Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिलाविधानसभा 2023

रेवा इंडिया न्यूज मुख्य समाचार मंडला 9 दिसम्बर 2023

विकसित भारत की कल्पना को साकार करने सभी की सहभागिता आवश्यक – केन्द्रीय मंत्री श्री कुलस्ते

वाहन को दिखाई हरी झंडी, विकसित भारत के संकल्प की दिलाई गई शपथ

ग्राम जहरमऊ से विकसित भारत संकल्प यात्रा का शुभारंभ

मंडला 9 दिसम्बर 2023

                मंडला जिले में विकसित भारत संकल्प यात्रा का शुभारंभ नैनपुर विकासखंड के ग्राम जहरमऊ से किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअली जुड़े और उन्हांेने देश के विभिन्न क्षेत्र के हितग्राहियों से चर्चा करते हुए उन्हें संबोधित किया। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणजनों को विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई एवं हितलाभों का वितरण किया गया। साथ ही उपस्थितजनों को विकसित भारत के संकल्प की शपथ दिलाई गई। इस दौरान केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, पूर्व विधायक देवसिंह सैयाम, जनपद पंचायत अध्यक्ष ओमवती उईके, कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना, सहायक कलेक्टर रवि कुमार सिहाग एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में विभिन्न योजनाओं के हितग्राही तथा ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

योजनाओं को समझें तथा पात्रतानुसार लाभ उठाएं

 

इस अवसर पर केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने अपने संबोधन में कहा कि केन्द्र सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सभी वर्गों के विकास के लिए संकल्पित है। भारत को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ देश बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को विकास की मुख्य धारा से जोड़ना आवश्यक है। आमजन शासन की योजनाओं को समझें तथा पात्रतानुसार लाभ उठाएं। विकसित भारत की कल्पना को साकार करने के लिए सभी की सहभागिता आवश्यक है। प्रधानमंत्री ने विभिन्न योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों को प्रदान किया है जिससे सरकार के प्रति आमजन का विश्वास बढ़ा है। श्री कुलस्ते ने कहा कि सभी वर्ग के लोग आगे बढ़ेंगे तो देश आगे बढ़ेगा और विकसित भारत का सपना साकार होगा।

लखपति बनेंगी लाड़ली बहनें

 

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि सरकार लाड़ली बहनों को आर्थिक रूप से समर्थ बनाने का प्रयास कर रही है। उन्हें विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। इस संबंध में स्व-सहायता समूहों के माध्यम से भी विभिन्न आर्थिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। श्री कुलस्ते ने कहा कि स्व-सहायता समूह के उत्पादों का विक्रय पूरे देश के साथ-साथ अन्य देशों में भी किया जाएगा।

हितग्राहियों ने साझा किए अनुभव

 

कार्यक्रम में जहरमऊ ग्राम के अनेक हितग्राहियांे ने केन्द्र सरकार की योजनाओं से उनके जीवन में आए बदलाव की जानकारी दी। मालती सिंगौर ने कहा कि उसने पशुपालन का व्यवसाय शुरू किया है जिससे उसे अच्छी आमदनी हो रही है। साथ ही घर में गोबर गैस प्लांट लगा लिया है जिससे उसे गैस टंकी नहीं खरीदनी पड़ती। लता उईके ने कहा कि पहले वह चूल्हे में खाना बनाती थी जिसके लिए उसे सुबह से ही जंगल जाकर लकड़ी लाना पड़ता था। उज्ज्वला योजना के तहत उसे गैस कनेक्शन प्राप्त हुआ है। अब उसे लकड़ी के लिए जंगल नहीं जाना पड़ता है। तुलसीराम जंघेला ने कहा कि आयुष्मान कार्ड बनने से उसकी आंखों का निःशुल्क उपचार हो गया। सीमा तिवारी ने कहा कि उसका मकान कच्चा था, बरसात के दिनों में रहना मुश्किल होता था। प्रधानमंत्री आवास बन जाने से अब उसका परिवार सुखपूर्वक पक्के मकान में रहता है।

योजनाओं का लाभ दिलाने गांव-गांव पहुंचेगी वेन

 

कार्यक्रम के अंत में केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत केन्द्र सरकार की योजनाओं से सुसज्जित वेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वेन विभिन्न क्षेत्रों में जाकर नागरिकों को केन्द्र सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्हें पात्रतानुसार लाभ दिलाने की पहल करेगी।

 

 

 

 

 

 

आज चंदिया जर और इंद्री पहुँचेगी विकसित भारत संकल्प यात्रा

 

