मंडला 8 नवंबर 2024
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने कहा कि 14 और 15 नवंबर को मंडला जिले में दो दिवसीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। गौरव दिवस के अवसर पर जिले में वीर नायकों की गौरव गाथा, खेल प्रतियोगिता, गोंडी पेंटिंग एवं लोकनृत्यों का आयोजन किया जाएगा। गौरव दिवस कार्यक्रम में विभागों के द्वारा शासन की योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा सोमवार को जिला योजना भवन में आयोजित बैठक में मंडला गौरव दिवस कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित वर्मा, संयुक्त कलेक्टर अरविंद सिंह, एसडीएम घुघरी श्री सीएल वर्मा, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती क्षमा सराफ सहित विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर ने कहा कि गौरव दिवस कार्यक्रम में मिलेट फेस्टिवल, रोड शो और शासन की योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएंगी। नुक्कड़-नाटक का आयोजन कर शासन की योजनाओं के बारे में बताया जाएगा। गौरव दिवस के कार्यक्रम में मंडला जिले की लोक संस्कृति, लोकगीत और लोकनृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे। गौरव दिवस के अवसर पर नर्मदा नदी के घाटों की साफ-सफाई व रंग रोगन कर उनका सौन्दर्यीकरण किया जाएगा। इस कार्य में जिले के जनप्रतिनिधि, विभाग, एनजीओ, जन अभियान परिषद, व्यापारी संघ तथा जिले के नागरिकों को शामिल किया जाएगा। मंडला जिले के परंपरागत खेल पर आधारित जनजाति मंडला ओलम्पिक का आयोजन किया जाएगा। मंडला जिले के स्थानीय खेल खोखो, रस्साकसी, गिल्ली डंडा इत्यादि को शामिल किया जाएगा। गौरव दिवस के अवसर पर रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन और मंडला जिले की भौगोलिक स्थिति, ऐतिहासिक महत्व के स्थल, संस्कृति, रीति रिवाज एवं परंपराओं पर आधारित कार्यक्रम होंगे।
महिष्मति घाट में पंचचौकी महाआरती 12 नवंबर से प्रारंभ होगी:-
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने कहा कि देवउठनी एकादशी 12 नवंबर से महिष्मति घाट माँ नर्मदा नदी में पंचचौकी महाआरती का प्रारंभ किया जाएगा। यह महाआरती प्रतिदिन सायंकाल 6 बजे से आयोजित होगी। महाआरती आयोजन और व्यवस्था के लिए एसडीएम मंडला श्रीमती सोनल सिडाम को नोडल आधिकारी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि पंचचौकी महाआरती के आयोजन के लिए ट्रस्ट का निर्माण कर खाता खोला गया है। ट्रस्ट द्वारा खोले गए खाते में कोई भी नागरिक दान स्वरूप राशि जमा कर सकता है। उक्त राशि पंचचौकी महाआरती आयोजन में व्यय की जाएगी। उन्होंने बताया कि पंचचौकी महाआरती में जिले के सभी जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, श्रद्धालु और नागरिक शामिल हो सकेंगे। उन्होंने आयोजित बैठक में सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि पंचचौकी महाआरती ट्रस्ट के बैंक खाते में अपनी स्वेच्छानुसार राशि दान कर सकते हैं।
