Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज मुख्य समाचार मंडला 2 जनवरी 2024

नागरिकों को आवश्यक सामग्री के लिए परेशानी नही हो, इसके लिए सभी जरूरी उपाय किए जाएं – डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री ने वीसी के माध्यम से कमिश्नर्स, कलेक्टर्स, एसपी से चर्चा की

मंडला 2 जनवरी 2024

                मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज मंत्रालय से कमिश्नर, कलेक्टर और एसपी के साथ वीसी के माध्यम से चर्चा कर ट्रक ड्राइवरों की हड़ताल के मद्देनजर किए जा रहे आवश्यक उपायों की जानकारी प्राप्त की और जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को डीजल, पेट्रोल, एलपीजी, दवाईयाँ, दूध, खाद्य सामग्री सहित अन्य आवश्यक सामग्रियों के लिए परेशानी नही हो, इसके लिए सभी जरूरी उपाय सुनिश्चित करें। वीडियो कॉन्फ्रेसिंग से संपन्न हुई इस बैठक में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा सहित संबंधित अधिकारियों ने सहभागिता की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में पेट्रोल-डीजल सहित अन्य सामग्रियों की सप्लाई प्रभावित न हो। यदि कोई अवरोध पैदा करेगा तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस संबंध में जिला स्तर पर सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित किए जाएं। सुनिश्चित करें कि जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। पेट्रोल पंप और एलपीजी गैस के डीलर्स जिनके अपने वाहन हैं, उनके माध्यम से सप्लाई सुनिश्चित की जाए। रास्ते की ज़रूरी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्हांेने संबंधित अधिकारियों को सभी डीलर्स, एसोसिएशन के साथ बैठक करने के निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

उपार्जित धान का परिवहन निर्बाध रूप से जारी रखें – डॉ. सिडाना

कलेक्टर, एसपी ने ली मिलर्स तथा ट्राँसपोटर्स की बैठक

मंडला 2 जनवरी 2024

                धान के उपार्जन और परिवहन के संबंध में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना तथा पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने मिलर्स तथा ट्राँसपोटर्स की बैठक ली। बैठक में कलेक्टर ने उपार्जन पर चर्चा करते हुए कहा कि उपार्जित धान का परिवहन लगातार जारी रखें। उन्होंने कहा कि किसानों के भुगतान की कार्यवाही भी नियमानुसार करे। परिवहन कार्य निर्बाध रूप से जारी रखें। उन्‍होंने कहा कि आवश्यकतानुसार वाहन चालकों की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करें।

बैठक में पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने कहा कि परिवहनकर्ताओं को आवश्यकतानुसार पुलिस सुरक्षा प्रदान की जाएगी। ट्राँसपोटर्स परिवहन के संबंध में अपर कलेक्टर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा जिला आपूर्ति अधिकारी के संपर्क में रहें। कलेक्ट्रेट के गोलमेज सभाकक्ष में संपन्न हुई इस बैठक में जिला आपूर्ति अधिकारी मनोज पुराविया सहित मिलर्स एवं ट्राँसपोटर्स उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

कलेक्टर, एसपी ने ली प्राइवेट स्कूलों के प्रबंधकों की बैठक

मंडला 2 जनवरी 2024

                वाहन चालकों की हड़ताल के मद्देनजर कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना तथा पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने प्राइवेट स्कूलों के प्रबंधकों की बैठक ली। कलेक्टर ने कहा कि स्कूल प्रबंधन सुनिश्चित करें कि वाहन चालकों की हड़ताल के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। इस संबंध में शाला स्तर पर पालक शिक्षक संघ की बैठक आयोजित कर आवश्यक योजना तैयार करें। बच्चों को लाने ले जाने के लिए स्कूल प्रबंधन द्वारा संचालित बसों को समुचित सुरक्षा प्रदान की जाएगी। बच्चों की सुरक्षा प्रशासन की पहली प्राथमिकता है।