मंडला 9 दिसम्बर 2023

भारत सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का राज्य सरकार की सहभागिता से क्रियान्वयन किया जा रहा है। प्रत्येक पात्र व्यक्ति को केन्द्र सरकार की योजनाओं की जानकारी प्रदान करते हुए उसे लाभान्वित करने के उद्देश्य से विकसित भारत संकल्प यात्रा प्रारंभ की गई है। 10 दिसंबर को यह यात्रा मंडला जिले के नैनपुर विकासखंड के ग्राम चंदिया जर एवं इंद्री पंचायत पहुंचेगी। यात्रा के सफल आयोजन के लिए पंचायत स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।

 

 

 

 

 

 

11 दिसंबर को खोला जाएगा ईव्हीएम वेयरहाउस

 

मंडला 9 दिसम्बर 2023

एफलसी, कमीशनिंग एवं डिसपर्सल के दौरान तथा मॉकपोल में पाई गई नॉन फंक्शनल मशीनों को सुधार हेतु बीईएल बैंगलुरू भेजने के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी जबलपुर को सौंपा जाना है। इस संबंध में 11 दिसंबर 2023 को प्रातः 10:30 बजे शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज मण्डला के पीछे स्थित ईव्हीएम व्हीव्हीपीएटी वेयरहाउस खोला जाएगा। इस दौरान संबंधित राजनैतिक दल के प्रतिनिधियों से उपस्थिति का आग्रह किया गया है।

 

 

 

 

 

 

 

वन स्टॉप सेंटर सखी ने चलाया महिला महाविद्यालय, जिला चिकित्सालय एवं ऑटो स्टेंड में जागरूकता अभियान

 

मंडला 9 दिसम्बर 2023

वन स्टॉप सेंटर सखी मंडला द्वारा महिलाओं, बालिकाओं की सुरक्षा एवं समग्र विकास और सशक्तिकरण के संबंध में जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में जगन्नाथ मुन्नालाल चौधरी महिला महाविद्यालय, जिला चिकित्सालय तथा ज्ञानदीप स्कूल के निकट ऑटो स्टैंड मंडला में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान महिलाओं, बालिकाओं के प्रति सभी प्रकार की हिंसा और भेदभाव को समाप्त करने हेतु जागरुकता, महिलाओं, बालिकाओं की सुरक्षा एवं समग्र विकास और सशक्तिकरण मुनिश्चित करने हेतु महिलाओं, बालिकाओं के समग्र विकास यथा महिला सशक्तिकरण, महिला सुरक्षा, महिला हिंसा, महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण, आर्थिक विकास, कौशल उन्नयन, डिजिटल साक्षरता आदि विषयों पर वहां उपस्थित प्रत्येक महिलाओं को वन स्टॉप सेंटर सखी मंडला द्वारा जागरुक कर सभी को अपने अधिकारों के बारे में समझाईश दी गई।

 

 

 

 

 

 

 

अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार दिवस आज

 

मंडला 9 दिसम्बर 2023

अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार दिवस के अवसर पर 10 दिसंबर 2023 को प्रातः 11 बजे सभी कार्यालयों में अधिकारी, कर्मचारियों को शपथ दिलाई जाएगी। इस संबंध में शपथ के प्रारूप सहित आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।

 

 

 

 

नेशनल लोक अदालत सम्पन्न

 

मंडला 9 दिसम्बर 2023

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली के निर्देशानुसार नेशनल लोक अदालत का आयोजन दिनांक 9 दिसम्बर 2023 को सम्पूर्ण देश में नेशनल लोक आदालत आयोजित की गई, इसी तारतम्य में जिला मण्डला में जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री एस0के0 जोशी के निर्देशन में एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री डी0आर0 कुमरे के मार्गदर्शन में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सभी प्रकार के राजीनामा योग्य आपराधिक प्रकरण, सिविल प्रकरण विद्युत प्रकरण, मोटर दुर्घटना, भरण-पोषण, चैक बाउन्स, श्रम, राजस्व (जिला न्यायालय एवं मान0 उच्च न्यायालय में लंबित प्रकरण) पारिवारिक वैवाहिक मामले न्यायालय के प्रकरणों के साथ-साथ, बैंक, नगरपालिका, विद्युत एवं बी0एस0एन0एल0 के प्रीलिटिगशन प्रकरणों का निराकरण किया गया।

जिला न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण  श्री डी0आर0 कुमरे ने बताया कि नेशनल लोक अदालत जिला न्यायालय मण्डला एवं तहसील न्यायालय नैनपुर/निवास/बिछिया में भी उक्त नेशनल लोक अदालत आयोजित की गई है जिसमें सभी समझौते योग्य प्रकरणों के निराकरण हेतु 18 खंडपीठों का गठन किया गया है। जिसमें  आपसी सुलह के आधार पर राजीनामा किया गया। उन्होंने बताया कि इस बार की नेशनल लोक अदालत में प्रीलिटिगेशन प्रकरणों में बैंक के 2422 प्रकरणों में से 58 प्रकरण निराकृत हुये जिसमें 2107906 रूपये की वसूली राशि प्राप्त हुई, विद्युत विभाग के 614 प्रकरणों में से 88 प्रकरण निराकृत हुये जिसमे 460753 रूपये की वसूली राशि प्राप्त हुई,

