मंडला, 22 मई 2025
प्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि गर्मी के मौसम में गाँव-गाँव और मजरे टोलों तक पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। जिन क्षेत्रों में पेयजल की समस्या है, उन क्षेत्रों में परिवहन कर पेयजल उपलब्ध कराया जाए। जिससे नागरिकों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल है। प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल गुरूवार को जिला योजना भवन में जिला योजना समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान 2025 का कार्य 30 जून तक प्रारंभ रहेगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जल संरक्षण के क्षेत्रों का विस्तार करना है जिससे वर्षा के जल को तालाब और सरोवरों में सहेजकर रखा जा सके। उन्होंने जल भराव के क्षेत्रों का विस्तार करने के निर्देश दिये। जल स्त्रोतों की साफ-सफाई कर पुर्नजीवित करने को कहा। हैंडपंपों के आस-पास शोकपिट बनाने को कहा। जिससे जल व्यर्थ न बहे और शोकपिट के माध्यम से जल भूमिगत हो सके। प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि वर्षाकाल के बाद स्टापडेमों से पानी व्यर्थ न बहने दें, गेट बंद कर जल को रोका जाए।

प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि बरसात में अक्सर मौसमी बीमारियाँ फैलने की संभावना रहती है। मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए पूर्व से ही स्वास्थ्य विभाग के द्वारा समुचित प्रबंध कर लिया जाए। बरसात के मौसम में नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव-गांव में अभियान चलाकर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाए। स्वास्थ्य विभाग का अमला अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखे। दवाईयों का नियमित रूप से वितरण करें। जिससे बरसात के मौसम में संक्रमण बीमारियां न फैल सके।

प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि आगामी सत्र से सभी स्कूल समय पर खुलें, शिक्षक निर्धारित समय तक स्कूलों में उपस्थित रहकर अध्यापन कार्य कराएं। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार से खिलवाड़ न करें। सभी बच्चों को खूब पढ़ाएं लगातार अध्यापन कार्य कराएं। प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि शिक्षकों के स्थानांतरण निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कर लिया जाए। यह ध्यान रखा जाए कि कोई भी स्कूल शिक्षक विहीन न रहे। प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि जिले में चल रहे निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करें। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। विभागीय अधिकारी निर्माण कार्यों की लगातार माॅनिटरिंग करें। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक हितग्राहियों को दिया जाए। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से कोई भी हितग्राही वंचित नहीं रहना चाहिए। हितग्राहियों से आवेदन प्राप्त कर उन्हें लाभान्वित करने का कार्य करें।

प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि प्रदेश की विशेष पिछड़ी जनजातियों को प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना से लाभान्वित करें। इन क्षेत्रों में बिजली, सड़क, पानी की उपलब्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार सबका साथ, सबका विकास संकल्प के साथ कार्य कर रही है। समाज में अंतिम छोर के व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना हमारा दायित्व है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का संकल्प है कि सन् 2047 तक भारत को विकसित देश बनाया जायेगा। हमारी सरकार इसी दिशा में लगातार काम कर रही है। आयोजित बैठक में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा और जिला पंचायत सीईओ श्री श्रेयांश कूमट ने बैठक एजेंडा के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इससे हमारे प्रदेश के युवा, मजदूर, महिला एवं किसान सहित सभी वर्गों का कल्याण होगा। प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री पशुपालन योजना के तहत पशुपालकों को लाभान्वित किया।

इस अवसर पर प्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके, सांसद श्री फग्गनसिंह कुलस्ते, विधायक बिछिया श्री नारायण सिंह पट्टा, विधायक निवास श्री चैनसिंह वरकड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री प्रफुल्ल मिश्रा, नगरपालिका मंडला अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कमलेश तेकाम, कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, वन मंडलाधिकारी (पश्चिम) श्री नित्यानंदम एल, वन मंडलाधिकारी (पूर्व) श्रीमती प्रीता एसएम, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, अपर कलेक्टर श्री अरविंद सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिवकुमार वर्मा सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण मौजूद थे। आयोजित बैठक में प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल, मंत्री श्रीमती संपतिया उइके, सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, विधायक श्री चैनसिंह वरकड़े, विधायक श्री नारायण सिंह पट्टा और जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम को पौधा भेंट कर स्वागत किया गया।