कलेक्टर ने जिला परिवहन अधिकारी को सभी स्कूलों के वाहनों की फिटनेस तथा परमिट सहित अन्य दस्तावेजों की जांच करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला परिवहन अधिकारी रमा दुबे सहित जिला मुख्यालय में संचालित प्राइवेट स्कूलों के प्रबंधक उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

जनसुनवाई में 29 आवेदकों की सुनी गई समस्याएं

मंडला 2 जनवरी 2024

                जिला योजना भवन में आयोजित हुई जनसुनवाई में 29 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किए। सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट एवं अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह ने आवेदकों की समस्याएं सुनते हुए उनके समुचित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इस दौरान संयुक्त कलेक्टर अरविंद सिंह एवं सीएल वर्मा सहित संबंधित जिला अधिकारी उपस्थित थे। जनसुनवाई में ग्राम कुंडालीकला निवासी शिखर वासनिक ने अनुकम्पा नियुक्ति के संबंध में, ग्राम गंगोरा निवासी चुन्नूलाल हरदहा ने वन विभाग से टी.पी. जारी करने के संबंध में, तिलक वार्ड मण्डला निवासी भोला प्रसाद सिंगौर ने नजूल पट्टों के नवीनीकरण के संबंध में, ग्राम कटरा निवासी अंजू श्रीवास ने बिजली बिल अधिक आने के संबंध में, सुभद्रा नगर कटरा निवासी दबाल सिंह ने राजस्व रिकार्ड में त्रुटि सुधार किये जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किए गए।

 

 

 

 

 

बैगाओं के आधार कार्ड बनाने 17 ग्रामों पर लगाए गए शिविर

मंडला 2 जनवरी 2024

                प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाभियान के अंतर्गत विशेष पिछड़ी जनजाति के लिए सामाजिक, आर्थिक पिछड़ापन दूर करने हेतु विभिन्न गतिविधियां क्रियान्वित की जा रही हैं। इसी क्रम में जिले की प्रत्येक बैगा बस्तियों में शिविरों का आयोजन कर बैगा परिवारों को शासन की योजनाओं से आच्छादित किया जा रहा है। 2 जनवरी को 17 ग्रामों में विशेष शिविर आयोजित कर लगभग 160 बैगाआंे के आधार कार्ड बनाने की कार्यवाही की गई। साथ ही अन्य योजनाओं के लिए हितग्राहियांे का चयन किया गया। जानकारी के अनुसार बिछिया के कन्हारीकला एवं चंगरिया, बीजाडांडी में भोंड़ी, विजयपुर एवं उदयपुर, नैनपुर के केरेगांव, घुघरी के तबलपानी एवं राम्हेपुर, मंडला में सेमरखापा, जंतीपुर एवं मलारा, मवई में नंदराम, मोहगांव में चौगान एवं झुरकीपोंड़ी, नारायणगंज मंे अमदरा, सलैया तथा सिवनी माल ग्राम में शिविर आयोजित किए गए। शिविर में संबंधित अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

निर्माण तथा विभागीय कार्यों की हुई समीक्षा

जनप्रतिनिधियों से जाने गये क्रियान्वयन के सुझाव और फीडबैक

 

मंडला 2 जनवरी 2024

                शासन द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों तथा विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना द्वारा जिले में संचालित विकास कार्यों की प्रगति के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही उपस्थित जनप्रतिनिधियों से शासन के योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में फीडबैक तथा सुझाव प्राप्त किए गए। कलेक्ट्रेट के गोलमेज सभाकक्ष में संपन्न हुई इस बैठक में विधायक बिछिया नारायण पट्टा, विधायक निवास चैनसिंह वरकड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह सहित संबंधित उपस्थित रहे। बैठक में राज्यस्तरीय समीक्षा बैठक के बिन्दुओं पर भी चर्चा की गई।

