Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

सरकार का प्रयास समाज के अंतिम छोर के व्यक्ति को लाभ दिलाना – मंत्री श्रीमती संपतिया उइके धरती आबा जन भागीदारी एवं जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन में हुई शामिल वाॅश आॅन व्हील्स के स्वच्छता साथियों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना  

30 जून 2025, मंडला

जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान आप सबकी मेहनत, समर्पण और लोगों के सहयोग से ही सफल हुआ है। जन सहभागिता से इस अभियान में जन आंदोलन का रूप लिया। जिले में बड़े पैमाने पर जल संरचनाओं पर काम हुआ है। यह बात लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने जिला योजना भवन में आयोजित धरती आबा अभियान एवं जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, श्री प्रफुल्ल मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य द्वय श्री शैलेष मिश्रा एवं श्री संदीप सिंह, श्री जयदत्त झा, जिला पंचायत सीईओ श्री श्रेयांश कूमट, एडीएम श्री राजेन्द्र सिंह, संयुक्त कलेक्टर श्री अरविंद सिंह मौजूद थे।

मंत्री श्रीमती उइके ने कार्यक्रम में जल गंगा संवर्धन अभियान के बारे में बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 30 मार्च से 30 जून तक चलने वाले इस अभियान का समापन अवश्य हो रहा है किन्तु इसके अंतर्गत की जाने वाली गतिविधियाँ सतत रूप से जारी रहनी चाहिए। प्रदेश में पहली बार जल गंगा संवर्धन अभियान में तकनीक के साथ बनाए गए खेत तालाब, कूप रिचार्ज पिट और अमृत सरोवर का सुखद परिणाम भी दिखने लगा है। मानसून की पहली ही बारिश में खेत तालाबों में पानी भरना शुरू हो गया है। इसके लिए उन्होंने जिला प्रशासन, जलदूत एवं जल सखियों को बधाई दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में बारिश की हर बूंद सहेजने, पुराने जल स्त्रोतों का पुनरुद्धार करने और जल संरक्षण के लिए नई संरचनाओं का निर्माण करने के लिए 90 दिनों तक जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया गया। यह जल संरक्षण और पुनः उपयोग की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। जिले में इस अभियान के अंतर्गत जलदूत और जल दीदियां भी बनाई गई हैं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि पानी बचाने के लिए यह जलदूत जल सुरक्षा के भी अग्रदूत बनेंगे। जिले में माय भारत पोर्टल पर 3700 वाॅलेंटियर्स बनाए जाने का लक्ष्य दिया गया था, जिसके विरूद्ध 5588 वाॅलेंटियर ने अपना रजिस्ट्रेशन करते हुए स्वयं को इस काम से जोड़ा है।

मंत्री श्रीमती उइके ने बताया कि जिले की 9 विकासखंडों की ग्राम पंचायतों में पानी चैपाल का आयोजन किया। इसमें किसानों ने अपने गांव के खेतों, जल स्रोतों के संरक्षण, संवर्धन और पुरानी जल संरचनाओं के जीर्णोद्धार पर विचार विमर्श किया। इस अभियान की सफलता का सबसे बड़ा आधार है जनभागीदारी। सरकार, शासन-प्रशासन, समाजसेवी और प्रदेश के आमजन ने इस अभियान में सहभागिता निभाई है।

मंत्री श्रीमती उइके ने कहा कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान (डीएजेजीयूए) भारत सरकार के प्रमुख मिशन हैं जो जनजातीय क्षेत्रों में समग्र विकास और लाभ संतृप्ति के लिए समर्पित हैं। इस अभियान का लक्ष्य सामाजिक बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा, आजीविका में महत्वपूर्ण कमियों को खत्म करना और जनजातीय क्षेत्रों और समुदायों के समग्र और सतत विकास को सुनिश्चित करना है। अभियान में जनजातीय आबादी के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता और रोजगार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे जनजातीय समुदाय को मुख्यधारा से जोड़ा जा सके। सरकार का यह प्रयास है कि समाज के हर तबके तक सरकार की योजनाओं और कल्याणकारी नीतियों को पहुंचाना है।

कार्यक्रम में मंत्री श्रीमती उइके ने बताया कि जनपद पंचायत मंडला द्वारा नवाचार के रूप में वाॅश आॅन व्हील्स की शुरूआत की है। इसका उद्देश्य हमारे आसपास साफ-सफाई, स्वच्छ वातावरण निर्मित करना है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 2 अक्टूबर, 2014 को स्वच्छ भारत मिशन देश भर में व्यापक तौर पर राष्ट्रीय आंदोलन के रूप में शुरू किया था। इसका व्यापक असर दिखाई दे रहा है। मंत्री श्रीमती उइके ने मंच से आग्रह किया कि आप सब अपने आसपास स्वच्छता का ध्यान रखें ताकि बरसात के मौसम में आप स्वस्थ रहें। प्रदेश स्तर पर जुलाई माह में पौधरोपण का भी कार्यक्रम शुरू किया जाएगा और आने वाले रक्षाबंधन के त्यौहार पर लाड़ली बहनों को पुनः प्रदेश सरकार 250 रूपए की अतिरिक्त राशि बहनों को देने जा रही है।

जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम ने कहा कि जल संरक्षण की दिशा में सर्वाधिक काम गोंडवाना वंश के शासनकाल में हुए हैं। वीरांगना रानी दुर्गावती ने जनकल्याण की दिशा में यह सार्थक पहल की थी। इसकी झलक हमें जबलपुर और उसके आसपास बनाए गए ताल-तालाबों के रूप में दिखाई देती है। प्रदेश सरकार ने इस दिशा में जल गंगा संवर्धन अभियान की शुरूआत की। इसके अंतर्गत प्राचीन जल संरचनाओं के पुर्नउद्धार के कार्य किए गए। साथ ही नवीन जल संरचनाओं का भी निर्माण किया गया। इन जल संरचनाओं के निर्माण से निश्चित ही क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी और किसानों के आर्थिक उन्नति के द्वार खुलेंगे।

इस अवसर पर श्री प्रफुल्ल मिश्रा, श्री संदीप सिंह, श्री शैलेष मिश्रा, श्री संदीप सिंगौर  ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए अभियान के बारे में जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में मंत्री श्रीमती उइके एवं अन्य अतिथियों द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। साथ ही धरती आबा अभियान के अंतर्गत लगाए गए शिविर में बनाए गए नवीन आधार कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड भी वितरित किए गए। कार्यक्रम के उपरांत वाॅश आॅन व्हील्स, स्वच्छता साथियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। जिला योजना भवन परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा धरती आबा अभियान अंतर्गत शिविर भी लगाए गए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव की मौजूदगी में खंडवा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाईव प्रसारण देखा व सुना गया।

Related posts

*मंडला में स्थायी अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग पर संयुक्त कार्यवाही, एसडीएम एवं एसडीओपी के नेतृत्व में हटाया गया अतिक्रमण, वसूले गए जुर्माने*

Reva India News

3 कोरोना मरीज स्वस्थ

Reva India News

4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत

Reva India News

Leave a Comment