निवासी वरिष्ठ मतदाता से मिलकर उन्हें सम्मानित किया गया तथा निर्वाचन के संबंध में उनके विचार सुने गए।

प्लेसमेंट ड्राईव में 51 का चयन
मंडला 15 सितम्बर 2023
शासकीय आईटीआई में सुजुकी मोटर्स गुजरात मेहसाणा प्लांट हंसालपुर द्वारा कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। प्लेसमेंट ड्राइव में टर्नर, फिटर, मशीनिस्ट, वेल्डर, डीजल मेकेनिक, इलेक्ट्रिशियन, मोटर मैकेनिक आदि ट्रेड के 98 प्रशिक्षणार्थी उपस्थित हुए कंपनी द्वारा प्रशिक्षणार्थियों का लिखित एवं मौखिक परीक्षा के आधार पर 51 प्रशिक्षणार्थियों का चयन किया गया है। चयनित प्रशिक्षणार्थियों को 21500 प्रतिमाह पारिश्रमिक दिया जाएगा।

आवासीय विद्यालय कन्या शिक्षा परिसर चटुआमार मण्डला में
कक्षा 6वीं में रिक्त सीटों पर प्रवेश की अंतिम तिथि आज
मंडला 15 सितम्बर 2023
आवासीय विद्यालय कन्या शिक्षा परिसर चटुआमार मण्डला में दिव्यांग एसटी संवर्ग की 2 छात्राएँ एवं कोविड-19 से अनाथ 1 छात्रा जो 5वी उत्तीर्ण हो, की कुल तीन छात्राओं को वर्तमान सत्र की कक्षा 6वी में प्रवेश दिया जाना है। प्रवेश की अंतिम तिथि 16 सितंबर 2023 निर्धारित है।

अवैध परिवहन में संलिप्त वाहन जब्त
मंडला 15 सितम्बर 2023
खनिजों के अवैध उत्खनन परिवहन तथा भण्डारण पर प्रभावी रोकथाम हेतु मध्यप्रदेश शासन खनिज साधन विभाग से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में कलेक्टर के निर्देशानुसार खनिज विभाग मण्डला द्वारा खनिजों के अवैध उत्खनन, अवैध परिवहन तथा अवैध भण्डारण के विरुद्ध सतत् रूप से कार्यवाहियां की जा रही है। इसी परिप्रेक्ष्य में 13 सितंबर को चौकी हिरदेनगर अंतर्गत हिरदेनगर कौरगांव रोड़ पर एक वाहन ट्रेक्टर इंजन क्रमांक ई 3402052 खनिज रेत तथा 15 सितंबर 2023 को दो वाहन ट्रेक्टर क्रमांक एमपी 51 एए 7217 एवं बिना नंबर महिन्द्रा लाल रंग इंजन नंबर एनएमएम 5 एचए 0080 को थाना बम्हनी अन्तर्गत ग्राम देवगांव से खनिज रेत के अवैध परिवहन की गतिविधि में संलिप्त पाए जाने के कारण खनिज विभाग द्वारा जब्त किया गया। उक्त संलिप्त वाहनों को जब्त कर शासकीय अभिरक्षा में संबंधित थानों की सुपुर्दगी में दिया गया। उक्त वाहनों के विरूध म०प्र० खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम 2022 के प्रावधानों के तहत् प्रकरण दर्ज कर कलेक्टर न्यायालय प्रेषित किया जा रहा है।