                कलेक्टर डॉ. सिडाना ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत आयोजित कार्यक्रमों एवं हितलाभ वितरण तथा प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाभियान के तहत संचालित गतिविधियों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन अभियान के तहत प्रत्येक बैगा बस्तियों का सर्वे कर व्यक्तिगत तथा सामुदायिक लाभ वितरण की कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। कलेक्टर ने मंडला-बरेला मार्ग एवं पदमी-घुघरी मार्ग सहित अन्य सड़कों के निर्माण कार्यों की प्रगति से अवगत कराया।

                कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़कों में आवश्यकतानुसार सुधार कार्य कराएं। सीमांकन, बटवारा तथा नामांतरण के प्रकरणों के निराकरण के लिए विशेष शिविर आयोजित करें। मनरेगा के तहत रोजगारमूलक कार्यों को प्राथमिकता दें। सुदूर सड़कों के प्रस्ताव तैयार करें। पंचायतों की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने का प्रयास करें। बैठक में जल जीवन मिशन, हेंडपंप सुधार, सीएम राईज स्कूल आदि के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की गई।

 

 

विकसित भारत संकल्प यात्रा:

कार्यक्रम में दिलाई गई भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की शपथ

 

मंडला 2 जनवरी 2024

                विकसित भारत संकल्प यात्रा 2 जनवरी 2024 को बिछिया विकासखंड के ग्राम डुंगरिया एवं राता, बीजाडांडी में उदयपुर एवं समनापुर, घुघरी में गजराज एवं छतरपुर, मवई में बरई एवं सिंघोरी, नैनपुर में सगौनिया एवं डिठौरी, नारायणगंज में डालाखापा एवं जेवरा तथा मंडला में कौरगांव एवं भपसा पंचायत पहुंची जहां पर स्थानीय लोगों द्वारा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न खेल तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से हितग्राहियों के जीवन में आए बदलाव से संबंधित अनुभव भी साझा किए गए।

                इस अवसर पर मंचासीन अतिथियों द्वारा शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियांे को हितलाभों का वितरण किया गया। साथ ही उपस्थितजनांे को भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणजनों को विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी, विभिन्न योजनाआंे के हितग्राही तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

3 जनवरी को इन पंचायतों में पहुँचेगी विकसित भारत संकल्प यात्रा

 

                विकसित भारत संकल्प यात्रा 3 जनवरी 2024 को बिछिया विकासखंड के ग्राम धुतका एवं आमाडोंगरी, बीजाडांडी में पिपरियाखुर्द एवं टिकरिया, घुघरी में डोंगरमंडला एवं राम्हेपुर, मवई में केवलारीकला एवं मुड़ियारिचका, नैनपुर में गौराछापर एवं मक्के, नारायणगंज में जुझारी एवं खिन्हा रैयत तथा मंडला में हिरदेनगर एवं औघटखपरी पंचायत पहुंचेगी। विकसित भारत संकल्प यात्रा का समापन 26 जनवरी 2024 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर होगा।

 

 

 

शुष्क दिवस घोषित

 

मंडला 2 जनवरी 2024

                नगरीय निकायों अर्थात नगर परिषद में होने वाले उप निर्वाचन 2023 हेतु लोकहित में संबंधित नगरीय क्षेत्र और उसकी सीमा से लगे ग्राम पंचायतों में स्थित दुकानों में तथा नगर से निकलने वाले राज्यमार्ग, राष्ट्रीय राजमार्ग, मुख्य जिला सड़क से दोनों सीमा से बाहर 3 किलोमीटर की दूरी तक में स्थित कम्पोजिट मदिरा दुकानों को मतदान समाप्ति के लिए समय से 48 घंटे पूर्व से बंद रखे जाने एवं मतगणना हेतु नियत तिथि में मतगणना क्षेत्र की मदिरा दुकानें बंद रखे जाने हेतु शुष्क दिवस घोषित किया गया है। बम्हनी बंजर नगर परिषद में 5 जनवरी को मतदान होना है, मतदान समाप्ति के 48 घंटे पूर्व अर्थात 3 जनवरी की शाम 5 बजे से 5 जनवरी को मतदान समाप्ति तक तथा 9 जनवरी को मतगणना के संपूर्ण दिवस मदिरा दुकानें बंद रहेंगी। घोषित शुष्क दिवसों में मदिरा दुकानों पर शराब की बिक्री पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। साथ ही कोई भी होटल, रेस्टोरेंट में मदिरा बेचने, परोसने वाले अन्य प्रतिष्ठानों को अनुमति नहीं होगी। इस अवधि में अवैध रूप से मदिरा के आयात, निर्यात, परिवहन, विनिर्माण, संग्रहण, कब्जा, विक्रय इत्यादि पर सख्ती से रोक लगाते हुए जब्त करने की कार्यवाही की जाएगी।

