मंडला 1 सितंबर 2025
राष्ट्रीय खेल दिवस (29 अगस्त) के अवसर पर खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा पूरे मंडला जिले में संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान का नेतृत्व जिला खेल अधिकारी श्री विकास ख़राडकर ने किया।

मुख्यालय पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने जिला खेल अधिकारी श्री विकास खराडकर एवं अन्य साइकिलिस्टों के साथ पैडल मारकर फिटनेस और खेल का संदेश दिया। आयोजित रैली ऑडिटोरियम, कलेक्ट्रेट, बैगा बैगी चौराहा, नेहरू स्मारक, बिंझिया चौराहा, बस स्टैंड, चिलमन चौक, उदय चौक, बुधवारी, नावघाट सिंहवाहिनी, रानी रामगढ़ स्कूल होते हुए ऑडिटोरियम में समाप्त हुई।

विधायक विधानसभा क्षेत्र श्री नारायण सिंह पट्टा ने भी युवाओं के साथ साइकिल चलाई और जनता को फिट रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि “युवा ही देश का भविष्य हैं और उनका फिट रहना ही स्वस्थ समाज और राष्ट्र की नींव है।”

केवल मंडला नगर ही नहीं, बल्कि जिले के सभी 9 विकासखंड नैनपुर, बिछिया, मोहगांव, घुघरी, मंडला, बीजाडांडी, मवई, नारायणगंज और निवास में भी यह आयोजन हुआ। कुल मिलाकर लगभग 600 साइकिलिस्टों ने इसमें भाग लिया और फिट इंडिया मूवमेंट का संदेश जन-जन तक पहुँचाया।

मंडला जिले ने राष्ट्रीय खेल दिवस को खेल, स्वास्थ्य और ऊर्जा के महापर्व के रूप में मनाकर पूरे प्रदेश में एक मिसाल है। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मण्डला जिले में तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए गए प्रथम दिवस खेल दिवस समारोह और कुश्ती मेट के उद्घाटन एवं खेल प्रदर्शन में जिले के 900 लोगों ने अपनी प्रतिभागिता दर्ज कराई। इसी श्रंखला में द्वितीय दिवस जिले के सभी 9 विकासखंडों में हैंडबाल, वालीबॉल, हॉकी, शतरंज, तीरंदाजी, कैरम, बैडमिंटन खेल प्रतियोगिता का आयोजन और राष्ट्रीय खेल दिवस के द्वितीय दिवस पर भोपाल में खेल विषयों पर आयोजित सेमीनार का प्रदर्शन मण्डला किया गया। कुल 850 खिलाड़ी सम्मिलित हुए। तृतीय दिवस जिला और सभी विकासखंडों में साइकिल रैली का आयोजन किया गया। कुल 340 युवाओं ने भाग लिया। इस प्रकार तीन दिवस के आयोजन में मंडला जिले के कुल 2090 खिलाड़ियों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

