मंडला 21 जुलाई 2025
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा की अध्यक्षता में साप्ताहिक टीएल समीक्षा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक जिला योजना भवन में हुई। बैठक में उन्होंने सीएम हेल्पलाईन, सीएम एवं सीएस मॉनिट के लम्बित शिकायत, समग्र ई-केवाईसी कार्य की प्रगति, खाद्यान्न पर्ची के संबंध में ई-केवाईसी, मानक खाद-बीज उर्वरक उपलब्धता, बाढ़ अतिवृष्टि से हुई क्षति एवं प्रबंधन सहित प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली तैयारियों की समीक्षा बैठक पर आवश्यक निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर श्री अरविंद सिंह, श्री जेपी यादव सहित समस्त एसडीएम एवं अन्य जिला अधिकारी मौजूद थे।

सीएम हेल्पलाईन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि विगत टीएल बैठक से लेकर एक सप्ताह के भीतर सीएम हेल्पलाईन की शिकायतों में संतुष्टिजनक निराकरण नहीं हुआ है, इसमें लक्ष्य निर्धारित कर प्रोग्रेस लाने की जरूरत है। साथ ही टीएल प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों द्वारा उसमें रिप्लाई मात्र कर देने से काम नहीं चलेगा। टीएल प्रकरणों को विलोपित भी करना सुनिश्चित करें।

बैठक में बगैर सूचना के अनुपस्थित पाए जाने पर एसी ट्राईबल श्रीमती वंदना गुप्ता को कारण बताओ नोटिस जारी करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समग्र ई-केवाईसी एवं खाद्य ई-केवाईसी में अभी भी मिशन मोड पर काम करने की आवश्यकता है क्योंकि संबंधित विभागीय नोडल अधिकारियों एवं मैदानी अमले द्वारा आशा अनुरूप काम नहीं किया गया है।

जिले में खाद, उर्वरक एवं बीज उपलब्धता की जानकारी लेते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने उप संचालक कृषि श्री अश्विनी झारिया, मार्कफेड, सहकारिता विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय करते उर्वरक वितरण का काम करने के निर्देश दिए।
विगत गुरूवार को नैनपुर में आयोजित जन शिकायत निवारण शिविर में जो आवेदन आये हैं उनका निराकरण करते हुए पोर्टल पर अपलोड कराएं। इसके अलावा उन्होंने बताया कि जिले के प्रभारी मंत्री का आगमन होने वाला है। इसके लिए सर्व विभाग प्रमुख निर्माण कार्यों की जानकारी सहित अन्य विभागीय अपडेटेड जानकारी पहले से तैयार रखेंगे। समग्र ई-केवायसी की प्रगति में पिछली बैठक की तुलना में गिरावट आई है जबकि खाद्य ई-केवायसी 94 प्रतिशत हो गई है।

शासन की मंशा अनुसार ई-ऑफिस की प्रक्रिया को प्रभावी रूप से क्रियान्वित किया जाना है। इस कड़ी में जिले के संबंधित विभाग अपनी ई-मेल आईडी बनाकर विभागीय फाईलों का मूवमेंट अब ऑनलाईन करना सुनिश्चित करें। इस कार्य में किसी भी प्रकार की हीला हवाली नहीं चलेगी। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि प्रोफाइल बनने के बाद भी अगर ई-ऑफिस के माध्यम से फाईल मूव नहीं किया जाता है तो उन संबंधित अधिकारियों का वेतन आहरित नहीं होगा।

कलेक्टर ने जिले में बाढ़ एवं आपदा संबंधित जानकारी एवं उसके प्रबंधन पर चर्चा करते हुए समस्त एसडीएम को निर्देश देते हुए कहा कि जिले में इस सप्ताह भारी बारिश होने का पूर्वानुमान मौसम विभाग द्वारा किया गया है इसलिए संबंधित एसडीएम अपने क्षेत्र में अलर्ट मोड पर रहकर काम करें। कंट्रोल रूम के माध्यम से जानकारी प्राप्त होने पर तत्काल कार्यवाही की जाए। जल भराव वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर आवश्यक तैयारी पहले से सुनिश्चित करें। इसके अलावा विभागों द्वारा प्रतिदिन की जाने वाली आवश्यक गतिविधियों, आयोजित कार्यक्रमों सहित योजनाओं का भी व्यापक प्रचार-प्रसार जिला जनसंपर्क कार्यालय मंडला के माध्यम से करवाएं।