 

 

 

 

 

पीएम यशस्वी योजना के आवेदन 5 तक आमंत्रित

 

मंडला 2 जनवरी 2024

                कार्यालय आयुक्त पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण भोपाल के आदेशानुसार ओबीसी, ईबीसी, डीएनटी वर्ग के कक्षा 9वीं से 12वी में अध्ययनरत् छात्र-छात्राओं हेतु भारत सरकार की पीएम यशस्वी योजना के ऑनलाईन आवेदन एनएसपी पोर्टल पर भरने की प्रकिया जारी है। आवेदन की अंतिम तिथि 5 जनवरी 2024 है सभी पात्र विद्यार्थी अधिक से अधिक संख्या में योजना का लाभ लेने हेतु शीघ्र आवेदन करें। इस कार्य में सभी शासकीय, अशासकीय विद्यालय के प्राचार्य छात्रों को आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे। पात्रता संबंधी जानकारी एनएसपी पोर्टल पर उपलब्ध है।

 

 

 

 

 

 

मतदान दल की रवानगी 4 को

 

मंडला 2 जनवरी 2024

                पंचायतों के उप निर्वाचन (उत्तरार्द्ध) हेतु नगरीय निकाय एवं जनपद पंचायतों में पंच, सरपंच एवं पार्षद के रिक्त पदों के लिए 5 जनवरी 2024 को मतदान कराया जाएगा। जिसके लिए जनपद पंचायत मंडला, जनपद पंचायत नारायणगंज तथा नगर परिषद बम्हनी बंजर से मतदान दलों की रवानगी 4 जनवरी 2024 को प्रातः 10 बजे होगी।

 

 

 

 

 

 

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते का दौरा कार्यक्रम

 

मंडला 2 जनवरी 2023

                केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते के निर्धारित दौरा कार्यक्रम के अनुसार वे 3 जनवरी को प्रातः 9 बजे जेवरा से जबलपुर से रवाना होंगे तथा प्रातः 10ः30 बजे जबलपुर पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। श्री कुलस्ते सायं 6 बजे जबलपुर से रवाना होकर सायं 7ः30 बजे जेवरा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे।

 

मुख्यमंत्री से भोपाल मिले जगत मरावी

 

 

मण्डला। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और जिला पंचायत सदस्य जगत मरावी ने बीते दिनों भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी। इस दौरान श्री मरावी ने मुख्यमंत्री को अपना परिचय दिया और भाजपा संगठन के द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी भी दी। वहीं जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 15 में प्रधानमंत्री जनमन योजना के प्रचार-प्रसार की रूप रेखा बताते हुए उनसे मण्डला आने का आग्रह किया जिस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शीघ्र ही मण्डला आने का विचार है। इस दौरान बिछिया नगर पालिका क्षेत्र से पार्षद पद के प्रत्याशी रहे कैलाश डेहरिया और अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

Related posts

 *अपने ही घर पर दो-दो सार्वजनिक हैंडपंप खुदवा लिया जनपद सदस्या घोंटा ने*

Reva India News

स्वामित्व योजना के वर्चुअल कार्यक्रम जिला जनपद और पंचायतों में संपन्न होंगे कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने स्वामित्व योजना की तैयारियों की समीक्षा की

Reva India News

जारी हैं जल संरचनाओं के पुर्नजीवन के प्रयास की जा रही जल स्त्रोतों की सफाई, हो रहे पौधरोपण

Reva India News

Leave a Comment