न्यायालय के पेंडिंग केसेस में समझौता योग्य आपराधिक प्रकरणों के 202 में से 128 निराकृत। 138 एन0आई0एक्ट के 81 प्रकरणों में से 37 प्रकरण निराकृत हुये जिसमें 5691949 राशि का अवार्ड पारित किया गया, एम0ए0सी0टी0 के 251 प्रकरणों में से 42 प्रकरण निराकृत हुये जिसमें 10432000 राशि का अवार्ड पारित किया गया, पारिवारिक विवाद के 20 प्रकरणों में से 14 प्रकरण निराकृत हुये। अन्य सिविल प्रकृति के 36 प्रकरणों में से 13 प्रकरण निराकृत हुये। इस प्रकार न्यायालय के पेंडिंग केसेस कुल 663 प्रकरणों में से 285 प्रकरण निराकृत किये गये तथा 17546700 रूपये राशि का धनादेश पारित किया गया। इस लोक अदालत से कुल 601 लोग लाभांवित हुये।

इस लोक अदालत के सफल आयोजन हेतु सचिव महोदय श्री डी0आर0 कुमरे द्वारा सभी न्यायाधीशगणों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं एवं पक्षकारों व मीडियाकर्मी के प्रति आभार प्रकट किया गया।

 

 

 

 

 

 

 

आईईसी वेन ग्राम पंचायतों में पहुँचकर योजनाओं को करेगी प्रचारित

26 जनवरी 2024 तक जारी रहेगी यात्रा

मंडला 9 दिसम्बर 2023

“विकसित भारत संकल्प यात्रा’’ भारत सरकार और राज्य सरकार की योजनाओं से लक्षित लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से लाभान्वित करने की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करती है। यात्रा में आईईसी वेन द्वारा ग्राम पंचायत स्तर तक पहुँचकर कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार होगा।

गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2024 तक प्रदेश में विकसित भारत संकल्प यात्रा चलेगी। भारत सरकार द्वारा सभी जिलों को आईईसी वेन उपलब्ध कराई जायेगी। आईईसी वेन द्वारा सभी नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों में भारत सरकार और राज्य सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जायेगा। आईईसी वेन में उपलब्ध ऑडियो विजुअल एड, ब्रोशर, पम्पलेट, बुकलेट इत्यादि से सूचनाओं और जानकारियों को आमजन तक पहुँचाया जायेगा।

नगरीय क्षेत्र में प्रति 10 हजार जनसंख्या पर एक कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। इसमें पिछड़ी, कम आय वाली और सघन शहरी बस्तियों को प्राथमिकता दी जायेगी। बड़े नगरीय क्षेत्रों में एक से अधिक कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। प्रत्येक वेन प्रति सप्ताह कम से कम 14 कार्यक्रम में शामिल होंगी। प्रत्येक पंचायत में एक कार्यक्रम आयोजित होगा। आईईसी वेन के कार्यक्रम स्थल पर पहुँचने के पहले संबंधित विभागों द्वारा योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जायेगा। हितग्राहियों के आवेदन लिये जायेंगे। हितग्राहियों का चयन और आवेदनों के निराकरण संबंधी कार्यवाही की जायेगी।

भारत सरकार और राज्य सरकार प्रमुख योजनाओं को समयबद्ध तरीके से लक्षित लाभार्थियों को लाभान्वित करने के लिये प्रतिबद्ध है। स्वच्छ भारत मिशन, आवश्यक वित्त पोषण, एलपीजी कनेक्शन, आवास, स्वास्थ्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वच्छ पेयजल सुविधा, खाद्य सुरक्षा, उचित पोषण जैसी बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिये कल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पहुँचाने का लक्ष्य योजना में निर्धारित किया गया है। राज्यों के सहयोग से भारत सरकार ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजना की पहुँच को सुगम बनाने के लिये भारत संकल्प यात्रा प्रारंभ की है।

Related posts

ग्रीष्म ऋतु के मौसम में धूप की तपन लू से रहें सावधान

Reva India News

रेवा इंडिया न्यूज मुख्य समाचार मंडला 7 दिसम्बर 2023

Reva India News

माध्यमिक शाला डोंगरगांव में छात्र-छात्राओं ने पोस्टर एवं नारों के माध्यम से स्वच्छता का महत्व बताया

Reva India News

Leave a Comment