20 सितंबर से शुरू होंगे किसानों के ऑनलाईन पंजीयन
5 अक्टूबर तक सहकारी समितियों, खरीदी केन्द्रों तथा एमपी ऑनलाईन कियोस्क सेंटर में ऑनलाईन होगा रजिस्ट्रेशन
मंडला 15 सितम्बर 2023
खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में समर्थन मूल्य पर किसानों को उनकी उपज धान, ज्वार एवं बाजरा का उपार्जन किया जाना है। धान उपार्जन हेतु मण्डला जिले में 15 सितंबर 2023 को सहकारी संस्थाओं को किसानों के पंजीयन हेतु धान पंजीयन से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया है, जिसके प्रमुख बिन्दु इस प्रकार है उपार्जन के लिए किसानों का ऑनलाइन पंजीयन होना आवश्यक है। ऑनलाइन पंजीयन 20 सितम्बर से 5 अक्टूबर तक किया जा रहा है।
किसान आदिम जाति सेवा सहकारी समितियों एवं खरीदी केन्द्रों में निशुल्क पंजीयन करा सकते हैं। एमपी किसान एप अपने मोबाइल पर डाउनलोड करके किसान स्वयं पंजीयन कर सकते हैं। इसके अलावा किसान एमपी ऑनलाइन कियोस्क सेंटर, लोक सेवा केन्द्र एवं निजी व्यक्तियों द्वारा संचालित साइबर कैफे में 50 रुपए का शुल्क तथा आवश्यक दस्तावेज देकर 20 सितम्बर से उपार्जन हेतु पंजीयन करा सकते हैं। धान तथा मोटे अनाजों के पंजीयन कराने के लिए किसानों को अपने आधार कार्ड, बोये गए अनाज के रकबे की जानकारी के लिए ऋण पुस्तिका की प्रति, आधार लिंक बैंक खाता, मोबाइल नम्बर, आईएफएससी कोड की जानकारी देना आवश्यक होगा। पंजीयन कराने और फसल बेचने के लिए आधार नम्बर का वेरीफिकेशन कराना अनिवार्य है। वेरीफिकेशन आधार नम्बर से लिंक मोबाईल नं. पर प्राप्त ओटीपी से या बायोमेट्रिक डिवाइस से किया जायेगा। किसानों का पंजीयन फसल गिरदावरी के आधार पर किया जाएगा। किसान द्वारा दर्ज कराया गया नाम आधार से भिन्न है तो किसान को आधार केन्द्र/पोस्ट ऑफिस जाकर आधार में नाम संशोधित कराना होगा। किसान द्वारा दर्ज कराया गया नाम भू-अभिलेख से भिन्न है तो किसान को राजस्व अधिकारी से संपर्क कर भू-अभिलेख में नाम संशोधित कराना होगा। सत्यापन होने की स्थिति में ही उक्त पंजीयन मान्य होगा। यदि किसान की भूमि एक ही जिले के अन्य ग्रामों में है तो पंजीयन में दूसरे ग्राम की फसल के रकबे जोड़े जा सकेंगे। सिकमी/बटाईदार के पंजीयन हेतु 2023 के अनुबंध ही मान्य होंगे। किसान उपार्जन केन्द्र पर जाकर फसल बेचने के लिए अपने परिवार के किसी सदस्य (पिता, भाई, पति, पुत्र आदि) को नामित कर सकेंगे। नामित व्यक्ति का भी आधार वेरीफिकेशन कराया जायेगा। उपार्जन के भुगतान हेतु जनधन खाते, अक्रिय बैंक खाते, संयुक्त बैंक खाते एवं फिनो, एयरटेल, पेटीएम बैंक खाते पंजीयन में मान्य नहीं होंगे।

युवा प्रकोष्ठ जिला उपाध्यक्ष बनें रोहित
मण्डला। जिले के कान्हा नेशनल पार्क मोचा के संजय टाईगर रिसोर्ट में राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद का संभागीय सम्मेलन आयोजित किया गया था इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष परमानंद तिवारी, राष्ट्रीय संयोजक नलिनकांत बाजपेयी, प्रदेश अध्यक्ष देवशंकर अवस्थी, संभागीय अध्यक्ष राजीव उपाध्याय, संभागीय महासचिव चंद्रशेखर शर्मा, जिला अध्यक्ष नीरज अग्रवाल सहित जिले के गणमान्य नागरिक पत्रकार व समाजसेवी उपस्थित रहे। यहां पर निवास क्षेत्र के युवा पत्रकार रोहित प्रशांत चौकसे को राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार युवा ईकाई का जिला उपाध्यक्ष नियुक्ति किया गया है। इस अवसर पर रोहित चौकसे का उत्कृष्ट पत्रकारिता को लेकर सम्मान भी किया गया है। इनकी नियुक्ति पर पत्रकार परिषद के पत्रकारो ने हर्ष व्यक्त किया है।

